Dewas नौ दिन माता की आराधना में लीन रहेंगे भक्त, गरबों की मचेगी धूम

• गरबा और डांडिया कार्यक्रमों पर नज़र रखेगी संस्थाएं, संगठन

• असामाजिक तत्वों एवं गरबा के नाम पर अश्लीलता फैलाने वालों पर कराएगी कार्यवाही

देवास। आज 15 अक्टूबर से शक्ति की आराधना के पर्व शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। शहर के सभी देवी मंदिरों, सार्वजनिक पांडालों और घरों में शुभ मुहूर्त के साथ पूजा-अर्चना और आरती के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आरंभ होंगे। माता टेकरी पर विराजित माताओं खासकर (माँ तुलजा भवानी और माँ चामुंडा) के साथ सभी देवी मंदिरों एवं सार्वजनिक पांडालों में स्थापित देवी प्रतिमाओं के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगेगा। इसी के साथ पांडालों में गरबों के साथ माता की आराधना भी शुरू हो जाएगी।

• गरबा और डांडिया कार्यक्रमों पर रहेगी नज़र रखेगी संस्थाएं, संगठन

• असामाजिक तत्वों एवं गरबा के नाम पर अश्लीलता फैलाने वालों पर कराएगी कार्यवाही

विगत दिनों संस्था राम-राम की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संस्था राम राम के संस्थापक शैलेन्द्र सिंह पवार ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान शहरभर में माँ दुर्गा की घटस्थापना की जाकर विभिन्न सांस्कृति आयोजन गरबा, डांडिया, नृत्य, प्रतियोगिताएं होगी। नवरात्रि के महापर्व में किसी प्रकार का विघ्न न पड़े और शांतिपूर्वक हिन्दु समाज अपना त्यौहार मनाए। इसी को लेकर बैठक रखी गई। श्री पवार ने संस्थ समितियों व मण्डलो से आग्रह किया कि गरबा पाण्डालो में होने वाले आयोजन में युवतियों से पूरे वस्त्र पहनकर आने का आग्रह करे। साथ ही गैर समाज के युवकों को पाण्डाल में अनुमति न दी जाए। माँ की आराधना के पर्व पर फिल्मी गीतों को न बजाते हुए सिर्फ भजनों पर सांस्कृति कार्यक्रम सम्पन्न हो। आधार कार्ड के माध्यम से लोगों को एंट्री दी जाए। तिलक लगाकर प्रवेश करने हेतु अपील आमजनों से करे आदि अन्य विषयों पर चर्चा की गई। श्री पवार ने आगे कहा कि नवरात्रि जो कि माँ की आराधना का पर्व है। उसमें किसी प्रकार की अश्लीलता न फैलाते हुए हमारी संस्कृति कायम रखने के लिए यह आवश्यक कदम उठाए, जिससे हमारे त्यौहार मनाने की परम्परा कायम रहे। संस्था राम राम के कार्यकर्ता नवरात्रि पर्व के दौरान पाण्डाल-पाण्डाल घूमकर समितियों द्वारा होने वाले आयोजनों की व्यवस्था भी देखेंगे। यदि ऐसे में किसी प्रकार की अश्लीलता आयोजन के दौरान दिखती है तो संस्था राम राम प्रशासन को साथ में लेकर कार्यवाही कराएगी। जिसका जिम्मेदार स्वयं आयोजक होगा।

वही बजरंग सेना संस्थापक उमेश चौधरी ने बताया कि शहर सहित मालवांचल में बढ़ती लव जिहाद की घटनाओं को देखते हुए संगठन पदाधिकारी व कार्यकर्ता गरबा एवं डांडिया स्थलों खासकर बड़ी होटलों, गार्डनों, शिक्षण संस्थानों में होने वाले गरबा, डांडिया स्थल का भ्रमण कर नजर रखेंगे। चौधरी ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव भारतीय धर्म, संस्कृति के अनुरूप मनाया जाना चाहिए। वर्तमान में गैर हिन्दू एवं विधर्मी तत्वों द्वारा जिस प्रकार से समाज की बहन बेटियों को प्रेमजाल में फंसाकर लव जिहाद का शिकार बनाते है, ऐसे विधर्मी तत्व हमारे उत्सवों, नवरात्रि में आयोजित गरबा, डांडिया में भी झूठे सौहार्द एवं एकता का दिखावा करते हुए, लव जिहाद फैलाने की मंशा से घुसकर आयोजन बिगाडऩे का प्रयास करते है। मातृभूमि का वंदन करते है, लेकिन आजकल राष्ट्रघाती, अलगावी, जेहादी मानसिकता को पहचानने की आवश्यकता है। समितियों द्वारा आधार कार्ड के माध्यम से ही आयोजन स्थल पर प्रवेश दिया जाए, जिससे आसामाजिक तत्वों की पहचान हो सके। चौधरी ने शहर की आयोजन समितियों से अपील की है कि सांस्कृति कार्यक्रम, गरबा व डांडिया में अश्लील गानों का उपयोग न करे एवं युवक युवतियों को भारतीय परिधान में ही प्रवेश दे। जिससे हमारे पवित्र त्यौहार की परम्परा बरकरार रहे और कोई हमारे आयोजन का मजाक न उड़ा सके। साथ ही प्रवेश के दौरान मस्तिष्क पर तिलक लगाकर ही प्रवेश दिया जाए। उमेश चौधरी ने कहा कि यदि आयोजन के दौरान अश्लील गाने बजाते हुए यदि कोई पकड़ाया जाता है तो उस पर संगठन कानूनी कार्यवाही कराएगा। जिसकी जिम्मेदारी आयोजन समिति की होगी।

