देवास। शहर में कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला के निर्देशानुसार मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत राजस्व व खाद्य विभाग की टीम ने मल्हार रोड जोशीपुरा देवास में घर में ही बनाए जा रहे अमानक पेप्सी पाउच बनाने वाले सलीम खान के घर संयुक्त कार्यवाही की है।
दरअसल पुलिस और अन्य संबंधित विभागों द्वारा सख्ती के साथ मिलावटी एवं नकली पदार्थ बनाने एवं विक्रय करने वालो पर कार्यवाई की जा रही है। बीते दिनों कई कारखानों पर छापामार कारवाई करने के बाद आज सोमवार को ही तहसीलदार पूनम तोमर, राजस्व व खाद्य विभाग की टीम ने मल्हार रोड जोशीपुरा देवास में घर में ही बनाए जा रहे अमानक पेप्सी पाउच बनाने वाले सलीम खान के घर संयुक्त कार्यवाही की। तहसीलदार पूनम तोमर ने बताया कि घर में ही पेप्सी बन रही थी। नगर निगम का कोई लाइसेंस सलीम खान के पास नही था। सीधे नल से आ रहे पानी में ही सैक्रिन और फ्रूट एसेंस डालकर पेप्सी बनाई जा रही थी। करीब 30 हजार पेप्सी के माल की जब्ती की कार्यवाही की गई।
उज्जैन से ला कर देवास शहर में मिलावटी मावा बेचने की फिराक में था आरोपी
देवास। शहर में पुलिस द्वारा सख्ती के साथ मिलावटी एवं नकली पदार्थ बनाने एवं विक्रय करने वालो पर कार्यवाई की जा रही है। बीते दिनों शिप्रा में नकली डीजल एक्जास्ट फ्लूड बनाने वाले स्थानबोर छापा मार कार्यवाई की थी तो रविवार को नकली आइसक्रीम बनाने वाले कारखाने पर कारवाई हुई थी। तो वही अब थाना कोतवाली देवास द्वारा मिलावटखोरों के विरुद्ध एक बड़ी कार्यवाही की गई है। जिसमें फ्री इण्डिया बस में उज्जैन से मिलवाटी मावा रखकर देवास शहर में विक्रय हेतु लाया गया था मौके से आरोपी विजय राठौर पिता शंकरलाल राठौर उम्र 39 साल निवासी ग्राम अरलावदा तहसील बागली जिला देवास को गिरफ्तार कर उससे 52 किलो मावा जब्त किया है। दरअसल आरोपी अन्य जगह से मिलावटी मावा लाकर शहर में स्थित दुकानों पर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध अपराध कं. 322/2022 धारा 420 भादवि एवं 7 खादव अपमिश्रण निवारण अधिनियम 1954 का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया, आरोपी को हिरासत में लेकर विस्तार से पुछताछ की जा रही है।
इनका रहा सराहनीय कार्य:- निरीक्षक उमराव सिंह, उनि राकेश नरवरिया, उनि राहुल पाटीदार आर. श्याम बिहारी शर्मा, राजेश गुप्ता, राहुल धमनिया का सराहनीय योगदान रहा।
देवास। प्रदेश की प्रमुख नगरी देवास के विकास में ओर एक बड़ा सितारा लगाये जाने हेतु तथा देवास शहर को विकास की ओर अग्रसित करने हेतु देवास ओद्योगिक क्षेत्र से नागूखेडी उज्जैन रोड पर मिलेगा कारिडोर। इस योजना से टाटा एक्सपोर्ट सेे उज्जैन रोड तक लगभग 5.2 किमी लम्बे एमआर 10 कारिडोर का विकास किया जाएगा। जो 45 मीटर चौडा 6 लेन कारिडोर होगा। योजना के मास्टर प्लान के अनुसार कारिडोर के दोनों ओर 150 मीटर चौड़ी रोड व्यावसायिक और मिक्सड यूज के तौर पर उपयोग हेतु विकसित होगी।
