Dewas उज्जैन बायपास से पम्प चौराहा तक 1.52 की लागत में बनी सडक़ 3 माह में हुई जर्जर

• जाँच कर कार्यवाही को लेकर नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ने की शिकायत

देवास। उज्जैन रोड बायपास से लेकर पम्प चौराहे तक बने नवनिर्मित डामर सडक़ 3 माह में जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। जिसकी शिकायत नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि राहुल पवार ने लोक निर्माण विभाग मंत्री, संभागायुक्त, लोनिवि कार्यपालन यंत्री एवं कलेक्टर को आवेदन देकर की है।

शिकायत में पवार ने बताया कि उज्जैन रोड़ बायपास से लेकर पम्प चौराहा तक 1.52 करोड़ की लागत से नवनिर्मित डामर सडक़ का निर्माण मई 2023 में किया गया था। जिसे बने मात्र 03 माह ही हुए हैं, जो गुणवत्ताहीन हो चुकी है। पूर्व में जो डामरीकरण किया था वह अच्छा था। नये डामरीकरण की आवश्यकता भी नही थी, उक्त मार्ग पर सिर्फ चौड़ीकरण की आवश्यकता थी। तीन माह पूर्व डामरीकरण निर्माण जो आज पूर्ण रूप से उखड़ चुका है, जिससे सडक़ पर गड्डे हो रहे है। आए वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे है। निर्माण कार्य से ऐसा लगता है कि ठेकेदार द्वारा सडक़ निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग कर शासन के रूपयों का दुरूपयोग किया गया है। नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि राहुल पवार ने बताया कि डामरीकरण के गुणवत्ता की जांच कर फर्म के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाकर दोषी फर्म का भुगतान रोका जाये। शीघ्र ही उक्त संबंध में कार्यवाही नही होती है तो कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी।

Dewas माता टेकरी के परिक्रमा मार्ग पर माताजी के दर्शन के लिए शुरू किया जाएगा ई-रिक्शा

• मां चामुंडा शासकीय देवस्थान प्रबंध समिति की बैठक संपन्न, कलेक्टर ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

देवास। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में मां चामुंडा टेकरी पर आने वाले दर्शनार्थियों की आवश्यक सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के सुचारू रूप क्रियान्वयन के संबंध में मां चामुंडा शासकीय देवस्थान प्रबंध समिति की बैठक माताजी की टेकरी स्थित समिति कार्यालय पर आयोजित की गई।

प्रतिदिन हजारों की संख्या में आते हैं श्रद्धालुजन : बैठक में कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि देवास की माताजी की टेकरी पर दर्शन करने के लिए प्रदेश सहित अन्य राज्यों से प्रतिदिन हजारों की संख्या में दर्शनार्थी आते हैं। उन दर्शनार्थियों को माताजी के दर्शन सुगमता से हों उन्हें को किसी भी प्रकार की परेशानी न आए इसके लिए और अच्छी व्यवस्था करें। माताजी की टेकरी पर बने सुविधा घरों को दुरूस्त किया जाएं तथा आवश्यकतानुसार बनाए जाएं। टेकरी पर उच्च गुणवत्ता की सुविधा हों, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुजन देवास के इस प्रसिद्ध स्थान की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि टेकरी पर स्थित अन्न क्षेत्र को ओर अच्छे से विकसित करें। यहां जो भी कमी पेशी है, उसको दूर कर ली जाएं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि टेकरी स्थिति समस्त मंदिरों एवं सम्पूर्ण टेकरी क्षेत्र की नियमित साफ सफाई की जाये। श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक दर्शन की सुविधा की दृष्टि से शेड लगाए। टेकरी पर पानी व छाया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था करें। बारिश के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए टेकरी पर टीनशेड की समुचित व्यवस्था की जाए।

टेकरी का क्षरण रोकने के लिए जाली लगाए तथा पौधारोपण करें : कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि टेकरी बारिश के मौसम में अक्सर लैंड स्लाइडिंग होती है। इसके लिए आवश्यक कार्य करने होंगे। टेकरी का क्षरण रोकने के लिए जहां बोल्डर निकल रहे हैं, वहां जाली लगाई जाएं तथा पौधारोपण किया जाए। टेकरी पर क्षरण रोकने के लिए विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक, एनजीओ, शासकीय/अशासकीय कार्यालयों के साथ मिलकर पौधारोपण करें तथा उन पौधों को रखरखाव भी करें। बैठक में बताया गया कि आगामी दिनों में टेकरी पर ई-रिक्शा चलाने पर विचार किया जा रहा है। शीघ्र ही प्रयास करेंगे कि यहां पर ई- रिक्शा के माध्यम से दर्शनार्थियों को दर्शन कराएंगे।

