देवास में पानी की बर्बादी करने वालों पर निगम सख्त, नल से गाड़ी धोने और पानी बहाने पर लगेगा भारी जुर्माना

आयुक्त दलीप कुमार के निर्देश: पानी का दुरुपयोग करने पर ₹2 हजार से ₹5 हजार तक की होगी वसूली, जरूरत पड़ने पर काटा जाएगा नल कनेक्शन

देवास। शहर में पेयजल की बर्बादी रोकने और पानी का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम द्वारा अब घरेलू नल कनेक्शन से पानी व्यर्थ बहाने, सड़कें एवं फर्श धोने तथा वाहनों की धुलाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर ₹2 हजार से ₹5 हजार तक का जुर्माना लगाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्ति का नल कनेक्शन भी काटा जा सकता है।

नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी वार्डों में पेयजल की बर्बादी पर निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू नल से मिलने वाला पानी मुख्य रूप से पीने एवं आवश्यक घरेलू उपयोग के लिए है। इसका उपयोग सड़कें, फर्श धोने, वाहन साफ करने अथवा अन्य अनावश्यक कार्यों में नहीं किया जाना चाहिए।

धार्मिक स्थलों पर पानी की टंकी रखने की अपील

आयुक्त ने धार्मिक स्थलों, मंदिरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी की टंकियां रखने की अपील की है, ताकि श्रद्धालु हाथ-पैर धोने जैसे कार्यों के लिए नल का पानी व्यर्थ न बहाएं। साथ ही नागरिकों से सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों की धुलाई में पेयजल का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है।

निर्माण कार्यों और वाहन धुलाई के लिए मिलेगा सस्ता ट्रीटेड पानी

नगर निगम ने निर्माण कार्यों एवं वाहनों की धुलाई के लिए घरेलू नल और बोरवेल के पानी के स्थान पर ट्रीटेड (उपचारित) पानी का उपयोग करने की सलाह दी है। निगम द्वारा मात्र ₹50 में 5 हजार लीटर ट्रीटेड पानी का टैंकर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उपयोग निर्माण कार्यों और वाहन धुलाई जैसे कार्यों में किया जा सकता है। आयुक्त ने घरेलू बोरवेल के पानी का उपयोग भी कम से कम करने की अपील की है।

नागरिकों से निगम की अपील

नगर निगम आयुक्त ने शहरवासियों से पानी बचाने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक घर के नल में टोंटी अवश्य लगाएं, पानी भरने के बाद नल तत्काल बंद करें और पानी को अनावश्यक रूप से बहने न दें। निगम का उद्देश्य शहर में पेयजल की उपलब्धता बनाए रखना और पानी की हर बूंद का सदुपयोग सुनिश्चित करना है।

Dewas अवैध शराब परिवहन पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, एक्टिवा सहित 50 पाव देशी शराब जब्त

एक आरोपी गिरफ्तार, जब्त मदिरा और वाहन की कीमत करीब 65 हजार रुपये

देवास। शहर में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक एक्टिवा वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन से 50 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त मध्य प्रदेश के निर्देश पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 9 अक्टूबर 2026 को सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप कनासे के नेतृत्व में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर देवास शहर में कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध रूप से मदिरा का परिवहन करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा गया। उसके पास से एक्टिवा वाहन और 50 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई। जब्त मदिरा एवं वाहन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 65 हजार रुपये बताया गया है।

आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

ये अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल

कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, राजाराम रायकवार एवं दीपक धुरिया तथा आबकारी आरक्षक निहाल खत्री, निकिता परमार और सविता शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

भगत सिंह जयंती पर युवा भगत ब्रिगेड की भव्य वाहन रैली, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों से गूंजा देवास

सयाजी द्वार से शुरू हुई रैली, एम.जी. रोड होते हुए गजरा गैर चौराहा पहुंची; विभिन्न सामाजिक एवं युवा संस्थाओं ने दिया सहयोग

देवास। शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी की जन्म जयंती के अवसर पर युवा भगत ब्रिगेड द्वारा रविवार को शहर में भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत युवाओं ने पूरे मार्ग में ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘शहीद भगत सिंह अमर रहें’ के नारे लगाए।

