Dewas पुलिस परेड ग्राउंड में उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री देवड़ा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ली सलामी

देवास। जिले में 76वें गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया।

जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउण्ड पर आयोजित मुख्य समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने झण्डा वंदन कर सलामी ली। उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने सुसज्जित वाहन पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। परेड निरीक्षण वाहन में कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक पुनित गेहलोद भी उपस्थित थे।

परेड निरीक्षण उपरांत उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इसके बाद सशस्त्र बलों द्वारा तीन बार हर्ष फायर किए गए। हर्ष फायर उपरांत परेड कमांडर रणजीत ठाकुर के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। उन्होंने परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया। मार्च पास्ट के उपरांत रंग-बिरंगे गुब्बारे को खुले आसमान में छोड़े। उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री देवड़ा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र के प्रहरी एवं शहीदों के परिवारजनों का सम्मान भी किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में किंग जॉर्ज स्कूल देवास ने जीता प्रथम पुरस्कार

सांस्कृतिक कार्यक्रम में किंग जॉर्ज स्कूपल देवास को प्रथम, सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल को द्वितीय तथा सेंटथॉम स्कूमल को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। अमलतास स्पेशल स्कूल को प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त हुआ।
श्रव्य बाधित विद्यार्थियों की मनमोकह प्रस्तुति देखकर भावुक हुए प्रभारी मंत्री देवड़ा
कार्यक्रम में अमलतास स्कूल के श्रव्य बाधित विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति देकर भावुक होकर उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने बच्चों से मिलने के लिए ग्राउंड पहुंचे तथा उनकी हौंसला अफजाई की। प्रभारी मंत्री देवड़ा ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों को 11-11 हजार रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके साथ ही पुलिस बैंड को भी 11 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
परेड में सीआईएसफ बीएनपी देवास को मिला प्रथम पुरस्कार
परेड में सीआईएसफ बीएनपी देवास को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरूष को द्वितीय, जिला विशेष सत्र बल देवास को तृतीय पुरस्कार मिला। शस्त्र रहित परेड में एनसीसी केपी कॉलेज को प्रथम, उत्कृष्ट विद्यालय को दूसरा स्थान, महारानी चिमनाबाई स्कूील को तृतीय स्थान मिला।
झांकियों में शिक्षा विभाग को मिला प्रथम स्थान
मुख्य समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा झांकियां बनाई गई। झांकियों में शिक्षा विभाग की झांकी को प्रथम, जिला पंचायत देवास की झांकी को द्वितीय, उद्यानिकी विभाग को झांकी तृतीय पुरस्कार मिला।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
मुख्य समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।
गणतंत्र दिवस पर जिले में विकासखण्ड, तहसील, नगर परिषद तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसमें जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।

Dewas बस की टक्कर से 17 भेड़ों की मौत, बस चालक पर हुई एफआईआर…

देवास। उज्जैन रोड स्थित सिंगावदा में हाई सेकेंडरी स्कूल के पास शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे एक बस की टक्कर से करीब 17-18 भेड़ों की मौत हो गई जिसमें पुलिस ने भेड़ मालिक की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दरअसल जानकारी अनुसार सिद्धि विनायक बस (MP10P1226) अपना नियमित फेरा लगा रही थी तभी बीच रोड पर भेड़ मालिक तकरीबन 300 भेड़ लेकर रोड पर चल रहा था। जो कि अपनी भेड़ों को रोड पार कर रहा था। रोड के एक तरफ भेड़ मालिकों का डेरा था तो दूसरी तरफ भेड़ चर रही थी। भेड़ मालिक भेड़ों को वापिस अपने डेरे पर लाने के लिए भेड़ों को रोड पार करा रहा था। बस ने रोड पार कर रही भेड़ों को टक्कर मार दी जिसमें तकरीबन 17 से 18 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर आस पास के ग्रामीण और भेड़ मालिक ने बस के कांच फोड़ बस में तोड़ फोड़ करी। हंगामे से डरकर बस चालक और कंडक्टर मौके से भाग गए। बीएनपी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर भीड़ को शांत कराया। भेड़ मालिक दलाराम पिता विझाराम रेवाड़ी जाती मारवाड़ी उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम बाडिया जिला पाली राजस्थान की शिकायत पर बीएनपी थाना पुलिस ने बस चालक पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 325 के तहत प्रकरण दर्ज दिया है।