रैलिंग को दुरूस्त करे: बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि भैरव बाबा मंदिर पर रैलिंग लगाई जाए। बड़ी माताजी मंदिर पर अलग से रैलिंग लगाएं। टेकरी मार्ग पर लगायी जाने वाली रेलिंग की पुताई, रिपेरिंग संबंधी कार्य कर लें। चामुंडा माताजी मंदिर के पास पेड़ के कारण मंदिर क्षति ग्रस्त हो रहा है, उस पेड़ की जड़ों की छटाई का कार्य वन विभाग करें। नगर निगम को निर्देश दिए कि मां चामुंडा टेकरी पर संपूर्ण साफ सफाई की व्यवस्था की जाए, टेकरी के प्रमुख स्थानों पर फिक्स डस्टबिन लगाए जाए एवं प्रतिदिन कचरे का संग्रहण किया जाए। टेकरी क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट व अन्य लाइनों को दुरुस्त किया जाए। टेकरी पर पेयजल की व्‍यवस्‍था एवं टंकियों की साफ-सफाई की जाए। नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि विद्युत विभाग टेकरी क्षेत्र की विद्युत के पोल, स्‍ट्रीट लाईट, झुलते तार को ठीक कर लें। विद्युत कनेक्शन की जांच करें। मॉ चामुण्‍डा शासकीय देवस्‍थान प्रबंध समिति लड्डू काउंटर एवं भोजन प्रसादी की व्यवस्था करें। मॉ चामुंडा व मॉ तुलजा भवानी मंदिर परिसर में आकर्षक साज-सज्‍जा करें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिशा-निर्देश के पोस्‍टर लगाएं।

बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि टेकरी के परिक्रमा मार्ग, धूनी मार्ग सहित अन्य मार्गों पर सुविधा घर बनाएं तथा जो बने हैं, उन्हें दुरूस्त करें। उन्होंने कहा कि टेकरी के वन क्षेत्र में वन विभाग के कर्मचारी तैनात किए जाएं तथा वे टेकरी वन क्षेत्र की सतत निगरानी करें। उन्होंने टेकरी क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरे को दुरूस्त करें। टेकरी के शंख द्वार एवं टेकरी पर पुलिस चौकी बनाए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि टेकरी पर लगा देववासिनी बोर्ड को दुरूस्त करें। उन्होंने कहा कि टेकरी पर लगी दुकानों का किराया नवीनीकरण निर्धारण करें। दाल बाफला पाइंट को दुरूस्त करे तथा। परिक्रमा मार्ग पर वाहनों से परिक्रमा करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि प्रतिमाह बैठक आयोजित करें तथा बैठक में शासकीय अधिकारियों एवं संबंधितों के अलावा टेकरी पर नियमित आने वाले श्रद्धालुओं को भी बुलाएं तथा उनके सुझाव भी लें।

बैठक में एसडीएम श्री टी. प्रतीक राव, नगर निगम आयुक्त श्री रजनीश कसेरा, संयुक्त कलेक्टर श्री बिहार सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक शर्मा, तहसीलदार सुश्री सपना श्रीवास्तव, टेकरी प्रबंधक अखिलेश शर्मा, माताजी टेकरी के पुजारी, टेकरी पर नियमित रूप से जाने पर श्रद्धालुगण सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।

कॉपीराइट उल्लंघन : ब्रांडेड कम्पनी के नाम का हो रहा था उपयोग, कम्पनी और पुलिस का संयुक्त छापा, लाखो का माल जब्त

देवास। एक बड़ी ब्रांडेड कम्पनी का नाम और उसकी हुबहू पैकेजिंग का उपयोग कर बड़ी मात्रा में माल का उत्पादन कर बाजार में विक्रय किया जा रहा था। गुरुवार को कल्याण मिल (केटीसी फूड) के गोडाउन में क्षिप्रा थाना पुलिस एवं असली कम्पनी के लीगल एडवायजर टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। इस दौरान कंपनी के नाम का गलत उपयोग करते हुए भारी मात्रा में आटा तैयार किया जा रहा था।

