Dewas प्रतिबंधित कार्बाइड रसायन से फल, फ्रुट को नही पकाने के कलेक्टर ने दिये निर्देश, आयुक्त के निर्देशन मे हुई कार्यवाही…

देवास। शिवरात्रि के महापर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता के आदेशानुसार तथा आयुक्त रजनीश कसेरा के निर्देशन मे खाद्य एवं औषधि प्रशासन व नगर निगम प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा आम नागरिकों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए शहर में स्थित ऐसे फल फ्रूट के गोदामों की जांच की गई जो की प्रतिबंधित कार्बाइड रसायन से फल फ्रूट को पकाते हैं और शहर में सप्लाई करते हैं जो कि जनमानस के स्वास्थ्य की दृष्टि से खतरनाक एवं हानिकारक है। जिसके अन्तर्गत शहर के तीन बड़े गोदामों का निरीक्षण किया गया तथा गोदाम फल, फ्रुट पकाये जाने वाले रसायन का सेंपल लिया गया एवं पंचनामा तैयार किया गया। गोदाम संचालको को समझाईश दी गई कि वे प्रतिबंधित कार्बाइड रसायन से फल, फ्रुट को न पकाते हुए प्राकृतिक तथा वैज्ञानिक रूप से नियत अनुसार ही फल,फ्रुट को पकाते हुए विक्रय करें।

इसी प्रकार सुतार बाखल स्थित जैन मंदिर के पदाधिकारियों की शिकायत पर विष्णु नॉनवेज रेस्टोरेंट का संचालन करने वाले जनक पिता गंगाराम सोनी द्वारा किया जा रहा था। रेस्टोरेंट को सील किया गया। उक्त रेस्टोरेंट बिना लायसेंस के संचालित की जा रही थी। रेस्टोरेंट पर नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 256,267 (2) का उल्लंघन करने पर 434 एवं 440 के अन्तर्गत कार्यवाही की गई। कार्यवाही मे खाद सुरक्षा अधिकारी सुरेन्द्र ठाकुर, निगम स्वास्थ्य एवं खाद निरीक्षक हरेन्द्रसिह ठाकुर व उनकी टीम साथ रही।

Dewas ट्राफिक डायवर्ट : कुबरेश्वर धाम में शिवमहापुराण की कथा के चलते 7 से 13 मार्च तक भोपाल मार्ग का डायवर्सन…

देवास। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर सीहोर जिले के कुबरेश्वर धाम में प्रसिद्ध कथा वाचक श्री प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा दिनांक 07 से 13 मार्च (एक सप्ताह) तक आयोजित होगी। इसके लिए देवास जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कथा के दौरान देवास जिले से गुजरकर भोपाल जाने वाले भारी माल वाहकों के लिए ट्रॉफिक डायवर्ट किया जाएगा।
देवास जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर-भोपाल हाईवे अंतर्गत देवास बायपास से भारी माल वाहनों के मार्ग का डायवर्सन किया जाएगा। ये वाहन देवास बायपास से मक्सी, शाजापुर, शुजालपुर होते हुए भोपाल जाएंगे। उन्होंने सभी भारी माल वाहनों के चालकों से इन मार्गों का उपयोग का आग्रह किया है। जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम के माध्यम से दो फायर बिग्रेड सीहोर में उपलब्ध कराई जा रही है। भौंरासा टोल नाके पर दो क्रेन भी उपलब्ध रहेगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से तीन एंबुलेंस भोपाल चौराहा देवास, भौंरासा टोल नाके एवं दौलतपुर सोनकच्छ पर उपलब्ध रहेगी, जिसमें डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टॉफ भी मौजूद रहेगा। यह सुविधा 24X7 उपलब्ध रहेगी।

