खेड़ापति मन्दिर से प्रारम्भ होकर प्रभात फेरी ने किया नगर भ्रमण
देवास। हनुमान अष्टमी के उपलक्ष्य में श्री खेड़ापति सरकार की धार्मिक श्रद्धा भक्ति से भरी प्रभात फेरी आज 4 जनवरी को स्थानीय खेड़ापति मंदिर से निकली।
प्रभात फेरी में भगवान खेड़ापति सरकार ने देवास नगर का नगर भ्रमण किया। हनुमान अष्टमी के उपलक्ष में निकलने वाली इस प्रभात फेरी में भगवान श्री खेड़ापति सरकार के अंश के रूप में भगवान की मूर्ति का ट्राला, राम भक्त विशाल हनुमान, भजन का ट्राला, ढोल, बैंड बाजों के साथ प्रभात फेरी निकाली गई।
प्रभात फेरी स्थानीय खेड़ापति मंदिर से शुरू होकर नोवेल्टी चौराहे से होते हुए अलंकर मार्केट से तीन बत्ती चौराहा से पुराना बस स्टैंड मनकामेश्वर मंदिर से जवाहर चौक से नया पूरा होते हुए जनता बैंक चौराहा , गांजा भांग चौराहा, सुभाष चौक, नावेल्टी चौराहा से औदुम्बर ब्राह्मण धर्मशाला, एकता क्लब चौराहा, मीरा बावड़ी से नगर भ्रमण करते हुए तहसील चौराहे से पुनः खेड़ापति मंदिर पर समाप्त हुई। आज हनुमान अष्टमी की शाम को रात्रि 8.30 पर श्री खेड़ापति मंदिर में महाआरती कर 56 भोग का महाभोग श्री खेड़ापति सरकार को लगाया जाएगा। आयोजक मंडल ने सभी धर्म प्रेमी जनता को प्रभात फेरी में अधिक सख्या में पधारकर प्रभात फेरी को सफल बनाने पर आभार माना है और साथ ही रात्रि में होने वाली महाआरती में भी अधिक से अधिक संख्या में पधारकर उसे सफल बनाने का निवेदन किया है।
देवास। एमजी रोड पर व्यापारियों द्वारा अपनी दुकानो के सामने अपनी दुकानों के सामने अस्थाई अतिक्रमण कर व्यवसाय किया जा रहा है जिससे यातायात को अवरूद्ध हो रहा है तथा राहगीरों को असुविधा हो रही है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम की टीम द्वारा एमजी रोड पर व्यापारियों को समझाईश दी गई, इसके पश्चात भी व्यवसाई द्वारा अपने प्रतिष्ठनो के सामने सामग्री रखकर व्यवसाय किया जा रहा था उनकी सामग्री को जप्त करने तथा अस्थाई अतिक्रमण हटाये जाने की कार्यवाही की गई तथा भविष्य मे अतिक्रमण नही करने की हिदायत भी दी गई। निगम की टीम द्वारा अन्य व्यापरियो से भी दुकानो के सामने अपनी सामग्री न रखकर अपनी हदों मे ही सामग्री को रखकर अपना व्यवसाय करने की अपील भी की गई।
सुबह 5 बजे खेड़ापति मन्दिर से प्रारम्भ होकर नगर भ्रमण करेगी प्रभात फेरी
देवास। श्री खेड़ापति सरकार की धार्मिक श्रद्धा भक्ति से भरी प्रभात फेरी कल 4 जनवरी को स्थानीय खेड़ापति मंदिर से सुबह 5 बजे निकलेगी। जिसमें भगवान खेड़ापति सरकार प्रभात फेरी के रूप में देवास नगर का नगर भ्रमण करेंगे।
हनुमान अष्टमी के उपलक्ष में निकलने वाली इस प्रभात फेरी में भगवान श्री खेड़ापति सरकार के अंश के रूप में भगवान की मूर्ति का ट्राला, भजन का ट्राला, ढोल, बैंड बाजों के साथ प्रभात फेरी निकाली जावेगी। प्रभत फेरी सुबह 5 बजे स्थानीय खेड़ापति मंदिर से शुरू होकर नोवेल्टी चौराहे से होते हुए अलंकर मार्केट से तीन बत्ती चौराहा से पुराना बस स्टैंड मनकामेश्वर मंदिर से जवाहर चौक से नया पूरा होते हुए जनता बैंक चौराहा , गांजा भांग चौराहा, सुभाष चौक, नावेल्टी चौराहा से औदुम्बर ब्राह्मण धर्मशाला, एकता क्लब चौराहा, मीरा बावड़ी से होते हुए तहसील चौराहे से पुनः खेड़ापति मंदिर पर समापन होगा। साथ ही 4 तारीख की शाम को रात्रि 8.30 पर महाआरती कर महाभोग 56 भोग श्री खेड़ापति सरकार को लगाया जाएगा। आयोजक मंडल ने सभी धर्म प्रेमी जनता से निवेदन किया कि अधिक से अधिक सख्या में पधारकर निकलने वाली प्रभात फेरी ओर होने वाली महाआरती को सफल बनाये।
