Dewas : खाद वितरण में अनियमितता पर संस्था प्रबंधक निलंबित

देवास: उपायुक्‍त सहकारिता ने बताया कि जिले के समस्त किसानों को यूरिया खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्‍ता के मार्गदर्शन में खाद वितरण व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए सहकारी संस्थाओं एवं निजी विक्रेताओं की निरंतर जांच एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इसी के अनुक्रम में सेवा सहकारी संस्था मर्यादित जियागांव का निरीक्षण नायब तहसीलदार खातेगांव श्री सुनील पडीयार द्वारा किया गया

जिसमें संस्था को प्राप्त यूरिया का भंडारण संस्था गोदाम में न किया जाकर अन्यत्र निजी भवन में किये जाने एवं यूरिया वितरण में गंभीर अनियमितता पाये जाने पर प्रभारी संस्था प्रबंधक जियागांव हरिओम पंवार को उपायुक्त सहकारिता के निर्देश पर संस्था प्रशासक श्री अरूण पेंढारे उप अंकेक्षक द्वारा तत्काल निलंबित किया गया। उपायुक्त सहकारिता ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है, जांच में जो भी कर्मचारी दोषी पाया जायेगा उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी

Dewas शादी का झांसा देकर नाबालिक के साथ किया दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज

देवास। शहर के सिविल लाइन थाने पर नाबालिक के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले में आरोपी ने नाबालिक पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी नाबालिक के साथ लगभग चार वर्षो से गलत काम करते आ रहा था। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी पर पोस्को एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

दरअसल प्राप्त जानकारी अनुसार आरोपी संतोष सूर्यवंशी उम्र 23 वर्ष निवासी मुखर्जी नगर, विजय नगर में कराटे क्लास संचालित करता है। पीड़ित नाबालिक उसके यह कराटे सीखने जाती थी जहा आरोपी ने नाबालिक को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देकर वर्ष 2018 से गलत काम (बलात्कार) कर रहा था। नाबालिक ने जब उसे शादी का कहा तो उसने मना कर दिया जिसपर पीड़ित नाबालिक ने बुधवार को सिविल लाइन थाने पर शिकायत दर्ज कराई जिसपर पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट व अन्य के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की विवेचना सिविल लाइन थाने पर पदस्थ उप निरक्षक ज्योति पाटीदार कर रही है।

Dewas : निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित 02 चिकित्सक एवं 05 कर्मचारियों को दिया कारण बताओ नोटिस

देवास। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में स्‍वास्‍थ्‍य विभाग द्वारा जिले में स्वास्थ्य संस्थाओं के माध्यम से आमजन को शासन की समस्त जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण भी किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एमपी शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरोठा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर चिकित्सक डॉ. प्रीति पाटीदार, डॉ आशीष गुप्ता, कर्मचारी प्रॉची रेकवाल, जी.एस.राठौर, मोहनलाल, निर्मला, रानी अनुपस्थित पाये गये। इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान एमपीडब्ल्यू विष्णु चौधरी को मुल पदस्थापना मेरखेडी में कार्य करने व स्थापना का चार्ज बीपीएम को देने के निर्देश दिये। अस्पताल में साफ-सफाई, दवाईयो की उपलब्धता उपकरणों की क्रियाशीलता के इंचार्ज नर्सिंग स्टॉफ व स्टोर प्रभारी को निर्देश दिये। अस्पताल में आने वाले मरीजो की जॉच व उपचार की व्यवस्था के लिए किसी जॉच उपकरण कि आवश्यकता हो तो जिला स्टोर से प्राप्त करने एवं लैब में शासन द्वारा निर्धारित समस्त जॉच करने के निर्देश दिये। उपस्वास्थ्य केन्द्र सन्नौड प्रसव केन्द्र को क्रियाशील करने और शीघ्र प्रसव सुविधा चालु करने के निर्देश दिये। हितग्राही मूलक योजनाओं का समय-सीमा मे भुगतान करने के निर्देश लेखापाल को दिये। सीएमएचओ डॉ.एम.पी.शर्मा ने बीएमओं धर्मेन्द्र चौधरी को निर्देश दिये कि सुपरवाईजर और विकासखण्ड स्तर के अधिकारी क्षेत्र में मॉनिटरिंग पर जाने से पूर्व उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करें, तत्पश्चात फील्ड में जाये। अस्पताल में नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग करें। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अस्पताल में आने वाले समस्त मरीजों को उपलब्ध कराएं।

