Dewas, नकली नोट चलाने वाले आरोपी को दस वर्ष की सजा

देवास। शहर में नकली नोट छापकर बाजार में चलाने वाले आरोपी ललित पिता श्रीकृष्ण वर्मा उम्र 46 साल नि0 15 आनन्द बाग जिला देवास को न्यायालय ने धारा 489(क) व 489(घ) में 10-10 वर्ष का सश्रम कारावास व 3000-3000/- रूपये के अर्थदण्ड से तथा धारा 489(ग) में 07 वर्ष सश्रम कारावास व 3000/- के अर्थदण्ड से दण्डित किया है।

जिला अभियोजन अधिकारी, श्री राजेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला देवास द्वारा बताया गया दिनांक 30 जुलाई को 2019 को एजाज पिता रजाक शेख नाम का आदमी राजाराम नगर वैष्णव माता मंदिर के सामने सतीश चौधरी की किराना दुकान पर नकली नोट लेकर सामान खरीद रहा है। उक्त सूचना पर से हमराह सहित सतीश किराना स्टोर पर पहुॅचने पर वहॉ भीड लगी थी एवं एक आदमी को घेर रखा था। सतीश से पूछताछ करने पर उसने बताया कि इस व्यक्ति ने उससे एक घडी साबुन व एक फाइव स्टार चॉकलेट ली है एवं 100/- का नोट दिया है, जो देखने पर नोट का हूबहू असली होकर मोटा चिकना होकर नकली प्रतीत हो रहा था जिससे दुकानदार ने सामान देने से मना किया तो वह बहस करने लगा। दुकानदार ने उक्त सूचना सैनिक नीलेश को दी, कि एक व्यक्ति नकली नोट चलाने का प्रयास कर रहा है सूचना पर से हमराह फोर्स रवाना होकर निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान ने पंचसाक्षी के समक्ष उस व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम एजाज पिता रजाक शेख नि0 स्वास्तिक नगर इटावा जिला देवास बताया पंचो के समक्ष तलाशी में एजाज के जेब अनेकों नकली नोट मिले जिनके सीरियल नंबर भी एक समान थे। नोंटो के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी एजाज ने मेमोरेण्डम देकर बताया कि उक्त नोंट उसे ललित वर्मा पिता श्रीकृष्ण वर्मा ने चलाने के लिये दिये है उसके पास प्रिंटर मशीन है और खुद ही नोट छाप लेता है। आरोपी से उक्त नोट  जप्तकर जप्ती पंचनामा बनाया गया। एवं जप्तशुदा नोट मालखाने में जमा किये गये। तथा आरोपी एजाज व ललित के विरूद्ध थाना सिविल लाईन देवास में अपराध क्रमांक 476/19 की प्रथम सूचना रिपोर्ट लेखबद्ध की गई। आवश्यक अनुसंधान उपरांत अभियोग पत्र न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।    न्यायाधीश, जिला देवास द्वारा दिनांक 23 मार्च 2022 को निर्णय पारित करते हुये प्रकरण में विचारण के दौरान अंतिम प्रक्रम पर अभियुक्त क्रमांक 01 एजाज की मृत्यु हो जाने से उसके विरूद्ध कार्यवाही समाप्त की गई। तथा शेष आरोपीगण ललित वर्मा उम्र 46 साल को धारा 489(क) व 489(घ) में 10-10 वर्ष का सश्रम कारावास व 3000-3000/- रूपये के अर्थदण्ड से तथा धारा 489(ग) में 07 वर्ष सश्रम कारावास व 3000/- के अर्थदण्ड से दण्डित किया। 

उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी श्री ऊदल सिंह मौर्य, जिला देवास द्वारा दी गई।

Dewas : होली खेलते समय करंट लगने से युवक की हुई मौत

देवास । शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र में आने वाले गंगा नगर में रंगपंचमी पर होली खेलते समय एक युवक को बिजली के खंबे से करंट लगने से मौत हो गयी।

जानकारी अनुसार बताया गया कि 33 वर्षीय युवक राहुल पिता धीरज विश्वकर्मा दोपहर तकरीबन 3 बजे अपने परिवाजनों व रहवासियों के साथ होली खेल रहा था। होली खेलते समय युवक के कपड़े पूरी तरह से गीले थे और वो अचानक लाइट के खंभे के संपर्क में आ गया जिससे उसे करंट लग गया। करंट लगने के बाद युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया जहाँ से उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शौक का माहौल है।

