अंकुर अभियान के तहत शंकरगढ पहाडी पर होगा वृहद् स्तर पर पौधारोपण

देवास। अंकुर अभियान के तहत वृहद् स्तर पर वृक्षा रोपण को लेकर कलेक्टर एवं प्रशासक चन्द्रमोली शुक्ला, नगर निगम आयुक्त विशालसिह चौहान के द्वारा शहर की सामाजिक संस्थायें, व्यापारी प्रकोष्ठ, आशासकीय शिक्षण संस्थान, क्लब संस्थाये सामाजिक सेवा समिती, प्रेस क्लब, इन्डस्ट्रीज एसोसिएशन, मैरेज गार्डन एसोसिएशन, मेडिकल एसोसिएशन, सराफा एसोसिएशन, एन.जी.ओ. संस्थायें, नगर सुरक्षा समिती, गायत्री परिवार, रहवासी संघ, कलोनी नाईजर व बिल्डर, लोक कल्याण समिती, सोशल वेल्फेयर समितीयां, अभिभाषक संघ गौ सेवक संघ एवं सामाज सेवी कार्यकर्ताओ के पदाधिकारियो के साथ निगम हॉल मे बैठक आहूत की जाकर देवास शहर मे एवं निगम के ट्रीटमेंट प्लांट, पानी की सभी टंकियो एवं पार्क जैसे स्थानो से लेकर बायपास स्थित शंकरगढ पहाडी पर वृह्द स्तर पर वृक्षारोपण किये जाने के लिये सभी उपस्थितजनो से कलेक्टर ने अपनी-अपनी भागीदारी निभाते हुये अधिक से अधिक संख्या मे वृक्षारोपण किये जाने हेतु कहा गया।
आयुक्त ने बताया कि शंकरगढ पहाडी पर वृक्षारोपण हेतु सभी प्रजातियो के पौधे जिनमे कम पानी मे एवं पथरीली जमीन एवं गर्मी के मौसम मे भी जिंदा रहने वाले पौधे की उपलब्धता बताई जाकर लगभग 5 हजार पौधो का रोपण लक्ष्य लेकर सभी प्रजाति के पौधे उपलब्ध रहेगें। जिसमे संस्थायें शंकरगढ पहाडी पर स्वंय के व्यय पर लगभग 3 हजार पौधो का रोपण करेंगी। इन्डस्ट्रीज एसोसिएशन, सिंधु समाज प्रेस क्लब, रोटरी क्लब, मित्राय वेल्फेयर, संस्था महात्मा, क्षिप्रा नदी बचाव समिती, व्यापारी संघ आदि ने अपने-अपने सुझाव दिये।
बैठक के दौरान कलेक्टर एवं आयुक्त ने बताया कि 27 जून से 6 जुलाई 2021 तक चलने वाले वृक्षारोपण मे आम नागरीक भाग लेकर पौधारोपण करेगें। कलेक्टर व आयुक्त ने उपस्थितजनो एवं सर्वसमाज, सामाजिक संगठन, सामाजिक कार्यकर्ताओ एवं आम नागरिको से अपील की है कि स्मृति के रूप मे पहाडी स्थित स्मृति वन मे एक-एक पौधा अवश्य लगावें, रोपे गये सभी पौधो की देखरेख जिला एवं निगम प्रशासन करेगा।