Dewas : पं. आशीष व्यास बने शास. विज्ञान महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष

देवास। स्व. तुकोजीराव पवार शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, देवास में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष के पद पर मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता पं. आशीष व्यास को मनोनीत किया गया। उनके मनोनयन पर देवास विधायक गायत्रीराजे पवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल, योगेश रघुवंशी, दुर्गेश अग्रवाल, दिलीप सिंह जाधव, मदनलाल कहार, सभापति रवि जैन, मनीष सेन, सत्यनारायण वर्मा, आनन्द सिंह ठाकुर ने श्री व्यास को बधाई देकर महाविद्यालय के विकास में सहयोग करने का आश्वासन दिया। उक्त जानकारी मण्डल अध्यक्ष सचिन जोशी ने दी।

Madhya Pradsh प्रदेश में सरपंचों का मानदेय बढ़कर हुआ 4250 रुपए प्रतिमाह

• मानदेय 1750 से बढ़कर 4250 कर रहा हु ताकि चाय पानी का खर्चा तो ढंग से निकल जाए : सीएम शिवराज सिंह

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान से सीएम ने सरपंचों के मानदेय को लेकर बड़ी घोषणा की है। सीएम शिवराज सिंह ने सरपंचों का मानदेय 1750 से बढ़ाकर 4250 रुपए कर दिया है।

दरअसल, बुधवार को भोपाल में पंचायत प्रतिनिधियों का महासम्मेलन बुलाया गया था, जिसमें प्रदेश भर की 23 हजार पंचायतों के सरपंच एकत्रित हुए हैं। इस मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान संबोधन दे रहे थे। इस मौके पर पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर सहित कई बड़े नेता मौजूद हैं। इस अवसर पर सीएम ने सरपंचों को उनके अधिकारों के बारे में जानने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता आपको चुनकर लाई है तो उनकी शिकायतों पर भी ध्यान देना है। पंचायत चलाने में जनता का सहयोग जनता का चुनाव जरूरी है। जनता से जुड़ाव के लिए ग्राम सभाओं की बैठक भी होती रहना चाहिए।• अभी ₹1750 है मानदेयमुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में जंबूरी मैदान, भोपाल में आयोजित नव-निर्वाचित सरपंचों का राज्य स्तरीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण-सह-सम्मेलन कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि सरपंचों का मानदेय अभी केवल 1750 रुपए है। इसे बढ़ाकर मैं 4250 रुपए कर रहा हूं। वहीं ग्राम सभा में प्रशासकीय स्वीकृति के अधिकार 15 लाख रुपए तक के हैं, उन्हें बढ़ाकर 25 लाख रुपए कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग की 1472 हजार करोड़ रुपए की राशि हमने जारी कर दी है। ये जल्दी ही आपके खातों में पहुंचेगी। सीएम ने कहा कि तेंदूपत्ता अगर ग्रामसभा तोड़ना चाहती है तो 15 दिसम्बर तक ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर जरूर भेजे दें। ग्राम स्वराज की कल्पना मैं आप सभी के सामने जल्दी लेकर आ रहा हूं। कपिलधारा के कुएं तत्काल प्रभाव से बनाए जाएंगे। सुदूर सड़क संपर्क योजना में गांव की सड़कों को प्राथमिकता दी जाएगी, यह योजना हम फिर से प्रारंभ कर रहे हैं। एसओआर की दरें तत्काल प्रभाव से बदल दी जाएं, ताकि जो असली खर्चा है वह हो जाए। एक ही विभाग में एक रेट अलग और दूसरे के अलग, ये नहीं होना चाहिए।

Dewas करणी सेना की स्वाभिमान यात्रा पहुँची देवास, 8 जनवरी को भोपाल में होगा आंदोलन

