अमरनाथ यात्रा 2026: इंदौर से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा माहौल

दीपक चौधरी के नेतृत्व में रवाना हुए दल का विनोद जी व टीम ने किया भव्य स्वागत, दी सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं

इंदौर:पवित्र अमरनाथ यात्रा 2026 की शुरुआत हो चुकी है और देशभर से शिवभक्तों का जत्था बाबा बर्फानी के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए निकल रहा है। इसी कड़ी में इंदौर से भी श्रद्धालुओं का एक दल पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ।

यात्रा पर निकलने से पहले दल के नेतृत्वकर्ता दीपक चौधरी और अन्य सभी यात्रियों का विनोद जी एवं उनकी टीम द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।

पुष्पमाला पहनाकर दी गई मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं इस खास मौके पर विनोद जी ने अपनी पूरी टीम के साथ शिवभक्तों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया। उपस्थित जनों ने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की। इस दौरान पूरा माहौल ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से शिवमय हो गया।

जत्थे में ये श्रद्धालु हैं शामिल इंदौर से रवाना हुए इस दल में मुख्य रूप से निम्नलिखित श्रद्धालु बाबा के दर्शनों के लिए जा रहे हैं: दीपक चौधरी (नेतृत्वकर्ता) नरेश पटेल विशाल मालवीय राहुल पांचाल राजेश यादव योगेश कुमार नागेश चक्रवर्ती विमल चक्रवर्ती विवेक जरिया अमन शुक्ला आयुष शर्मा अमन जयसवाल दीपक जायसवाल अमित वर्मा पीयूष जैन राघव विजय जैन पीयूष वर्मा अमित रघुवंशी

बाबा का बुलावा आना हमारे लिए सौभाग्य” स्वागत समारोह के दौरान यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं ने इस आत्मीय सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। यात्रियों ने कहा कि, “बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन का अवसर मिलना हम सभी के लिए परम सौभाग्य की बात है।” असीम श्रद्धा और उत्साह से भरा यह जत्था अंत में भगवान शिव की आराधना करते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।

देवास पुलिस का बड़ा प्रहार: अवैध हथियारों की सप्लाई चेन का पर्दाफाश, 14 देसी पिस्टल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

देवास: मध्यप्रदेश के देवास जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। शहर में संभावित आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक ही रात में चार अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को दबोचा है। पकड़े गए तस्करों के पास से पुलिस ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है, जिसमें 14 देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस शामिल हैं।

कैसे हुआ इस बड़े नेटवर्क का खुलासा?

​देवास पुलिस अधीक्षक (SP) पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिरों से हथियारों की तस्करी की पक्की सूचना मिली थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

​कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने शहर के अलग-अलग ठिकानों पर घेराबंदी कर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। इस दौरान अंकित, साहिल, शुभम, इरफान और अक्षय नामक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

सुनसान रास्तों से करते थे हथियारों की डिलीवरी

​प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हथियारों की खरीद-फरोख्त का जुर्म कबूल किया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि ये तस्कर मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों से देसी पिस्टल सस्ते दामों में खरीदते थे और फिर उन्हें अन्य अपराधियों व गिरोहों तक ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। डिलीवरी के लिए ये गिरोह सुनसान रास्तों का चुनाव करता था और दोपहिया वाहनों के जरिए हथियारों की खेप पहुंचाई जाती थी।

करीब 4 लाख रुपये का माल जब्त

​पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 14 देसी पिस्टल, 05 जिंदा कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 2 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। बरामद किए गए इन अवैध हथियारों की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी:

  1. अंकित रायकवार (22 वर्ष): निवासी जयभारत नगर, भेरुगढ़ (देवास)। इसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  2. साहिल वर्मा (24 वर्ष): निवासी माताजी मंदिर के पास, भैरूगढ़। इसके खिलाफ भी पूर्व में 2 आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
  3. इरफान शेख (35 वर्ष): निवासी मिलरोड सिल्वर कॉलोनी, देवास।
  4. अक्षय शिंदे (23 वर्ष): निवासी 13/2 लक्ष्मीपुरा, देवास।
  5. शुभम पांचाल (29 वर्ष): निवासी विनायक ग्रीन सिटी, आगर रोड, उज्जैन।