अमोना क्षेत्र में रहने वाले लोगों के घरों में निकल रहे कीड़े, की शिकायत
देवास : शहर की नगर निगम क्षेत्र के अमोना में वहा के निवासी कीड़े से परेशान होकर नगर निगम पहुंचे। बहुत समय से शिकायत करने पर भी कुछ निराकरण नहीं मिलने पर आज महापौर जनसुनवाई में अपनी शिकायत लेकर पहुंची।
अमोना क्षेत्र की कुछ महिलाएं आज बुधवार को महापौर जनसुनवाई में पहुंची जहां पर उन्होंने बताया कि हमारे घरों में बड़ी संख्या में काले कीड़े निकल रहे हैं। महिलाएं अपने साथ दौ थैलियों में कीड़े लेकर आई। उन्होंने बताया कि हमारे घरों के पास एक कंपनी है जिसके कारण यह कीड़े हमारे घरों में घुस रहे हैं। हमारे खाने में आ जाते है और बच्चों को भी परेशान करते हैं। काफी समय से यह कीड़े निकल रहे हैं जिसको लेकर हम कई जगह शिकायत कर चुके हैं लेकिन निराकरण नहीं हो रहा है।
देवास: पुलिस द्वारा लगभग 24 लाख रुपए के 120 मोबाईल मालिको को दिए गए। जिले में गुम हुए मोबाईलों की शिकायत प्राप्त होने से पुलिस अधीक्षक उपाध्याय के आदेश पर एक विशेष अभियान चलाया गया। सायबर सेल प्रभारी व टीम को गुमे हुए मोबाईल की खोज करने हेतु लगाया गया। सामान्यतः जब भी किसी फरियादी का मोबाईल कही गिर जाता है तो नियमानुसार मोबाइल गुम होने वाले स्थान के नजदीकी पुलिस थाने में अथवा सीधे सायबर सेल में गुम मोबाईलो के बिल सहित आवेदन प्रस्तुत करता है। जिले में सायबर सेल द्वारा सभी आवेदन पत्र एकत्र कर गुमें हुए मोबाईलों की तकनीकी उपकरणों से ट्रेसिंग की जाती है। इस प्रकार सायबर सेल द्वारा सक्रियता दिखाते हुए गुमे हुए 120 मोबाईल फोन ट्रेस किये गए हैं। जिनकी कुल कीमत लगभग ₹ 24,00,000 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा कन्ट्रोल रूम पर मोबाईल धारकों को उनके गुमें हुए मोबाईल देकर मायूस चहरों पर फिर से मुस्कान लायी है। इस प्रकार के कार्य से आम जनता के प्रति पुलिस पर भरोसा और बढ़ जाता है। इससे पूर्व भी आई.टी सेल द्वारा जनता के गुम मोबाईल को खोजकर दिए जा चुके है।
सराहनीय योगदान:- सायबर सेल प्रभारी पवन यादव, प्रआर शिवप्रताप सिंह सेंगर, प्रआर. सचिन चौहान, प्रआर. गीतिका कानूनगो, प्रआर. सजंय शर्मा, प्रआर. मुर्तजा कर्नल एवं आरक्षक योगेश कदम का विशेष योगदान रहा।
देवास। जिले के ग्राम घुसट में 5 वर्ष से अधिक समय से चल रहे आशालय बॉयज एंड गर्ल्स हॉस्टल नाम का एक अवैध बालगृह का मामला उजागर हुआ है। इस अवैध बालगृह में हिंदू बच्चो से ईसाई धर्म की प्रार्थना कराई जाती थी। जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियांक कानूनगो ने टीम के साथ बालगृह का निरक्षण किया तो मामले का खुलासा हुआ। जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के लिए 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों की सुरक्षा समान महत्व रखती है।