देवास के बुजुर्ग दम्पत्ति अमलतास हॉस्पिटल में करेंगे देहदान।

देवास। उक्त जानकारी देते हुए अमलतास हॉस्पिटल प्रबंधक विजय जाट द्वारा बताया गया कि देवास मोतीबंगला निवासी रघुनाथ सोलपुरकर उम्र 97 वर्ष व उनकी पत्नी रंजना सोलपुरकर उम्र 93 वर्ष ने अपने मरणोपरांत देहदान करने का संकल्प लिया।इस नेक काम को कर बुजुर्ग दम्पत्ति ने समाज के लिए एक अनूठी मिसाल पेश की है।अमलतास हॉस्पिटल में अपनी मृत्यु के पश्चात शरीर का दान करने का संकल्प कर न सिर्फ समाज मे प्रेरणा देने का काम बल्कि एक मिसाल पेश की है ।चिकित्सा जगत के लिए मृत देह अमूल्य है सिर्फ पढ़ाई लिखाई ही नही बल्कि आगे के शोध ओर जटिल ऑपरेशन के लिए भी यह देह रोशनी का काम कर कई जिंदगी बचाती है।अमलतास हॉस्पिटल की कॉउंसलर दीपा सिंह व मेघा सोनी के द्वारा इनके घर जाकर देहदान सहमति पत्र भरवाया गया तथा इनकी बहु से जानकारी प्राप्त हुई कि दोनों अपनी इच्छा से देह दान करना चाहते है। कोरोना काल के इस दौर ने अपने व परायो की पहचान करा दी इसी को दृष्टिगत रखते हुए एक बुजुर्ग दम्पत्ति जिन्होंने अपने 9 दशक पूर्ण कर देहदान का संकल्प लिया।

होटल रामाश्रय में शुरू हुआ दिव्यांगजनो का वैक्सीनेशन

• सांसद, कलेक्टर एवं आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर की दिव्यांगजनों के टीकाकरण कार्य की शुरुआत

देवास। कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए जिला एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा वैक्सीनेशन का कार्य निरंतर करवाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आज नगर निगम सीमा क्षेत्र के दिव्यांग जनों के लिए होटल रामाश्रय में वैक्सीनेशन का आयोजन किया गया। जिसमें निगम प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्था की जाकर सभी दिव्यांगों को घर से लाने एवं छोड़ने की व्यवस्था कर टीकाकरण किया जा रहा है। इस अवसर पर माननीय सांसद जी श्री महेंद्र सिंह जी सोलंकी कलेक्टर एवं प्रशासक श्री चंद्रमौली शुक्ला नगर निगम आयुक्त श्री विशाल सिंह चौहान एवं अन्य पदाधिकारियों गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर दिव्यांग जनों का टीकाकरण कार्य की शुरुआत की गई। लगभग 1600 दिव्यांगों को वैक्सीनेशन के लिए सूचना दी गई है। कलेक्टर एवं प्रशासन तथा निगम आयुक्त ने सभी दिव्यांग जनों के परिवार वालों से अपील की है कि वे विकास नगर स्थित चौराहे पर होटल रामाश्रय में अपने परिवार के दिव्यांग सदस्य को लाकर वैक्सीनेशन करवाएं।

पति, सास, ससुर की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने फाँसी लगाकर की आत्महत्या

देवास। ज़िले के भौरासा में आने वाले गांव सिखेड़ी में 10 जून को दोपहर महिला ने अपने पति, सास, ससुर की प्रताड़ना से तंग आकर फाँसी लगा कर ऊनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। भौंरासा थाना पुलिस ने मामले को 21 जून को कायम कर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम सिखेड़ी ने रहने वाली नवविवाहिता महिला उमा उर्फ कोमल पति महेश गुर्जर उम्र 25 वर्ष पर अपने पति,सास व ससुर द्वारा उसके चरित्र पर शंका को लेकर उसे मानसिक व शारारिक प्रताड़ित करते थे।जिससे परेशान होकर महिला ने दिलीप नामक व्यक्ति के खेत की मेड पर लगे नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले को एसडीओपी सोनकच्छ प्रशांत सिंह भदौरिया ने विवेचना में लेते हुए पति मोहन पिता मेहरवान गुर्जर, ससुर मेहरवानसिंह गुर्जर व सास भारत बाई गुर्जर के खिलाफ 498A, 306 व अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

टीकाकरण महाअभियान : अभियान के अंतर्गत जिले में पहले दिन 40 हजार 240 व्‍यक्तियों का वैक्‍सीनेशन हुआ