Dewas शिवरात्रि के महा पर्व पर पशु वध व मांस विक्रय पर पूर्णत-प्रतिबंध

देवास। शासन निर्देशानुसार आगामी 8 मार्च शुक्रवार को महाशिवरात्री का पावन पर्व होने के कारण शहर के पशुवध गृह बंद रखने के साथ ही चिकन मटन, मांस, मछली, अण्डे का व्यवसाय पूर्णत प्रतिबंधित रहेगा।

इस संबंध मे उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया ने शहर मे पशुवध गृह के बंद रखने के साथ ही  चिकन, मटन, मछली, अण्डे के व्यवसायियों को निर्देश दिये है कि वे आगामी 8 मार्च को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अपना व्यवसाय एक दिवस पूर्णत बंद रखें। 8 मार्च को पशुवध गृह बंद नही रखने, तथा चिकन, मटन, मछली, अण्डे का व्यवसाय करते हुए पाये जाने तथा आदेश की अव्हेलना करने पर नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 154 उपधारा (1) मे उल्लेखित नियमों अनुसार  व्यवसायियों   पर कार्यवाही की जावेगी। महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल ने धार्मिक आस्था को दृष्गित रखते हुए तथा शासन निर्देशों का पालन करने की अपील समस्त मांस, चिकन, मटन, मछली, अण्डा  व्यवसायियों    से की है।

Dewas इतिहास रच रही माता टेकरी पर देववसिनी की महाआरती

• शनिवार, रविवार को उमड़ रही भक्तों की भीड़,, अन्य दिनों में भी बड़ी संख्या

देवास। उल्लेखनीय, ऐतिहासिक, अविस्मरणीय जैसी उपमाओं से अलंकृत संस्था देववासिनी द्वारा प्रत्येक शनिवार, रविवार को माता टेकरी पर होने वाली मां चामुण्डा, तुलजा भवानी की महाआरती इतिहास रच रही है। महाआरती में सम्मलित होने वाले भक्तजनों के मुखारविंद से स्वयं सुनाई दे रहा हैं कि संस्था देववासिनी द्वारा प्रारंभ की गई महाआरती की श्रृंखला को पीढ़ियों अर्थात सदियों तक याद रखा जाएगा।

महाआरती में सामिल होने वाले कई भक्त, मातृशक्ति उपरोक्त यहां तक कहते सुनते दिखाई दे रहे हैं कि शनिवार, रविवार की इस महाआरती को नियमित किया जाना चाहिए । विगत 6 दिसम्बर, शौर्य दिवस से सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी के संरक्षण, श्री अशोक खंडेलिया अध्यक्षता एवं सचिव श्री महेश चौहान द्वारा देववासिनी के कार्यकर्ताओं द्वारा टेकरी पर महाआरती की जो श्रंखला शुरू की गई, तब किसी ने सोचा भी नही था कि वह ऐतिहासिक सिद्ध होगी। दो दिवसीय महाआरतियों में नगर के विविध वार्डो से हजारों की संख्या में भक्त टेकरी पर उमड़ रहे हैं, महाआरती के उपरांत भंडारे की महाप्रसादी ग्रहण कर प्रस्थान कर रहे हैं। वही अन्य दिनों में भी टेकरी पर मां के दर्शनार्थियों की संख्या बड़ गई हैं। नगरवासियों में अपने घर, परिवार में आगंतुक मेहमानों, अथितियों को भी टेकरी पर मां के दर्शनार्थ ले जाने का चलन बड़ा है। महाआरती में कई भक्तजन तो ऐसे भी देखने में आ रहे हैं, जिनको टेकरी पर मां के दर्शन करने गए हुए 10-15 से लेकर 20-20 वर्ष तक हो गए। देववासिनी की महाआरती से नगर में भी धार्मिक, आध्यात्मिक, सनातनी वातावरण निर्मित हो रहा है। विगत शनिवार को वार्ड क्रमांक 2 एवं 38 एवं रविवार को वार्ड क्रमांक 9 एवं 11 के सनातनी भक्तो ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

