- भोपाल की गुमशुदा बालिकाओं को रात्रि में ऑटो चालक बीच रास्ते में उतारा
देवास। देवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई और डायल-112 की सतर्कता के चलते दो गुमशुदा बालिकाओं को सुरक्षित खोज लिया गया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशानुसार डायल-112 द्वारा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत 5 जून 2026 की रात्रि करीब 2:56 बजे डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गोमती नगर स्थित क्रोमा शोरूम के पास दो बालिकाओं को एक ऑटो चालक बीच रास्ते में उतारकर चला गया है। दोनों बालिकाओं ने स्टेशन जाने की बात कही थी।
सूचना मिलते ही डायल-112 कंट्रोल द्वारा निकटस्थ एफआरवी क्रमांक-08 को मौके पर रवाना किया गया। सहायक उपनिरीक्षक सुरेश चंद शिवहरे एवं पायलट विनेश यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों बालिकाओं से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बालिकाएं अपने संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकीं। स्थिति को देखते हुए एफआरवी टीम ने संवेदनशीलता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए दोनों बालिकाओं को सुरक्षित संरक्षण में लेकर थाने पहुंचाया।
थाना स्तर पर की गई जांच एवं परिजनों से संपर्क के दौरान पता चला कि दोनों बालिकाएं भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र की निवासी हैं तथा उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। वर्तमान में दोनों बालिकाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना, विवाद या पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
