सीएम हेल्पलाइन पर पटवारी, एडीईओ एवं सचिव ने गलत जानकारी देकर शिकायत करा दी बंद 

तीन माह से अपने प्लाट को कब्जा मुक्त कराने के लिए दर-दर भटक रही गरीब महिला

देवास। ग्राम बरोठा निवासी कमला बाई ने अपने प्लाट से कब्जा न छुड़वाने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर 20 जनवरी 2022 को की थी, लेकिन शिकायत का निराकरण किए बगैर ही बरोठा के पटवारी, एडीईओ एवं सचिव ने गलत जानकारी देकर शिकायत बंद करवा दी। कमलाबाई ने बताया कि पूर्व में पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर एवं थाना प्रभारी को भी शिकायत की गई थी, लेकिन प्लाट से कब्जा नही दिलवाया गया।

तत्पश्चात मैंने मेरे पुत्र चेन सिंह के नाम से सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की। लेकिन सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत का निराकरण न करते हुए मुझे बिना जानकारी के हीं बंद कर दिया गया। कमलाबाई ने बताया कि भारत सिंह व रमेश सिंह दोनो भाइयों ने मेरे प्लाट पर कब्जा कर रखा है। यह प्लाट ग्राम बरोठा में स्थित हैं जो कि मुझे आवास योजना के अंतर्गत प्राप्त हुआ था, जिस पर दोनों ने कब्जा करते हुए अवैध निर्माण कार्य करना प्रारंभ कर दिया है, यह निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने को है। स्थानीय स्तर पर संबंधित आला अधिकारियों से शिकायत के बाद भी प्लाट से कब्जा नही दिलवाया गया।

तब जाकर मैंने सीएम हैल्पलाईन पर शिकायत की, परंतु पटवारी, एडीईओ एवं सचिव ने हमारे प्लाट की गलत जानकारी सीएम हैल्पलाईन पर डाल दी और कब्जा दिलाने का निराकरण बताकर 19 मार्च 2022 को शिकायत बंद करा दी। एडीईओ द्वारा बताई गई जानकारी में जो प्लाट का सर्वे नंबर 486/1857/7 दर्शाया गया है यह हमारा नही है। हमारे प्लाट का सर्वे नंबर 486/1851/7(एस) है। वहीं पटवारी द्वारा हमारे प्लाट का सर्वे नंबर 486/1851/2 सीएम हैल्पलाईन पर दिया गया, जबकि यह सर्वे नंबर शासकीय स्कूल का है। पटवारी, एडीईओ एवं सचिव ने गलत सर्वे नंबर की जानकारी भोपाल भेजकर बिना निराकरण के ही शिकायत बंद कर दी। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि हमारे गांव के पटवारी, एडीईओ एवं सचिव कब्जाधारियों से मिले हुए है। महिला ने कलेक्टर से मांग की है कि दोषियों पर शीघ्र कार्यवाही कर दोनों भाईयों से प्लाट को कब्जा मुक्त कराया जाए। 

बीटीएसएस के होली मिलन में धर्म के साथ उड़ा राष्ट्रभक्ति का रंग

देवास। सरस्वती शिशु मंदिर बालगढ़ में भारत तिब्बत समन्वय संघ (बीटीएसएस) द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह की शुरूआत संघ के प्रांत मंत्री निर्माण सोलंकी, नरेन्द्र जी जैन, जिलाध्यक्ष आनन्दसिंह ठाकुर, युवा शाखा जिलाध्यक्ष पवन विजयवर्गीय, नगर अध्यक्ष धर्मेन्द्रसिंह चावड़ा, मांगीलाल विजयवर्गीय, अजीत पवार द्वारा मॉ सरस्वती, भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण दीप प्रज्जवलन से किया गया।

यह जानकारी देते हुए नगर प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष भूपेन्द्रसिंह ठाकुर ने बताया कि होली मिलन समारोह में जमकर धर्म के साथ राष्टभक्ति का रंग बरसा। श्री दास हनुमान रामायण मंडल के दुर्गेश यादव एवं उनके संगीत साधकों द्वारा एक से बढक़र भजन एवं फाग गीतो की प्रस्तुतियॉ दी गयी। शहर के प्रसिद्ध राष्ट्रीय कवि जगदीश सेन द्वारा होली के रंग में रंगे वर्तमान परिदृश्य को व्यक्त करते मस्ती में उल्लास में रंग ले अबकी होली में, जमकर हंसी ठिठोली कर ले अबकी होली में, रंग बसंती डाल के निकले कहती है फागुन की हवा, राष्ट्रवाद की राह पकड़ ले अबकी होली में, भारत माता की जय करले अबकी होली में…हवा सरर सर केसरिया, धरती अम्बर केसरिया…आदि गीतो की प्रस्तुतियॉ दी तो तालियों की ध्वनि के साथ होली मिलन समारोह राष्ट्रभक्ति  एवं उल्लास के रंग में सराबोर हो गया। समारोह में रंगपंचमी पर जवाहरचौक से निकलने वाली सामाजिक समरसता मंच की विशाल राधाकृष्ण फाग यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मलित होने का आव्हान किया गया। संचालन पंकज वर्मा ने किया।

