Dewas: श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर पर भारत भर के सैकड़ों गुरू भक्तों की हुई अगवानी

देवास। जिन शासन के प्रति अहोभाव एवं बहुमान भाव समर्पित करने के शुभ भावों के साथ अहो जिनशासनम कार्यक्रम संपन्न हुआ। तारक जिनशासन के प्रति सद्भावना एवं उपकारी गुरुदेवों के प्रति कृतज्ञता प्रेषित करते हुए यह ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया ।

श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर तुकोगंज रोड पर चातुर्मास हेतु विराजित साध्वीजी श्री राजरत्नाश्रीजी आदि ठाणा 14 द्वारा देवास नगर को दिए गए दिव्य आशीर्वाद एवं विभिन्न आयोजनों के प्रति भावपूर्ण आभार व्यक्त किया गया। प्रवचनकार साध्वीजी श्री रिद्धिनिधि जी के 100 वीं ओली प्रारंभ के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में मुंबई, बारडोली,अहमदाबाद बार्शी, औरंगाबाद, बारामती, अहमदनगर, नीमच, बानापुरा, राजनांदगांव, अमलनेर, महिदपुर, जलगांव, नासिक, हिंगोली, इंदौर, उज्जैन , चापड़ा आदि भारत भर के कोने कोने से गुरू भक्तों का आगमन हुआ। विभिन्न नृत्य एवं नाटिका के माध्यम से साध्वीजी भगवंत के प्रति सद्भावनाएं प्रेषित की गई। कार्यक्रम की जानकारी देतेे हुए प्रवक्ता विजय जैन ने बताया 15 सितम्बर को श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर प्रांगण में प्रात 7.30 बजे सकल श्रीसंघ की नवकारशी पश्चात विभिन्न आकर्षणों से सुसज्जित भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ट्रस्ट मंडल, महिला मंडल, नवयुवक मंडल, माणिभद्र वीर मंडल, सुलसा बहु मंडल, राजरत्ना बहु मंडल विशेष आकर्षक एक समान वेशभूषा धारण करके चल रहे थे द्य जो कि आकर्षण का केंद्र बना हुआ था द्य विजया रोड, एबी रोड होते हुए शोभा यात्रा उज्जैन रोड स्थित अमर मोहिनी परिसर में पहुंची। यहां पर आयोजित सम्मान समारोह के अंतर्गत साध्वीजी के माता पिता , बाहर से आए ट्रस्टीगण, ब्रह्मचर्य व्रतधारी, गुरूभक्त, गुरू शिष्याओं, साधर्मिक बंधुओं, मंदिर पुजारियों एवं कर्मचारियों का बहुमान सम्मान किया गया। विशेष रूप से गौ माता का पूजन कर मिष्ठान भोजन कराया गया। तत्पश्चात सकल श्री संघ का स्वामी वात्सल्य हुआ। इस प्रकार के विभिन्न सम्मान अर्पण का आयोजन देेवास नगर में पहली बार ही हुआ । समाजजनों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ गुरु भक्ति की भावपूर्ण मिसाल पेश की। शोभा यात्रा में औरंगाबाद महाराष्ट्र से आए विमल राज रत्न ढोल पथक की धुन पर नौजवानों ने जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम में भक्ति संगीत की मनभावन प्रस्तुति निलेश राणावत समूह भिलाड़ राजस्थान ने दी। कार्यक्रम का लाभ गुरू भक्त परिवारों द्वारा लिया गया।

कार्यक्रम में मनीष जैन कायथावाला, मुकेश चौधरी, अंकित जैन, अरविंद जैन मामा, गौरव जैन भोमियाजी, सानिध्य जैन, विकास जैन, यश जैन, विशाल जैन, नितिन जैन मानव, आतुर चौधरी, प्रफुल्ल जैन, अंशुल जैन ने सहयोग प्रदान किया । श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ श्री संघ, ट्रस्ट मण्डल एवं नवयुवक मण्डल ने अतिथियों का स्वागत किया द्य स्वागत उद्बोधन विलास चौधरी ने दिया , आभार भरत चौधरी ने माना ।