​पुलिस फिलहाल इन आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुंचने के लिए पूछताछ जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

​इस बड़ी कार्रवाई को सफल बनाने में सीएसपी सुमित अग्रवाल, कोतवाली टीआई श्यामचंद्र शर्मा, एसआई जीवन भिडोरे, एसआई संजय वर्मा, साइबर सेल टीम और कोतवाली थाने के अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।

देवास पुलिस की आम जनता से अपील:

यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति अवैध हथियार रखता है, खरीदता या बेचता है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

देवास: कोचिंग क्लासेस पर नगर निगम का शिकंजा, ‘डीसी क्लासेस’ सील, 5 अन्य को 7 दिन का अल्टीमेटम

देवास (Dewas News): शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नगर निगम सख्त मोड में आ गया है। निगमायुक्त दलीप कुमार के सख्त निर्देशों के बाद बुधवार, 1 जुलाई को निगम की टीम ने शहर की 6 प्रमुख कोचिंग क्लासेस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फायर सेफ्टी और सुरक्षा मानकों में भारी लापरवाही मिलने पर निगम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

राम नगर स्थित ‘डीसी क्लासेस’ पर गिरी गाज

निरीक्षण के दौरान निगम की टीम जब राम नगर स्थित डीसी क्लासेस (DC Classes) पहुंची, तो वहां सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ती मिलीं। छात्रों की सुरक्षा के लिहाज से कई गंभीर खामियां पाई गईं, जिसके चलते टीम ने तत्काल प्रभाव से कोचिंग को सील कर दिया।

डीसी क्लासेस में मिली मुख्य कमियां:

  • ​कोचिंग प्रथम तल (First Floor) पर संचालित थी, लेकिन प्रवेश और निकासी के लिए केवल एक ही संकरा रास्ता था।
  • ​मौके पर कोई भी फायर इक्विपमेंट (अग्निशमन यंत्र) मौजूद नहीं था।
  • ​ऊपर जाने वाली सीढ़ियां काफी क्षतिग्रस्त हालत में थीं।
  • ​आपातकालीन स्थिति या दुर्घटना से बचाव के कोई भी उपकरण वहां नहीं पाए गए।

अन्य संस्थानों में भी मिलीं खामियां, दस्तावेज नदारद

निगम की टीम ने सीजी ट्यूटोरियल (CG Tutorial) सहित अन्य 5 क्लासेस की भी बारीकी से जांच की। सीजी ट्यूटोरियल में हालांकि छात्र-छात्राओं के आने और जाने के लिए अलग-अलग रास्ते पाए गए, लेकिन वहां विद्युत सुरक्षा प्रमाण पत्र (Electrical Safety Certificate) मौजूद नहीं था।

​निगम के फायर अधिकारी जितेन्द्र सिसोदिया ने बताया कि जांच में शामिल अन्य कोचिंग संस्थानों के पास भी ‘फायर एनओसी’ (Fire NOC) और ‘फायर ऑडिट रिपोर्ट’ नहीं पाई गई। इसके अलावा कई जगह आग बुझाने वाले उपकरण बेहद कम मात्रा में उपलब्ध थे।

7 दिन का अल्टीमेटम: नहीं सुधरे तो होगी सीलिंग की कार्रवाई

नगर निगम ने सभी कोचिंग संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए व्यवस्थाएं सुधारने के लिए 7 दिन का समय दिया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के भीतर निम्नलिखित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं:

  • ​पर्याप्त फायर सेफ्टी उपकरण लगाए जाएं और फायर NOC ली जाए।
  • ​विद्युत सुरक्षा प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से रखा जाए।
  • ​विद्यार्थियों के सुरक्षित आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था हो।

​यदि 7 दिन के भीतर इन निर्देशों का कड़ाई से पालन नहीं किया जाता है, तो नगर निगम द्वारा संबंधित कोचिंग क्लासेस पर नियमानुसार सील करने की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लोन की किश्त को लेकर विवाद, बैंक कर्मचारियों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप, मामला दर्ज

