देवास। सेंचुरी स्नूकर एकेडमी मोती बंगला देवास द्वारा राज्य स्तरीय स्नूकर टूर्नामेंट आयोजित की गई जिसमें देवास सहित इंदौर झाबुआ सीहोर रतलाम शहरों के 35 प्रतिभागियों द्वारा अपना राउंड क्लॉक उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता में मयंक गुप्ता इंदौर ने अपने उम्दा लाजवाब शॉट से प्रथम विजेता का खिताब प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर वीरेंद्र शर्मा इंदौर रहे। थर्ड एवं फोर्थ स्थान पर विकास कनौजिया, गौरव टंडन इंदौर रहे। इस अवसर पर सेंचुरी ऐकेडमी, संचालक बिलाल शेख एवं संस्था मार्गदर्शक हाजी अकबर शेख अज्जू वरिष्ठ उपाध्यक्ष स्टेट बॉडीबिल्डिंग संगठन मध्य प्रदेश द्वारा टूर्नामेंट विजेताओं को शील्ड ट्रॉफी पुरस्कार प्रदान किये गये। टूर्नामेंट स्पॉन्सर शर्मा बिलियर्ड एसेसरीज दिल्ली, ताज रोटी, टी सी क्यू स्टूडियो कलाकारी, प्रोटीन प्लैनेट्स देवास द्वारा विजेताओं को गिफ्ट हैंपर प्रदान किए गए। प्रतिभागियों के बीच भरत साहू, एडवोकेट प्रीतेश शर्मा, विवेक द्विवेदी, फिरोज शेख,अरूण तोमर व बडी संख्या मे खिलाडी उपस्थित रहे।
Tag: देवास न्यूज़
Dewas श्रमजीवी पत्रकार संघ का कार्ड वितरण एवं होली मिलन समारोह संपन्न
समारोह में पत्रकारों की एकता, दायित्वों और संगठन की मजबूती पर डाला प्रकाश
पत्रकारिता का क्षेत्र आसान नहीं है, शासन और मीडिया मिलकर ही समाज को मजबूती की ओर ले जाने का कार्य करते हैं : जिला जनसंपर्क अधिकारी आकाश जैन
देवास। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ देवास इकाई द्वारा प्रमिला राजे गार्डन, भोपाल चौराहा पर कार्ड वितरण एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर इकाई के पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान अतिथियों ने पत्रकारों की एकजुटता और संगठन की मजबूती को समय की आवश्यकता बताते हुए पत्रकारिता के दायित्वों पर प्रकाश डाला।
संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद चौकसे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूप रेखा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संघ के संभागीय अध्यक्ष मनोज जैन ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि हमें प्रांत अध्यक्ष शलभ भदौरिया (दद्दा जी) की सक्रियता से सीख लेनी चाहिए, जो वर्ष के 365 दिन और 24 घंटे संगठन के प्रति समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल खबर लिखने वाला नहीं, बल्कि समाज का सजग प्रहरी होता है। ऐसे में पत्रकारों की एकजुटता और संगठन की सक्रियता बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित देवास जिला जनसंपर्क अधिकारी आकाश जैन ने कहा कि पत्रकारिता का क्षेत्र आसान नहीं है। आज देश का चौथा स्तंभ अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभा रहा है। शासन और मीडिया मिलकर ही समाज को मजबूती की ओर ले जाने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर अतिथि के रूप में कैटरिंग संघ के अध्यक्ष अशोक मेहता, संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद गुप्ता भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संघ के जिला महासचिव चेतन राठौड़ ने किया। आभार प्रदर्शन शहर इकाई के सचिव प्रिंस बैरागी ने माना। इस अवसर पर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ देवास इकाई के सभी ऊर्जावान सदस्य उपस्थित रहे। उक्त जानकारी संघ के महासचिव चेतन राठौड़ दे दी।