Dewas जिले की संपूर्ण सीमा क्षेत्र में पशुओं का परिवहन, पशु मेला एवं पशुओं के हाट बजार प्रतिबंधित

अन्य जिलो/राज्यों से देवास जिला क्षेत्र की सीमा में पशुओं का प्रवेश पर भी प्रतिबंध

देवास : लंपी स्किन डिसीज रोग के संक्रमण से जिले के पशुओं को बचाने के लिए कलेक्‍टर एवं जिला दण्‍डाधिकारी श्री चन्द्रमौली शुक्ला ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 अन्तर्गत जन सामान्य के हित/जानमाल एवं लोक शांति को बनाये रखने के लिए देवास जिले की संपूर्ण सीमा क्षेत्र में पशुओं का परिवहन, पशु मेला एवं पशुओं के हाट बजारों को प्रतिबंधित लगाया है। अन्य जिलो/राज्यों से देवास जिला क्षेत्र की सीमा में पशुओं का प्रवेश प्रतिबंधित किया है। आदेश आगामी दो माह तक प्रभावशाली रहेगा तथा प्रभावशाली अवधि में आदेश का उल्लंघन धारा 188 भारतीय दण्ड विधान अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आयेगा।
लंपी स्किन डिसीज पशुओं की एक विषाणु जनित रोग है, जो कि पाक्स वायरस द्वारा पशुओं में फैलती है। यह रोग मच्छर एवं काटने वाली मक्खी एवं टिक्स आदि से एक पशु से दुसरे पशु में फैलता है। वर्तमान में जिला देवास में लंपी वायरस के संक्रमण का प्रकोप पशुओं में नहीं है। उक्त संक्रमण गौवंशीय/भैसवंशीय पशुओं ने मुख्यतः गौवंश में ज्यादा फैलता है।
यह आदेश आम जनता के महत्व का है तथा आम जनता से सम्बंधित है जिसकी व्यक्तिशः सूचना दी जाना सम्भव नहीं होने से दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत एक पक्षीय पारित किया जाता है। आदेश से व्यथित व्यक्ति दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 (5) के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कर सकेगा।

Dewas: चेक बाउंस के प्रकरण में न्यायालय ने सुनाई एक वर्ष की सजा…

• 8 लाख की राशि का चेक हुआ था बाउंस अब तीन लाख प्रतिकर के साथ देना होने ग्यारह लाख रुपए..

देवास। चेक बाउंस के प्रकरण में में श्रीमान न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, देवास द्वारा आरोपी को सजा सुनाई गई। परिवादी रचित पिता जयपाल राजानी निवासी देवास द्वारा अकील पिता मम्मू उर्फ मामू खा मेवाती के विरूद्ध रू. 8,00,000/- के चेक बाउंस का प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जिसमें आरोपी को परक्राम्य लिखत अधिनियम 1881 की धारा 138 में दोषसिद्ध पाते हुए एक वर्ष के सश्रम कारावास एवं चेक राशि रू. 8,00,000/- एवं उस पर 3,00,000/- रूपए इस प्रकार कुल 11,00,000/- प्रतिकर की राशि दिलवाए जाने का निर्णय दि. 12/09/2022 को पारित किया गया। परिवादी की ओर से प्रकरण में पैरवी रघुवीर यार्दी, लोकेंद्र सिंह झाला एवं रूपेश कपूर ने की।

Dewas : नवरात्रि में मटन/चिकन विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के लिए राजेश यादव व रवि जैन ने आयुक्त को लिखा पत्र

देवास। आगामी 26 सितंबर से शारदीय नवरात्रि का महापर्व शुरू होने जा रहा है। नवरात्रि शहर में मनने वाले मुख्य त्योहारों में पहले स्थान पर है। इस बार नवरात्रि में नगर निगम देवास 26 से 28 सितंबर तक शहर में नगर गौरव दिवस मनाने की तैयारी में जुटा हुआ है। इस बार नवरात्रि में सम्पूर्ण नगर निगम क्षेत्र में मटन व चिकन के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर वार्ड क्र. 12 के पार्षद व भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव ने नगर निगम आयुक्त को एक पत्र लिखा है। जिसके बाद अब नगर निगम सभापति व वार्ड क्रमांक 26 से पार्षद रवि जैन ने भी निगम आयुक्त को माता टेकरी के आस पास 500 मीटर तक मास की दुकान बंद करने हेतु पत्र लिखा है।