इस अवैध बालगृह को विदेश से भी फंडिंग होने के प्रमाण राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग को अपनी जांच में मिले है। जानकारी अनुसार बालगृह में 55 लड़के और 13 लड़किया मिले है। आयोग ने प्रदेश के मुख्य सचिव वीरा राणा को पत्र लिखकर 10 दिन में उत्तर देने के लिए कहा है। आशंका हैं की देवास जिला एवं आसपास के आदिवासी क्षेत्र में और भी इस प्रकार के बालगृह संचालित किए जा रहे है।
• एक माह बाद भी पुलिस दोषियों तक नही पहुंच पाई, कलेक्टर ने एसपी से चर्चा कर एफआईआर दर्ज करने को कहा…
देवास। इटावा क्षेत्र के महादेव नगर में करीब एक माह पूर्व गेल गैस काण्ड हुआ था, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। उक्त मामले के एक माह बाद भी पुलिस अब तक दोषियों पर कार्यवाही नहीं कर पाई है। दोषियों पर शीघ्र कार्यवाही को लेकर मृतक के परिजन एवं शिवसेना जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष आवेदन लेकर पहुंचे।
यह पहला मामला सामने आया है, जिसमें कलेक्टर ने जांच में दोषी माना और पुलिस अब तक दोषी तक नही पहुंच पाई है। यहां तक की सिविल लाइन थाने प्रभारी अजय चानना ने भी इस प्रकरण में गंभीरता नहीं दिखाई। जबकि यह जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की थी। जिस दिन ब्लास्ट हुआ था उस दिन से लेकर पुलिस का रवैय्या परिवार के पक्ष में नहीं है। वह कंपनी का सहयोग करती नजर आ रही है। पुलिस की लापरवाही के कारण पीड़ित परिवार को भटकना पड़ रहा है, लेकिन कलेक्टर ने इस मामले में सख्त रवैय्या अपनाया है। इटावा के महादेव नगर में चेंबर के अंदर हुए ब्लास्ट सागर नमक युवक की मौत हो गई थी, जिसकी जांच कलेक्टर ने तत्परता से कराते हुए गेल गैस कम्पनी को दोषी मानते हुए मृतक को मुआवजा देकर दोषी पर कार्यवाही के आदेश दिए थे, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी सिविल लाइन पुलिस अब तक गेल गैस कंपनी के जिम्मेदार आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। शिवसेना जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि जनसुनवाई में पीडि़तों की बात सुनने के पश्चात कलेक्टर ने तत्काल मौके पर एसडीएम बिहारी सिंह से एफआईआर हो रही देरी पर बात की। तत्पश्चात कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से फोन पर चर्चा कर कहा कि पीड़ित परिवार की सहायता कर तत्काल दोषियों पर कार्यवाही करे। जिससे पीड़ित को न्याय मिल सके।
देवास। आज 1 जनवरी को कैलेंडर नववर्ष 2024 की शुरुआत हुई है। आज लोग अलग अलग माध्यमों एवं तरीको से इस नववर्ष का शुभारंभ कर रहे है। कोई धार्मिक यात्राओं के साथ तो कोई अनेकों प्रकार से मनोरंजन कर इस नववर्ष की शुरुआत कर रहे है। इसी तारतम्य में शहर में स्थित माता टेकरी पर बड़ी संख्या में लोगो ने माताओं के दर्शन कर इस कैलेंडर वर्ष की शुरुआत की है।