देवास। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने लोन की किश्त को लेकर हुए विवाद में दो बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
एफआईआर के अनुसार फरियादी अजय चौहान ने शिकायत दर्ज कराई कि वह विशाल मेगा मार्ट, गोमती नगर, देवास में बिल चेक करने का कार्य करता है। उसने जनवरी 2026 में जना स्मॉल फाइनेंस बैंक से एक लाख रुपये का लोन लिया था। उसकी एक किस्त 16 जून 2026 को बकाया रह गई थी।
शिकायत में बताया गया है कि 29 जून 2026 की शाम करीब 6:30 बजे बैंक के मैनेजर लाखन मालवीय और गोपाल विशाल मेगा मार्ट पहुंचे और बकाया किस्त को लेकर पूछताछ की। फरियादी ने उन्हें बताया कि 7 जुलाई को भुगतान मिलने के बाद वह किस्त जमा कर देगा।
आरोप है कि इस दौरान दोनों आरोपियों ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर लाखन मालवीय ने धक्का देकर मारपीट की। घटना को फरियादी के अनुसार उसके मैनेजर राधेश्याम ने भी देखा। जाते समय दोनों ने समय पर किस्त जमा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद फरियादी ने औद्योगिक क्षेत्र थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर लाखन मालवीय और गोपाल के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रकरण अनुसंधानाधीन है।

देवास: पेंशनर्स ने पुरानी पेंशन और महंगाई राहत सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर खोला मोर्चा, CM के नाम सौंपा ज्ञापन

देवास। मध्य प्रदेश सरकार की लगातार अनदेखी और लंबित मांगों के निराकरण न होने से नाराज पेंशनर्स ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन (मप्र) के आह्वान पर देवास जिला इकाई ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, महंगाई राहत और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा।

मल्हार स्मृति परिसर में प्रदर्शन, फिर निकाली रैली ज्ञापन सौंपने से पहले शहर के मल्हार स्मृति परिसर में बड़ी संख्या में पेंशनर्स एकत्रित हुए और सरकार की उदासीनता के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी पेंशनर्स एक रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहाँ जिलाध्यक्ष गंगासिंह सोलंकी के नेतृत्व में कलेक्टर प्रतिनिधि (संयुक्त कलेक्टर) सुश्री प्रियल यादव को ज्ञापन सौंपा गया।

पेंशनर्स में भारी आक्रोश संगठन सचिव एस.के. शाह ने बताया कि प्रदेश के पांच लाख से अधिक पेंशनर्स की जायज मांगें वर्षों से लंबित हैं। सरकार द्वारा कोई ठोस निर्णय न लिए जाने से पेंशनर्स और उनके परिवारों में भारी निराशा और असंतोष है। केंद्र के समान समय पर महंगाई राहत और स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने से बुजुर्ग पेंशनर्स को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में शामिल प्रमुख 11 मांगें एक नजर में:

  • पुरानी पेंशन की बहाली: वर्ष 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए।
  • धारा 49(6) की समाप्ति: मध्य प्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम की धारा 49(6) को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए।
  • स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम: कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना में प्रस्तावित 4% प्रीमियम को रद्द कर, नियमित कर्मचारियों के समान 1% प्रीमियम निर्धारित किया जाए।
  • महंगाई राहत (DR): नियमित कर्मचारियों की तरह पेंशनर्स को भी समय पर एरियर सहित महंगाई राहत दी जाए।
  • बकाया एरियर का भुगतान: छठे व सातवें वेतनमान और कोरोना काल के लंबित एरियर का ब्याज सहित भुगतान हो।
  • आयुष्मान योजना का लाभ: 60 वर्ष की आयु या सेवानिवृत्ति के तुरंत बाद आयुष्मान योजना का पूर्ण लाभ (निजी अस्पतालों में भी) सुनिश्चित किया जाए।
  • आठवां वेतनमान: नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर पेंशनर्स को भी 1 जनवरी 2026 से 8वें वेतन आयोग का लाभ मिले।
  • अनुग्रह सहायता: दिवंगत पेंशनर्स के परिवार को 50 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाए।
  • पेंशन कार्यालय: जिला एवं संभागीय पेंशन कार्यालयों को यथावत संचालित रखा जाए।