देवास शहर में माता टेकरी के होने से प्रतिवर्ष नवरात्रि पर्व बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है। अनेक शहरों से लाखो की संख्या में श्रद्धालु माता टेकरी पर दर्शन करने देवास पहुंचते है।

भाजपा महामंत्री, वार्ड क्रमांक 12 से पार्षद राजेश यादव ने पत्र में लिखा है कि देवास एक धार्मिक नगरी है जिसमें नवरात्रि पर्व में माता टेकरी पर दर्शन हेतु पूरे प्रदेश सहित देश से लाखो की संख्या मे श्रद्धालु आते हैं। हमारी धार्मिक मान्यताओं अनुसार नवरात्रि पर्व में मांसाहार पूर्णतः प्रतिबंधित रहता है। अतः हमारी धार्मिक आस्थाओं को ध्यान मे रखते हुए नवरात्रि पर्व में दिनांक 26/9/22 से 04/10/22 तक संपूर्ण देवास नगर निगम सीमा क्षेत्र में मटन/चिकन के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया जाए।

सभापति, वार्ड क्रमांक 26 के पार्षद रवि जैन ने पत्र में लिखा है की दिनांक 26/09/2022 से 04/10/2022 तक नवरात्रि पर्व होने से माताजी के दर्शन के लिए श्रद्धालु का दूर दूर से आना जाना 24 घंटे लगा रहता है तथा धार्मिक आयोजन के साथ साथ भंडरों के रूप माताजी का प्रसाद वितराण होता रहता है, धार्मिक पर्व को ध्यान रखते हुये माता टेकरी के आसपास 500 मीटर के अन्दर संचालित होने वाली मटन मास की दुकाने बंद करने हेतु संबंधित विभागों को आदेशित करने का कष्ट करें।

दरअसल माता टेकरी से कुछ ही दूरी पर शहर के नागरिकों द्वारा भी विभिन्न गली मोहल्लों में माताजी की स्थापना की जाती है ऐसे में नवरात्रि में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को मांस बेचे जाने का दृश्य व उसकी दुर्गन्ध असहज कर देती है। ऐसे में उनकी धार्मिक मान्यता व भावनाएं प्रभावित होती है। नवरात्रि में कई लोग नंगे पांव चलने का भी उपवास रखते है व कई मांस की दुकान की गंदगी अवारा कुत्ते खाते है और यहाँ वहाँ सड़को पर फहला देते है, ऐसे में लोगो की साधना को भी आहत होता है।

बीते दिनों इंदौर में पर्युषण पर्व के मद्देनजर मास विक्रय की दुकान पर प्रतिबंध लगाया गया था, इसके पूर्व अप्रैल में नवरात्रि में भी उत्तरप्रदेश सरकार व दक्षिण दिल्ली के महापौर द्वारा विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया था।
चुकी माँ तुलजा भवानी व चामुंडा माता का निवास होने के कारण नवरात्रि के 9 दिनों देश के कई हिस्सों से श्रद्धालुओं लाखो की संख्या में आते है इसलिए श्रद्धालुओं की भी यही राय है की देवास में भी नवरात्रि में मांस चिकन का विक्रय नही होना चाहिए।

Dewas: उचित मूल्य दुकान (कंट्रोल) पर हितग्राहियों को नही बांटा पात्रता अनुसार सामान…