Dewas समाधान आपके द्वार के अंतर्गत बकाया कर दाता बकाया कर जमा कर ले रहे छूट का लाभ

देवास। समाधान आपके द्वार के अंतर्गत बकाया कर दाता द्वारा अपने बकाया कर जमा कर छूट का लाभ ले रहे हैं l
शासन निर्देश अनुसार समाधान आपके द्वार के द्वारा आज नगर निगम में अयोजित शनिवार को संपत्ति कर जल कर के बकायादारों द्वारा शासन द्वारा समाधान आपके द्वार के अंतर्गत दी जा रही छूट का लाभ करदाता ले रहे हैंl आयुक्त रजनीश कसेरा ने सभी बकाया करदाताओं से अपील की है वह अपना बकाया कर जमा कर समाधान आपके द्वार के शिविर के अंतर्गत दी जा रही छूट का लाभ लें

Dewas ईश्वर नारायण गुप्ता नगर महामंत्री मनोनीत।

देवास। राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रजत छाबड़ा की सहमति से और राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी गौ रक्षा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि सांगते द्वारा ईश्वर नारायण गुप्ता को देवास नगर महामंत्री माननीय किया है। ईश्वर गुप्ता के मनोनयन पर वाहिनी के राष्ट्रीय संरक्षक महंत जयरामदास जी महाराज, पंचगिरी जी महाराज, महामंडलेश्वर रामेश्वर दास जी महाराज, राष्ट्रीय संगठन मंत्री शमशेर जी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरुण जी त्यागी आदि ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Dewas बैंक में पैसे जमा करने आए ग्राहक ने भूल से 50 हजार रूपए ज्यादा बैंक में दिए…

देवास। ग्राम सिंगावदा की बैंक में पैसे जमा करने आए ग्राहक का भूल से 50 हजार रूपए ज्यादा बैंक में देने का मामला सामने आया है। दरअसल मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा सिंगावदा मे ग्राहक जयराम पटेल ग्राम सिंगावदा के खाता धारक है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे खाते मे 5,00,000 रुपये जमा करने अपने पोते अंकित पटेल के साथ आये और बैंक मे पैसे जमा करके चले गए। शाम को केश मिलाने पर हिसाब मे 50,000 ज्यादा आये। जिसकी सूचना तुरंत अधिकारी श्रीमती स्वाति अग्रवाल ने शाखा प्रबंधक रविंद्र मालवीय को दी। जिसके बाद श्री मालवीय ने सीसीटीवी कैमरा चेक कर ग्राहक की पहचान की एवं तुरंत ग्राहक को फोन लगाया। उसके बाद ग्राहक ने कागजी कार्यवाही पूर्ण कर अपने 50 हजार रूपये प्राप्त किए। साथ ही ग्राहक ने बैंक के समस्त स्टाफ एवं कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। गाँव के वरिष्ठ लोगो एवं ग्राहकों ने शाखा के सभी अधिकारियों की प्रशंसा कर कहा कि इस तरह के ईमानदार अधिकारियों कि वजह से ही सरकारी बैंकों मे हमारा पैसा सुरक्षित है।

Dewas जिले में कल धूमधाम से मनाई जाएगी संत रविदास जयंती

देवास। संत शिरोमणि रहीदास दलित कल्याण एवं उत्थान समिति इंदौर (मप्र) के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम बालोदिया के नेतृत्व में आज हर्षोल्लास के साथ जिलेभर में संत रविदास जयंती मनाई जाएगी। श्री बालोदिया ने बताया कि विगत दिनों सम्पन्न हुई संगठन की बैठक में बडे पैमाने पर प्रदेश सहित विभिन्न जिलों में संत रविदास जयंती धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। इसी के अंतर्गत 24 फरवरी शनिवार को विविध आयोजनों के साथ संत रविदास जी की जयंती समाजजनों एवं संगठन पदाधिकारियों द्वारा जिले में संत रविदास जी की जयंती मनाई जाएगी। भवदीय