Dewas आयुक्त ने दिए निर्देश : एबी रोड पर नहीं लगेगे ठेले, अवैध कालोनियों पर होगी कार्यवाही, मुख्य मार्ग एवं एबी रोड़ पर मल्टी/ मॉल में पर्किंग के साथ संचालित दुकानें होगी सील
देवास। टी.एल. समयावधि पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा सोमवार को आयुक्त दलीप कुमार के द्वारा निगम अधिकारियों के साथ की गई। बैठक में विभिन्न बातों पर चर्चा हुई जिसमें एबी रोड पर सड़क किनारे लगने वाली सब्जी दुकानें और शहर में कट रही अवैध कॉलोनी पर भी चर्चा हुई।
समीक्षा के दौरान आयुक्त नें विगत सप्ताह टी.एल के निराकरणों के दिये गये। निर्देशों में एल.टी एवं एच.टी कनेक्शन एवं पॉवर प्लांटों की दक्षता को चेक की जाने की जानकारी ली। जिसमें उपयंत्रियों को 65 प्रतिशत की दक्षता को मेन्टेन करने तथा इसमें ओर सुधार करने हेतु कहा।
बैठक में आयुक्त द्वारा निर्देश दिए गए कि एबी रोड़ एवं मेन सड़कों पर अब नहीं लगेंगे फल फ्रूट सब्जी एवं अन्य सामग्री विक्रेताओं के ठेले
आयुक्त दलीप कुमार ने मुख्य मार्गों पर अस्थाई अतिक्रमण कर जगह जगह ठेले लगा कर मार्ग अवरुद्ध करने वाले छोटे व्यवसायक (ठेले वालों) को स्थानांन्तरित गंगा नगर स्थित शरदा माता मंदिर के पीछे निगम की खाली भूमि पर करने के दिये निर्देश ।
गार्डनों एवं सार्वजनकि स्थानों पर चल रहे नलकूपों को मेन्टेन के साथ बिजली की खपत कम होने के लिये समय समय पर नलकूपों को चलायें साथ ही ऐसे बोरिंग जो बार बार आपरेट हो रहे है उन स्थानों पर पानी की टंकी रखने के प्रस्ताव दिये जाने हेतु संबंधित उपयंत्री को कहा। साथ ही
आयुक्त ने विगत महिनों के विद्युत खपत के बिलों की राशि भी चेक की।
निर्माण कार्यों के मौके पर उपस्थित होकर उपयंत्री करायेंगे कार्य
सड़क निर्माण मे डामर एवं सिमेंट कांक्रीट से चल रहे कार्यों को स्वंय उपयंत्री मौके पर खड़े रहकर कार्य करायेंगें। साथ ही गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुये पूर्व में किये गये डामरीकरण सी.सी. डेमेज सडकों पर पुन: सुधार कार्य करवायें, सुधार कार्य नही होने की दशा मे संबंधित ठेकेदार/फर्म को ब्लेक लिस्टेड करने की कार्यवाही प्रस्तावित हेतु संबंधित अधिकारी को कहा कहा।
कम्पाउंडिंग लक्ष्यानुरूप नहीं होने पर आयुक्त ने दी चेतावनी
लोक निर्माण विभाग उपयंत्रियों द्वारा कम्पांउडिंग के संबंध में दिये गये लक्ष्य अनूरूप कार्य नहीं होने पर आयुक्त ने चेतावनी देते हुये कार्य मे प्रगति लाने को कहा। मुख्य मार्ग एवं एबी रोड़ पर निर्मित मल्टीयों भवनों व मॉल में पार्किंग की जांच की रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने पर वार्ड उपयंत्रियों को सूचना पत्र देने के साथ जिन मॉल, कम्पलेक्स, मल्टीयों मे पर्किंग के साथ दुकाने भी संचालित है उनको अंतिम सूचना पत्र दें, समयावधि पश्चात दुकाने सील करने की कार्यवाही करने हेतु कहा।
सिवरेज कनेक्शन की राशि नही वसुलने पर स्वच्छता निरीक्षकों पर अप्रसन्नता व्यक्त की
जिन वार्डो में सिवरेज कनेक्शन नागरिकों द्वारा करा लिये हैं उनका रजिस्ट्रेशन करने के साथ ही कनेक्शन राशि जमा नहीं कराने पर स्वच्छता निरीक्षको को पुन: लक्ष्य अनुरूप 7 दिवस में वसुली नहीं करने पर कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिये।