विकास प्राधिकरण चेयरमेन चंद्रमौली शुक्ला एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशालसिंह चौहान के साथ अमोना, बिंजाना, बीराखेडी, मेंढकीचक, नागूखेडी एवं अन्य किसान बंधुओं की उपस्थिति में एक सेमीनार होटल रामाश्रय में आयोजित किया गया। जिसमें मिनी सुपर कारिडोर के बारे में विस्तृत जानकारी उपस्थितों को चेयरमेन द्वारा दी गई। किसानों को भी अपनी बात रखने का अवसर दिया गया जिसमें किसानों ने अपनी अपनी समस्या व सुझाव रखे। चेयरमेन चंद्रमौली शुक्ला ने स्वयं के पूूर्व अनुभव भी बताए जिस तरह से इंदौर में इसी तरह के कारिडोर बने है औरा किसानों ने स्वयं व अपने भविष्य को संवारा है। चेयरमेन श्री शुक्ला ने कहा कि जमीन देना आपका निर्णय है किंतु आपके व शहर के विकास के लिए आपको आगे आना होगा। अपनी जमीन के बदले में विकसित भूखंड विकास प्राधिकरण दे रहा है। आपके निर्णय पर योजना का क्रियान्वयन होगा। वर्तमान में किसी ओर को जमीन नहीं देते स्वयं अपने भविष्य में उसी जमीन के विकसित भूखंड से दस गुना अपने आप को विकसित कर सकेंगे। योजना में सम्मिलित किसानो के हित को देखते हुए उन्हें यथा संभव उन्ही की भूमि पर विकसित प्लाट (भूखंड) आवंटित किये जायेंगे। चेयरमेन श्री शुक्ला द्वारा विस्तृत जानकारी उपस्थित किसान बंधुओं के समक्ष रखी तथा योजना से भू स्वामियों को होने वाले लाभ एंव योजनाओं की विशेषताएं भी बताई गई।
चेयरमेन ने यह भी कहा कि इस योजना से निवेश तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। सड़कों के निर्माण से भूखंडों के मूल्यों में वृद्धि होगी और आपको आवंटित भूखंडों की गाइडलाईन दर में भी वृद्धि होगी। साथ ही विकसित भूखंडों में पानी, सिवरेज, बिजली की बेहतर सुविधा भी उपलब्ध रहेगी जो आपको सीधे प्राप्त होगी। चेयरमेन के द्वारा सवाल का जवाब देते हुए यह भी कहा गया कि योजना का संपूर्ण विकास नहीं होगा तब तक किसानों को उक्त आवंटित भूमि की तोजी भी विकास प्राधिकरण देगा। उक्त योजना में 20 से 25 किसानों ने एग्रिमेंट हेतु सहमती भी दी है। चेयरमेन ने कहा कि किसान बंधु अपनी भूमि का भू अर्जन करावें। इसी के साथ अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशालसिंह चौहान ने सबका आभार व्यक्त किया।
देवास। मुख्य वन संरक्षक पी एन मिश्रा के आव्हान पर पौधों मे पानी देने हेतु देवास के आम नागरिक शंकरगढ पहाड़ी पर एकत्रित हुए । 27 मार्च रविवार को प्रात: 6 बजे से बङी संख्या मे देवास रहवासी शंकरगढ पहाड़ी पर पौधों को पानी पिलाने के पुनीत कार्य में वन विभाग के सहभागी बने । मुख्य संरक्षक श्री मिश्रा ने देवास की जनता से अपील की है कि वे भी प्रति रविवार यहां आकर पौधों को पानी दें एवं पर्यावरण को बढ़ावा देने में अपना सहयोग करें। पर्यावरण संरक्षण आज बड़ी गम्भीर समस्या है जिसके लिए जन जन को जागरूक करना अति आवशक है । शंकरगढ पर्वत पर अगर नगर वन जिस वक्त मूर्तरूप लेगा तो देवास के वातावरण में बड़े सकारात्मक बदलाव आएँगे। टेकरी को बनाया है शंकरगढ बनाएँगे के नारे उपस्थित जन समूह ने लगाए। ग्रीन आर्मी, हरित मालवा समिति, जिला पर्यावरण प्रहरी, ग्रीन देवास, रोटरी क्लब देवास, देवास इन्ङस्टीयल असोसिएशन आदि संस्थाओं द्वारा नियमित पर्यावरण गतिविधियों मे भाग लेने हेतु देवास की जनता का आव्हान किया गया ।