प्रदर्शन के दौरान संरक्षक अरविंद पाण्डेय, प्रदेश महामंत्री व खातेगांव तहसील अध्यक्ष पुरूषोत्तम पुरोहित, निर्मल तिवारी, प्रहलाद सिंह बिजोनिया, सीताराम जामुनिया सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित किया।

कार्यक्रम में सतीष दुबे, संतोष कुमार, डॉ. राजेन्द्र सिंह ठाकुर, अशोक वर्मा, रश्मि पाण्डेकर, उषा शाह, भगवती मोदी, कांता परमार समेत बड़ी संख्या में प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्य और मातृशक्ति मौजूद रहीं। कार्यक्रम का आभार सत्यनारायण वर्मा ने माना।

शीलाखेड़ी का मुख्य मार्ग बदहाल, जलभराव से किसानों और ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों ने वीडियो जारी कर सड़क का शीघ्र निर्माण कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई

देवास। ग्राम पंचायत उपड़ी के अंतर्गत आने वाले ग्राम शीलाखेड़ी का मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। यह रास्ता गांव के किसानों के लिए अपनी कृषि भूमि तथा अन्य स्थानों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है, लेकिन मार्ग कच्चा होने के कारण यहां बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या बनी रहती है।
ग्रामीणों ने वीडियो जारी कर कहा है कि सड़क पर पानी भर जाने से पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। किसानों को खेतों तक पहुंचने, कृषि कार्य करने और फसल के परिवहन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन भी कीचड़ में फंस जाते हैं, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों उठाना पड़ता है।
वीडियो में ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि शीलाखेड़ी के इस मुख्य मार्ग का जल्द से जल्द पक्की सड़क के रूप में निर्माण कराया जाए या तत्काल आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

दिव्यांगजनों को बस किराए में 50% छूट: आदेश हवा-हवाई, बस मालिकों ने मांगी ‘टैक्स’ में राहत

देवास: मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश भर की बसों में सफर करने वाले दिव्यांगजनों के लिए किराए में 50% की भारी छूट देने का ऐलान किया है। परिवहन विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि यह आदेश अभी तक बस मालिकों तक पहुँचा ही नहीं है, वहीं बस संचालकों ने इस छूट के बदले राज्य सरकार से टैक्स में राहत की मांग कर दी है।

क्या है सरकार का आदेश?

परिवहन आयुक्त मुकेश जैन द्वारा सभी क्षेत्रीय, अतिरिक्त क्षेत्रीय और जिला परिवहन अधिकारियों (RTO/DTO) को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं:

  • UDID कार्ड अनिवार्य: दिव्यांगजनों को किराए में 50% की छूट का लाभ लेने के लिए अपना यूनीक डिसेबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा।
  • परमिट होगा रद्द: यदि कोई बस संचालक या कंडक्टर कार्ड देखने के बाद भी छूट देने में आनाकानी या बहानेबाजी करता है, तो उस बस का परमिट तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा।
  • लाभार्थियों की संख्या: इस महत्वपूर्ण योजना से मध्य प्रदेश के करीब 15.5 लाख से अधिक दिव्यांगजनों को सीधा लाभ मिलने का अनुमान है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल: “कागजों में उलझा आदेश”

इस मामले में कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, “दिव्यांगजनों को किराए में छूट देने संबंधी आदेश तो भोपाल से जारी हो गया है, लेकिन हकीकत यह है कि यह आदेश अभी तक बस मालिकों तक पहुँचा ही नहीं है।”
कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि इस योजना का सीधा लाभ दिव्यांगजनों को तभी मिल पाएगा, जब सरकार बस मालिकों के साथ बैठकर इस योजना का धरातल पर उचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करे।

बस मालिकों की दो टूक: “हमें भी चाहिए टैक्स में छूट”

सरकारी आदेश और कांग्रेस के आरोपों के बीच बस ऑपरेटरों ने अपना अलग पक्ष रखा है। देवास बस ऑपरेटर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि प्रशासन की ओर से उन्हें अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
बस संचालकों ने सरकार के सामने अपनी एक बड़ी मांग रख दी है:

“हमारी बसों में रोजाना औसतन 10 से 20 दिव्यांगजन सफर करते हैं। अगर हम उन्हें किराए में 50% की छूट देते हैं, तो इससे होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार को हमें भी टैक्स (Tax) में छूट देनी चाहिए।”