अनाधिकृत कालोनियों पर होगी कार्यवाही
अवैध रूप से निर्माण की जा रही 2016 के बाद की कालोनियों के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश आयुक्त ने प्र. सहायक यंत्री मुशाहीद हन्फी को दिये।
ई केवाईसी पर फोकस करें
उपायुक्त जाकिर जाफरी को ई केवाईसी के लक्ष्य को पूर्ण करने तथा पीएम स्वनिधि के अन्तर्गत जमा हो रहे फार्म के साथ वार्डों में चल रहे केम्प में प्राप्त फार्मों की जांच एवं कार्यों पर फोकस करने हेतु कहा।
Dewas मातमौर जैन तीर्थ में बसाहट और मांस-मदिरा का विरोध, सकल जैन समाज ने दिया ज्ञापन
देवास। जिले के चापड़ा में स्थित मातमौर जैन तीर्थ में बसाहट के लिए प्रस्तावित पट्टे वितरण ओर तीर्थ क्षेत्र के आस पास मांस-मदिरा की बिक्री के विरोध में सकल जैन समाज ने जैन समाज सामाजिक के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया कि मातमौर स्थित प्रसिद्ध श्री त्रिभुवनभानु पार्श्वनाथ – श्री मणि भद्रवीर जैन तीर्थ, मातमोर (तहसील बागली, जिला देवास) एक अति प्राचीन तीर्थ और श्रद्धा का केंद्र है, जहाँ की पवित्रता को लेकर वर्तमान में समाज में भारी चिंता व्याप्त है।मातमौर जैन तीर्थ के समीप की भूमि पर पट्टा वितरण प्रस्तावित है। जानकारी के अनुसार, इन क्षेत्रों में मुर्गी पालन एवं बकरी पालन जैसी गतिविधियों की योजना है, जो कि एक अहिंसक जैन तीर्थ की मर्यादा के पूर्णतः विरुद्ध है। तीर्थ के समीप वर्तमान में भी मांस एवं मदिरा की दुकानें संचालित हो रही हैं। यदि यहाँ मांसाहारी एवं व्यसन प्रधान आबादी को बसाया जाता है, तो इससे क्षेत्र का सात्विक वातावरण दूषित होगा। तीर्थ क्षेत्र में निरंतर जैन साधु-संतों का प्रवास रहता है और हज़ारों दर्शनार्थी यहाँ दर्शन हेतु आते हैं। प्रस्तावित पट्टा वितरण से यहाँ भय, अशांति और असुरक्षा का माहौल निर्मित होगा, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचेगी। भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने धर्म के पालन और धार्मिक स्थलों की रक्षा का अधिकार देता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि मातमौर तीर्थ क्षेत्र के आसपास प्रस्तावित पट्टा वितरण प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। तीर्थ क्षेत्र की सीमा के भीतर मांस-मदिरा की दुकानों एवं पशुवध केंद्रों को पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। क्षेत्र को ‘पवित्र क्षेत्र’ घोषित कर इसकी प्राचीनता और सात्विकता को संरक्षित किया जाए। तीर्थ क्षेत्र के 500 मीटर के दायरे को पूर्णतः शाकाहारी और व्यसन मुक्त क्षेत्र घोषित किया जाए।
ज्ञापन का वाचन संगठन सचिव दिलीप चौधरी ने किया। ज्ञापन देने पधारे सभी ट्रस्ट मंडल और समाजजनों का संगठन उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी ने आभार माना।उक्त जानकारी संगठन अध्यक्ष महावीर जैन ने दी।