इस अवसर पर नगर महाममंत्री राजेश अहिरवार, पवन खंडेलवाल, अमित विजयवर्गीय, सोनिया शर्मा, अजीत पवार, संतोष जैन, नीरज व्यास, सुनील पुराणिक, संजय पारखे, दिपेश जैन, नितेश जैन, यश ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य जन उपस्थित थे।

Dewas: रंगपंचमी पर निकलेगी राधाकृष्ण फागयात्रा, फाग गाती भजन मण्डली एवं रंगगुलाल खेलते राधाकृष्ण की झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र

देवास। रंगपंचमी पर इस वर्ष भी पारम्परिक राधाकृष्ण फागयात्रा शहर में निकलेगी। जिला समरसता संयोजक जुझारसिंह राठौड़ ने बताया कि प्राचीन परम्परा का पालन करते हुए पूर्ण गरिमा एवं उत्साह से  रंगपंचमी पर 22 मार्च, मंगलवार प्रात: 11 बजे जवाहर चौक से श्रीराधाकृष्ण फागयात्रा रंगारंग रूप से निकाली जाएगी, जिसमे फाग गाती भजन मण्डली एवं पुष्पवर्षा करती हुई तोप के साथ रंगगुलाल खेलते हुए राधाकृष्ण की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। समरसता मंच के प्रमुख संजयजी शुक्ला एवं राजेश अग्रवाल ने सकल हिन्दू समाज से फागयात्रा में सम्मिलित होकर सफल बनाने की अपील की है। उक्त जानकारी पं. रोहित उपाध्याय ने दी।

भारतीय वायु सेना की ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटे एयरमैन अभिषेक का किया स्वागत

देवास। नगर के मोती बंगलो क्षेत्र में रहने वाले अभिषेक सवनेर रविवार को भारतीय वायु सेना की 12 महीने की ट्रेनिंग पूरी करके अपने घर पहुंचे। जहां घर वालो, क्षेत्रवासियों और दोस्तो ने अभिषेक का ढोल- धमाके, हार फूल के साथ नाचते गाते हुए जमकर स्वागत किया। अभिषेक के पिता श्री अनिल सवनेर बताते ही की बेटा इंडियन एयर फोर्स में एयरमैन के रूप में चयनित होने के बाद घर से 11 फरवरी 2021 को ट्रेनिंग लिए निकला था। इसके बाद 12 माह की ट्रेनिंग पूरी कर रविवार को अभिषेक घर लौटा है। घर आने पर परिवारजनों, क्षेत्रवासियों एवं इष्टमित्रों ने अभिषेक का ढोल ढमाकों से पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। श्री सवनेर ने बताया कि अभिषेक 21 दिन की छुट्टी पर आया हैं और उसकी 4 माह की ट्रेनिंग बाकी है। जिसके लिए वह 10 अप्रैल को देवास से रवाना होगा।
इस अवसर पर अभिषेक ने अपनी पूरी सफलता का श्रेय अपने माता पिता और दीदी को दिया है। इस अवसर पर अभिषेक के पिता श्री अनिल सवनेर, माता श्रीमती ज्योति सवनेर, दीदी और अनेकों क्षेत्रवासीयो के साथ दोस्तो में नीतीश जैन, हर्षित गोयल, पंकज पिपलोदिया, प्रियांशु पटेल, अर्पित चावड़ा, प्रद्युम्न सिंह, यश ठाकुर, यशांक मस्की, रोहित राठौड़, फैजान शेख, दीपेश जैन आदि उपस्थित थे।