देवास। आर्थिक आधार पर आरक्षण, एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने एवं खाद-बीज के मूल्य पर नियंत्रण जैसी करीब 21 सूत्रीय मांगो के समर्थन में चल रही करणी सेना की स्वाभिमान यात्रा बुधवार को देवास पहुंची। जिसका नगर में जोरदार तरीके से क्षत्रिय राजपूत समाज के साथ अन्य सामाजिक संगठन एवं सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत किया।

https://dewasexpress.com/wp-content/uploads/2022/12/VID-20221207-WA0017.mp4

भोपाल चौराहा से यात्रा ने बाइक रैली के रूप में नगर प्रवेश किया। इस यात्रा का नेतृत्व ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर कर रहे है । इस दौरान जगह-जगह विभिन्न समाज, राजनीतिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने मंच लगाकर यात्रा का पुष्पों से स्वागत किया।

https://dewasexpress.com/wp-content/uploads/2022/12/VID-20221207-WA0015.mp4

यात्रा शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए मेढ़की स्थित वृंदावन गार्डन पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में आसपास के क्षेत्रों के क्षत्रिय राजपूत समाजजन मौजूद रहे। 21 सूत्रीय मांगों को लेकर कल 8 जनवरी 2023 को भोपाल के जंबूरी मैदान में जन आंदोलन होगा। जीवन सिंह शेरपुर ने सभी समाजजनों से इस आन्दोलन में अपना सहयोग देने एवं 8 जनवरी को भोपाल चलने का आग्रह भी किया।

https://dewasexpress.com/wp-content/uploads/2022/12/VID-20221207-WA0016.mp4
  • • यह है 21 सूत्रीय मांग
  • 1.आरक्षण का आधार आर्थिक किया जाए, ताकि समाज के हर वर्ग के गरीबों को आरक्षण का लाभ मिल सके। एक बार आरक्षण मिलने पर दोबारा आरक्षण का लाभ नहीं दिया जाए।
  • 2. SC, ST एक्ट में बिना जांच के गिरफ्तारी पर रोक लगे।
  • 3. EWS आरक्षण में भूमि व मकान की बाध्यता समाप्त कर 8 लाख की वार्षिक आय को ही आधार मानकर आरक्षण का लाभ दिया जाए।।
  • 4. EWS आरक्षण में सभी भर्तियों में उम्र सीमा व अंकों में छूट दी जाए व 2018 की शिक्षक पात्रता परीक्षा की नियुक्तियों में इसे लागू किया जाए व म.प्र. में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को तुरन्त भरा जाए।
  • 5. EWS के रिक्त पदों को इसी वर्ग से भरा जाए।
  • 6. केन्द्र और राज्य की आने वाले सभी भर्तियों में सभी वर्गों को 2 वर्ष की अतिरिक्त छूट दे कर कोरोना काल की भरपाई की जाए।
  • 7. सवर्ण आयोग की कार्यप्रणाली में सुधारकर उसे क्रियाशील बनाया जाए।
  • 8. राज्य कर्मचारी आयोग की सिफारिश जिसमें कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु 65 वर्ष करने को कहा गया है, किसी भी परिस्थिति में अब कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु नहीं बढ़ाई जाए।
  • 9. क्षत्रिय महापुरुषों के इतिहास में छेड़छाड़ को तुरन्त रोका जाए, इतिहास संरक्षण समिति बने ताकि समाज में आपसी तालमेल बना रहे।
  • 10. गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाए व सरकार गौशालाओं के स्तर में सुधार करें, गोबर व गौमूत्र को सरकारी स्तर पर खरीदने की व्यवस्था करें ताकि गौ-पालन से रोजगार के अवसर भी बढ़े।
  • 11. पद्मावत फिल्म के विरोध में दर्ज प्रकरण वापस लिए जाए।
  • 12. कर्मचारियों की पेंशन पुनः चालू की जाए।
  • 13. SC, ST एक्ट की तर्ज पर सामान्य पिछड़ा एक्ट बने जो सामान्य पिछड़ा वर्ग के हितों की रक्षा करे व कानूनी सहायता प्रदान करे।
  • 14. मप्र. की भर्तियों में यहां के युवाओं को प्राथमिकता दी जाए, अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों का कोटा सीमित हो।
  • 15. कर्मचारियों को दी जा रही पदोन्नति के साथ उन्हें उसके साथ अधिकार व सुविधा भी दी जाए।
  • 16. रोजड़ा (घोड़ा रोज) से प्रदेश के कई क्षेत्रों के किसान परेशान है इसमें निजात दिलाने के लिए उचित कार्य योजना बनाई जाए।
  • 17. किसानों के हित में स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों का लागू किया जाए ताकि किसानों को उपज का सही मूल्य मिल सके व रासायनिक खादों की बढ़ती कीमत पर अंकुश लगाया जाए।
  • 18. सरकार प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करे रोजगार की व्यवस्था नहीं होने तक बेरोजगार भत्ता प्रदान करे।
  • 19. खाद्यान्न (रोजमर्रा की चीजें ) को GST से मुक्त किया जाए तथा बढ़ती महंगाई पर लगाम लगाई जाए।
  • 20. अतिथि शिक्षकों, रोजगार सहायकों व कोरोना काल में सेवा देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को नियमित नियुक्ति प्रदान की जाए।
  • 21. सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली में सुधार कर शिक्षा का स्तर प्राइवेट स्कूलों की भाँति किया जाए ताकि छात्र प्राइवेट स्कूलों की तरफ ना भागे व प्राइवेट स्कूलों की फीस पर नियंत्रण रखने हेतु एक कमेटी बनाई जाए।