• जिले में देवास सभी ब्‍लाकों में लक्ष्‍य से अधिक वैक्‍सीनेशन हुआ

देवास। 21 जून-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूरे प्रदेश के साथ ही जिले में भी कोरोना वैक्सीनेशन का महा-अभियान प्रारंभ हुआ।  देवास जिले में कोरोना वैक्सीनेशन महा-अभियान में लोगों ने वैक्सीनेशन के प्रति भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही वैक्‍सीनेशन केन्‍द्रों पर लम्‍बी लाईन देखने को मिली। जिले में सोमवार को 30 हजार व्‍यक्तियों के वैक्‍सीनेशन का लक्ष्‍य रखा गया था। लक्ष्‍य के विरूद्ध जिले में 40 हजार 240 व्‍यक्तियों का वैक्‍सीनेशन हुआ।
जिले के सभी ब्‍लाको में लक्ष्‍य से अधिक वैक्‍सीनेशन हुआ है। देवास अर्बन में 125 प्रतिशत सोनकच्‍छ में 130 प्रतिशत, बागली में 106 प्रतिशत, बरोठा में 164 प्रतिशत, टोंकखुर्द में 103 प्रतिशत, खातेगांव में 130 प्रतिशत तथा कन्नौद में 215 प्रतिशत वैक्‍सीनेशन हुआ।  
देवास जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्‍य पूर्ण होने पर मुख्‍यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जिले के नागरिकों, वैक्‍सीन प्रेरकों, समाज सेवियों, जनप्रतिनिधियों, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के कार्यकर्ताओं एवं जिला प्रशासन को बधाई दी।
जिले में लक्ष्‍य से अधिक वैक्‍सीनेशन होने पर कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने वैक्‍सीनेशन कार्य में लगे सभी विभागों के अधिकारी/कर्मचारियों ,स्‍वास्‍थ्‍य विभाग की टीम को और सभी जिलेवासियों को बधाई दी। सभी जिलेवासियों के सहयोग के ही देवास जिले में लक्ष्‍य से अधिक वैक्‍सीनेशन हो पाया है।

30 हजार के लक्ष्य के विरूद्ध 47 हजार 971 की उपलब्धि

• राज्य स्तर से प्राप्त लक्ष्य अनुसार जिले का प्रदेष में दूसरा स्थान

सीहोर। सोमवार 21 जून कोविड वैक्सीनेषन महाअभियान के अंतर्गत जिले ने राज्य स्तर से प्राप्त 30 हजार के लक्ष्य को पार करते हुए 47 हजार 971 हितग्राहियों का टीकाकरण किया गया है। लक्ष्यगत उपलब्धि के अनुसार जिले को प्रदेष में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सुधीर कुमार डेहरिया ने जानकारी दी कि जिले मेें विकासखण्डवार कुल 179 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए थे। आष्टा में 12099, बुदनी 9809, इछावर 6702, नसरूल्लागंज 6968, श्यामपुर 8252 तथा सीहोर शहरी क्षेत्र में 4141 हितग्राहियो का टीकाकरण किया गया।

टीकाकरण महाअभियान अन्तर्गत कल होटल रामाश्रय में होगा दिव्यांगजनो का टीकाकरण

• निगम द्वारा दिव्यांगो का शत प्रतिशत टीकाकरण हो इस हेतु वार्डवार टीम गठित कर दिव्यांगो के लिये वाहन सुविधा की गई है