ज्ञापन देने हेतु जैन समाज के ट्रस्ट श्री ऋषत्रिभुवनभानु पार्श्वनार्थ-श्री मणिभद्रवीर जैन मंदिर ट्रस्ट, शिवपुर मातमौर देवास, श्री आदेश्वर जैन श्वे. मंदिर ट्रस्ट, देवास, श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट, देवास, श्री चंदा प्रभु स्वामी मणिभद्र वीर जैन श्वे. मंदिर ट्रस्ट, देवास, श्री चन्दाप्रभु स्वामी जैन मंदिर ट्रस्ट, देवास, श्री मुनिसुव्रत स्वामी जैन श्वे. मंदिर ट्रस्ट, देवास, श्री वर्धमान स्थानक संघ ट्रस्ट, देवास, श्री दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट कवि कालिदास मार्ग, देवास, श्री दिगम्बर जैन मंदिर विजय नगर ट्रस्ट, देवास, श्री उपनगरी स्थानक संघ ट्रस्ट, देवास, श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट आवास नगर, देवास, श्री महावीर धाम दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, देवास, श्री शंखेश्वर स्वर्ण विहार धाम सेवा ट्रस्ट, देवास के साथ जिले के जैन समाजजन शामिल हुए।
सिद्धाचल गिरिराज (पालीताणा) की पावन भूमि पर कठिन साधना कर 7 जात्रा पूर्ण कर देवास लौटे युवा तपस्वी, समाजजन ने किया भव्य स्वागत
देवास। धर्मनगरी देवास के पांच युवाओं ने जैन धर्म के शाश्वत सर्वोच्च तीर्थ पालिताणा (गुजरात) की पावन धरा पर कठिन तपस्या कर नगर का गौरव बढ़ाया है। इन तपस्वियों ने सिद्धाचल (पालीताणा) पर्वत पर ‘चौविहार छठ’ (दो दिवसीय निर्जला उपवास) कर सात यात्राएं 7 बार पर्वत पर चढ़कर और उतर कर पूर्ण कर अपनी अटूट श्रद्धा का परिचय दिया।
रेलवे स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब
तपस्या पूर्ण कर नगर आगमन पर प्रणीत अमित जैन, उत्कर्ष मुकेश तरवेचा, दीपेश विनोद जैन, वर्धन राजेश जैन एवं पारस सतीश जैन का रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। देवास श्री संघ के सदस्यों ने ढोल-धमाकों, रंग-गुलाल और पुष्पहारों के साथ तपस्वियों की अगवानी की। समाजजनों में युवाओं की इस कठिन साधना को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
मंदिर जी में हुआ पाद-प्रक्षालन
स्टेशन से तपस्वी सीधे श्री आदेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां भक्तिमय वातावरण में वरिष्ठों द्वारा तपस्वियों के पाद-प्रक्षालन (पैर धोने की विधि) किए गए। यह दृश्य अत्यंत भावुक और श्रद्धा से भरा था। इस अवसर पर तपस्वियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि भगवान आदिनाथ की भक्ति और मन की दृढ़ता से ही यह कठिन साधना संभव हो पाई।
सेवाभावी युवाओं का सम्मान
तपस्या को निर्विघ्न पूर्ण कराने में सहयोगी रहे श्री अभिषेक जैन एवं श्री विकास जैन की वैयावच्च (सेवा) की भी समाज ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। श्री आदेश्वर ट्रस्ट मंडल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और तप की शक्ति की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर सकल जैन समाज के पदाधिकारी, आदेश्वर ट्रस्ट मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में तपस्वियों की ‘बारंबार अनुमोदना’ की और युवाओं को धर्म से जुड़कर आगे के भविष्य को उज्जवल बनाने का आशीर्वाद दिया। उक्त जानकारी भरतेश जैन ने दी।
क्षत्रीय कलोता समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम पटेल का अमलावती में भव्य व ऐतिहासिक स्वागत