सयाजी द्वार से शुरू हुई रैली

भव्य वाहन रैली का शुभारंभ सयाजी द्वार से हुआ। यहां से रैली एम.जी. रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गजरा गैर चौराहा पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में युवा हाथों में तिरंगा और शहीदों के सम्मान से जुड़े संदेशों के साथ शामिल हुए। पूरे मार्ग में युवाओं का जोश और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को किया नमन

गजरा गैर चौराहा पहुंचने पर युवाओं एवं उपस्थित नागरिकों ने अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रभक्ति और देशसेवा का संकल्प लिया गया।

रैली के दौरान ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘शहीद भगत सिंह अमर रहें’ के नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। युवाओं में शहीदों के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से नजर आया।

इन संस्थाओं का रहा विशेष सहयोग

आयोजन को सफल बनाने में शहर की विभिन्न सामाजिक एवं युवा संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उदय क्लब, संस्था युवा राधे, सोमेश्वर युवा मंच, क्षत्रिय युवा मराठा समाज, सूरज क्लब, भवानी ग्रुप, हेनी ग्रुप, संस्था माँ सिद्धेश्वरी, संस्था स्वयं, कृष्णपुरा युवा क्लब, संस्था राम-राम जय जागृति परिवार, अलकापुरी परिवार, रविदास युवा क्लब, संस्था चामुण्डेश्वरी, संस्था महा माई एवं समस्त संस्थागण ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

अंकित अमजरिया ने जताया आभार

युवा भगत ब्रिगेड के संस्थापक अंकित अमजरिया ने रैली को सफल बनाने में सहयोग करने वाली सभी सामाजिक एवं युवा संस्थाओं, युवाओं और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु जैसे महान क्रांतिकारियों का जीवन और उनका बलिदान आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

शहीदों की स्मृति, युवाओं के जोश और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ भव्य वाहन रैली का समापन हुआ।

मुखर्जी नगर में विवाद के बाद चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल

शराब के नशे में गाली-गलौज को लेकर हुआ विवाद, चार आरोपियों पर केस दर्ज; रहवासियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की

देवास। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मुखर्जी नगर में शराब के नशे में गाली-गलौज करने को लेकर शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 24 सितंबर की रात करीब 10.15 बजे ईडब्ल्यूएस मुखर्जी नगर निवासी ईश्वर बैरागी कथित रूप से शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। विजेंद्र मिश्रा और उनके बेटे राहुल मिश्रा ने उसे ऐसा करने से मना किया। आरोप है कि इसके बाद ईश्वर बैरागी ने अपने परिचित गोविंद बैरागी, राहुल बलाई और अमन को बुला लिया। चारों ने राहुल मिश्रा के साथ कथित रूप से मारपीट की।

शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान गोविंद बैरागी ने चाकू से राहुल मिश्रा के सीने और पेट पर वार कर दिए, जिससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची मोहल्ले की महिला कविता देवलिया के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

घायल राहुल को परिजन उपचार के लिए एमजीएच लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया।

चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

सिविल लाइन पुलिस ने ईश्वर बैरागी, गोविंद बैरागी, राहुल बलाई और अमन, सभी निवासी मुखर्जी नगर, देवास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 109(1), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 541/2026 दर्ज किया है।

रहवासियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

घटना के अगले दिन 25 सितंबर को मुखर्जी नगर के रहवासी एवं समाजजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी पुनीत गहलोत को आवेदन सौंपा। आवेदन में रितीक बैरागी, पिता ईश्वर बैरागी, पर क्षेत्र में कथित रूप से अवैध शराब कारोबार, देह व्यापार सहित अन्य असामाजिक गतिविधियों के संचालन और लोगों को डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए।

रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में बाहरी लोगों का जमावड़ा रहता है और पूर्व में भी संबंधित लोगों को समझाइश दी गई थी। आवेदन में 24 सितंबर की घटना में रितीक बैरागी की भूमिका होने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि दर्ज प्रकरण में उसका नाम शामिल नहीं है।

रहवासियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर रितीक बैरागी की भूमिका की जांच करने तथा क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी पुनीत गहलोत ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है। रहवासियों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

