स्वतंत्रता दिवस पर बीएसएनएल देवास के विशेष ऑफर, अगले ही दिन 80 लाख के संपत्तिकर बकाये पर सील की कार्रवाई

देवास। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) देवास ने उपभोक्ताओं के लिए कई आकर्षक योजनाओं की घोषणा की। वहीं, इन घोषणाओं के अगले ही दिन नगर निगम ने संपत्तिकर बकाया होने पर बीएसएनएल की संपत्तियों के खिलाफ सील की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कालानीबाग स्थित बीएसएनएल हेड ऑफिस एवं स्टोरेज कैंपस तथा एबी रोड स्थित एक्सचेंज ऑफिस को आंशिक रूप से सील किया गया।

जानकारी के अनुसार, बीएसएनएल देवास की कुल 11 संपत्तियों पर करीब 80 लाख रुपये का संपत्तिकर बकाया है। संपत्तिकर की वसूली को लेकर नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में निगम की टीम ने कार्रवाई की।

स्वतंत्रता दिवस पर बीएसएनएल ने किए थे विशेष ऑफर घोषित

गौरतलब है कि 15 अगस्त के अवसर पर बीएसएनएल देवास द्वारा आम नागरिकों के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की गई थी। विशेष अभियान के तहत मात्र 1 रुपये में बीएसएनएल का सिम कार्ड उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई थी। इसके अलावा बीएसएनएल सेल्फ-केयर के माध्यम से उपभोक्ताओं को निःशुल्क टीवी चैनलों और फिल्मों का लाभ देने की योजना भी बताई गई।

बीएसएनएल द्वारा हाई-स्पीड फाइबर टू द होम (FTTH) इंटरनेट सेवा भी विशेष ऑफर के साथ उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। वहीं, दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में संचार व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सैटेलाइट फोन सेवा शुरू करने की भी घोषणा की गई।

दूरसंचार जिला प्रमुख किशोर कपाड़िया ने आमजन से बीएसएनएल की इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की थी।

हालांकि, स्वतंत्रता दिवस की इन घोषणाओं के अगले ही दिन नगर निगम की संपत्तिकर वसूली कार्रवाई के चलते बीएसएनएल की संपत्तियां चर्चा में आ गईं। निगम के अनुसार बकाया संपत्तिकर की राशि जमा नहीं होने के कारण 11 संपत्तियों में से प्रमुख रूप से कालानीबाग स्थित हेड ऑफिस एवं स्टोरेज कैंपस और एबी रोड स्थित एक्सचेंज ऑफिस को आंशिक रूप से सील किया गया है।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए देवास जिले में कार्रवाई, नमूने जांच के लिए भेजे

देवास। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री ऋतुराज सिंह के निर्देश पर जिले में अमानक एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान भी तेज किया गया है।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सुरेन्द्र ठाकुर ने देवास स्थित ईश्वर एजेंसीज से घी का नमूना लेकर 64.5 लीटर घी जप्त किया। वहीं भदोरिया एजेंसी से घी का नमूना लेकर 42.5 लीटर घी तथा न्यू स्वदेशी स्वीट्स से मावा का नमूना लेकर 48 किलोग्राम मावा जप्त किया गया।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जयदेव ट्रेडर्स, कन्नौद से घी, श्री महाकाल किराना, चापड़ा से मस्टर्ड ऑयल एवं सांची घी, न्यू श्री कृष्णा रेस्टोरेंट, चापड़ा से राजश्री सोहन पपड़ी, श्री अग्रसेन ट्रेडर्स, कन्नौद से अरिहंत घी तथा ओम साईं कृपा दूध डेयरी, खातेगांव से मावा के नमूने लिए।

सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के अनुसार जिले में अमानक खाद्य पदार्थों से संबंधित 16 प्रकरण एडीएम न्यायालय में दर्ज किए गए हैं। आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, नमूना संग्रहण और अमानक अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि सहित आवश्यक जानकारी की जांच अवश्य करें और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी संबंधित विभाग को दें।

भीड़ में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी व एक बाल अपचारी गिरफ्तार

उज्जैन के रामघाट से दबोचे गए आरोपी, देवास की चोरी के मामले में ₹1.15 लाख का मशरूका बरामद