फरियादी तरुण दम्माणी की सूचना पर पुलिस ने पीरकराड़िया क्षिप्रा के कल्याण मिल में दबिश देकर बड़ी मात्रा में कंपनी के नाम से भरे आटे के पैकेटों समेत करीब 25 लाख रुपये का सामान बरामद कर सील कर दिया गया।

दम्माणी ब्रदर्स के लीगल एडवाइज़र नवकार एसोसिएट्स के अधिवक्ता नम्रता जैन ने बताया कि कंपनी को लगातार शिकायत मिल रही थी की इंदौर-देवास की कम्पनिया और दुकानदारों के द्वारा स्वादिस्ट गोल्ड के नाम से आटा बेचा जा रहा है, जो की हूबहू हमारी कंपनी स्वादिस्ट की तरह दिखता है। कंपनी दम्माणी ब्रदर्स के रजिस्टर्ड व्यापार चिन्ह और रजिस्टर्ड कॉपीराइट स्टाइल का उल्लंघन कर स्वादिस्ट गोल्ड के नाम से आटा मार्केट में बेचा जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं के भरोसेमंद उत्पाद की गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। दम्माणी ब्रदर्स द्वारा दिल्ली वाणिज्यीक न्यायालय में नवकार एसोसिएट्स के अधिवक्ता नम्रता जैन, विजय सोनी, प्रतीक केशरी द्वारा वाद दायर किया गया। दिल्ली कोर्ट के द्वारा नियुक्त लोकल कमिश्नर सीमा तिवारी ने क्षिप्रा पुलिस के साथ संयुक्त छापा मारकर करीब 25 लाख रुपयों का माल जब्त कर लिया है। इसके पूर्व इंदौर, देवास ओर धार जिलो में भी लगातार छापामार कार्यवाही कर नकली कम्पनियों को सील करवाया गया है। क्षिप्रा थाना पुलिस ने बताया कि केटीसी फूड कम्पनी के मालिक के खिलाफ़ धारा 420 एवं कॉपी राइट एक्ट की धारा 51, 63 एवं 65 के तहत प्रकरण दर्ज कर सामान को सील कर दिया गया है।

Dewas 151 पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भक्तों ने की पूजा

देवास। गंगेश्वर महादेव मंदिर में पवित्र सावन मास पर 151 पार्थिव शिवलिंग निर्माण का आयोजन किया गया। विधायक गायत्री राजे पावर, जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव एवं महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में श्री गंगेश्वर महादेव के प्रांगण में तीन दिवसीय शिव पार्थिव पूजन का दिव्य आयोजन हुआ। मंदिर की महिला समिति की मातृ शक्तियों ने बड़े उत्साह से मिट्टी के 151 पार्थिव शिवलिंग का निर्माण पं. भावेश शर्मा एवं पं. धर्मेन्द्र भारद्वाज के वैदिक मंत्रोचार के साथ किया।

इस अवसर पर वार्ड के समस्त मातृशक्ति सहित श्री गंगेश्वर महादेव मंदिर महिला समिति के सदस्य और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि तरुणा जाट उपस्थित रही।

Dewas प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने वाली पत्नी और उसके प्रेमी को हुआ आजीवन कारावास

देवास। वर्ष 2021 के अप्रैल माह को 5 तारीख को जिले के विजयांगज मंडी थाने पर फरियादी द्वारा सूचना दी गई कि एक व्यक्ति करीब 35 वर्ष की आयु की खून से सनी लाष सिंदुरिया कांकड खेत के किनारे पडी हुई है। उस व्यक्ति की हत्या पत्थरों से मार मार कर की गई है। सूचना पर से थाने पर रिपोर्ट दर्ज करने के पष्चात अनुसंधान के दौरान मृतक की पहचान शकीर पिता सईद खान निवासी ग्राम पंवासा मल्टी उज्जैन के रूप में हुई। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज में मृतक शाकिर को मोटर सायकिल पर बिठाकर ले जाने वाले की पहचान राकेषचंद्र पिता षिवनारायण वर्मा निवासी ग्राम पंवासा मल्टी उज्जैन के रूप में हुई। घटना स्थल से मिले मोबाइल फोन के कॉल डिडेल के आधार पर मृतक शाकीर की पत्नी सीमा की सबसे ज्यादा बात राकेषचंद्र से होना पाई गई। अन्य आवष्यक अनुसंधान के उपरान्त प्रथम दृष्ट्या मृतक शाकिर की पत्नी सीमा तथा उसके प्रेमी राकेष चन्द्र के विरूद्ध अपराध सिद्ध पाये जाने से अभियोग पत्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