Dewas रेल्वे स्टेशन जाने के लिए उज्जैन रोड औद्योगिक क्षेत्र की ओर प्रवेश द्वार बनाए जाने की मांग…

• पश्चिमी रेलवे चर्च गेट मुंबई रेलवे महाप्रबंधक को सौंपा मांग पत्र

देवास। रेलवे स्टेशन जाने हेतु उज्जैन रोड औद्योगिक क्षेत्र की ओर (सेकंड इंट्री) प्रवेश द्वार बनाए जाने की मांग को लेकर पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि नगर निगम राहुल पंवार ने पश्चिमी रेलवे चर्च गेट मुंबई रेलवे महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर मांग की है। पत्र में पवार ने बताया कि देवास शहर का आधा हिस्सा रेलवे के इस पार आता है, जिसमें लगभग दस वार्ड आते है। साथ ही इस ओर ग्रामीण का बड़ा हिस्सा भी आता है। जहाँ लाखो की संख्या में आमजन निवास करते है। जिन्हे रेलवे स्टेशन जाने में ब्रिज होकर लगभग तीन से चार किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है। जहाँ लोगों को रोड जाम होने के साथ अन्य समस्याओं का सामना करना पडता है। बड़ी संख्या में डेली अपडाउनर्स सफऱ करते है, उन्हें प्रतिदिन असुविधा होती है। वर्ष 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ लगने वाला है। आवागमन में यात्री परेशान ना हो। उपरोक्त सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उज्जैन रोड इंडस्ट्री एरिया की तरफ़ से सेकंड इंट्री स्टेशन का दूसरा रास्ता बनाया जाए, जिससे यात्रियों को सुविधा हो सके।

इस अवसर पर रितेश विजयवर्गीय, दुष्यंत पांचाल, मुकेश झारेवाले, लोकेश गोस्वामी, प्रथमेश ताम्बेकर, बंटी बना ठाकुर अन्य उपस्थित थे।

Dewas पुलिस ने रोका पेरी कंपनी अन्तर्गत चोरी करने वाले 6 आरोपियो को किया गिरफ्तार

• कंपनी का गार्ड करवाता था कंपनी के भंगार चोरी

देवास। रोका पेरी कंपनी में गार्ड कंपनी का भंगार सामान चोरी कराता था जिसपर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए चोरी कर रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।दरअसल पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रोका पेरी कंपनी की दीवार के बाहरी किनारे पर नाले के पास कुछ व्यक्ति लोहे का सामान एक लोडिंग रिक्शा में भर रहे हैं । सूचना पर से तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 6 व्यक्तियों को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि 20-21 जनवरी 2025 की रात में रोका पेरी कंपनी के गार्ड बुरखीलाल के साथ मिलकर कंपनी की दीवार से लोहे और बीड़ का सामान बाहर फेंका था, जिसे बाद में लोडिंग रिक्शा में भरकर ले जाया जा रहा था। उक्त आरोपियों के विरूद्ध थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम ने कुल 13 नग लोहे के पाइप, एंगल, फ्रेम, मोटरनुमा वस्तुएं, नट-बोल्ट एवं अन्य सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 10,000/- रुपये है। साथ ही एक चोरी सामान को ले जाने में प्रयुक्त लोडिंग रिक्शा वाहन क्रमांक MP09LR9796 का जप्त कर विवेचना में लिया गया।

Dewas : प्रेस क्लब ने मनाई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती

• नेताजी का साहसी नेतृत्व भारतीयों को सदैव प्रेरित करता रहेगा

देवास। देश के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 127वीं जयंती प्रेस क्लब द्वारा मनाई गई। संयुक्त सचिव अशोक पटेल ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बोस की जयंती पर जवाहर नगर स्थित सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष ललित शर्मा ने बताया कि 23 जनवरी, 1897 को उड़ीसा के कटक में जन्मे सुभाष चंद्र बोस ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। गांधीजी के असहयोग आंदोलन में शामिल होकर जेल गए। सन 1942 को पुलिस को चकमा देकर जर्मनी से जापान पहुंचे, जहां उन्होंने आजाद हिंद फौज का गठन किया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत के स्वतंत्रता संग्राम में सबसे दृढ़ निश्चय और प्रेरक व्यक्तियों में से एक हैं। नेताजी का साहसी नेतृत्व भारतीयों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अद्वितीय है। वे साहस और धैर्य के प्रतीक थे। उनका विजन हमें प्रेरित करता रहता है, क्योंकि हम उनके सपनों का भारत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर प्रेसक्लब सचिव शेखर कौशल, उपाध्यक्षद्वय खुमान सिंह बैस, शकील खान सहित विनोद जैन, दिलीप मिश्रा, जितेन्द्र पुरोहित, आनंदसिंह ठाकुर, सत्येन्द्र सिंह राठौड, राजेश धनेचा, राहुल परमार, ओमप्रकाश गोयल, गोयल, मोनू कुश्वाह, राजेश व्यास, नीतिन गुप्ता, डॉ. मुकेश पांचाल, अनिल सिंह ठाकुर, रघुनंदन समाधिया, राजेन्द्र सिंह पवार, चेतन योगी, प्रिंस बैरागी, रोहित उपाध्याय, जितेन्द्र मारू, राम माल्या, हर्षद मेहता, राम मीणा, मुर्तजा सैफी, अजय जायसवाल, तनवीर शेख, दीपेश जैन आदि पत्रकार साथियों सहित स्थानीय लोगों ने बडी संख्या में उपस्थित होकर नेताजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Dewas ‘मेरा संविधान-मेरा अभिमान’ कार्यक्रम के लिए बस्ती-बस्ती जाकर कर रहे आमंत्रित

देवास। भाजपा द्वारा भारत के संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘मेरा संविधान-मेरा अभिमान’ कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। उक्त आयोजन 24 जनवरी को शाम 5 बजे मल्हार स्मृति प्रांगण में सम्पन्न होगा। ‘मेरा संविधान-मेरा अभिमान’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में लोग सहभागी बने इस हेतु भाजपा अजा मोर्चा जुनियर मण्डल अध्यक्ष प्रेम बालोदिया द्वारा शहर की बस्ती-बस्ती में जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे है। बालोदिया ने बताया कि प्रदेशभर में ‘मेरा संविधान-मेरा अभिमान’ अंतर्गत कार्यक्रम हो रहे है। इसी कडी में भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव एवं भाजपा अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय दायमा के नेतृत्व में देवास में भी इस अवसर पर कार्यक्रम होना है।

Dewas स्टेट मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप : 17 गोल्ड, 7 सिल्वर एवं 6 ब्रॉन्ज मैडल जीतकर देवास बना उपविजेता

देवास। 45वी स्टेट मास्टर एथेलेटिक्स चैम्पियनशिप भोपाल में आयोजित हुई। जिसमें देवास उपविजेता रहा। जिला मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन सचिव जितेन्द्र गोस्वामी ने बताया कि 17 गोल्ड, 7 सिल्वर एवं 6 ब्रॉन्ज मेडल के साथ देवास उप विजेता रहा।

चैम्पियनशिप में आयु वर्ग 70+ में चंद्रकांत जगताप 1 गोल्ड 1सिल्वर , नलिनी कालेलकर 1 गोल्ड, 1 सिल्वर, 65+ व 60+ में कृतिका निरखे 1 गोल्ड, 1 सिल्वर, नीलू सक्सेना 1 गोल्ड, 1 सिल्वर, 55+ में दिलीप आर्य 1 सिल्वर, 1 ब्रॉन्ज, उमेश निंबालकर 2 सिल्वर, 50+ में सीमा गोस्वामी 1 सिल्वर 1 ब्रॉन्ज, सृजनिका लोखंडे 1 गोल्ड, 1 सिल्वर, 45+ चंद्रशेखर तिवारी 1 गोल्ड, 1 सिल्वर, जीवन सिंह 1 गोल्ड, मीना राव 2 गोल्ड, मोना तिवारी 1 गोल्ड, 1 सिल्वर 40+ श्रीजा अग्रवाल 2 गोल्ड सीमा गिरी 2 गोल्ड, 35+ अश्विन पैगनिश 1 गोल्ड, 1 सिल्वर, खुशबू पैगनिश 1 गोल्ड, 1 सिल्वर जीतकर विजेता खिलाड़ी रहे।