देवास जॉब पोर्टल से 700 से ज्यादा युवाओं को मिला रोजगार, अब 4200+ नौकरियों के अवसर

व्हाट्सऐप नंबर 89823-28933 पर सिर्फ ‘Hi’ भेजते ही मिलेगी जॉब पोर्टल की लिंक और रजिस्ट्रेशन की पूरी जानकारी

देवास। जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘देवास जॉब पोर्टल’ को लेकर जिले के सभी कॉलेज प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख ने की।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर ने बताया कि देवास जॉब पोर्टल युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। पोर्टल के माध्यम से अब तक 700 से अधिक छात्र-छात्राओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार मिल चुका है। वहीं वर्तमान में पोर्टल पर विभिन्न क्षेत्रों में 4200 से अधिक नौकरियां उपलब्ध हैं, जिनके लिए जिले के युवा आवेदन कर सकते हैं।

व्हाट्सऐप पर सिर्फ ‘Hi’ भेजें, घर बैठे मिलेगी नौकरी की जानकारी

युवाओं के लिए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। इसके लिए व्हाट्सऐप नंबर 89823-28933 पर सिर्फ ‘Hi’ लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके बाद आवेदक को देवास जॉब पोर्टल की लिंक, रजिस्ट्रेशन की पूरी गाइडलाइन और उपलब्ध जॉब ऑप्शंस की जानकारी मिल जाएगी।

इस सुविधा के जरिए युवा घर बैठे अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध नौकरियों की जानकारी देख सकेंगे और रोजगार के लिए आवेदन कर सकेंगे।

सभी कॉलेज विद्यार्थियों का कराया जाएगा रजिस्ट्रेशन

बैठक में कॉलेज प्राचार्यों को विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख ने निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थियों का देवास जॉब पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराया जाए, ताकि कोई भी योग्य युवा रोजगार के अवसर से वंचित न रहे।

80 फीसदी से ज्यादा नौकरियां देवास जिले में

संयुक्त कलेक्टर ने बताया कि देवास एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है और पोर्टल पर उपलब्ध नौकरियों में से 80 प्रतिशत से अधिक रोजगार के अवसर देवास जिले में ही हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने गृह जिले में ही रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि अब तक 10,200 से अधिक युवाओं और 250 से अधिक कंपनियों ने देवास जॉब पोर्टल पर अपना पंजीयन कराया है।

प्राइवेट स्कूलों को भी पोर्टल से जोड़ने के निर्देश

बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख ने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक को जिले के सभी प्राइवेट स्कूलों का भी देवास जॉब पोर्टल पर अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए।

इससे स्कूलों में शिक्षक अथवा अन्य स्टाफ की रिक्तियां होने पर उनकी जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध हो सकेगी। इससे योग्य युवाओं को इन पदों के लिए सीधे आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

युवाओं के लिए आसान रोजगार प्लेटफॉर्म

देवास जॉब पोर्टल के जरिए युवाओं, कंपनियों और संस्थानों को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। 700 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने और 4200 से ज्यादा वर्तमान जॉब अवसर उपलब्ध होने के आंकड़े इसे जिले के युवाओं के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बना रहे हैं।

रोजगार की जानकारी के लिए:
📱 व्हाट्सऐप नंबर: 89823-28933
➡️ नंबर पर सिर्फ ‘Hi’ भेजें और देवास जॉब पोर्टल की जानकारी प्राप्त करें।

सिया घाट की 400 फीट गहरी खाई में ट्रक फेंककर लगाई आग, 285 क्विंटल सोयाबीन चोरी का खुलासा

करीब ₹19 लाख की सोयाबीन चोरी छुपाने रचा झूठे एक्सीडेंट का षड्यंत्र, ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज

देवास। सिया घाट पर ट्रक के खाई में गिरने और आग लगने के मामले में देवास पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि करीब 285 क्विंटल सोयाबीन चोरी को छुपाने के लिए रचा गया षड्यंत्र था। आरोपियों ने चोरी की सोयाबीन को ठिकाने लगाने के बाद ट्रक को सिया घाट की करीब 400 फीट गहरी खाई में फेंककर उसमें आग लगा दी, ताकि पूरी घटना को सड़क हादसे का रूप दिया जा सके।