भोरासा निप्र(अभय नागर) : दशा माता का व्रत घर में सुख-शांति और घर की दुर्दशा सुधारने के लिए किया जाता है। ये व्रत चैत्र माह की कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि को किया जाता है। सुहागिन महिलाएं यह व्रत अपने घर की दशा सुधारने के लिए करती हैं। भोरासा नगर में भी कुमावत मोहल्ला स्थित मंदिर में नगर परसाई संजय जोशी के द्वारा विधिवत पूजन पाठ कराया गया व कथा सुनाई गई यहां पर महिलाओं ने दशा माता का व्रत रखा और पीपल के पेड़ की पूजा की।
इस दिन महिलाएं पूजा और व्रत करके गले में एक खास डोरा (पूजा का धागा) पहनती हैं, ताकि परिवार में सुख-समृद्धि, शांति, सौभाग्य और धन संपत्ति बनी रहे। ग्रंथों के अनुसार, ये व्रत करने से सभी तरह की परेशानियों से बचा जा सकता है। इस व्रत के दिन कच्चे सूत का 10 तार का डोरा, जिसमें 10 गठानें लगाकर महिलाएं पीपल की पूजा करती हैं। इस डोरे की पूजन करने के बाद कथा सुनती हैं। इसके बाद डोरे को गले में बांधती हैं। इस दिन महिलाएं एक ही प्रकार का अन्न एक समय खाती हैं। भोजन में नमक नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से अन्न में गेहूं का ही उपयोग करते हैं। दशा माता की पूजा पीपल के पेड़ की छांव में करना शुभ होता है और पीपल के आस-पास पूजा का धागा भी बांधा जाता है। पीपल की पूजा से भगवान विष्णु की पूजा भी इस दिन हो जाती है। इस व्रत के कुछ नियम भी हैं। जैसे यदि यह व्रत एक बार रख लिया तो इसे जीवनभर किया जाता है और इसका उद्यापन नहीं होता है। इस व्रत को बीच में नहीं छोड़ सकते। ऐसा करना अशुभ माना जाता है। यदि सेहत संबंधी समस्या या और कोई समस्या हो तो उद्यापन करने के बाद इसे छोड़ सकते हैं इसी तरह नगर में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल परिसर में भी महिलाओं द्वारा पूजा की गई वही गड़ी मंदिर स्थित पीपल वृक्ष की महिलाओं के द्वारा पूजा की गई
नियमो के विरुद्ध बनाई जा रही थी आइसक्रीम, पुलिस व खाद्य विभाग ने की कार्यवाही
देवास। कोतवाली थाना पुलिस और खाद्य विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर खाद्य पदार्थ मिलावटी आइसक्रीम बनाने के कारखाने का किया भांडाफोड किया है।मौके पर से पुलिस ने आरोपी गुलाब सिंह चौहान पिता बनेसिंह चौहान उम्र 40 साल निवासी 22 दुर्गा नगर देवास को गिरफ्तार किया है।
वही लगभग 3 हजार पैक आईसक्रीम आईसक्रीम बनाने की मशीन, फिज, कच्चा माल सहित लगभग 05 लाख का माल जब्त किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन देवास जिले में मिलावटखोर के गोरखधंधे के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह चौहान एवं उपपुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) किरण शर्मा के नेतृत्व में थाना कोतवाली देवास द्वारा मिलावटखोरो के विरूद्ध एक बड़ी कार्यवाही की गई है। जिसमें मिलावटी आईसक्रीम बनाने वाले कारखाने पर कार्यवाही कर 2000 आइसक्रीम पेक करने के खाली रेपर जिन पर कोई