• जांच में क्विंटलो से कम मिले गेहूं, चावल 6 लोगो पर FIR दर्ज

देवास। जिला आपूर्ति अधिकारी देवास ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना अंतर्गत वितरित किये जा रहे खाद्यान्न वितरण की मॉनिटरिंग के लिए कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला के निर्देशन में गठित जांच दल द्वारा उचित मूल्य दुकान एनाबाद, बीसाखेडी, अगेरा, घट्टियाभाना की जांच की गई, जिसमें अनियमितता पाये जाने पर संबंधित विक्रेता/सहायक विक्रेताओ के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के अंतर्गत थाना सोनकच्छ में कुल 6 लोगो पर 4 एफ.आई.आर. दर्ज कराई गई।
जिला आपूर्ति अधिकारी देवास ने बताया कि सेवा सहकारी समिति बीसाखेडी द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान एनाबाद में 70.76 क्विंटल गेहूं, 15.95 क्विंटल चावल कम पाये जाने पर, विक्रेता भंवरसिंह पिता तेजसिंह एवं सहायक विक्रेता कृष्णपाल पिता भंवरसिंह निवासी ग्राम बीसाखेडी, सेवा सहकारी समिति बीसाखेडी द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान बीसाखेडी में 86.30 क्विंटल गेहूं, 67.33 क्विंटल चावल, 17 किलो शक्कर एवं 80 किलो नमक कम पाये जाने पर विक्रेता लाखनसिंह पिता मानसिंह निवासी ग्राम बीसाखेडी, चेतना स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान अगेरा में 54.79 क्विंटल गेहूं, 61.77 क्विंटल चावल, 01.10 क्विंटल मूंग कम पाये जाने पर सहायक विक्रेता विजेन्द्रसिंह पिता सज्जनसिंह सेंधव निवासी ग्राम अगेरा तथा मेघनाथ स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान घट्टियाभाना में 80.10 क्विंटल गेहूं, 91.27 क्विंटल चावल, 06 किलो शक्कर, 49 किलो नमक कम पाये जाने पर सहायक विक्रेताओं रितेश पिता चम्पालाल प्रजापति एवं देवप्रसाद पिता रामेश्वर विश्वकर्मा दोनो निवासी ग्राम घट्टियाभाना के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के अंतर्गत थाना सोनकच्छ में एफ.आई.आर. दर्ज कराई गई।

Dewas: विरासत को सहेजने के लिए नगर निगम कर रहा वेबसाइट का निर्माण

अगर आपके पास भी हो जिले की ऐतिहासिक चीज़े तो आप भी उपलब्ध करवाकर कर सकते हैं सहयोग (जानकारी भेजने हेतु मोबाइल नंबर नीचे दिया गया है)

देवास। नगर निगम शहर की विरासत को सहेजने के लिए जल्द ही एक वेबसाइट का निर्माण कर रहा है। सिर्फ एक क्लिक में वेबसाइट के माध्यम से ऐतिहासिक स्थलों, कलाकृतियों, मंदिरों, स्वतंत्रा सेनानियों, प्राचीन सिक्कों, तस्वीरों की जानकारी ले सकेंगे।

वेबसाइट बनने के बाद अतीत के पन्ने टटोलने के बजाए सिर्फ एक क्लिक में ही सारा डाटा इसमें नजर आएगा। जिले की प्राचीन सामग्री जैसे सिक्के, दस्तावेज, भूले-बिसरे फोटोग्राफ्स को संग्रहित कर अधिकृत वेबसाइट पर दर्शाने के लिए कार्य हो रहा है। एक बार वेबसाइट का निर्माण हो जाने पर शहर से संबंधित जानकारी एक ही स्थान पर एक क्लिक में ही उपलब्ध हो सकेगी। खास बात यह है कि इस वेबसाइट के निर्माण में आमजन भी सहयोग कर सकता है। जिनके पास अतीत से जुड़ी ऐसी सामग्री है, जो आमजन के लिए ऐतिहासिक द्ष्टिकोण से उपयोगी हो सकती है, वे फोन नंबर 8770445747 पर संपर्क कर उपलब्ध करवा सकते हैं। इसमें शहर से जुड़ी धरोहरों की पुरानी तस्वीर भी शामिल है। विरासत कालीन अगर जिले के किसी भी व्यक्ति के पास परंपरा से जुड़ी तस्वीरें या अन्य सामग्री की जानकारी हो तो वे इस रिकॉर्ड को अंकित करवाकर वेबसाइट को ठोस आधार दे सकते हैं।