पुलिस के अनुसार चोरी की गई सोयाबीन की कीमत करीब ₹19 लाख है। मामले में ट्रक चालक रहीश पिता इसूब खां, निवासी धनना, जिला शाजापुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी कर छुपाई गई सोयाबीन भी बरामद कर ली गई है।

23 अगस्त को मिली थी ट्रक में आग लगने की सूचना

पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त 2026 को सिया घाट पर एक ट्रक के खाई में गिरने और उसमें आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना कन्नौद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना में किसी व्यक्ति के घायल नहीं होने की जानकारी सामने आई। वहीं, घटनास्थल की परिस्थितियां प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला पूरा मामला

पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोम्या जैन तथा एसडीओपी आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में थाना कन्नौद पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच में ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत लगाए गए CCTV कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और पारंपरिक पुलिसिंग के माध्यम से घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी गईं। जांच के दौरान सामने आया कि 21 अगस्त 2026 को ट्रक क्रमांक MP-04-HE-4288 में 285 क्विंटल सोयाबीन लोड कर हिंगनघाट, महाराष्ट्र के लिए रवाना की गई थी।

पुलिस जांच के अनुसार ट्रक चालक और उसके साथियों ने रास्ते में करीब ₹19 लाख कीमत की सोयाबीन चोरी कर ली। इसके बाद चोरी की वारदात को छुपाने और बीमा/दुर्घटना की कहानी बनाने के उद्देश्य से ट्रक को सिया घाट की करीब 400 फीट गहरी खाई में फेंक दिया गया और उसमें आग लगा दी गई।

आरोपी गिरफ्तार, चोरी की सोयाबीन बरामद

मामले की जांच के बाद पुलिस ने ट्रक चालक रहीश पिता इसूब खां निवासी धनना, जिला शाजापुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी कर छुपाई गई सोयाबीन भी बरामद कर ली है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना कन्नौद के उनि राहुल रावत, प्रधान आरक्षक दीपक अग्निहोत्री, आरक्षक योगेन्द्र सिंह, आरक्षक राजेन्द्र सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक सोनू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Dewas जेल की सलाखों के बीच खिला भाई-बहन के प्यार का रंग, 150 से ज्यादा बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी

कलाई पर राखी, आंखों में आंसू और दिल में उम्मीद… बहनों ने भाइयों से लिया अपराध की राह छोड़ नई जिंदगी शुरू करने का वचन

देवास। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देवास जिला जेल में भाई-बहन के प्रेम और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। जेल की सलाखों के बीच जब बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी तो माहौल भावुक हो उठा। इस दौरान 150 से अधिक बहनें जिला जेल पहुंचीं और अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुखद भविष्य और बेहतर जीवन की कामना की।

रक्षाबंधन के अवसर पर जिला जेल में सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई थी। इसके तहत बहनों को अपने बंदी भाइयों से प्रत्यक्ष मुलाकात कर राखी बांधने की अनुमति दी गई। लंबे समय बाद भाई को सामने देखकर कई बहनों की आंखों में खुशी के साथ-साथ भावुकता के आंसू भी नजर आए।

मुस्लिम बहनों ने भी बांधा रक्षासूत्र

रक्षाबंधन के इस आयोजन में सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर भी देखने को मिली। कई मुस्लिम बहनें भी जिला जेल पहुंचीं और अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान भाई-बहन के रिश्ते के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी सामने आया।

जेल प्रशासन ने सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कापरेटिव सोसायटी के माध्यम से मिठाई एवं नारियल की व्यवस्था की। वहीं राखी बांधने के लिए बहनों को पूजा की थाली भी उपलब्ध कराई गई।

राखी बांधकर लिया अपराध की राह छोड़ने का वचन

इस रक्षाबंधन पर बहनों ने केवल भाइयों की कलाई पर राखी ही नहीं बांधी, बल्कि उनसे एक महत्वपूर्ण वचन भी लिया। बहनों ने अपने भाइयों से कहा कि जेल से बाहर निकलने के बाद वे दोबारा अपराध की राह पर नहीं जाएंगे, बल्कि परिवार के साथ मिलकर शांतिपूर्ण और खुशहाल जीवन व्यतीत करेंगे।