देवास । क्षत्रीय कलोता समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम पटेल का देवास जिले में समाजजनों एवं ग्रामवासियों द्वारा भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। यह सामाजिक मिलन समारोह कार्यक्रम ग्राम अमलावती में समाजसेवी सुखदेव गौड़ की अगुवाई में आयोजित हुआ।राष्ट्रीय अध्यक्ष के ग्राम आगमन पर पारंपरिक बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों एवं आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया गया। पूरे ग्राम में उत्सव का वातावरण बना रहा। ग्रामीणों ने घर-घर पुष्पवर्षा कर तथा पुष्पमालाएं पहनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से समाज के वरिष्ठजन एवं समाजबंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्राम अमलावती से निरंजन गौड़, वीरेंद्र गौड़, रूपनरारायण नेताजी, श्याम गौड़, गजराज गौड़, भवरसिंह गौड़, मेहरवान गौड़, राधेश्याम गौड़,जितेन गौड़,तूफान गौड़,भारत गौड़ सहित समस्त ग्रामीणजन आदि की सक्रिय एवं सराहनीय उपस्थिति रही।समाज के दिलराज गौड़ ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया की कौशल्या देवी परिसर मे सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम पटेल ने समाज की एकता, सामाजिक समरसता, शिक्षा के विस्तार एवं संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही प्रगति का सशक्त आधार होता है तथा आने वाली पीढ़ी को संगठित, संस्कारवान एवं जागरूक बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।अन्य वक्ताओं ने समाज सुधार एवं सामाजिक अधोसंरचना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हरिद्वार स्थित समाज की भव्य आनंद धर्मशाला का निर्माण ट्रस्टीगण की निरंतर मेहनत से अंतिम चरण में है, वहीं उज्जैन में समाज की भव्य धर्मशाला का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगतिरत है।कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, संगठनात्मक मजबूती एवं सामाजिक उत्थान को लेकर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा की गई।आभार समस्त ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति द्वारा व्यक्त किया गया।
श्री हनुमान अष्टमी पर निकली प्रभात फेरी, 21 हज़ार लड्डूओं का लगा महाभोग
- बाबा का हुआ आलौकिक श्रृंगार, रात्रि 8.30 बजे होगी महाआरती
देवास। श्री हनुमान अष्टमी महोत्सव 2025 के उपलक्ष्य में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नगर में भव्य भक्तिमय प्रभात फेरी निकली। आज 12 दिसंबर, शुक्रवार की प्रात: बेला में सुबह 5 बजे श्री खेड़ापति सरकार अपने भक्तों को प्रभात फेरी के रूप में दर्शन देने हेतु नगर भ्रमण पर निकले। प्रात:काल की मधुर भक्ति-लहरों के बीच होने वाला यह दिव्य दर्शन शहरवासियों के लिए एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव हुआ। महोत्सव का मुख्य आकर्षण मनमोहक बाबा का अलौकिक श्रृंगार , मंदिर की आकर्षक विद्युत सज्जा, बाबा को अर्पित होने वाला 21,000 लड्डुओं का भव्य महाभोग रहा। ध्वजा के साथ निकलने वाली भव्य प्रभात फेरी एवं ढोल-ताशों, बैंड, भजन मंडलियों एवं विभिन्न झांकियों की आकर्षक प्रस्तुति रही। पूरे नगर में प्रभु भक्ति और उत्साह से भरी प्रभातफेरी का स्वागत विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा और दीप सज्जा के साथ किया जाएगा। स्थानीय श्रद्धालुओं और भक्त मंडलों द्वारा विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। सायंकाल रात्रि 8.30 बजे बाबा की महाआरती का आयोजन होगा। सभी नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