Dewas अमलतास अस्पताल में में काम करने वाले व्यक्ति ने ही अस्पताल के अकाउंट ऑफिस में से की 23 लाख से ज्यादा की चोरी…

  • पुलिस ने आठ घंटे के अंदर आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी की रकम भी की बरामद

देवास। उज्जैन रोड स्थित अमलता अस्पताल में अकाउंट ऑफिस में रखी अलमारी में से मरीजों द्वारा भुगतान की जाने वाली 23 लाख से ज्यादा रकम चोरी हो गई जिसकी सूचना पुलिस को मिलने के 8 घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई रकम को भी बरामद किया है।

दरअसल दिनांक 15.01.25 को फरियादी अरविंद उज्जैनिया ने थाना बैंक नोट प्रेस पर आकर सूचना दी कि वह अमलतास अस्पताल में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है तथा दिनांक 14.01.25 को रोजाना की तरह शाम करीब 05:15 बजे अपने स्टाफ के साथ अकाउंट ऑफिस में ताला लगाकर अपने घर चला गया था। फरियादी द्वारा दिनांक 15.01.2025 को सुबह करीब 08:45 बजे ऑफिस आकर देखा तो सामने वाले क्वालिटी डिपार्टमेंट में कांच की खिड़की तथा दरवाजा टुटा हुआ मिला । फरियादी ने अपने ऑफिस के अन्दर जाकर देखा तो ऑफिस में रखी गोदरेज की अलमारी में से अस्पताल में मरीजो द्वारा भुगतान की गई जमा राशि कुल 23 लाख 70 हजार रुपये नहीं मिले जो किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिये गये थे। फरियादी द्वारा अस्पताल प्रबंधन को तत्काल सूचना दी गई । सीसीटीव्ही फुटेज चेक करने पर संदिग्ध आरोपी द्वारा अकाउंट सेक्शन में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देकर रुपये लेकर जाना पाया गया। अस्पताल प्रबंधन को अस्पताल के ही कर्मचारी आकाश उर्फ अतुल अग्रवाल पिता सुमेर चन्द्र अग्रवाल निवासी करोली राजस्थान के द्वारा चोरी की घटना कारित करने की शंका होने पर थाना बैंक नोट प्रेस पर सूचना दी गई। रिपोर्ट पर से थाना बैंक नोट प्रेस में अपराध क्रमांक 39/2025 धारा 331(4), 305(a) BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम के द्वारा तकनीकी, भौतिक एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय किये गये। मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि संदेही आकाश उर्फ अतुल अग्रवाल निवासी करोली राजस्थान को कोटा राजस्थान में देखा गया है जिस पर पुलिस अधीक्षक देवास ने तत्काल पुलिस टीम को संदेही की गिरफ्तारी हेतु रवाना किया। पुलिस टीम में संदेरी में आकाश उर्फ अतुल अग्रवाल को कोटा राजस्थान से पुलिस अभिरक्षा में लेकर उससे पूछताछ करने पर उसके द्वारा चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपी से कुल 23 लाख 40 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त चाबी,पेचकस, लोहे की राड, घटना के समय पहने हुए कपड़े एवं मोबाईल फोन जप्त किया जाकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।

Dewas भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का अजा मोर्चा जुनियर मण्डल ने किया स्वागत