कई बहनों ने भाइयों को समझाया कि परिवार उनकी वापसी का इंतजार कर रहा है और उन्हें अपनी गलतियों से सीख लेकर जीवन की नई शुरुआत करनी चाहिए। भाइयों ने भी बहनों को भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में कानून का पालन करते हुए परिवार और समाज के साथ बेहतर जीवन जीने का प्रयास करेंगे।

बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना उद्देश्य

जिला जेल अधीक्षक विद्या भूषण प्रसाद ने बताया कि जेल प्रशासन का उद्देश्य बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें पारिवारिक एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों से बंदियों में अपने परिवार के प्रति जुड़ाव बढ़ता है और उन्हें जीवन में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जेल उपाधीक्षक अनिल दुबे सहित जेल के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रक्षाबंधन का यह आयोजन बंदियों के लिए महज राखी बांधने का अवसर नहीं रहा, बल्कि परिवार से जुड़ने, पुरानी गलतियों को पीछे छोड़ने और नई जिंदगी की ओर कदम बढ़ाने की उम्मीद लेकर आया। जेल की दीवारों के बीच भाई-बहन के प्रेम की यह डोर कई परिवारों के लिए भावनात्मक और सकारात्मक संदेश छोड़ गई।

विद्यार्थियों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर सख्त कार्रवाई, स्कूल वैन चालक गिरफ्तार; स्कूल संचालक पर भी केस

देवास। रेलवे अंडरपास में जलभराव के दौरान बैरिकेड हटाकर स्कूल वैन पानी में उतारने और विद्यार्थियों की जान जोखिम में डालने के मामले में प्रशासन एवं पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद स्कूल वैन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, सिटी कॉन्वेंट स्कूल के संचालक के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है।

बैरिकेड हटाकर पानी में उतारी वैन

मामला 25 अगस्त का है। देवास के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित रेलवे अंडरब्रिज में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया था। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने मार्ग पर स्टॉपर लगाकर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया था। इसके बावजूद सिटी कॉन्वेंट स्कूल की मैजिक वैन के चालक ने स्टॉपर हटाकर वाहन को जलभराव वाले अंडरब्रिज में उतार दिया।

पानी अधिक होने के कारण वैन बीच रास्ते में बंद हो गई। आरोप है कि चालक बच्चों को मौके पर छोड़कर वहां से चला गया। इसके बाद स्थानीय नागरिकों, डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रस्सी की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

BNS और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला

घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के मार्गदर्शन में पुलिस ने कार्रवाई की।

थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 285 और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 465/2026 दर्ज किया। चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया और वाहन जब्त कर लिया गया।

वहीं, सुरक्षा मानकों और चालक के चरित्र सत्यापन संबंधी दिशा-निर्देशों की अनदेखी के मामले में स्कूल संचालक के विरुद्ध BNS की धारा 223 के तहत अपराध क्रमांक 467/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

स्कूल प्रबंधनों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश

प्रशासन एवं पुलिस ने जिले के सभी स्कूल प्रबंधनों को विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट और चालकों के पुलिस सत्यापन सहित सभी जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने को कहा गया है।

साथ ही चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बारिश के दौरान जलभराव वाले मार्गों, अंडरब्रिज और पुल-पुलियों से किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों को लेकर वाहन न निकालें। नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित चालक और स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Dewas त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

दो प्रतिष्ठानों से 124 किलो एनालॉग मावा और 6 क्विंटल से ज्यादा मिठाई जब्त, जोधपुर स्वीट्स का गोदाम सील, न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर भी हुई कार्रवाई

देवास। त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ प्रशासन और खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार रात शहर के दो प्रतिष्ठानों पर की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में एनालॉग मावा और उससे तैयार मिठाइयां जब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान भोपाल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स के मिठाई गोदाम को सील कर दिया गया।

नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले नयापुरा क्षेत्र स्थित न्यू स्वदेशी मिठाई की दुकान पर कार्रवाई की। जांच के दौरान यहां करीब 52 किलो एनालॉग मावा मिला। टीम ने मावे को जब्त कर सील करने की कार्रवाई की।