Dewas आयुक्त ने किया वार्डो मे सफाई कार्यो का औचक निरीक्षण…

• कार्य पर अनुपस्थित दरोगा व सफाईकर्मियों पर की सेवा समाप्त व निलंबन की कार्यवाही

देवास। वार्डो मे प्रातरूकाल सफाई को लेकर तथा कचरा संग्रहण गाडी मे गीला तथा सुखा कचरा अलग अलग डस्टबीनों मे डल रहा है या नही तथा सफाई मित्रो के वार्डो मे उपस्थिती को लेकर आयुक्त रजनीश कसेरा ने गुरूवार को वार्डो मे औचक निरीक्षण किया।

वार्ड क्रमांक 34, 35, 36, 37, 41, 42, 43 के क्षेत्रो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वार्डो मे सफाई कर्मियों की हाजरी चेक की। हाजरी चेक करने पर जो सफाई मित्र अनुपस्थित पाये गये उनके विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये तथा आयुक्त ने वार्डो मे रहवासियो से भी चर्चा की। आयुक्त ने वार्डो मे कचरा संग्रहण वाहन मे गीला तथा सुखा कचरा अलग अलग डल रहा है को भी चेक किया। इसी प्रकार आयुक्त ने मीठा तालाब के किनारे निगम द्वारा किये जा रहे कार्य एवं साफ सफाई को लेकर निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान स्थल पर संबंधित दरोगा प्रफुल्ल गिल्लोरे उपस्थित नही पाये गये इस कारण उनके निलंबन कार्यवाही की जाने तथा उपस्थित सफाई मित्र ने कार्य मे लापरवाही करने पर कार्य से प्रथक किये जाने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार अन्य वार्डो 35,37,41,42,43 मे निरीक्षण के दौरान संतोष पिता दिलीप, जगदीश पिता दयाराम, को कार्य से प्रथक किया गया साथ ही वार्ड 42 मे सफाई मित्र संजय पिता रामचन्द्र के अनुपस्थित पाये जाने पर कार्य से प्रथक किये जाने तथा सफाई मित्र लताबाई पति राजू को निलंबित करने का कार्यवाही की जाने के निर्देश संबंधितो को दिये गये।

आयुक्त ने वार्ड मे स्थित शीलनाथ धुनी संस्थान का निरीक्षण कर धुनी के दर्शनलाभ लिये। इसी के साथ आयुक्त ने औचक निरीक्षण के दौरान पठान कुआ पर स्थित बेकलेन का निरीक्षण किया तथा घरों पर पशुवध कर विक्रय करने वाले मांस विक्रेता पर सख्त हिदायत देते हुए चालानी कार्यवाही करने के निर्देश स्वच्छता निरीक्षक भूषण पवार व हरेन्द्रसिह ठाकुर को दिये। चालानी कार्यवाही के दौरान पठान कुआ एवं कंजर मोहल्ला मे भी मांस विक्रेताओ पर 12 हजार 5 सौ की चालानी कार्यवाही की गई। आयुक्त ने अन्य वार्ड के वार्ड प्रभारियों, वार्ड दरेगाओं व सफाई मित्रो को हिदायत दी है कि वे अपने अपने वार्ड मे साफ सफाई व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस कर साफ सफाई व्यवस्था बनाये रखें।

Dewas कई सालों से अवैध तरीके से संचालित हो रहा नशा मुक्ति केंद्र

• अपर कलेक्टर के पत्र से हुआ खुलासा, नशा छुड़वाने के नाम पर ठगी का कारोबार: शिवसेना