जानकारी अनुसार देवास की विरासत को एक स्थान पर सहेजने के लिए बनाई जा रही वेबसाइट, नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। विगत दिनो शहर के जाने माने छाया चित्रकार मोहन सिंह राजपूत ने विक्रम सभा एवं कला भवन में “देवास की धरोहरों” पर केंद्रित छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई थी। प्रदर्शनी का उद्घाटन करने निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान भी पहुंचे थे। जहां निगम आयुक्त ने कहा था की आज मुझे इस प्रदर्शनी में आकर देवास की धरोहर की तस्वीरों को देखने का अवसर मिला पर क्या पता हमारी आने वाली पीढ़ी को यह अवसर मिले या नही क्योंकि आज के समय मे प्रदर्शनी में सिर्फ कुछ लोग ही पहुंचते है। इसलिए में यह चाहता हु क्यों ना देवास की धरोहर को एक स्थान पर सहेजने के लिए एक पोर्टल (वेबसाइट) का निर्माण किया जाए जहा देवास के ऐतिहासिक स्थलों, कलाकृतियों, मंदिरों, स्वतंत्रा सेनानियों, प्राचीन सिक्कों, तस्वीरों एवं अन्य विरासतों की जानकारी व्यक्ति घर बैठे ले सकेंगे। इस पर प्रदर्शनी में मौजूद इतिहासविद एवं समाज के अन्य अपने अपने कार्य में श्रेष्ठ व्यक्तियों ने निगम आयुक्त की बात कि सराहना की थी।

Dewas स्वर्गीय अरविंद टेलर आत्मीयता और सरलता के प्रतीक थे

• प्रेस क्लब द्वारा स्व. टेलर को याद करते हुए आयोजित की श्रद्धांजलि सभा

देवास। वरिष्ठ पत्रकार, प्रेस क्लब सदस्य व दैनिक देवास दूत समाचार पत्र के संपादक स्वर्गीय अरविंद टेलर को याद करते हुए प्रेस क्लब द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन वरिष्ठ नागरिक संस्था के सभाकक्ष में किया गया। सभा में उपस्थित पूर्व महापौर शरद पाचुनकर, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, दर्जी समाज के वरिष्ठजन व पदाधिकारियों सहित पत्रकार साथियों ने स्वर्गीय टेलर को याद करते हुए उनके साथ बिताए पलों को,उनकी सादगी को,उनकी सरलता को उनकी पत्रकारिता शैली को सभी के समक्ष रखते हुए अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की।

सभा मे स्व.टेलर के परिजन, प्रेस क्लब देवास के सदस्य, देवास मीडिया जगत के साथी, जनप्रतिनिधि सहित समाजजन उपस्थित थे। उपरोक्त जानकारी प्रेस क्लब सचिव चेतन राठौड़ ने दी।

Dewas: “शहर की हवा गुणवत्ता पहले से हुई खराब” पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट में हुआ खुलासा

देवास। शहर की हवा की गुणवत्ता पहले से खराब हुई है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा जारी एक रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। 2017 में शहर की हवा का PM 10 औसतन स्तर 75 था। वही 2021-22 में यह बढ़कर 81 हो गया है।

दरअसल देशभर में वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने जनवरी 2019 में एक दीर्घकालिक, समयबद्ध, राष्ट्रीय स्तर की रणनीति के रूप में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) शुरू किया गया था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वायु प्रदूषण की रोकथाम के साथ वायु गुणवत्ता प्रबंधन के साथ देशभर में 2024 तक PM 10 के स्तर को 20 से 30% की कमी के लक्ष्य को प्राप्त करने की परिकल्पना की गई है। इस प्रोग्राम को देश के 132 शहरों में लागू किया गया था।

इसी कार्यक्रम के अंतर्गत विगत दिनों नगर निगम द्वारा इंटरनेशनल डे ऑफ क्लीन एयर फॉर ब्लू स्काई के अवसर पर वायु गुणवत्ता सुधार के लिए ई- रिक्शा वाहन रैली का आयोजन किया गया था। जिसमे पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नागरिकों को इलेक्ट्रीक या सीएनजी वाहनों का उपयोग करने का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में इलेक्ट्रीक वाहन शहर के मुख्य मार्ग से गुजरे थे, साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड पर पौधारोपण भी किया गया। जिसमे महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, नगर निगम सभापति रवि जैन, निगम स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह बैस, निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए थे।

