देवास। जिले के थाना सोनकच्छ क्षेत्र अंतर्गत गंधर्वपुरी फाटे से एक व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। गुमशुदा की पत्नी ने थाने पहुंचकर अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, पाल नगर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का कार्य करती है। उसकी पुत्री बब्ली की सगाई 1 जून 2026 को राजेंद्र नगर, पिपल्या बक्सु में आयोजित की गई थी। सगाई समारोह में वह अपने पति तेजू पिता भीमसिंह निहाल के साथ शामिल होने गई थी। महिला के अनुसार, सगाई कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों देवास की ओर लौट रहे थे। इस दौरान उसके पति ने शराब का सेवन कर रखा था। शाम करीब 5 बजे गंधर्वपुरी फाटे पर पति ने उसे बस में बैठाकर घर जाने के लिए कहा और स्वयं मोटरसाइकिल क्रमांक MP 09 JT 2819 से देवास की ओर रवाना हो गया। महिला बस से अपने घर पाल नगर पहुंच गई, लेकिन उसके पति घर वापस नहीं लौटे। प्रारंभ में उसे लगा कि वे कहीं चले गए होंगे और वापस आ जाएंगे, क्योंकि इससे पहले भी एक बार वे घर छोड़कर जा चुके थे। हालांकि घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका है। गुमशुदा तेजू निहाल अपने साथ मोटरसाइकिल भी लेकर गए थे। परिजनों की शिकायत पर थाना सोनकच्छ पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जिस किसे भी उक्त व्यक्ति के बारे मै जानकारी लगे वह मो. न. 8815088404 पर बता सकता है।
Tag: देवास न्यूज़
शिप्रा बैराज से मांगलिया को पानी देने के अनुबंध के मामले में कांग्रेस ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
देवास। जिला शहर कांग्रेस कमेटी देवास द्वारा बुधवार को उज्जैन रोड स्थित अमर मोहिनी परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर नगर निगम द्वारा प्रस्तावित क्षिप्रा बैराज अनुबंध और जल वितरण व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों द्वारा जनता को वास्तविक तथ्यों से अवगत नहीं कराया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रयास गौतम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी एवं समिति संयोजक प्रदीप चौधरी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देवास नगर निगम शहर के हितों को ध्यान में रखते हुए क्षिप्रा बैराज से संबंधित अनुबंध को निरस्त करे। उनका कहना है कि मांगलिया क्षेत्र से जुड़े इस अनुबंध को देवास की जनता स्वीकार नहीं करती।
कांग्रेस ने विधायक प्रतिनिधि द्वारा हाल ही में आयोजित प्रेस वार्ता पर भी सवाल खड़े किए। नेताओं ने कहा कि यदि नगर निगम और जनप्रतिनिधि जनता के हित में कार्य कर रहे हैं तो उन्हें इस विषय पर खुलकर जवाब देना चाहिए और शासन से प्राप्त पत्रों को सार्वजनिक करना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम में आयोजित बैठकों के माध्यम से पार्षदों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस महत्वपूर्ण विषय पर परिषद की बैठक के बजाय सभी 45 वार्डों के पार्षदों की राय सार्वजनिक रूप से ली जाए, ताकि जनता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देवास की जनता के पैसे से किए गए खर्च और बैराज निर्माण से जुड़े ऋण की जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की जल आवश्यकता सर्वोपरि है और देवास की जनता के हितों से समझौता नहीं होना चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन, महापौर एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों से इस पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने तथा जनता के समक्ष स्पष्ट जवाब रखने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर के नागरिकों को जल प्रबंधन और बैराज अनुबंध से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी मिलना उनका अधिकार है।
801 अनानास, 51 किलों संतरों से हुआ श्री खेड़ापति दरबार का श्रृंगार-
बड़े मंगलवार पर उज्जैन के कलाकारों ने सजाया दरबार
देवास। महात्मा गांधी मार्ग स्थित श्री खेड़ापति मारुति मंदिर में मंगलवार को बड़े मंगलवार के अवसर पर भगवान हनुमान का 801 अनानास, 51 किलों संतरों एवं विभिन्न प्राकृतिक सजावटी सामग्री से भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया गया। जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान के इस अनूठे स्वरूप के दर्शन करने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे।
मंदिर के पुजारी पंडित दर्शन उपाध्याय ने बताया कि ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवारों के उपलक्ष्य में मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भगवान श्री खेड़ापति मारुति का 801 अजनास व संतरों से विशेष श्रृंगार किया गया। भगवान हनुमान का यह मनोहारी और अनूठा स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। दर्शन के लिए सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों का आना-जाना लगा रहा। भगवान के इस विशेष श्रृंगार को तैयार करने के लिए उज्जैन से सहायक कलाकारों की एक टीम देवास पहुंची थी। कलाकारों ने कई घंटों की मेहनत और रचनात्मकता के साथ इस श्रृंगार को आकार दिया। करीब 8 से 10 कलाकारों की टीम ने श्री खेडापति सरकार के दरबार का भव्य स्वरूप तैयार किया। देर शाम तक भक्तों की आवाजाही जारी रही और मंदिर परिसर जय श्री राम एवं जय बजरंगबली के जयघोषों से गूंजता रहा।
इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल बिछाकर नाबालिग से लाखों की ठगी, आरोपी व सहयोगी महिला गिरफ्तार
• शादी का झांसा देकर 8 से 10 लाख रुपये और आभूषण हड़पे, सोशल मीडिया के जरिए बनाया था भरोसा
देवास। सोशल मीडिया पर प्रेम संबंध बनाकर नाबालिग को अपने जाल में फंसाने और उससे लाखों रुपये व आभूषण हड़पने वाले आरोपी को औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी की सहयोगी महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश पर सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली आर्थिक ठगी और साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, मिश्रीलाल नगर एक्सटेंशन निवासी एक महिला ने 3 जून 2026 को थाना औद्योगिक क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पोती के माध्यम से उसके बैंक खाते से बड़ी राशि ट्रांसफर कर दी गई है। बैंक खाते की जांच में पाया गया कि खाते में केवल 19 रुपये शेष बचे हैं तथा लाखों रुपये आशीष डामोर नामक युवक के खाते में भेजे गए हैं।
जांच के दौरान नाबालिग बालिका ने बताया कि उसकी पहचान दिसंबर 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए आशीष डामोर से हुई थी। आरोपी ने उससे विवाह करने का झांसा देकर विश्वास जीता और रुपये दोगुना कर लौटाने का लालच दिया। इसके बाद उसने बालिका से उसके दादा-दादी के बैंक खातों से लगभग 8 से 10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इतना ही नहीं, घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए और बाद में संपर्क समाप्त कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 484/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्री शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी आशीष उर्फ जैकब डामोर (24 वर्ष) निवासी उज्जैन, हाल मुकाम देवास को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी से प्राप्त संपत्ति का कुछ हिस्सा उसने अपनी बहन को दिया था। इसके आधार पर पुलिस ने उसे भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस की अपील
- सोशल मीडिया पर बने रिश्तों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें।
- विवाह, नौकरी, निवेश या रुपये दोगुना करने जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें।
- नाबालिग बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें तथा बैंक खाते, ओटीपी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
- किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।
सराहनीय भूमिकाइस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक गौरव नगावत, प्रधान आरक्षक सुरेश धाकड़, आरक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा तथा महिला आरक्षक स्वप्नील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग की कार्रवाई: 56 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को आबकारी विभाग ने ग्राम मानकुंड में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध देशी एवं विदेशी शराब जब्त की।आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मानकुंड, तहसील हाटपीपल्या स्थित एक मकान में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान एवं वाहन स्वामी की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से 173 पाव देशी मदिरा प्लेन, 34 कैन बीयर तथा 11 बोतल व्हिस्की बरामद की गई।
जप्त की गई देशी एवं विदेशी मदिरा की कुल मात्रा 56.3 बल्क लीटर है। प्रारंभिक जांच में शराब का अवैध रूप से संग्रह किया जाना पाया गया। इस पर मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी भवन स्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया।आबकारी विभाग के अनुसार जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 29 हजार 711 रुपये है।कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक राजाराम रायकवार, आरक्षक अरविंद जिनवाल, निकिता परमार, निहाल खत्री तथा सैनिक किशोर सिसोदिया शामिल रहे। विभाग ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
घरेलू LPG सिलेंडर फिर महंगा, 3 महीने में ₹89 बढ़े दाम; जाने अब कितने रूपये का मिलेगा गैस सिलेंडर
आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रविवार रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इसके बाद मध्यप्रदेश (भोपाल) में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर ₹947.50 हो गई है।यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर ₹60 महंगा किया गया था। ताजा वृद्धि के साथ मार्च से अब तक घरेलू एलपीजी सिलेंडर कुल ₹89 महंगा हो चुका है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी लागत बनी वजह
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा और गैस की बढ़ती कीमतों के कारण घरेलू एलपीजी की आपूर्ति लागत में लगातार वृद्धि हुई है। कंपनियों का दावा है कि घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान को देखते हुए कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था।