एक्सपायरी व मेनुफेक्युरींग दिनांक नहीं है, 2100 नग चोकोबार आइसक्रीम, 200 नग कोन आइसक्रीम बिना लेवल की, 300 नग कप आईसक्रीम सहित 09 प्लास्टीक के डिब्बो में भरा कच्चा माल आईसक्रीम बनाने की मशीन, चोकोबार बनाने की मशीन व 05 बड़े फीज सहित कुल 05 लाख रूपये का माल जब्त की गई है। उक्त कार्यवाही में आरोपी गुलाब सिंह चौहान पिता बनेसिंह चौहान उम्र 40 साल निवासी 22 दुर्गा नगर देवास को गिरफ्तार किया है। उक्त आरोपी के विरूद्ध अपराध कं. 318/2022 धारा 420 भादवि एवं 7 खाद्य अपमिश्रण निवारण अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया जाकर आरोपी से विस्तार से पुछताछ की जा रही है।
देवास। मानव सेवा तीर्थ पुष्पगिरी पर गणचार्य श्री पुष्पदंत सागर महाराज के आशीर्वाद संस्कार प्रणेता मुनिश्री सौरभ सागर जी महाराज की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में विश्व में प्रथम बार भव्य 72 फुट की बेदी पर 21 फुट के भगवान पदम प्रभ की प्रतिमा एवं स्वर्ण वर्ण सीप के आकार का आकर्षक मंदिर जिसमें 13 फीट की मनोहारी भगवान पुष्पदंत की पद्मासन प्रतिमा का निर्माण किया गया है। जिसका भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक पुष्पगिरी तीर्थ पर आयोजित होना सुनिश्चित हुआ है जिस पंचकल्याणक में आचार्य श्री प्रणाम सागर जी महाराज, क्रांतिवीर मुनि श्री प्रतीक सगरजी महाराज, मुनि श्री प्रगल्य सागर जी महाराज का भी पावन सानिध्य प्राप्त होगा। महोत्सव में अनेकों नामचीन राजनेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। महोत्सव में 4 अप्रैल को ध्वजारोहण एवं 201 सौभाग्यवती महिलाओं द्वारा मस्तक पर मंगल कलश धारण कर विशाल कलश यात्रा, 5 अप्रैल को गर्भ कल्याणक, 6 अप्रैल को जन्म कल्याणक एवं भव्य जुलूस, 7 अप्रैल को दीक्षा कल्याणक, 8 अप्रैल को केवल ज्ञान कल्याणक, 9 को अप्रैल मस्तकाभिषेक, 10 अप्रैल को मोक्ष कल्याणक एवं आचार्य पद प्रतिष्ठापन महोत्सव आदि अनेकों कार्यक्रम आयोजित होंगे।
• आक्रोशित श्रमिक पहुंचे थाने, मिल का गेट खुलवाने एवं दोषियों पर की कार्यवाही की मांग
देवास। चामुंडा स्टैंडर्ड मिल के श्रमिकों द्वारा रविवार को बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में श्रमिकों के बकाया पैसों के लिए चर्चा की जाकर आगामी रूपरेखा तैयार की जाना थी। श्रमिक बाबूलाल मण्डलोई, रामप्रसाद पटेल, केसर सिंह पहलवान एवं मनोहर गुर्जर ने बताया कि कम्पनी परिसर में विगत कुछ दिनों से साफ-सफाई व तोड़फोड़ चल रही है। साथ ही कम्पनी गेट पर भी ताला लगाकर प्राचीन गणेश मंदिर पर दर्शन करना बंद कर दिया है। जब श्रमिको ने रविवार को इसका विरोध किया तो कम्पनी में अंदर कार्य कर रहे कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलोच की और जान से मारने की धमकी वरिष्ठ भाजपा नेता इंदर सिंह ठाकुर को दी। इससे आक्रोशित होकर समस्त श्रमिक औद्योगिक थाना पहुंचे और आवेदन सौंपकर कार्यवाही की मांग की। आवेदन में श्री ठाकुर ने बताया कि वर्षो से में बालगढ़ का निवासी हूँ। साथ में भाजपा का पूर्व पार्षद एवं