भोरासा नगर प्रेस क्लब अध्यक्ष शुक्ला का जन्मदिन मनाया, पूर्व मंत्री भी हुए शामिल

भोरासा(अभय नागर) : प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज शुक्ला का जन्म दिन रविवार को भोरासा प्रेस क्लब के सदस्यों के साथ साथ नगर में अनेक संस्थाओं के द्वारा मनाया गया जिसमें शक्ति माता मंदिर परिसर में पूर्व मंत्री सोनकच्छ विधायक सज्जन सिंह वर्मा के हाथों वृक्षारोपण करने के साथ-साथ केक कटवा कर जन्मदिन मनाया गया व बधाई दी गई तत्पश्चात नगर में मौजूद संस्थाओं एवं राजनीतिक संबंधित सभी लोगों के द्वारा एवं नगर के कर्मचारी गण सरकारी विभाग के लोगों एवं मित्र गणों के द्वारा इनका जन्मदिन बड़े हर्षोल्लास के साथ नगर में अनेक जगह केक काटकर पुष्प माला पहनाकर मनाया गया

बिजवाड़ पानीगांव वन परिक्षेत्र के जंगल में लगी आग

सुन्द्रेल बिजवाड (दीपक शर्मा) पानीगांव बिजवाड़ के अंतर्गत आने वाले वन परिक्षेत्र के जंगलों में आग लग रही है जंगल में लग रही हैं आग को दूर से ही देखा जा सकता है आग के कारण जंगल को भारी नुकसान है पहुंच रहा है इस आग लगने के कारण जंगल के समीप रहने वाले ग्रामीण और किसान परेशान रहते है और उन्हें डर लगा रहता है कि कहीं यह आग हमारे घर तक और खेतों तक नहीं पहुंच जाएं नही तो भारी हानि हो सकती है

किसान लोकेंद्र दरबार ने बताया की आज भी हतनोरी कालापाठा के जंगल में आग लगी थी और आग ने भयंकर रूप ले लिया था आग हमारे खेतों के पास आ पहुंची थी हम लोगों ने मिलकर आग को बुझाया नहीं तो यहां आग हमारे खेते मे आ जाती और नुकसान हो जाता जब इस संबंध में बिजवाड़ रेंजर विक्रम सिंह भदोरिया से फोन पर चर्चा की गई तो उन्होंने बताया असामाजिक तत्व के लोगों के द्वारा आग लगाई जा रही है कल भी आग को बुझाया गया हम लोग एक तरफ से आग को काबू करते है तो दूसरी तरफ से आग लग जाती है हम आग बुझाने में ही लगे हैं तेंदूपत्ते वाले और महुआ बिने वाले भी आग लगा देते है जिन लोगों के द्वारा आग लगाई जा रही है उन लोगों को पकड़ने के लिए भी लगे हैं

देवास की निधि को मिला गेट एग्जाम में ऑल इंडिया रेंकिंग में 30 वां स्थान

देवास। देवास की बेटी निधि अर्जुन पाटीदार ने गेट एग्जाम में ऑल इंडिया रेकिंग में 30 वां स्थान प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया है। इस एग्जाम के लिए करीबन 8 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे।  निधि राहु मेडिकैप्स युनिवर्सिटी से बीटेक का कोर्स कर रही है। निधि ने इस एग्जाम के लिए काफी मेहनत की है। निधि का परिवार देवास के ग्राम राजोदा का निवासी है। निधि ने अपनी सफलता का श्रेय गेट एट ज़ील कोचिंग इंदौर के राजेश गुप्ता, जयश्री गुप्ता तथा अपने माता पिता को दिया है। निधि की सफलता पर रोहन पाटीदार, चेतना पाटीदार, रेखा पाटीदार, नेहा पाटीदार, योगेश पाटीदार, रंजना पाटीदार, चिराग सोनी, संस्कार यादव आदि इष्ट मित्रों एवं परिवारजनों ने बधाई दी।

देवास में तीन जैनाचार्यो का नगर आगमन विशाल धर्मसभा में उपस्थित हुए सैकड़ों श्रद्धालु

परमात्मा पुण्य का पावर हाऊस है- जैनाचार्य श्री विजय मुक्तिप्रभसूरिजी

देवास। मध्यप्रदेश का प्रांत प्राचीन जैन मंदिरों व जैन तीर्थो की भूमि है। इस में देवास का भी बड़ा स्थान है। देवास शहर में श्री शंखेश्वर पाश्र्वनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में जैन शासन ज्योर्तिधर-परमशासनप्रभावक-बीसवीं सदी के सुप्रसिद्ध महान जैनाचार्य श्री विजयरामचंद्रसूरीश्वरजी म.सा. के समुदाय के वरिष्ठ जैनाचार्य श्री विजय मुक्तिप्रभसूरीश्वरजी म.सा., जैनाचार्य श्री विजय अक्षयभद्रसूरीजी म.सा. एवं जैनाचार्य विजय पुण्यप्रभसूरिजी म.सा. आदि करीबन 50 जैन साधु-साध्वी भगवंतों का 19 मार्च को देवास नगर आगमन हुआ। प्रवक्ता विजय जैन ने बताया कि देवास जैन संघ के ट्रस्टी व युवक सयाजी द्वार पर जैनाचार्यो का स्वागत करने हेतु उपस्थित हुए।