Dewas माता टेकड़ी पर हुआ भव्य एवं ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन

• देवास सहित अन्य शहरों के श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान में लिया भाग, भक्तों का दिनभर लगा रहा तांता

देवास। मां तुलजा भवानी, मां चामुंडा देवी की पावन टेकड़ी पर मंगलवार को पहली बार भव्य ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रात: 7 बजे दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ प्रारंभ हुए आयोजन की पूर्णाहुति शाम 2.30 बजे हुई। दुर्गा सप्तशती पाठ का वाचन जयंत शास्त्री जी के नेतृत्व में 51 विद्वान वेदपाठी पंडितों द्वारा किया गया। जिसके पश्चात यज्ञ अनुष्ठान सम्पन्न हुआ। समस्त जोड़ों के द्वारा पूजन कराया गया। तत्पश्चात यज्ञ कुण्ड में बैठे समस्त 51 जोड़ों को महालक्ष्मी के मंत्रों से माँ दुर्गा की प्रतिमा अभिमंत्रित कर माँ लक्ष्मी के रूप में दी।

माँ दुर्गा सप्तशती पाठ व हवन के बाद आयोजक देवास टेकरी तीर्थ क्षेत्र समिति एवं संयोजक सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने छोटी-छोटी कन्याओं का पूजन कर प्रसादी कार्यक्रम प्रारंभ कराया। जिसमें करीबन शहरभर की 1500 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया। जिसके बाद प्रसादी वितरण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। जिसमें हजारों की संख्या में भक्तजनों ने भी प्रसादी ग्रहण की।

कार्यक्रम के दौरान अनुष्ठान पश्चात आयोजन समिति द्वारा शस्त्र पूजन किया गया। इस विराट आध्यात्मिक आयोजन में शहर सहित अन्य शहरों से भक्तजन देखने के लिए माता टेकड़ी पर उमड़े। माता टेकड़ी पर दिनभर भक्तों का तांता दर्शन एवं अनुष्ठान के लिए लगा रहा। सांसद श्री सोलंकी ने बताया कि उक्त आयेाजन का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा संख्या में युवाओं को सनातन धर्म से जोडक़र आध्यात्मिक राष्ट्रवाद को मजबूती प्रदान करना है।

Dewas : लापता किशोर खेत के समीप मिला

देवास/बरोठा : ज़िले के ग्राम बांगरदा से करीब दो दिन पहले लापता हुए किशोर का शव संदिग्ध हालत में मंगलवार शाम को मिला। उसके दोनों हाथ कोहनी से कटे हुए हैं, शरीर पर चोट के निशान भी नजर आ रहे हैं, प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका प्रतीत हो रही है, हालांकि पीएम रिपोर्ट से पुष्टि की बात अधिकारियों ने कही है।