जमीन विवाद में एसिड फेंकने के प्रयास का आरोप, पीड़ित परिवार पहुंचा कलेक्ट्रेट व एसपी कार्यालय

देवास। जिले के ग्राम सुनवानी कराड़ निवासी श्रीमती सीमा पति मुकेश एवं योगेश पिता मुकेश ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपते हुए पड़ोसी किसानों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा एसिड फेंकने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।

प्रार्थीगण ने जिला कलेक्ट्रेट व एसपी से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई एवं सुरक्षा की मांग की है। आवेदन में प्रार्थीगण ने बताया कि ग्राम सुनवानी कराड़ स्थित धर्मशाला के पीछे तालाब के पास उनकी कृषि भूमि है, जिस पर वे वर्षों से खेती करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि पड़ोसी किसान ओंकारसिंह पिता गिरधारी तथा उसके पुत्र शुभम, गब्बर, अर्जुन, सौदान व शुभम का साला विकास लंबे समय से उनकी कृषि भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रार्थियों के अनुसार 24 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे आरोपी उनकी कृषि भूमि पर पहुंचकर हकाई करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे और विरोध किया तो आरोपियों ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। प्रार्थियों का आरोप है कि इस दौरान उनकी मां सुगनबाई, सीमाबाई व योगेश के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी पक्ष के लोग घर जाकर एसिड लेकर आए और उनकी बहू रोशनी व बेटी योगिता पर एसिड फेंकने का प्रयास किया, हालांकि परिवार के सदस्य मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के कुछ देर बाद 112 डायल आई तो तो सभी भाग गए। प्रार्थियों ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी उन्हें गांव में आने से रोक रहे हैं तथा गांव में आने पर जान से खत्म करने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट थाना बरोठा में अपराध क्रमांक 273/26 के तहत दर्ज कराई गई है, लेकिन एसिड फेंकने के प्रयास सहित अन्य बिंदुओं पर कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया है।

प्रार्थीगण ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

देवास: “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” की बड़ी सफलता, 24 घंटे में सुलझी 76 वर्षीय बुजुर्ग से चैन लूट की गुत्थी; दो आरोपी गिरफ्तार


मुख्य बिंदु:

  • 1.50 लाख रुपये कीमत की लूटी गई सोने की चैन शत-प्रतिशत बरामद।
  • “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत जनसहयोग से लगे सीसीटीवी कैमरों ने निभाई अहम भूमिका।
  • गजरा गियर्स झुग्गी झोपड़ी के रहने वाले दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
  • जिले में अब तक लग चुके हैं 5 करोड़ की लागत से 10,000 से अधिक कैमरे।

देवास। शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के शानदार परिणाम सामने आ रहे हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 76 वर्षीय बुजुर्ग के साथ दिनदहाड़े हुई चैन लूट की घटना का देवास पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई सोने की चैन बरामद कर ली है।

मेन गेट खुला रहने का उठाया फायदा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को 9/2 आदर्श नगर, सेक्टर बी (गायत्री शक्ति पीठ के सामने) निवासी 76 वर्षीय बंशीधर बरोनिया ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बुजुर्ग घर में अकेले रहते हैं। घटना वाले दिन दोपहर करीब 3:45 बजे टिफिन देने वाले एक परिचित (प्रेम पंचोली) ने उनसे मेन गेट पर ताला न लगाने को कहा था। इसी का फायदा उठाकर शाम करीब 4:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुस गया।
बुजुर्ग जब बाथरूम से बाहर आए, तो उक्त व्यक्ति ने ‘दादा-दादा’ कहते हुए आवाज लगाई और पलक झपकते ही उनके गले से सोने की चैन झपटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बी.एन.एस. की धारा 332(सी) और 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

सीसीटीवी कैमरों ने खोला राज
घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और माल बरामदगी के सख्त निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री हरनारायण बाथम और सीएसपी श्री सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली श्री श्यामचन्द्र शर्मा के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी वारदात के बाद भागते हुए कैद हो गए, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला। पुलिस ने दबिश देकर जयराज कुमरे (30) और धनराज कुमरे (50), दोनों निवासी गजरा गियर्स झुग्गी झोपड़ी, देवास को धर दबोचा। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई लगभग 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चैन भी जप्त कर ली है।