देवास। सार्वजनिक रैलियों, धार्मिक आयोजनों और जुलूसों में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल फोन व नकदी चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उज्जैन के रामघाट से गिरोह के पांच आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ₹15 हजार की नकदी तथा पांच एंड्रॉयड व आईफोन मोबाइल सहित करीब ₹1.15 लाख का मशरूका बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी उपनिरीक्षक नरेन्द्र अम्करे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद टीम सार्वजनिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 4 अगस्त को रामघाट, उज्जैन से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी कोटा (राजस्थान) के निवासी हैं। इनमें कालीचरण, शिवा, अर्जुन, राजेन्द्र उर्फ राजेन्दर और देवेन्द्र शामिल हैं। इनके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरोह संगठित तरीके से देवास सहित आसपास के जिलों में आयोजित रैलियों, धार्मिक आयोजनों और अन्य भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में सक्रिय रहता था। आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर लोगों के मोबाइल फोन और नकदी चोरी करते थे तथा वारदात के तुरंत बाद दूसरे शहरों के लिए रवाना हो जाते थे।

आरोपियों के खिलाफ थाना औद्योगिक क्षेत्र में दर्ज प्रकरण क्रमांक 605/2026 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है। पूछताछ में अन्य जिलों एवं राज्यों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने और अतिरिक्त चोरी का माल बरामद होने की संभावना जताई जा रही है।

देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल, पर्स एवं अन्य कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।

इस कार्रवाई में थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी उपनिरीक्षक नरेन्द्र अम्करे, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र राणा, किशोर जाटवा, आरक्षक अजय जाट, नरेन्द्र सिरसाम, सैनिक तेजसिंह मंडलोई तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

राहवीर योजना: सड़क हादसे में घायल की जान बचाने वाले कमल चौधरी को मिलेगा ₹25 हजार का सम्मान

गोल्डन आवर में घायल को अस्पताल पहुंचाकर बचाई थी जान, देवास जिले के पांचवें ‘राहवीर’ बने कमल

देवास। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद कर उसकी जान बचाने वाले ग्राम गुराड़िया भील निवासी कमल चौधरी को भारत सरकार की ‘राहवीर योजना’ के तहत ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। कमल चौधरी देवास जिले के पांचवें ऐसे नागरिक हैं जिन्हें इस मानवीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के मार्गदर्शन में देवास पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और दुर्घटना पीड़ितों की त्वरित सहायता के उद्देश्य से राहवीर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले नागरिकों को शासन द्वारा सम्मानित किया जाता है।

जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को मझाडीपल्या पुलिया के पास हुए सड़क हादसे में घायल अंजुम बी पत्नी नूर मोहम्मद खां को कमल चौधरी ने बिना देर किए शासकीय अस्पताल पहुंचाया था। समय पर उपचार मिलने से घायल की जान बच गई। इस सराहनीय कार्य के आधार पर जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति ने उनका प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजा, जिसके बाद राहवीर योजना के अंतर्गत ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई।

देवास जिले से अब तक राहवीर योजना के तहत 19 प्रकरण शासन को भेजे जा चुके हैं। इनमें से 5 राहवीरों को अब तक ₹25-25 हजार के हिसाब से कुल ₹1.25 लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा चुकी है।

देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं सड़क दुर्घटना में कोई व्यक्ति घायल दिखाई दे तो बिना किसी डर या संकोच के उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। योजना के तहत मदद करने वाले नागरिक को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान दिया जाता है तथा उसे किसी भी अनावश्यक पुलिस या कानूनी प्रक्रिया में परेशान नहीं किया जाता।

पुलिस द्वारा बस स्टैंड, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर राहवीर योजना को लेकर लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मानवीय पहल से जुड़कर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने में अपनी भूमिका निभा सकें।

श्री गुरु रविदास मंदिर में महाआरती व महाप्रसादी, श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ की नई जिला कार्यकारिणी का गठन

देवास। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर रेवाबाग स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर मंगल भवन में महाआरती एवं महाप्रसादी वितरण का आयोजन बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।