इंटक ने मनाया 84वां स्थापना दिवस, चार श्रम संहिताओं के विरोध में एकजुट हुए श्रमिक संगठन, देवास से भी शामिल हुए कार्यकर्ता
देवास। इंटक का 84वां स्थापना दिवस प्रदेश स्तरीय आयोजन के रूप में इंदौर में संपन्न हुआ, जिसमें देवास जिले से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम श्रम शिविर में आयोजित किया गया, जहां श्रमिक अधिकारों को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी कैलाश वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में इंटक प्रदेशाध्यक्ष श्याम सुंदर यादव, इंटक के पूर्व अध्यक्ष श्री कपूर, एटक अध्यक्ष सी.एल. शेरावत सहित देवास के मकसूद पठान, लक्ष्मीनारायण पाठक, लाखन सिंह ठाकुर, हरनाम सिंह धारीवाल, देवीसिंह सेंगर और सुशीला यादव ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने चार श्रम संहिताओं का विरोध करते हुए कहा कि ये कानून कॉर्पोरेट हितों को बढ़ावा देने और श्रम बाजार को नियमविहीन बनाने का माध्यम हैं। उनका कहना था कि इन संहिताओं के जरिए नौकरी की सुरक्षा समाप्त करने, हड़ताल के अधिकार को कमजोर करने, श्रम निरीक्षण प्रणाली को खत्म करने, ठेका और फिक्स्ड टर्म रोजगार को बढ़ावा देने तथा यूनियनों की शक्ति को कम करने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच ने एक स्वर में चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने की मांग की। इस दौरान इंटक, एटक, एचएमएस, सीटू, एआईयूटीयूसी, टीयूसीसी, यूटीयूसी और सेवा संगठनों के साथ-साथ बैंक, बीमा, बीएसएनएल तथा राज्य और केन्द्रीय कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
बीटीएसएस ने शौर्य दिवस पर आयोजित किया कारसेवकों व कार्यकर्ताओं का मिलन समारोह
• कैलाश मानसरोवर की मुक्ति के लिए लिया संकल्प
देवास। 6 दिसंबर शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाता है इसी दिन अयोध्या में कार सेवकों ने बाबरी ढांचे को ध्वस्त कर राम मंदिर की नींव रखी थी।
शनिवार को शहर में भारत तिब्बत समन्वय संघ द्वारा कारसेवकों व कार्यकर्ताओं का मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सबसे पहले भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की गई।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में बीटीएसएस के राष्ट्रीय मंत्री निर्माण सोलंकी, कारसेवक विष्णु वर्मा, बीटीएसएस प्रदेश संयोजक मनोज जोशी, बीटीएसएस जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ठाकुर और तिब्बत के फुनछोग छेरिग जी शामिल हुए। अतिथियों का सम्मान संघ के विनोद जैन, भूपेंद्र ठाकुर, जयदेव वर्मा के साथ बीटीएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा भगवा दुप्पटा पहनाकर किया गया। कार्यक्रम में संघ में दो नियुक्तियों की घोषणा भी की गई जिसमें राष्ट्रीय कवि जगदीश सेन को प्रांत मंत्री एवं जयदेव जी वर्मा को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया।
वक्ता के रूप में कारसेवक विष्णु जी वर्मा ने 1990 और 1992 की कारसेवा के बारे में बताया जिसमें 1990 की कारसेवा का संघर्ष का व्याख्यान किया और भारत तिब्बत समन्वय संघ की स्थापना क्यों, कैसे और किसके द्वारा की गई इसके बारे में जानकारी दी साथ ही संघ के क्या उद्देश्य है इसकी जानकारी भी उपस्थित सदस्यों एवं कारसेवकों को दी।