मामले की जानकारी मिलने पर बरोठा पुलिस सहित जिले से कई आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरिओम पिता मोहनलाल कलौता (15) का शव गांव के पास खेत के समीप पड़ा हुआ मिला है। हरिओम दो दिन पहले अचानक लापता हो गया था, परिजन उसकी तलाश में भी लगे थे लेकिन पता नहीं लग पाया था। शव पड़ा मिलने की सूचना के बाद बरोठा पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह, एएसपी मंजीतसिंह चावला, डीएसपी किरण शर्मा भी ग्राम बांगरदा मैं मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया, परिजनों से पूछताछ की गई। देर शाम तक मामले में जांच चल रही थी। गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, परिवार की रंजिश आदि के बारे में पता लगाया जा रहा है। बरोठा थाना टीआई शैलेंद्रसिंह मुकाती ने अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा । पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट होने की उम्मीद है ।

Dewas : ड्राइवर ने ही चोरी किया सोयाबीन से भरा ट्रक…

देवास। अनाज मंडी से आज दोपहर चोरी हुए सोयाबीन से भरे ट्रक को पुलिस सूचना प्राप्त होने के एक घंटे के अंदर खोज निकाल आरोपी चोर को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक को चोरी करने वाला चोर ट्रक का ड्राइवर ही निकला।

दरअसल आज दिनांक मंगलवार को दोपहर लगभग 3 बजे संदीप महाजन पिता नारायण महाजन निवासी चन्द्र शेखर आजाद मार्ग देवास ने बीएनपी पुलिस को सूचना कि दोपहर करीब 12.30 बजे ट्रक क्रमांक MP09HF0545 अनाज मण्डी से 264 बोरे सोयाबीन भरकर आईडिया इंटरनेशनल्स सॉल्वेंट प्लाट (लक्ष्मी एग्रो) में लेकर गया था जो ट्रक प्लांट से अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गया है । सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस अधीक्षक देवास ने घटना को गंभीरता पूर्वक लेते हुए तत्काल ट्रक की बरामदगी व आरोपी की तलाश हेतु थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस, देवास व शहर के समस्त थानों व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता पूर्वक नाकाबंदी करने हेतु आदेशित किया तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से सीमावर्ती मक्सी व उज्जैन जिले में भी सूचना प्रसारित की गई । सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस, देवास मुकेश इजारदार व टीम ने मक्सी रोड पर कलमा फाटे के पास त्वरित नाके बंदी कर आरोपी लखन पिता दयाराम मालवीय उम्र 52 साल निवासी डेरिया साहु थाना हाटपपिल्या हाल मुकाम संत रविदास नगर देवास से उक्त चोरी गये ट्रक मय सोयाबीन 264 बोरे के कुल मश्रुका लगभग तीस लाख रूपये का जप्त किया।

Dewas : वार्ड 40 के मुख्य मार्ग पर पेवर्स ब्लॉक लगने के कार्य का शुभारंभ

देवास। वार्ड क्रमांक 40 में मीरा बावड़ी से लेकर केदारेश्वर मंदिर तक सडक़ मार्ग के दोनो और पेवर्स ब्लॉक लगाने का कार्य मंगलवार से प्रारंभ किया गया। स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष एवं पार्षद धर्मेन्द्र सिंह बैस ने बताया कि करीब 8 से 10 लाख की लागत से मुख्य मार्ग पर पेवर्स ब्लॉक लगायें जायेंगे। मार्ग को दोनो ओर से जेसीबी द्वारा चौड़ीकरण किया गया। पेवर्स ब्लॉक कार्य का शुभारंभ वार्ड के वरिष्ठ खेड़ापति मंदिर पुजारी लीलाधर उपाध्याय, पूर्व पार्षद जगदीश चौधरी, बालकिशन जलोदिया, रामदास पटेल, चंद्रकांत दुबे, अटल चौधरी, राजीव दुबे, जगदीश प्रजापत, बब्ली निगम, रामनरेश वर्मा, रामदेव चौधरी, मोहित पटेल, धर्मेन्द्र शर्मा, महेन्द्र मामा, प्रकाश चावड़ा सहित वार्ड के वरिष्ठजनों एवं रहवासियों के द्वारा विधि-विधान पूर्वक किया गया। पेवर्स ब्लॉक लगने से वार्ड का मुख्य मार्ग सुंदर एवं सुज्जित लगेगा। वार्डवासियों ने क्षेत्रीय विधायक राजमाता गायत्रीराजे पवार, महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल, क्षेत्रीय पार्षद धर्मेन्द्र सिंह बैस का आभार माना। उक्त जानकारी जगदीश चौधरी ने दी।