माननीय प्रथम अपर सत्र न्यायाधीष, जिला देवास (समक्षः-श्री मनीष सिंह ठाकुर) के द्वारा निर्णय पारित कर आरोपीगण राकेषचंद्र पिता षिवनारायण वर्मा को धारा 302 भा.द.सं. में आजीवन कारावास व 5000/-रूपये अर्थदण्ड, धारा 201 में 02 वर्ष का कारावास व 2000/-रूपये अर्थदण्ड एवं आरोपिया सोनू उर्फ सीमा खान को दोषी पाते हुए धारा 302,120-बी भा.द.सं. में आजीवन कारावास व 5000/-रूपये के अर्थदण्ड से दंडित किया गया।

Dewas अवैध तरीके से संचालित चिकन मटन और मांसाहार की दुकाने बंद कराने के लिए जनसुनवाई में दिया आवेदन

देवास। मां चामुण्डा की नगरी देवास में जगह जगह अवैध तरीके से संचालित चिकन मटन और मांसाहार की दुकानें बंद करवाने के लिए लंबे समय से नगर निगम से लेकर जनसुनवाई तक में भी आवेदन दिए गए परंतु आज तक उन दुकानों पर कोई ठोस कार्यवाही नही हुई।

आज मंगलवार को गौरक्षक और समाजसेवी जीतू रघुवंशी ने जन सुनवाई में आवेदन देकर इन सभी दुकानों को बंद करवाने के लिए निवेदन किया।
जीतू रघुवंशी ने बताया कि देवास शहरी क्षेत्र में खासकर माताजी की टेकरी के आस पास, बस स्टैंड, नगर निगम के सामने, उज्जैन रोड़ सहित कॉलोनियों में नियम विरुद्ध मटन चिकन दुकानों का संचालन किया जा रहा है। नगर पालिका अधिनियम 1956, स्लाटर हाउस एक्ट के पालन न करने पर पूर्व में ही नगर निगम द्वारा सभी दुकानों को अवैध घोषित कर इनके लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। श्रद्धा की नगरी देवास में अवैध मटन चिकन और मांसाहार की दुकानें बंद करवाने के नाम पर निगम मात्र चलानी कारवाही कर रहा है जिसके अगले ही दिन ये अवैध दुकानें वापस चालू हो जाती हैं। इसलिए ये अति आवश्यक है कि बिना लाइसेंस अवैध रूप से संचालित इन सभी अवैध चिकन मटन दुकानों को बंद करवाया जाए। 5 अगस्त तक यदि ये अवैध दुकानें बंद न की गई तो निगम के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से आमरण अनशन शुरू किया जायेगा जिसकी समस्त जवाबदारी प्रशासन और नगर निगम की रहेगी। इस अवसर पर राजेश जय माता दी और सैयद सादिक अली भी उपस्थित रहे।

Dewas आज से अनिश्चित काल के लिए सफाई व्यवस्था बंद

देवास। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन के द्वारा सफाई कर्मचारियों की 18 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार शासन प्रशासन को अवगत कराया गया था। लेकिन प्रशासन द्वारा हमारी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया, अतः प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झंझोट एवं समस्त प्रदेश के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया है कि 31 जुलाई 2023 से समूचे मध्यप्रदेश के साथ देवास शहर एवं जिले में अनिश्चित काल के लिए सफाई व्यवस्था बंद रहेगी।