देवास। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में विभिन्न जिलो के जिलाध्यक्ष की घोषणा की गई। जिसके अंतर्गत प्रदेश चुनाव अधिकारी विवेक शेजवलकर की सहमति से वरिष्ठ भाजपा नेता रायसिंह सेंधव को भाजपा देवास का जिलाध्यक्ष घोषित किया गया। श्री सेंधव मंगलवार को भाजपा कार्यालय पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा जूनियर मण्डल अध्यक्ष प्रेम बालोदिया ने भाजपा कार्यालय पर अपने समर्थकों के साथ मिलकर श्री सेंधव को 51 किलो की माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर एवं आतिशबाजी करते हुए स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा अजा मोर्चा के कार्यकर्ता बडी संख्या में उपस्थित थे।

Dewas जैन समाज सामाजिक संगठन का मिलन समारोह हुआ आयोजित 

जिलेभर के सकल जैन समाज के ट्रस्ट मंडल के प्रतिनिधि हुए एकत्रित 

जैन महासंघ जिला देवास के अध्यक्ष रवि जैन एवं राजेश जैन सचिव मनोनीत

देवास। जैन समाज के उत्थान, विकास एवं समरसता के उद्वेश्य से जिला मुख्यालय पर जैन समाज सामाजिक संगठन (रजि) द्वारा देवास जिले के सकल जैन समाज के ट्रस्ट मंडलों के पदाधिकारी का महा मिलन समारोह आयोजित किया गया। सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा भगवान महावीर स्वामी के चित्र पर पुष्प अर्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। जैन समाज सामाजिक संगठन के संयोजक नरेंद्र जैन, अध्यक्ष महावीर जैन, सचिव दिलीप चौधरी, कोषाध्यक्ष विनोद जैन, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी, संयुक्त सचिव प्रवीण पानौत, पारस जैन, सहसंयोजक निलेश जैन कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद जैन, आर सी जैन, संजय तलाटी और गिरीश संघवी द्वारा मंचासीन अतिथि नरेंद्र जी पाटौदी, कैलाश जी जैन, रवि जी जैन, राजकुमार की नाहर का सामाजिक दुपट्टा, मोती माला पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया गया ।

इसके पश्चात कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष महावीर जैन ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी महानुभावों का स्वागत किया। इसके पश्चात संगठन सचिव ने संबोधन देते हुए कहा कि पूरे जिले में जैन समाज को संगठित होने के लिए एक महासंघ निर्माण की आवश्यकता थी जिसकी पूर्ति जैन महासंघ जिला देवास करेगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र जी पाटोदी ने संबोधन देते हुए कहा कि आज देवास के लोगों ने जो पहल की है उससे समाज एक होगा यह समाज के लिए बहुत भाग्य की बात है। जैन महासंघ जिला देवास के सहयोग के लिए मै हमेशा तैयार खड़ा रहूंगा। महासंघ में सबको साथ लेकर चलना सबसे बड़ी बात होती है मैं आश्वस्त हूं कि इस महासंघ में सबको साथ लेकर चलने की ताकत है जो इस महासंघ के सफल होने का एक कारण भी है आगे श्री पाटौदी ने कहा कि देवास जिले की सीमा क्षेत्र बहुत बड़ी है बागली, चापड़ा सतवास आदि घाट नीचे के क्षेत्र के जैन समाज का सदस्य आज भी मुख्यालय के समाज के सदस्यों से दूर था इस महासंघ के माध्यम से उसकी दूरी कम होगी और मैं महासंघ के पदाधिकारियों से निवेदन करता हु कि आगे के अपने मिलन समारोह घाट नीचे वाले क्षेत्र में आयोजित करना चाहिए जिससे वहा का जैन समाज का सदस्य भी समाज की मुख्य धारा से जुड़कर समाज को संगठित करने में अपना सहयोग प्रदान कर सके। इसके पश्चात पंचायत अतिथि एवं जिले भर से पधारे समाज के ट्रस्ट मंडलों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। 