देवास। टीकाकरण महाअभियान अन्तर्गत 22 जून को दिव्यांगजनो का वेक्सिीनेशन प्रातः 9 बजे से होगा।
नगर निगम आयुक्त विशालसिह चौहान ने बताया कि टीकाकरण महाअभियान मे 18 वर्ष से उपर के दिव्यांगो का वेक्सीनेशन विकास नगर चौराहा स्थित होटल रामाश्रय मे किया जावेगा। दिव्यांगो के टीकाकरण के लिये निगम द्वारा समुचित व्यवस्था की जाकर दिव्यांगो का शत प्रतिशत टीकाकरण हो इस हेतु वार्डवार वाहन सुविधा के साथ टीम गठित की जाकर दिव्यांगो के लिये वाहन सुविधा निगम द्वारा की गई है। आयुक्त ने यह भी बताया कि सभी दिव्यांगो का इस अभियान मे टीकाकरण करवाये जाने हेतु लगभग 1600 दिव्यांगो को एवं उनके परिवार वालो को टीका लगवाये जाने हेतु सूचना भी कर दी गई है। कलेक्टर एवं प्रशासक चन्द्रमौली शुक्ला के निर्देशन मे वेक्सीनेशन टीम द्वारा वेक्सीनेशन किये जाने के लिये अत्यधिक उम्र वाले दिव्यांगो का वाहन मे ही वेक्सीनेशन किया जावेगा। कलेक्टर व आयुक्त ने दिवयांगजनो के परिवार एवं सर्वधर्म समस्त सामाजिक संस्थाओ एवं समाजिक कार्यकर्ताओ से अपील की है कि वे दिव्यांग व्यक्तियो का टीका केन्द्र पर टीका लगवाकर इस अभियान मे सहभागी बनें।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सतपुड़ा एकेडमी में आयोजित हुआ योग प्रशिक्षण

• योग ऐसी औषधि है, जो मनुष्य को स्वस्थ रखती है – श्री सेंधव

देवास। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मक्सी रोड तुलजा विहार कॉलोनी स्थित सतपुड़ा एकेडमी में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम अतिथियों ने भारत माता का पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कोरोना गाइडलाइन के नियमों का पालन करते हुए पतंजलि योग समिति जिलाध्यक्ष मोहनलाल शर्मा ने उपस्थित बच्चों को आसन, प्राणायाम, ध्यान व योग का प्रशिक्षण दिया। विभिन्न प्रकार के योग, प्राणायाम, आसन कर बच्चों को इससे शरीर को होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से समझाया और प्रतिदिन योग करने की बात कही। बच्चों ने सूर्य नमस्कर, मंडुकासन, कपालभांति, अनुलोम-विलोम, वज्रासन, नौकासन, गौमुखासन, शष्कासन, सर्वासन, शीर्षासन तथा ध्यान सहित विभिन्न प्राणायाम, आसन व योग का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम पूर्व अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव ने बच्चों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि योग एक ऐसी औषधि है, जो मनुष्य को स्वस्थ रखती है। आप बच्चे बड़े सौभाग्यशाली हैं कि आपको बचपन से ही योग का प्रशिक्षण मिल रहा है। आप प्रतिदिन योग करें, जिससे आप स्वस्थ रहेंगे और आपकी बुद्धि का विकास होगा। योग ऐसी औषधि है, जो कोरोना जैसी वैश्विक महामारी की चुनौतियों से निपटने में सहायक रही है। अतिथियों ने बच्चों के साथ पौधारोपण भी किया। अतिथियों का स्वागत संस्था संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव एवं प्राचार्य नरेश पंचोली ने पुष्पमाला एवं श्रीफल भेंट कर किया। इस अवसर पर प्रकाश सिंह एडवोकेट व कोषाध्यक्ष पतंजलि योग समिति, सुनील आर्य जिलाध्यक्ष युवा भारत पतंजलि समिति, अजबसिंह ठाकुर जिलाध्यक्ष भारत स्वाभिमान ट्रस्ट सहित वरिष्ठ नागरिकगण उपस्थित थे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।

Amarnath Yatra 2021: कोरोना के चलते इस वर्ष भी रद्द हुई अमरनाथ यात्रा

अमरनाथ यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए निराशाजनक खबर है। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंकाओं को देखते हुए अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा इस वर्ष भी अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra 2021) को रद्द करने का फैसला लिया गया है। हालांकि श्रद्धालु ऑनलाइन बाबा बर्फानी के दर्शन कर पाएंगे। वर्ष 2020 में भी कोरोना संक्रमण के कारण अमरनाथ यात्रा को रद्द किया गया था। वही वर्ष 2019 में भी जम्मू-कश्मीर में अनुछेद 370 हटने के कारण यात्रा को बीच में ही रोक दिया गया था।

https://twitter.com/OfficeOfLGJandK/status/1406943120407764998?s=19

बुंदेलखंड की बेटियों काजल,आस्था और पूजा को तत्काल खेल छात्रवृत्ति दिए जानें को लेकर जिलाध्यक्ष चौबे ने लिखा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को पत्र