इस NCAP कार्यक्रम में शामिल 132 शहरो के वर्ष 2017 और वर्ष 2021-22 के औसतन PM 10 की रिपोर्ट सूची जारी की जिसके बाद पता चला की 2017 की तुलना में वर्ष 2021-22 में 95 शहरों के हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। लेकिन देवास सहित करीब 30 से ज्यादा शहरो की हवा की गुणवत्ता पहले से खराब हुई है। योजना में मध्यप्रदेश के शामिल 7 शहरो में से ग्वालियर को छोड़ 6 शहरो की हवा की गुणवत्ता 2017 के मुकाबले खराब देखने को मिली है जिसमे इंदौर, उज्जैन, देवास, भोपाल, जबलपुर और सागर शामिल है।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट में शहर और उनके 2017 और 2021-22 के औसतन PM 10 स्तर की जानकारी

Dewas: कल शहर के कुछ क्षेत्रों में विद्युत सप्लाई रहेगा बंद

• शहर के कुछ क्षेत्रों में 12, 13 एवं 15 सितम्बर को विद्युत प्रदाय रहेगा बाधित

देवास। कार्यपालन यंत्री शहर संभाग म.प्र.प.क्षे.वि.वि.कं. लिमि. देवास ने बताया कि देवास शहर के विद्युत उपभोक्ताओं को सूचित करते हुए बताया है कि 11 के.व्ही. टाउन,11 के.व्ही. कलेक्टर फीडर एवं केव्ही पत्ती बाजार फीडर पर आवश्यक सुधार कार्य किया जाना है। इसके चलते शहर के कुछ क्षेत्रों में दिनांक 9, 12, 13 एवं 15 सितंबर को विद्युत बंद रहेगा।

कार्यपालन यंत्री शहर संभाग म.प्र.प.क्षे.वि.वि.कं.लि देवास ने दिनांक 09 सितंबर और 13 सितंबर को प्रात: 07.00 बजे से प्रात: 11.00 बजे तक 11 के.व्ही. टाउन-01, 11 के.व्ही. टाउन-03 फीडर से संबंधित क्षेत्र एबी रोड, एमजी रोड, अंलकार मार्केट, गोया, सिविल लाइन, चामुंडा कॉम्प्लेक्स, एलआईसी, टावर, मिर्ची बाजार, शुक्रवारिया हाट, सुतार बाखल, लाल गेट, कर्मचारी कॉलोनी, उज्जैन रोड, नई आबादी, स्टेशन रोड, पशु हाट एवं गीताभवन क्षेत्र प्रभावित रहेंगे तथा इन क्षेत्रों में विद्युत प्रदाय बंद रहेगा।

इसी प्रकार दिनांक 12 सितंबर को प्रात: 07.00 बजे से प्रात: 11.00 बजे तक 11 केव्ही कलेक्टर फीडर से संबंधित क्षेत्र तारानी कॉलोनी, अग्रोहा नगर, न्यायालय, एमजी रोड, भगत सिंह मार्ग, लाठी वकील तथा एबी रोड क्षेत्र प्रभावित रहेंगे तथा इन क्षेत्रों में विद्युत प्रदाय बंद रहेगा।

इसी प्रकार दिनांक 15 सितंबर को प्रात: 07.00 बजे से प्रात: 11.00 बजे तक 11 केव्ही पत्ती बाजार फीडर से संबंधित क्षेत्र चुड़ी बाखल, पीठा रोड, बिहारीगंज, बस स्टैंड, वासुदेवपुरा सहित अन्य आसपास के क्षेत्रों में विद्युत प्रदाय बंद रहेगा। विद्युत प्रदाय आवश्यकतानुसार समय घटाया बढ़ाया जा सकता है। असुविधा के लिए खेद है।