दरअसल शहर सहित आसपास के जिलों से आज सोमवार को कैलेंडर नव वर्ष के पहले दिन माता टेकरी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा के दर्शन करने पहुंचे। मां तुलजा भवानी के पुजारी ने जानकारी देते हुए बताएं कि सुबह से दोपहर तक करीब 1 लाख की संख्या में यहां पर श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और यह सिलसिला शाम तक जारी रहेगा। श्रद्धालु नव वर्ष के पहले दिन आकर पूरे साल भर सुख समृद्धि और शांति की कामना करते हैं। आज के समय में नववर्ष के शुभारंभ पर लोगो द्वारा धार्मिक कार्य से इसकी शुरुआत करना एक गौरव का विषय है। यह हमारी भारतीय संस्कृति को समर्पित करता है।
• देशी कट्टे दिलाने के नाम पर बुलाया और अपहरण कर मांगी थी 40 लाख की फिरोती
देवास। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने के थाना प्रभारी के नेतृत्व और नगर पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देशन पर पुलिस की विभिन्न टीमों ने गोपनीय जांच में अपहरण कर फिरोती मांगने वाली गैंग का पर्दा फाश करते हुए गैंग के दो पुरूष और दो महिला आरोपी गिरफ्तार किया है।
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना में बीते शुक्रवार 29 दिसंबर को सूचनाकर्ता ललित पिताजयनारायण पंजाबी सोनी उम्र 48 साल निवासी 152 गंगा नगर देवास ने अपने पूत्र भावेश उर्फ शिब्बू पिता ललित सोनी उम्र 24 साल निवासी 152 गंगानगर देवास के गायब हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों द्वारा शंका व्यक्त किये जाने पर पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारीगण को अवगत कराया गया जिसपर उन्होंने भावेश सोनी के गायब होने की घटना को अत्यन्त गंभीरता से लिया गया। चार पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही के दौरान भावेश सोनी के जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन्वेस्टीगेशन और आपरेशन को बहुत ही गोपनीय एवं व्यावसायिक तरीके से करना आवश्यक था।
सभी टीमों को थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र के नेतृत्व और नगर पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देशन पर तत्परता एवं सावधानी से कार्य करने हिदायत दी गई थी ताकि भावेश को कोई क्षति न पहुँचे। पुलिस द्वारा लगातार कैमरे चैक कर तलाश शुरू की गई जाँच के दौरान ज्ञात हुआ कि भावेश अपने दोस्त की मोटर साईकल से लिफ्ट लेकर मक्सी बायपास चौराहा पर पहुँचा फिर वहाँ से किसी के साथ चला गया। अगले दिन भावेश को फोन लगाने वाले बंटी नामक दोस्त द्वारा अपहृत भावेश सोनी के पिता ललित सोनी तथा पूछताछ पर पुलिस को यह जानकारी दी थी कि बंटी ने भावेश के नम्बर पर फोन किया था जिसपर एक महिला बात कर रही थी और 40 लाख रूपये की फिरोती मांगी है।चारों पुलिस टीमों के सामूहिक प्रयासों के बाद कुछ फोन नम्बर टारगेट किये गये जिनकी पुष्टि होने पर जिला रतलाम व जिला मन्दसौर के ग्रामों में दबिश हेतु पुलिस टीमें रवाना की गई थी। दबिश में आरोपी हेमराज उर्फ अजय शर्मा, सपना पति हेमराज उर्फ अजय शर्मा तथा गुड्डी बाई पति दशरथ सोलंकी तथा गोविन्द को हिरासत में लिया गया तथा ग्राम सूरी में बांध कर रखे गये अपहृत भावेश सोनी को इनके कब्जे से मुक्त कराया।