 संगठन पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन के संयोजक श्री नरेंद्र जी जैन नए संबोधन की शुरुआत श्री महावीर स्वामी भगवान की जय करते हुए बताया कि आज आयोजित इस मिलन समारोह में जिले भर से बड़ी संख्या में उपस्थित हुए महानुभावों को देखकर मेरा मन भावविभोर हो उठा है। इससे मैं यही कहूंगा कि बुलाने वाला चाहिए आने वाला तैयार बैठा है। आगे बताते हुए उन्होंने कहा कि जैन समाज संख्या में कम होने के बाद भी सक्षम समाज है। विगत 30 जून 2024 को हमने एक मिलन समारोह आयोजित किया था जिसमें जिले के समस्त जैन ट्रस्ट मंडलों के उपस्थिति में एवं उनकी आज्ञा से जिले का एक महासंघ बनाने का फैसला किया गया था जो आज पूर्ण हुआ है। 

कार्यक्रम में आगे नगर निगम सभापति रवि जैन ने संबोधन करते हुए कहा विगत 30 जून 2024 को हुए जिले भर के जैन समाज के सभी ट्रस्ट मंडलों के ट्रस्टीयो ने अपने-अपने विचार व्यक्त कर हमें मार्गदर्शित किया था कि हमें एक ऐसा संगठन बनाना चाहिए जो देवास में समाज की अपनी एक आवाज बन सके आज हम अलग-अलग वर्ग के होकर भी एक जैन बनकर इस सभागृह में बैठे हैं यह सबसे बड़ी बात है यह आगाज है इस बात की देवास जिले के समस्त जैन एक है हम अल्पसंख्यक होकर भी सक्षम है जैन अच्छे से अच्छा खिलाता भी है तो भूखा भी सबसे ज्यादा रह लेता है यही हमारी पहचान है हमारी संस्कृति, हमारी परंपरा हमारी पहचान है जिले में एक सामाजिक संगठन होने की बहुत आवश्यकता थी क्योंकि संख्या में अल्पसंख्यक में भी हम अल्पसंख्यक है लेकिन जैन में जन्म से ही तेज दिमाग और प्रतिनिधित्व करने का ज्ञान होता है यह बात जैनियों को सक्षम बनाती है पर कुछ सामाजिक मामले ऐसे होते हैं जिसमें पूरे समाज को एक संगठित होने की आवश्यकता होती है और यह महासंघ जिले के समाज के इस रिक्त स्थान को पूर्ण करेगा यह महासंघ देवास जिले के जैनियों को अल्पसंख्यक होते हुए भी बहुसंख्यक होने का भाव देगी। 

संबोधन पश्चात संयोजक नरेंद्र जी जैन द्वारा घोषणा करते हुए जैन समाज सामाजिक संगठन के अधीन गठित हुए जैन महासंघ जिला देवास के लिए श्री रवि जैन को अध्यक्ष एवं श्री राजेश जैन को सचिव मनोनीत किया बाकी कार्यकारिणी की घोषणा भी जल्द की जावेगी जो जिले भर के ट्रस्ट मंडलों के प्रतिनिधियों को सम्मिलित कर बनाई जावेगी। 

महासंघ के अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद रवि जैन संबोधन देते हुए बताया कि जिलेभर से पधारे ट्रस्ट मंडलों को में आश्वास्त करता हूं कि अगर जिले में कहीं भी जैन समाज पर सामाजिक संकट आता है तो तत्काल उस विषय को मेरे या महासंघ के सदस्य को उससे अवगत कराए। महासंघ उस समस्या का निराकरण करने में हर प्रकार से सहायता प्रदान करेगा, प्रशासनिक सेवा में किसी विषय पर बातचीत करने में हमारे जिला मुख्यालय पर उपस्थित होने से हम अच्छे से उसे विषय को प्रशासनिक तौर पर रख पाएंगे एवं उसका निराकरण करने का हर संभव प्रयास करेंगे। अंत में आभार शैलेंद्र जैन ने माना।

 कार्यक्रम में शहर के जैन समाज के समस्त ट्रस्ट मण्डल के साथ जिले के अजनास, नेमावर, पानी गांव, हाटपिपलिया, चापड़ा, बागली, कन्नौद, करनावद, टोंकखुर्द, सोनकच्छ, डबलचौकी, सतवास, उदयनगर, पिपरी, विजयागंज मंडी, चिडावत, लोहारदा, बधवा आदि जगहों के जैन ट्रस्ट मंडलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उक्त जानकारी संगठन सचिव दिलीप चौधरी द्वारा दी गई।