चोरी के सोने-चांदी के आभूषण गलाकर बनवाया था सोने का ढिल्ला, करीब 5.60 लाख रुपए का मशरूका बरामद
मुख्य आरोपी के खिलाफ भोपाल में नकबजनी और चोरी सहित 7 आपराधिक मामले दर्ज, दो आरोपी पुलिस रिमांड पर
देवास। शहर की गजरा गियर्स कॉलोनी में दीपावली के दौरान सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले भोपाल के शातिर नकबजन को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले आरोपियों सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख 60 हजार रुपए कीमत का मशरूका बरामद किया गया है। इसमें चोरी के सोने के आभूषणों को गलाकर तैयार कराया गया सोने का ढिल्ला और चांदी शामिल है।
दीपावली पर सूने मकान को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, फरियादी अश्विन विश्वकर्मा निवासी गजरा गियर्स कॉलोनी, देवास 7 नवंबर 2026 को अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान 7 और 8 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने सूने मकान का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और पलंग पेटी में रखे शादी के सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ली।
फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 791/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की विवेचना के दौरान कोतवाली पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से वारदात में शामिल मुख्य आरोपी तथा चोरी के आभूषण खरीदने वाले लोगों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से करीब 5.60 लाख रुपए का मशरूका बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, चोरी के आभूषणों को गलाकर सोने का ढिल्ला तैयार कराया गया था। मामले में शेष मशरूका बरामद करने के लिए आगे की जांच जारी है।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं सात आपराधिक मामले
गिरफ्तार मुख्य आरोपी युनुस उर्फ भूरा पिता युसुफ खान (40), निवासी गांधीनगर, भोपाल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ भोपाल के थाना निशातपुरा में नकबजनी एवं चोरी के छह मामले तथा आबकारी एक्ट का एक मामला पहले से दर्ज है। इस प्रकार उसके विरुद्ध कुल सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में अमित कुमार पिता बहादुर सिंह (30), निवासी ग्राम सनपेड़ा, जिला सोनीपत (हरियाणा), हाल मुकाम गंगानगर कॉलोनी, भोपाल तथा इरफान पिता मो. मुस्ताक (38), निवासी टैगोर वार्ड, गांधीनगर, भोपाल को भी गिरफ्तार किया गया है।
एक आरोपी जेल भेजा, दो पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी इरफान को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि युनुस उर्फ भूरा और अमित कुमार को 30 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के शेष सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, सउनि ईश्वर मंडलोई, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, रवि, हेमंत, जितेंद्र पटेल तथा आरक्षक नवीन देथलिया, वैभव मंडलोई, सुजीत चौधरी और पंकज गहलोत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
देवास पुलिस की नागरिकों से अपील
देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को सूना छोड़कर बाहर जाते समय सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करें। इसकी सूचना आसपास के लोगों और संबंधित थाना पुलिस को भी दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।