सरकार का दावा- दुनिया में सबसे सस्ती कुकिंग गैस भारत में
केंद्र सरकार का कहना है कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं को दुनिया की सबसे सस्ती कुकिंग गैस उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार के अनुसार भारत में घरेलू एलपीजी की कीमतें कई पड़ोसी देशों के साथ-साथ अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे विकसित देशों की तुलना में काफी कम हैं।
नोट: 14.2 किलोग्राम के आधार पर तुलना की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की तुलना में भारत का उज्ज्वला सिलेंडर करीब 60% डिस्काउंट और सामान्य घरेलू सिलेंडर लगभग 45% डिस्काउंट पर मिलता है।
एक सिलेंडर की लागत ₹1600 से अधिक
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की बढ़ी कीमतों के कारण एक घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति लागत ₹1600 से अधिक पहुंच गई है। जबकि उपभोक्ताओं को यह सिलेंडर इससे काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे में सरकारी तेल कंपनियों को प्रति सिलेंडर लगभग ₹700 का नुकसान उठाना पड़ रहा है।घरेलू एलपीजी पर सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों की कुल अंडर-रिकवरी पिछले वित्तीय वर्ष में बढ़कर लगभग ₹60,000 करोड़ तक पहुंच गई, जो एक वर्ष पहले ₹41,338 करोड़ थी। इस नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों को ₹30,000 करोड़ के मुआवजे को मंजूरी दी है।
- मुख्य बातें
- घरेलू LPG सिलेंडर ₹29 महंगा हुआ।
- भोपाल में 14.2 किलो सिलेंडर अब ₹947.50 का।
- मार्च से अब तक कुल ₹89 की बढ़ोतरी।
- उज्ज्वला लाभार्थियों को ₹300 प्रति सिलेंडर सब्सिडी जारी।
- अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि से कंपनियों पर बढ़ा आर्थिक बोझ।
वाहन चालक का अपहरण कर जबरन वसूली करने वाले दो आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार
मारपीट कर कार में बंधक बनाया, जान से मारने की धमकी देकर खाते से रुपये ट्रांसफर कराए
देवास। थाना नाहर दरवाजा पुलिस ने वाहन चालक का अपहरण कर मारपीट एवं जबरन वसूली करने वाले दो आरोपियों को घटना के मात्र 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार फरियादी दीपेश सोनी (23) निवासी वृंदावन धाम कॉलोनी, रेती मंडी के पास, देवास ने 3 जून 2026 को थाना नाहर दरवाजा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 1 जून की रात करीब 9:45 बजे वह अपनी लोडिंग वाहन सुपर कैरी से एबी रोड बायपास स्थित देवकर फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने गया था। सीएनजी भरवाकर बाहर निकलते समय पीछे से आई एक मारुति फ्रॉन्क्स कार ने उसके वाहन को टक्कर मार दी।
कार से उतरे दो युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और वाहन क्षतिग्रस्त होने का हवाला देकर 20 हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और वाहन की चाबी छीन ली तथा जबरन अपनी कार में बैठाकर विभिन्न स्थानों पर ले गए।
आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके फोन-पे खाते से 4,437 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उसे छोड़कर फरार हो गए।
फरियादी की शिकायत पर थाना नाहर दरवाजा में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक MP13AK0785 की पहचान हुई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिकेत सिंह ठाकुर एवं दीपेन्द्र सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स कार एवं मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- अनिकेत पिता विक्रम सिंह ठाकुर (26 वर्ष), निवासी देव महाराज मंदिर के पास, गोपालपुरा, थाना पार्वती, जिला सीहोर।
- दीपेन्द्र सिंह ठाकुर पिता लाखन सिंह ठाकुर (30 वर्ष), निवासी ग्राम गोपालपुरा, कुंडी-आष्टा रोड, थाना पार्वती, जिला सीहोर।
जब्त सामग्री : मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP13AK0785 (अनुमानित कीमत 9.56 लाख रुपये), घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन
Dewas पुलिस की तत्परता रंग लाई, भोपाल की दो लापता बालिकाएं मिलीं सुरक्षित
- भोपाल की गुमशुदा बालिकाओं को रात्रि में ऑटो चालक बीच रास्ते में उतारा
देवास। देवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई और डायल-112 की सतर्कता के चलते दो गुमशुदा बालिकाओं को सुरक्षित खोज लिया गया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशानुसार डायल-112 द्वारा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत 5 जून 2026 की रात्रि करीब 2:56 बजे डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गोमती नगर स्थित क्रोमा शोरूम के पास दो बालिकाओं को एक ऑटो चालक बीच रास्ते में उतारकर चला गया है। दोनों बालिकाओं ने स्टेशन जाने की बात कही थी।
सूचना मिलते ही डायल-112 कंट्रोल द्वारा निकटस्थ एफआरवी क्रमांक-08 को मौके पर रवाना किया गया। सहायक उपनिरीक्षक सुरेश चंद शिवहरे एवं पायलट विनेश यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों बालिकाओं से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बालिकाएं अपने संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकीं। स्थिति को देखते हुए एफआरवी टीम ने संवेदनशीलता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए दोनों बालिकाओं को सुरक्षित संरक्षण में लेकर थाने पहुंचाया।