बीटीएसएस प्रदेश संयोजक मनोज जोशी द्वारा बताया गया कि अयोध्या हम आए है मंदिर यही बनाएंगे अब नारा लगता है अयोध्या हम आए है मंदिर यही बनाया है।
हम और हमारे अनेक साथियों ने बड़े संघर्षों और बलिदान के बाद राम जी को अयोध्या में मंदिर में पुनः स्थापित कराया। यह एक सपना था जो साकार हो गया है अब आज की आवश्यकता है कि हम तिब्बत में स्थित कैलाश मानसरोवर में स्थापित भोलेनाथ जी को भी स्वतंत्र कराए जिसपर चीन ने कब्जा कर रखा है। जोशी जी के कहा कि हम सभी को मिलकर जनांदोलन से जिस प्रकार राम मंदिर का सपना साकार किया है उसी प्रकार कैलाश मानसरोवर को मुक्ति दिलाने का प्रयास करना चाहिए।
तिब्बत के फुनछोग छेरिग ने बताया कि कब और कैसे चीन ने तिब्बत पर कब्जा किया और जब चीन ने तिब्बत पर अपना रूप जमाया तब कैसे तिब्बती ने शरणार्थी के रूप में भारत में शरण ली और भारत के लोगों एवं सरकार द्वारा उन सभी का सहयोग किया, भारत हमारा गुरु है उसने गुरु बनकर हमें सब कुछ प्रदान किया है। हमारे ग्रंथ, हमारी संस्कृति, हमारी भाषा सभी अधिकांश रूप से भारत के ग्रंथ, संस्कृति और भाषा से मिलते है उन्होंने सभी तिब्बतियों की और से सभी भारतीयों को उनका साथ और सहयोग के लिए धन्यवाद प्रेषित कर कहा कि तिब्बत में स्थित कैलाश मानसरोवर की मुक्ति के अभियान में हम सभी तिब्बती कंधे से कंधा मिलाकर आप सभी के साथ है। उद्बोधन पश्चात सभी ने कैलाश मानसरोवर की मुक्ति के लिए संकल्प लिया।
अंत में आभार बीटीएसएस के
जिला महामंत्री जयदेव वर्मा ने माना। कार्यक्रम पश्चात स्नेहभोज भी हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर व आस पास के कारसेवक व बीटीएसएस के कार्यकर्ता शामिल हुए।
Dewas माँ शिव शक्ति सेवा मंडल ने संभाला वाटर वर्क्स गार्डन का जिम्मा
• गार्डन का नामकरण हुआ “शिव शक्ति उद्यान”, पौधारोपण कर किया सौंदर्यीकरण का शुभारंभ
देवास। शहर के विकास में जब सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं आगे आती हैं, तो नगर का सौंदर्य और गति दोनों बढ़ जाते हैं। इसी कड़ी में माँ शिव शक्ति सेवा मंडल (रजि.) देवास ने एक सराहनीय पहल करते हुए नगर पालिका निगम देवास को मेंढकी स्थित वाटर वर्क्स गार्डन के सौंदर्यीकरण एवं रख-रखाव हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था।
नगर पालिका निगम ने मंडल की इस पहल को सराहते हुए गार्डन के सौंदर्यीकरण एवं रख-रखाव की आधिकारिक अनुमति मंडल को प्रदान की है।
सौंदर्यीकरण कार्य की शुरुआत मंडल द्वारा पौधारोपण कर की गई, जिसमें सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। इसके साथ ही मंडल ने गार्डन का नाम “शिव शक्ति उद्यान” रखा गया। कार्यक्रम के उपरांत स्नेहभोज का आयोजन किया गया, मंडल की यह पहल निश्चित रूप से नगरवासियों के लिए प्रेरणादायी है और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
कार्यक्रम में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेश चौहान, प्रेस क्लब अध्यक्ष ललित शर्मा, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सिकरवार, विधायक प्रतिनिधि भारत चौधरी, तरुण मेहता, प्रशांत विजयवर्गीय, अजय अग्रवाल, मनीष जैन के साथ पत्रकार साथीगण एवं मंडल के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य के साथ क्षेत्र के गणमान्य रहवासी उपस्थित रहे।