इसके पश्चात श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ, देवास की जिला कार्यकारिणी के गठन एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए बैठक आयोजित की गई। महापीठ के प्रदेश महामंत्री संतोष पंचोली के मुख्य आतिथ्य व अनुशंसा पर जिलाध्यक्ष प्रेम बालोदिया ने नवीन कार्यकारिणी का गठन किया। इसमें संभागाध्यक्ष छोगालाल एहिरवार, संभाग महामंत्री नरबत शिंदे, संभाग उपाध्यक्ष राधेश्याम टाटीया, जिला महामंत्री महेश परमार, धर्मेंद्र रेकवाल, जुगल रालोती, देवास विधानसभा अध्यक्ष महेन्द्र अस्तरे, महामंत्री कुंदन भिमोदिया, सोनकच्छ विधानसभा अध्यक्ष राहुल परमार, हाटपीपल्या विधानसभा अध्यक्ष मनोज नाटेले तथा बागली विधानसभा अध्यक्ष ललित चौहान को विभिन्न दायित्व सौंपे गए।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का भगवा गमछा ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में जयराम जी, योगेश परमार, कन्हैयालाल चौहान, सुभाष पांचाल, चिमनलाल राजोरिया, दिनेश बगाना, अशोक कटारिया, दीपक अहिरवार, राहुल सिसोदिया, कैलाश परमार, दिनेश परमार, विशाल पांचाल, विनय पांचाल, सतीष परमार, राधेश्याम परमार, आकाश जाटव, विनय पंचोली सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। आभार जिला महामंत्री जुगल रालोती ने माना। कार्यक्रम का समापन महाप्रसादी वितरण के साथ हुआ।

आबकारी विभाग के दल ने अवैध मदिरा संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध की कार्रवाई कर 04 प्रकरण दर्ज किए

देवास। कलेक्टर के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी श्रीमति बसंती भूरिया ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में गत दिवस देवास शहर के भवानी सागर एवं अन्य स्थानों पर गस्त कर कार्यवाही की गई। कार्रवाई में 28 बॉटल विदेशी मदिरा, 36 कैन बियर एवं एक एक्टिवा वाहन जप्त किया तथा मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क के तहत 04 प्रकरण दर्ज किए गएl कार्यवाही में जप्त सामग्री एवं वाहन का मूल्य लगभग 74000 रुपये है।
कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक प्रेम यादव, गोकुल प्रसाद, राज श्री खन्ना, राजाराम रायकवार, दीपक धुरिया आबकारी मुख्य आरक्षक बालकृष्ण जायसवाल, सुरेन्द्र वर्शी, दीपक आबकारी आरक्षक आशीष गुप्ता, निहाल खत्री, निकिता परमार सम्मिलित थे। आबकारी विभाग द्वारा जिले में इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर संस्था युवा राधे ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

देवास। गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा प्रदान करने सहित गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग को लेकर संस्था युवा राधे ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन आनंद यादव द्वारा किया गया।

ज्ञापन में गौमाता के सांस्कृतिक, धार्मिक, कृषि एवं ग्रामीण जीवन में महत्व को रेखांकित करते हुए उनके संरक्षण के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्थाएं किए जाने की मांग की गई।

ज्ञापन के माध्यम से गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा प्रदान करने के संबंध में आवश्यक संवैधानिक एवं विधिक प्रक्रिया प्रारंभ करने पर विचार करने, देशभर में गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सुदृढ़ नीति लागू करने तथा निराश्रित एवं घायल गौवंश के लिए पर्याप्त गौशालाओं की स्थापना और उनके संचालन हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई।

इसके साथ ही गौवंश के अवैध परिवहन एवं पशु क्रूरता से संबंधित कानूनों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा गौ संरक्षण को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग भी की गई।

ज्ञापन में गौशालाओं एवं पशु चिकित्सालयों में बीमार और घायल गौमाता को भर्ती कर समुचित उपचार उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था करने तथा दुर्घटनाग्रस्त गौवंश को अस्पताल एवं गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई। अभियान से जुड़े लोगों ने आशा व्यक्त की कि सरकार गौ संरक्षण के महत्व और देशवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करेगी।