थाना स्तर पर की गई जांच एवं परिजनों से संपर्क के दौरान पता चला कि दोनों बालिकाएं भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र की निवासी हैं तथा उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। वर्तमान में दोनों बालिकाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना, विवाद या पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
Dewas जैन समाज सामाजिक संगठन एवं प्रेस क्लब ने संयुक्त रूप से किया पौधारोपण
देवास। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से जैन समाज सामाजिक संगठन एवं प्रेस क्लब द्वारा महावीर धाम दिगंबर जैन मंदिर परिसर स्थित गार्डन में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन एवं प्रेस क्लब के सदस्यों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में पौधे लगाए।
मंदिर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फूल और लंबी अवधि वाले पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
संगठन एवं प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण ऐसे स्थानों पर किया जाए, जहां उनकी निरंतर देखरेख संभव हो सके।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समाजजनों ने हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जैन समाज सामाजिक संगठन के नरेंद्र जैन, दिलीप चौधरी, विनोद जैन, अरुण जैन, प्रवीण पानाेत, पारस जैन, निलेश छाबड़ा, दिलीप जैन, गिरीश संघवी, प्रमोद जैन, निलेश जैन, आर सी जैन, प्रमोद तांतेड, राजेश जैन सहित संगठन के अनेक सदस्य एवं प्रेस क्लब के ललित शर्मा, शेखर कौशल, तरुण मेहता, सिद्धार्थ मोदी, अतुल बगलीकर, खुमान सिंह बैस, राहुल परमार, जितेंद्र मारू, रघुनंदन समाधियां, वरुण राठौर, दीपेश जैन के साथ विकास जैन, पीयूष जैन, विकास जैन अपने, संदीप राठौर एवं मंदिर का ट्रस्ट मंडल एवं महिला मंडल उपस्थित थे।
ऑपरेशन त्रिनेत्रम की बड़ी सफलता: दो सूने मकानों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार
महिलाओं को कार में बैठाकर करते थे रैकी, 12.50 लाख रुपये का माल बरामद
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, दो महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार
देवास। देवास पुलिस के “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” ने एक बार फिर अपनी प्रभावशीलता साबित करते हुए शहर में हुई दो बड़ी चोरियों का पर्दाफाश कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने संगठित चोरी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 12.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें रैकी के दौरान कार में बैठाकर ले जाया जाता था ताकि किसी को गिरोह पर संदेह न हो।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोत के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई दो चोरियों की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
जबलपुर गए परिवार के घर में चोरी
पहली घटना में एलआईजी-78 सिविल लाइन निवासी आदेश कुमार उइके ने 29 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 27 मई को पारिवारिक कार्य से जबलपुर गए थे। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से डायमंड मंगलसूत्र, डायमंड ईयरिंग, दो टाइटन घड़ियां तथा नकदी चोरी होना पाया गया।
ईद मनाने गए परिवार का घर भी बनाया निशाना
दूसरी घटना में कर्मचारी कॉलोनी निवासी वसीम शेख ने शिकायत दर्ज कराई कि वे परिवार सहित ईद मनाने उज्जैन गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, लैपटॉप एवं अन्य सामान चोरी कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज ने दिलाई सफलता
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आरोपी चोरी करने के बाद ईयोन कार (MP-09-CL-2044) से भागते हुए दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
यह आरोपी हुए गिरफ्तार
- जयंत मीणा (19 वर्ष) निवासी आनंद नगर, देवास
- आकाश उर्फ शूटर (26 वर्ष) निवासी बद्रीधाम नगर, देवास
- चेतना सोलंकी (30 वर्ष) निवासी जवाहर नगर, देवास
- चिंकी उर्फ प्रिया (23 वर्ष) निवासी जयश्री नगर, देवास
12.50 लाख रुपये का माल बरामद
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, हीरे का मंगलसूत्र, हीरे की बालियां, एक आसुस लैपटॉप, घड़ियां तथा 22 हजार रुपये नकद सहित कुल 12.50 लाख रुपये का चोरी गया माल बरामद किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त ईयोन कार एवं चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरोह के मुख्य आरोपी जयंत मीणा और आकाश उर्फ शूटर के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, आबकारी, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से जयंत के खिलाफ चोरी के सात और आकाश के खिलाफ विभिन्न थानों में 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक सचिन सोनगरा, दीपक मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक एच.एस. गोदार, प्रधान आरक्षक हेमंत डाबी, मनोज पटेल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