कर्मचारी संगठन एवं समस्त कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल का समर्थन किया। समस्त कर्मचारी 2005 में जो पेंशन बंद की गई थी उसे पुनः बहाल किया जानेे। 2016 तक के समस्त विनियमित एवं दैनिक वेतन भोगियों को स्थाई का लाभ दिया जाने। सफाई कर्मचारियों को रोस्टर प्रणाली से पृथक किया जाने। सफाई कार्य में ठेकेदारी प्रथा को पूर्णरूप से बंद करने। 2016 से जो दैनिक वेतन भोगी की नियुक्तियां बंद की गई उसे पुन चालू किया करने जैसी अन्य मांगों को लेकर 31 जुलाई 2023 को को लेकर मंडूक पुष्कर पर धरने पर बैठेंगे। जिला अध्यक्ष रूपेश कल्याणे, शहर अध्यक्ष विकास सांगते एवं समस्त यूनियन के पदाधिकारी, दरोगा साथी एवं कर्मचारी साथी उपस्थित रहेंगे। यूनियन के जिला अध्यक्ष कल्याण ने बताया कि जब तक प्रशासन द्वारा हमारी मांगों को मान नहीं लिया जाता तब तक सफाई व्यवस्था हड़ताल जारी रहेगी।

Dewas टीवीएस और बैरलोकर इंडिया ऐडिटिव्स देवास में करेगी करोड़ों का निवेश..

देवास। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से फार्मा, लाजिस्टिक पार्क, खाद्य प्र-संस्करण, आयरन एण्ड स्टील तथा प्लास्टिक के क्षेत्र में कार्यरत उद्योग समूहों ने बीते दिनों मंत्रालय में भेंट कर प्रदेश में निवेश और इकाइयों के विस्तार के संबंध में चर्चा की।

मुख्यमंत्री चौहान से टीवीएस इंडस्ट्रीज एण्ड लॉजिस्टिक्स पार्क के सीईओ श्री रामनाथ सुब्रमण्यम और रीजनल हेड श्री कुशल मोतियानी ने देवास और पीथमपुर में 250 करोड़ रुपए की लागत से इंडस्ट्रियल व लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की। पार्क से लगभग 1000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। फार्मा क्षेत्र में इप्का लेबोरेट्रीज के मेनेजिंग डायरेक्टर श्री अजित कुमार जैन ने मुख्यमंत्री श्री चौहान से भेंट कर देवास में 470 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित हो रही फार्मा इकाई के बारे में बातचीत की। इस इकाई में लगभग 700 लोगों को रोजगार मिलेगा।

इसी क्रम में बैरलोकर इंडिया ऐडिटिव्स के श्री ज्येन मोदी और श्री अंकुर कुमार ने देवास में 316 करोड़ रूपए के निवेश से पीवीसी स्टेबलाइजर इकाई की स्थापना पर बातचीत की। इकाई से लगभग 150 लोगों को रोजगार मिलेगा।

Dewas नगर निगम के अधिकारी नही दे रहे सूचना का अधिकार अंतर्गत सही जानकारी…!

• शिवसेना ने यातायात विभाग एवं शहर में संचालित हो रही मटन, चिकन, पडा,अंडा, मार्केट के संदर्भ में मांगी थी जानकारी

देवास। शिवसेना ने सूचना का अधिकार अधिनियम अंतर्गत नगर निगम से दो जानकारी आवेदन देकर मांगी थी, जो कि आज तक उपलब्ध नही कराई गई है। शिवसेना जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि 20 जून 2023 को लोक सूचना अधिकारी नगर निगम को दो आवेदन दिए थे। जिसमें एक यातायात विभाग से जुड़ा था एवं दूसरा शहर में संचालित हो रही मटन, चिकन, पडा,अंडा, मार्केट व उनके लाइसेंस के नियमों के तहत जानकारी मांगी गई। आज एक माह होने को है, लेकिन सम्पूर्ण जानकारी नही देते हुए आधी-अधूरी जानकारी देकर लीपापोती की गई। वर्मा ने बताया कि 16 जुलाई मुझे उपलब्ध कराई गई जानकारी में केवल दुकानों के स्थानों की जानकारी दी गई, बल्कि यह नही बताया कि इन दुकानों का लायसेंस है या नही। अब तक कितनी दुकानों पर चालानी कार्रवाई की गई यह भी जानकारी में छिपाया गया। इस प्रकार निगम द्वारा दी जा रही जानकारी से लोक सूचना अधिकार के नियमों का उल्लंघन व आम लोगों के अधिकारों का हनन हो रहा है। जबकि नियम अनुसार आवेदक द्वारा मांगी गई जानकारी में समयसीमा में जानकारी देना निगम की जिम्मेदारी है।

अधूरी जानकारी देकर अपने कार्य से बच रहे निगम अधिकारी, अपने चहेतों को पहुंचा रहे लाभ