अपराध नियंत्रण में कारगर साबित हो रहे कैमरे
गौरतलब है कि देवास जिले में अपराध नियंत्रण के लिए आम जनता के सहयोग से अब तक 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 10,000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जो अपराधियों को पकड़ने में पुलिस के लिए तीसरी आंख का काम कर रहे हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई और लूट के खुलासे में थाना प्रभारी कोतवाली श्यामचन्द्र शर्मा, एसआई जीवन भिडोरे, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, मनोज पटेल, आरक्षक वैभव मंडलोई, सुजीत, नवीन पटेल के साथ-साथ साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक शिवप्रताप सिंह सेंगर और सचिन चौहान की विशेष भूमिका रही।

नवपुण्य वासुपूज्य स्वामीजी की प्रथम प्राण प्रतिष्ठा वर्षगांठ धूमधाम से मनी, 3 दिवसीय महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु

  • पंचशील नगर स्थित चंपापुरी धाम में आयोजित हुआ ‘त्रिदिवसीय जिनेंद्र भक्ति महोत्सव’
  • 1008 दीपों और आकर्षक फूल बंगले से सजा प्रभु का दरबार
  • दुर्लभ औषधियों से हुआ महाअभिषेक, सांसद सहित कई गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

देवास। शहर के पंचशील नगर स्थित श्री नवपुण्य वासुपूज्य स्वामीजी चंपापुरी धाम में प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर तीन दिवसीय ‘जिनेंद्र भक्ति महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। यह संपूर्ण महोत्सव पूज्य मुनिराज श्री कीर्तिन्द्र विजयजी, साध्वी अमिपूर्णा श्रीजी, अमिदर्शा श्रीजी, शुचिप्रज्ञा श्रीजी और सम्यकदर्शना श्रीजी के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।

महोत्सव में तीन दिनों तक हुए विविध अनुष्ठान

प्रथम दिवस: दुर्लभ औषधियों से महाअभिषेक महोत्सव के पहले दिन शांति धारा महाअभिषेक का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न दुर्लभ औषधियों से प्रभु का अभिषेक कर विश्व शांति की कामना की गई।द्वितीय दिवस: 1008 दीपों की रोशनी और संगीतमय भक्ति : दूसरे दिन प्रभु का संपूर्ण दरबार सुंदर और सुगंधित पुष्पों से सजाकर आकर्षक ‘फूल बंगला’ बनाया गया। प्रभु श्री वासुपूज्य स्वामीजी को हीरे की विशेष अंग रचना से सुशोभित किया गया। मंदिर परिसर 1008 दीपकों की रोशनी से जगमगा उठा, जिसने सैकड़ों भक्तों का मन मोह लिया। शाम को भक्ति भावना के संगीतमय आयोजन में इंदौर के चिराग जैन ने प्रभु भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसके बाद महाआरती संपन्न हुई।तृतीय दिवस: धर्म सभा और सिद्धि अनुष्ठान : अंतिम दिन श्री संघ की नवकारशी के पश्चात धर्म सभा का आयोजन हुआ। प्रभु को श्रीफल एवं कमल के फूल समर्पित कर सर्व सिद्धि दायक और सर्व विघ्न विनाशक ‘सिद्धि अनुष्ठान’ किया गया। इस दिन प्रभु की मनमोहक अंगरचना रतलाम की दीपा कोठारी द्वारा की गई।

प्रवचन: “निस्वार्थ सेवा से होता है विघ्नों का नाश” धर्म सभा को संबोधित करते हुए पूज्य मुनिराज श्री ने कहा कि, “जिनेश्वर परमात्मा की समर्पित भाव से की गई भक्ति ही हमें सर्व सिद्धि प्रदान कर सकती है। निस्वार्थ भाव से की गई प्रभु और मानव सेवा हमारे सभी विघ्नों का नाश कर हमें परम पद तक पहुंचाने में समर्थ है।

इस त्रिदिवसीय महोत्सव में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इनके अलावा अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्मलाभ लिया।