इसके बाद टीम भोपाल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स के मिठाई गोदाम पहुंची। यहां त्योहार के लिए मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। जांच के दौरान करीब 70 किलो एनालॉग मावा पैकेट में मिला। इसके अलावा तैयार रखी करीब 650 किलो मिठाइयां भी टीम ने जब्त कर लीं।

बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर प्रशासन ने पूरे स्टॉक को सील कर दिया तथा मिठाई गोदाम को भी सील कर दिया। नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि जब्त की गई मिठाइयों को जल्द ही नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश

गौरतलब है कि मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नकली मावा और पनीर के मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया था कि यदि कहीं एनालॉग पनीर पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। त्योहारों को देखते हुए उन्होंने खाद्य पदार्थों की जांच और कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए थे।

प्रशासन की इस कार्रवाई से त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। खाद्य विभाग द्वारा आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।

एनालॉग मावा क्या होता हैं : एनालॉग मावा असली दूध से बने पारंपरिक मावे का कृत्रिम/वैकल्पिक रूप होता है। इसमें दूध की जगह या दूध के साथ वनस्पति वसा, मिल्क पाउडर, स्टार्च आदि जैसी सामग्री का इस्तेमाल करके मावे जैसी बनावट तैयार की जा सकती है।

होटल के बिल में पानी की बोतल के 40 वसूलने का आरोप, उपभोक्ता आयोग में शिकायत

देवास। शहर के लोहार पिपलिया क्षेत्र स्थित नंदन कानन होटल एंड रेस्टोरेंट में पैकेज्ड पानी की बोतल के निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने का मामला सामने आया है। मामले में शुक्रवारिया हाट निवासी पंकज पिता प्रहलाददास विजयवर्गीय ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग, देवास में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 की धारा 35 के तहत शिकायत प्रस्तुत की है।

शिकायत के अनुसार, 3 मई 2026 की रात शिकायतकर्ता अपनी धर्मपत्नी के साथ होटल में भोजन करने पहुंचे थे। उन्हें टेबल क्रमांक 7 पर भोजन परोसा गया। बिल क्रमांक 264 में मलाई कोफ्ता, तीन मिस्सी रोटी और एक पैकेज्ड पानी की बोतल शामिल थी। बिल की राशि 416 रुपए थी, जबकि जीएसटी सहित भुगतान योग्य राशि 437 रुपए दर्ज की गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि होटल ने पैकेज्ड पानी की बोतल के लिए 40 रुपए वसूले, जबकि बोतल पर Aquafina ब्रांड का नाम और MRP 20 रुपए अंकित था। शिकायतकर्ता ने जब होटल कर्मचारी से अधिक राशि वसूलने को लेकर सवाल किया तो कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि नए नियमों के तहत होटल अपनी मर्जी से राशि वसूल सकता है और बिल में दर्ज राशि का भुगतान करना होगा।

मामले में उपभोक्ता पंकज विजयवर्गीय की ओर से अधिवक्ता राजीव कोठिया द्वारा होटल प्रबंधन को 6 मई 2026 को सूचना पत्र भी भेजा गया था। पत्र में पानी की बोतल के लिए 40 रुपए लिए जाने का उल्लेख करते हुए 15 दिनों के भीतर मानसिक प्रताड़ना एवं आर्थिक नुकसान की भरपाई करने की मांग की गई थी। परंतु होटल की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।

सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार का आरोप

मामले में शिकायतकर्ता द्वारा 24 अगस्त 2026 को जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग, देवास में परिवाद प्रस्तुत किया गया।
शिकायत में उपभोक्ता ने होटल की इस कार्रवाई को सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार बताते हुए उपभोक्ता आयोग से उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में 437 रुपए की राशि, मानसिक परेशानी के लिए 50 हजार रुपए, आर्थिक क्षति के लिए 10 हजार रुपए तथा परिवाद व्यय के रूप में 10 हजार रुपए सहित कुल 70,437 रुपए की क्षतिपूर्ति की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने एक सजग उपभोक्ता होते हुए अपने अधिवक्ता राजीव कोठिया के सहयोग से उपभोक्ता आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराकर परिवाद दायर कर सुनवाई एवं उचित निर्णय कर न्याय की मांग की है।