मीसाबंदी संघ का जिलाध्यक्ष भी हूँ। मिल के गेट ताला लगाकर श्रमिकों के साथ श्रद्धालुओं को भी अंदर जाना बंद कर दिया है। रविवार को दशामाता का पर्व होने पर बालगढ़ की महिलाएं गणेश मंदिर पर विशेष पूजा करती है। श्री ठाकुर ने बताया कि मिल के गेट पर पूछा की मंदिर पर जाने का रास्ता किसने बंद किया है तो गेट के अंदर खड़े मीणा नामक व्यक्ति, उसके साथ खड़े शर्मा और राहुल पटेल सहित 8-10 लोग जिन्हें मैं नही जानता। उन्होंने कहा कि तू कौन है गेट खुलवाने वाला, हम कम्पनी के गुण्डे है। तुझे हम 24 घंटे में जान से मरवा देंगे। साथ ही गंदी-गंदी गालिया भी दी। श्री ठाकुर ने आवेदन देकर थाना प्रभारी से मांग की है कि अति प्राचीन गणेश मंदिर के गेट पर ताला लगाने वालों पर कार्यवाही हो। साथ ही मुझे जाने से मारने की धमकी देने वालो पर प्रकरण दर्ज किया जाए। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री प्रदीप चौधरी भी पहुंचे और उन्होंने थाना प्रभारी से घटना के संबंध में चर्चा करते हुए दोषियों पर उचित कार्यवाही की मांग की।
कन्नौद(चंचल भारतीय): चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि पर रविवार को पशुपतिनाथ विहार कॉलोनी की श्रीमती प्रेमलता भारतीय, श्रीमती गायत्री वर्मा, श्रीमती पप्पी चंदेल, श्रीमती ममता डोडवाल, श्रीमती मनीषा भारतीय, श्रीमती रागिनी भारतीय, श्रीमती सोनू रावल,सहित सैकड़ों महिलाओ ने दशा माता का पूजन कर महिलाएं ने घर में सुख, शांति, समृद्धि तथा आर्थिक उन्नति की कामना से पीपल के वृक्ष का पूजन कर दशा माता का पर्व मनाया।
देवास/ नगर निगम द्वारा वित्तिय वर्ष की समाप्ति के पूर्व शासन निर्देशानुसार बकाया संपत्तिकर व जलकर की राशि पर लगने वाले अधिभार (सरचार्ज) मे 31 मार्च 2022 तक छूट प्रदान की गई है। आयुक्त विशालसिह चौहान ने बताया कि संपत्तिकर व जलकर के बकायादारो द्वारा अपने बकाया करो की राशि जमा कराने की सुविधा के लिए शासकीय अवकाश के दिवस भी निगम मे काउंटर खुले रहेंगें जिससे करदाता 27 मार्च (रविवार) को भी अपने बकाया करो का भुगतान कर सकेगें। जिससे उनको नियमानुसार छूट का लाभ भी प्राप्त होगा तथा लाटरी ड्रा के माध्यम से चयनित होकर पुरस्कार भी पा सकेगें।
इसी प्रकार औद्योगिक क्षेत्र ईकाइयों के बकाया संपत्तिकरो की राशि भी जमा कराने हेतु रविवार को निगम राजस्व अधिकारी प्रवीण पाठक को ईकाइयो से सम्पर्क कर करो का भुगतान कराने हेतु निर्देशित किया। संपत्तिकर अधिकारी प्रदीप शास्त्री व प्रवीण पाठक को तैयार सूची अनुसार बकायादारो से निगम की टीम के साथ व दूरभाष सूचना के माध्यम से तथा उनके घरो पर सम्पर्क कर 31 मार्च तक बकाया करो की राशि अनिवार्य रूप से जमा कराने हेतु निर्देश आयुक्त ने दिये साथ ही आयुक्त ने यह भी कहा कि 31 मार्च 2022 के पश्चात बकाया करो का भुगतान नही किये जाने पर बकायादारो के विरूद्ध नियमानुसार कुर्की की कार्यवाही भी की जावेगी। आयुक्त ने बकाया करदाताओ से अपील की है कि वे अपने बकाया करो का भुगतान 31 मार्च 2022 तक अनिवार्य रूप से करें तथा कुर्की जैसी अप्रिय कार्यवाही से बचें।