देवास। शहर के भोपाल रोड स्थित ग्राम पंचायत जामगोद में पहचान नशा मुक्ति केंद्र के नाम से नशा छुड़वाने का सेंटर संचालित किया जा रहा है। जिसमें कि एक बिल्डिंग के अंदर 60 से अधिक लोगों को शराब छुड़वाने के लिए रखा गया है। नशा छुड़वाने के नाम पर इन्हें कई दिनों तक भूखा प्यासा रखकर प्रताड़ित किया जाता है। यहां प्रताड़ित हो रहे व्यक्ति की दूर-दूर तक चिल्लाने की आवाज़ें निरंतर आती रहती हैं। दिन रात विभिन्न विभिन्न प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां मरीजों को दी जाती है। यहां तक की वहां भर्ती होने वाले मरीज को परिवार वालों से किसी भी प्रकार से संपर्क नहीं करने दिया जाता और परिवार वालों को भी अपने परिजन से मिलने या फोन पर बात तक नहीं करने दिया जाता है। इस प्रकार की शिकायत कुछ पीड़ित परिवारों के द्वारा शिवसेना के पास शिकायत पत्र भेजकर कि गई। जिस पर युवा शिवसेना प्रदेश अध्यक्ष अनुराग सोनार ने जिला इकाई को निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

शिवसेना ग्रामीण जिला अध्यक्ष ठाकुर श्रवण सिंह बैस ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष निरीक्षण करने पहुंचे और संबंधित संचालकों से दस्तावेज संबंधित जानकारी ली गई। जिसमें पाया गया कि पहचान नशा मुक्ति केंद्र जो यहां संचालित किया जा रहा है उसके पास स्थानीय शासकीय कोई अनुमति प्राप्त नहीं है। अनुमति के नाम पर मात्र एक पत्र जो की मानसी शिक्षा समिति राजगढ़ का दिखाया गया इसके अतिरिक्त इनके पास किसी भी प्रकार की कोई वैधानिक अनुमतियां नहीं मिली। यहां यह भी पाया गया कि यहां मरीज को अंग्रेजी दवाइयां दी जा रही है और बिल्कुल एक अस्पताल की तरह सभी का इलाज किया जा रहा है। जिसके लिए जिला स्वास्थ्य अधिकारी से भी विधिवत अनुमति ले जाना अनिवार्य होती है यह भी उनके पास नहीं थी। जिससे स्थिति स्पष्ट हुई की बिना अनुमतियों को लिऐ देवास में अवैध नशा मुक्ति केंद्र संचालित किया जा रहा है।
शिवसेना नेता रोहित शर्मा बताया कि पहचान नशा मुक्ति केंद्र पर शराब छुड़ाने पर होने वाली व्यवस्था नजर नहीं आई एक तरह से हॉस्पिटल की व्यवस्थाएं वहां पर होना चाहिए थी, लेकिन वहां की व्यवस्था देखते हुए ऐसा लगता है शराब छुड़ाने के नाम पर मरीज को हाथ पैर बांधकर पटक दिया जाता है, प्रताडि़त किया जाता है और इलाज के नाम पर परिजनों से लाखों रुपए ऐंठे जा रहें है। इस विषय पर जब संबंधित विभाग सहित अन्य विभागों से जानकारी लेना चाहिए तो अपर कलेक्टर कार्यालय से लिखे गए एक पत्र की जानकारी मिली जिसमें 25 जनवरी 2024 को यह उल्लेख किया गया है कि पहचान नशा मुक्ति केंद्र के पास कोई वैधानिक अनुमति नहीं है। इस गंभीर विषय को लेकर शिवसेना जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा ने कलेक्टर ऋषभ गुप्ता से मुलाकात की और पहचान नशा मुक्ति केंद्र पर कार्रवाई के संबंध में शिकायत आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने संबंधित विभाग को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए दिये। शिवसेना नेता विष्णु चौहान ने जनता से अपील कि है इस नशा मुक्ति केंद्र से पीडि़तों को जो परेशानी हो रही है लिखित में कलेक्टर कार्यालय या शिवसेना कार्यालय पर संपर्क कर करे। जिससे आपकी मदद की जा सके। उक्त जानकारी शिवसेना ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष लखन टिपानिया ने दी।