गढाकोटा(सागर)। कांग्रेस सेवादल ग्रामीण सागर के जिलाध्यक्ष डॉ राजेन्द्र चौबे ने दैनिक समाचार पत्र में छपी खबर का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को प8त्र लिखकर बुंदेलखंड की बालिकाओं काजल,आस्था और पूजा को तत्काल खेल छात्रवृत्ति देना शुरू किए जाने की मांग की तथा उक्त पत्र की प्रतिलिपियाँ डॉ चौबे ने बुंदेलखंड के बीजेपी के नेताओ जिनमें केबीनेट मन्त्रीगण क्रमशः पं गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह एवं गोविन्दसिंह के साथ साथ केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार,प्रहलाद पटेल तथा सागर सांसद राजबहादुर सिंह को भी मेल व ट्वीट की है ।
अपने पत्र में डॉ चौबे ने लेख किया है कि बालिकाओं के मजदूर पिता विनोद रजक ने बताया है कि वह अपनी बालिकाओं के लिए उन्होंने एथलीट का कैरियर इसलिए चुना क्योंकि खेल में प्रतियोगिता है पर भ्रष्टाचार की गुंजाइश कम है , उन्होंने आगे बताया कि उनकी तीनो पुत्रियाँ पढ़ाई में भी अव्वल है तथा वह प्रतिदिन ऊंची कूद,लम्बी कूद और लगभग 20-25 किलोमीटर कमर में टायर बांधकर दौड़ती है तथा मैं उनके साथ रहता हूँ उनकी इस नियमित मेहनत और अभ्यास का परिणाम है कि काजल(15वर्ष)ने 5000 मीटर,आस्था (17बर्ष)ने800 तथा 3000 मीटर में नेशनल तक तथा पूजा(19 वर्ष)5000 मीटर दौड़ में स्टेट तक खेल चुकी है। मजदूर पिता ने अफसोस व्यक्त करते हुए बताया कि पढ़ाई और खेल में बालिकाओं के इतने उम्दा प्रदर्शन के बाबजूद राज्य सरकार द्वारा उनकी कोई मदद नहीं की जा रही फिर भी गरीब पिता का बुलंद हौसला निसंदेह प्रसँसनीय है उनकी तमन्ना व सपना अपनी बालिकाओं से ओलम्पिक में देश को पदक दिलाने का है और उनका कहना है कि इसके लिए उनको कुछ भी बेचना पड़े वह अपनी पुत्रियों के भविष्य सवारने के लिए कुछ भी बेचने के लिए तैयार है।
अपने पत्र के अंत मे डॉ चौबे ने लिखा है कि बीना, सागर , बुंदेलखंड और केवल मध्यप्रदेश ही नहीं अपितु देश को स्वर्णिम उपलब्धि दिलाने की क्षमता रखने वाली इन बालिकाओं को उनका पिता पौष्टिक आहार के रूप में केवल गुड़, चना और दूध की ही प्रतिदिन पूर्ति करता है। अब सरकार को सोचना है क्या ओलम्पिक का लक्ष्य रखने वाले एथलीट को यह आहार पर्याप्त है मैं कहता हूँ नहीं और आप भी सोचेगें तो आपका उत्तर भी नही ही होना चाहिए इसलिए अर्थाभाव में बुंदेलखंड की यह प्रतिभाएं कुंठित न हो इसकी जबाबदारी आपके साथ साथ बुंदेलखंड के सत्तारूढ नेताओ की भी है इसलिए इस पत्र की प्रतिलिपि बुंदेलखंड के बीजेपी के कद्दावर नेताओ और मंत्रियो को भी भेजी है तथा पत्र के माध्यम से मेरा आग्रह है कि उक्त बालिकाओं को तत्काल खेल छात्रवृत्ति दिए जाने के प्रतिभाहित में आदेश करें।