शहर के प्राचीन जिनालयों के दर्शन करते हुए सुबह 8 बजे श्री शंखेश्वर पाश्र्वनाथ जैेन श्वेताम्बर मंदिर पहुंचे। विजय रामचंद्र सूरीश्वरजी आराधना भवन में जैनाचार्यो ने स्थिरता की। सुबह 9.30 बजे जैनाचार्यो की उपस्थिति में धर्मसभा का मंगल प्रारंभ हुआ। मुक्ति प्रभसूरीश्वरजी म.सा. ने अपने मंगल प्रवचन में बताया कि अपनी आत्मा दूध जैसी है। दूध में से दही बन सकता है। मक्खन बन सकता है ओर घी भी बन सकता है। दूध से ज्यादा कीमत दही की है, दही से ज्यादा कीमत मक्खन की है और मक्खन से भी ज्यादा कीमत घी की होती है। इसी प्रकार से आत्मा धर्मात्मा बन सकती है, महात्मा बन सकती है एवं परमात्मा भी बन सकती है। आत्मा को क्या बनना है वह अपनी समझदारी से अपेक्षित है। परमात्मा पुण्य का पावर हाऊस है। इसलिए परमात्मा से आत्मा जुड़ जाएगी तो परमात्मा में भरा हुआ पुण्य का पावर हाऊस अपनी आत्मा में प्रवाहित हो जाएगा। भूतकाल में किये हुए पुण्य के प्रभाव से ही हमें वर्तमान में सुख की प्राप्ति होती है। लेकिन यदि हम उस पुण्य का उपयोग करते ही जाएंगे, नया पुण्य उपार्जित नहीं करेंगे तो भूतकाल का किया हुआ पुण्य निश्चित ही समाप्त होता जाएगा और हम दुख की ओर अग्रसर हो जाएंगे। जिस प्रकार गाड़ी चलती है तो पेट्रोल खत्म होता जाता है, यदि उसमें नया ईंधन नहीं डालेंगे तो एक समय आएगा जब गाड़ी बंद हो जाएगी। उसी प्रकार हमें भी जीवन में समय समय पर पुण्य का ईंधन डालने की की सख्त आवश्यकता है।
युवा प्रवचनकार पन्यास श्री पुण्यरक्षित विजयजी म.सा. ने परमात्मा भक्ति की महिमा विषय में कहा कि जिस तरह बिना भोजन अपने शरीर में शक्ति नहीं आती उसी तरह भक्ति बिना अपनी आत्मा की मुक्ति होने वाली नहीं है। परमात्मा ही मुक्ति की दूती है। प्रभुु के प्रति प्रेम एवं अहोभाव जाग्र्रत करके ही प्रभु भक्ति से जुड़ा जा सकता है। भगवान के साथ अपना संबंध परमानेंट होना चाहिये। शार्ट टाईम का नहीं। तालाब में पानी के साथ भैस का संबंध शार्र्ट टाइम का होता है लेकिन पानी के साथ मछली का संबंध जन्म से मरण तक का परमानेंट होता है।  अपने जीवन में सिर्फ दुख में नहीं किंतु सुख में भी भगवान को भूलना नहीं चाहिये। विजय रामचंद्रसूरीश्वरजी आराधना भवन के विजय यशोदेवसूरि प्रवचन हॉल का पूरा हॉल श्रावक श्राविकाओं से भर गया था। जैनाचार्यो के धर्मप्रवचन से हर्षोल्लास का अपूर्व माहौल था। तत्पश्चात हुए युवा शिविर में पन्यासी महाराज का जैन कहा क्यूंं होवे विषय पर युवाओं एवं श्रावक भाईयों के लिये प्रेरणादायी प्रवचन हुआ। जैनाचार्य अहमदाबाद से कोलकाता तक करीबन 2 हजार किमी पैदल यात्रा कर रहे हैं। हर शहर-गांव में पदार्पण व प्रवचन से जैन धर्म की बड़ी प्रभावना हो रही है। देवास जैन संघ की ओर से जैनाचार्यो को पुन: देवास पधारने का आग्रह किया गया। श्री संघ की ओर से ट्रस्ट मंडल ने जैनचार्यो को काम्बली अर्पित की।