विवेचना के दौरान पूछताछ ज्ञात हुआ कि भावेश सोनी अपनी गलत संगतों को लेकर कर्ज में आ चुका था जिसे एसे कार्य की तलाश थी जिसमें ज्यादा रूपये कम समय में कमा सके। भावेश सोनी के घर पर पूर्व में हेमराज उर्फ अजय शर्मा निवासी बरखेडा कला जिला रतलाम का किराये से निवास करता था जो अपने साथ सपना उर्फ सीमा नाम की एक महिला को लेकर भावेश के यहाँ उसे अपनी पत्नि बताकर किराये रह रहा था इसी दौरान भावेश की हेमराज उर्फ अजय शर्मा से जान पहचान हो गई जिसे उसके कट्टे बेचन खरीदने की जानकारी थी। इसी बात को जानते हुए भावेश ने हेमराज से बात की थी और देवास में देशी कट्टे लेकर बेचने का प्लान बनाया था जो हेमराज ने उसे मक्सी बायपास चौराहा पर बुलाया था।देशी कट्टे खरीदने बेचने के लिये हेमराज से मिलने के लिये दिनांक 29.12.2023 को भावेश अपने दोस्त हार्दिक की मोटर साईकल से लिफ्ट लेकर मक्सी बायपास चौराहा पर पहुँचा जहाँ पर हेमराज उर्फ अजय शर्मा, उसकी पत्नि सपना व दोस्त गोविन्द प्रजापति निवासी दुपाड़ा जिला शाजापुर को मिला और उसे कट्टे दिखाये और उसे कट्टे चलाकर दिखाने का बोलकर अपने साथ वेगनार कार में बैठा कर ले गये जिसे सफर में साथ में रखा एवं रास्ते में गरोठ में भावेश का मोबाइल लेकर बंद कर दिया। बाद ग्राम सूरी थाना नाहरगढ जिला मन्दसौर में ले जाकर गुड्डी बाई के घर पर इसे बंदी बना लिया। अगले दिन फोन चालू किया जो भावेश के पिता के मित्र का फोन लगा तो एक महिला ने फोन उठाया और बोला की भावेश को छोड़ने के 40 लाख रूपये की फिरोती मांगी गई।
गिरफ्तार आरोपी के नाम 1. हेमराज उर्फ अजय शर्मा पिता ओंकारलाल शर्मा उम्र 32 साल निवासी ग्राम कड़ोदिया थाना माकड़ोन जिला उज्जैन हाल मुकाम बरखेड़ा कला, आलोट जिला रतलाम।
2. सपना पति हेमराज उर्फ अजय शर्मा उम्र 30 साल जाति मोंगिया निवासी कड़ोदिया तह. तराना जिला उज्जैन हाल बरखेडा रतलाम
3. गोविन्द प्रजापति पिता रमेशचंद्र प्रजापति उम्र 40 साल निवासी दुपाड़ा जिला शाजापूर।
4. गुड्डी बाई पति दशरथ सोलंकी जाति मोंगिया उम्र 40 साल निवासी सूरी थाना नाहर गढ़ मंदसौर।
देवास। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री ऋषव गुप्ता ने मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत 07 आरोपियों को जिलाबदर किया है। जिसमें बादशाह पिता जहीर खान उम्र 28 साल निवासी जबरन कॉलोनी देवास, सुनील बघेल उर्फ सुनील चायपत्ति पिता रमेश बघेल उम्र 40 साल निवासी त्रिलोकनगर ईटावा देवास, सुधीर पिता राजमल कुमावत उम्र 49 साल निवासी सिया थाना बीएनपी देवास, राहुल पंवार पिता गजराजसिंह पंवार उम्र 26 साल निवासी रालामण्डल, विजय पिता गोवर्धन उम्र 25 साल निवासी मनासा थाना हाटपीपल्या, अर्जुन पिता विक्रम गुर्जर उम्र 32 साल निवासी सिखेडी थाना भौंरासा को एक-एक साल एवं सवाईसिंह पिता रामचन्द्र प्रजापत उम्र 35 साल निवासी पीर पाड़ल्या थाना पीपलरांवा को छ: माह के लिए जिला बदर किया है।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने आदेश दिया है कि यह सभी आरोपी आदेश प्राप्ति से 24 घण्टे के भीतर जिला देवास एवं उसके आस पास के सीमावर्ती जिलों इन्दौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खण्डवा, खरगोन की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाए तथा जिला दंडाधिकारी न्यायालय की बिना पूर्व अनुज्ञा के प्रवेश नहीं कर सकेंगे।