इस दौरान बड़ी संख्या में संस्था युवा राधे के कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर संस्था युवा राधे के संस्थापक राहुल यादव एवं करण यादव ने उपस्थित सभी गोभक्तों, समाजजनों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

आषाढ़ी एकादशी पर महाराष्ट्र समाज ने निकाली भगवान विठ्ठल पंढरीनाथ की भव्य दिंडी यात्रा


लेजिम की मनमोहक प्रस्तुति और ‘विठ्ठल-विठ्ठल’ के जयघोष से भक्तिमय हुआ शहर

देवास। आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर महाराष्ट्र समाज, देवास द्वारा भगवान विठ्ठल पंढरीनाथ की पारंपरिक दिंडी (पालकी) यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ महाराष्ट्र समाज परिसर में भगवान विठ्ठल-रुक्मिणी के पूजन-अर्चन एवं महाआरती के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘विठ्ठल… विठ्ठल… जय हरी विठ्ठल’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

दिंडी यात्रा में भगवान विठ्ठल पंढरीनाथ की सुसज्जित पालकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। पारंपरिक मराठी वेशभूषा में सजे समाजजन ढोल-ताशों की गूंज के बीच भक्ति गीतों पर झूमते हुए यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का विशेष आकर्षण महाराष्ट्र समाज की महिलाओं एवं युवतियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लेजिम नृत्य रहा। लेजिम की तालबद्ध और अनुशासित प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दौरान धार्मिक आस्था के साथ महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की भी झलक देखने को मिली।

दिंडी यात्रा महाराष्ट्र समाज परिसर से प्रारंभ होकर नावेल्टी चौराहा, तहसील चौराहा, शनि मंदिर चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री फड़नीस जी के विठ्ठल मंदिर पहुंची। मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर दिंडी यात्रा का स्वागत किया गया।
विठ्ठल मंदिर पहुंचने पर भगवान विठ्ठल की विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न हुई।

इसके पश्चात दिंडी यात्रा पुनः महाराष्ट्र समाज परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए। आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर आयोजित इस दिंडी यात्रा में भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। समाजजनों ने भगवान विठ्ठल पंढरीनाथ से सुख, समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।

श्री पिपलेश्वर महादेव स्थापना दिवस पर महाआरती के साथ विशाल भंडारा संपन्न, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

देवास। श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को पिपली बाजार चौराहा, बजरंगपुरा स्थित मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान शिव की आराधना की तथा धर्म लाभ अर्जित किया।
शाम को आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव की स्तुति में रुद्राष्टकम एवं शिवाष्टक के सुमधुर एवं भक्तिमय गायन से हुई, जिससे पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया। इसके पश्चात विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री पिपलेश्वर महादेव की महाआरती संपन्न हुई। महाआरती में उपस्थित श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया।
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
श्री पिपलेश्वर महादेव भक्त मंडल एवं सेवा समिति, पिपली बाजार चौराहा, बजरंगपुरा ने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से स्थापना दिवस का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

शुक्रवारिया हाट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर छोटे व्यापारियों ने लगाए भेदभाव के आरोप

देवास। शहर के शुक्रवारिया हाट क्षेत्र में नगर निगम द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद प्रभावित छोटे व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम द्वारा भेदभावपूर्ण तरीके से कार्रवाई करते हुए केवल हिंदू दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए।

व्यापारियों द्वारा बनाए गए वीडियो में निगम की कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में समानता नहीं बरती गई और चुनिंदा दुकानदारों को ही निशाना बनाया गया।

वहीं, नगर निगम कर्मचारियों का कहना है कि यह अभियान नगर निगम आयुक्त के आदेश पर चलाया गया है। कर्मचारियों के अनुसार, कुछ दुकानदारों को अपना निर्माण या अतिक्रमण हटाने के लिए समय भी दिया गया है।

कार्रवाई के बाद व्यापारियों में नाराजगी है और पूरे मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि नगर निगम प्रशासन व्यापारियों द्वारा लगाए गए भेदभाव के आरोपों पर क्या स्पष्टीकरण देता है।

मौके पर पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण वर्मा भी पहुंचे और उन्होंने दुकानदारों का समर्थन करते हुए दुकानदारों से बात कर पुनः दुकान लगाने का आग्रह किया।