निगम से अधूरी जानकारी मिलने पर शिवसेना जिलाध्यक्ष वर्मा अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ नगर निगम पहुंचकर सहायक लोक सूचना अधिकारी अशोक उपाध्याय से मिला। वर्मा ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सूचना के अधिकार के अंतर्गत जिस प्रकार से लेटलतीफी व आधी अधूरी जानकारियां दी जा रही है। इससे आम नागरिकों के अधिकारों का हनन हो रहा है। अधूरी जानकारियों के लिए फिर से आवेदन करना पड़ता है। इसका मतलब है कि केवल आम नागरिक को बेवजह परेशान किया जा रहा है और समय पर सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराते हुए निगम स्वयं अवैध गतिविधियां संचालित करने में सहयोग कर रहा है। इस मामले में श्री वर्मा ने निगमायुक्त से मांग की है कि जिस प्रकार से सूचना के अधिकार में लापरवाही बरती जा रही है। जो कि इन नियम के आदेश का उल्लंघन है। सूचना के अधिकार पर विश्वास करते हुए जानकारी मांगते हैं, लेकिन उनकी जानकारियों को केवल अधिकारी अपनी पसंद के अनुसार ही उपलब्ध कराते हैं। जो कि सरासर गलत है। यदि शीघ्र ही नियम अनुसार मांगी गई जानकारी उपलब्ध नही कराई जाती है तो इसकी शिकायत शिवसेना संबंधित विभाग से करेगा। इस अवसर पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष ठाकुर श्रवणसिंह बैस, जिला उपाध्यक्ष दशरथ जाट, जिलामंत्री विनोद पटेल, ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष लखन टिपानिया सहित शिवसेना पदाधिकारी उपस्थित थे।

Dewas निजी शिक्षण संस्थाओं द्वारा शैक्षणिक सामग्री में की जा रही मनमानी, कलेक्टर को दिया आवेदन


– निजी स्कूल संचालकों द्वारा निर्धारित की गई दुकानों पर ही मिलती है शैक्षणिक सामग्री

देवास। शहर की निजी शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा शैक्षणिक सामग्री खरीदने में की जा रही मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए नगर जनहित सुरक्षा समिति द्वारा बुधवार को कलेक्टर के नाम एडिशनल कलेक्टर अभिषेक शर्मा को आवेदन दिया गया।

इसके पूर्व भी नगर जनित सुरक्षा समिति द्वारा मनमानी को लेकर अवगत कराया गया था। लेकिन अब तक निजी स्कूल संचालकों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पाया है। जिससे पालको पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। निर्धारित की गई दुकानों पर ही मिलती है शिक्षण सामग्री। लेकिन कई बार उक्त निर्धारित की गई दुकानों पर भी सामग्री नहीं मिल पाती है। इसलिए पालकों को मानसिक प्रताड़ना का शिकार होना पड़ता है। छात्र-छात्राओं, अभिभावकों को कॉपी,किताब, यूनिफॉर्म शूज आदि लेने के लिए निर्धारित की गई दुकान से ही सामग्री लेने के लिए बाध्य किया जाता है और कहा जाता है कि उक्त दुकान पर ही सामग्री मिलेगी। क्योंकि इन दुकानों पर इन शैक्षणिक संस्थाओं का कमीशन होता है। जिसके चलते दुकानदार अभिभावकों से मनमाने भाव में सामग्री देते हैं। जिसके कारण पालकों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। एवं जिन दुकानों पर शैक्षणिक सामग्री एवं ड्रेस आदि मिलती वहां से कई बार अभिभावकों को सामग्री नहीं मिलने पर वापस लौटना पड़ता है। क्योंकि उक्त सामग्री मात्र एक ही दुकान पर मिलती है। इस कारण बार-बार दुकान का चक्कर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

नगर जनहित सुरक्षा समिति के अनिल सिंह बैस,  सुनील सिंह ठाकुर, विनोद सिंह गौड़, विजय सिंह तवर, सुभाष वर्मा, अनूप दुबे, तकी उद्दीन काजी, सुरेश रायकवार मुबारिक भाई, उमेश राय ने कलेक्टर ऋषव गुप्ता से ऐसी समस्त निजी शिक्षण संस्थाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। यह जानकारी अनिल सिंह बैस ने दी।