Dewas: नवरात्रि पर्व पर भारी आचार संहिता, सजावट में नगर सुनसान मुख्य सड़क वीरान….

देवास। जिले का सबसे बड़ा धार्मिक पर्व शारदीय नवरात्रि कल रविवार से शुरू हो रही है। नवरात्रि के दौरान माता टेकरी पर विराजित माताओं खासकर (माँ तुलजा भवानी और माँ चामुंडा देवी) के दर्शन के लिए देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए देवास आते हैं। नवरात्रि महापर्व पर प्रशासन द्वारा ट्रैफिक कंट्रोल एवं पार्किंग की सभी व्यवस्थाएं, सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल सहित तमाम तैयारिया की गई या कहे की जाएगी। परंतु आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लगी हुई आचार संहिता का असर नवरात्रि पर्व में भी असर देखा जा रहा है। हर नवरात्रि में सजने वाला शहर इस वर्ष सुना पड़ा है। पिछले वर्ष नवरात्रि के दौरान सुसज्जित मुख्य सड़क ए बी रोड वीरान नजर आ रही है।

पिछले वर्ष नवरात्रि के दौरान तीन दिवसीय नगर गौरव दिवस मनाया गया था। जिसमे महाआरती, भजन संध्‍या, दीपोत्‍सव, चुनरी यात्रा, कन्या पूजन/कन्या भोजन, रंगारंग खेल उत्सव का आयोजन हुआ था। प्रशासन द्वारा कहा गया था की हर वर्ष नवरात्रि के पहले दिन गौरव दिवस मनाया जायेगा परंतु ऐसा हो न सका।न ही नगर निगम द्वारा टेकरी मार्ग की सजावट की गई। जिस शहर को दुल्हन सा सजना था उसको सुना देख नगर की सामाजिक संस्थाए आगे आई है और उन्होंने शहर को सजाने का बीड़ा उठाया है सर्वप्रथम संस्था कृपालु द्वारा ए बी रोड पर स्थित सभी खम्बो पर लाइटिंग करने का बीड़ा उठाते हुए लाइटिंग का काम करवाया साथ ही अनेक संस्थाओं द्वारा अब रोड पर भगवा ध्वज लगाए जाएंगे।

देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव द्वारा सोशल मीडिया पर लिखा की नगर निगम देवास को प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नवरात्रि में टेकरी मार्ग की सजावट करनी चाहिए इसमें संहिता कहीं आड़े नहीं आती..

वही संस्था सार्थक के संयोजक पं. दीपेश कानूनगो एवं संस्था श्री सिद्धिविनायक भक्त मंडल संयोजक प्रदीप चौधरी ने जिलाधीश से मांग कर गुहार लगाई है कि नवरात्रि महापर्व को देखते हुए 9 दिनों के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों की अवधि रात्रि 12 बजे तक की जाए। क्योंकि नवरात्रि महापर्व में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग धार्मिक गरबे, भंडारे एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपयोग किए जाते है।

Dewas नवरात्रि पर्व देवास जिले का सबसे बड़ा धार्मिक उत्‍सव, ट्रैफिक कंट्रोल एवं पार्किंग की सभी व्यवस्थाएं की गई : कलेक्‍टर

• नवरात्रि पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल लगाया जाएगा : एसपी

देवास। जिले में आगामी नवरात्रि पर्व 15 अक्टूबर से मनाया जाएगा। नवरात्रि पर्व पर माताजी की टेकरी पर की गई व्‍यवस्‍थाओं के संबंध में कलेक्‍टर श्री ऋषव गुप्‍ता की अध्‍यक्षता में पत्रकारों एवं अधिकारियों की संयुक्‍त बैठक कलेक्‍टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई।

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि इस वर्ष सप्तमी और अष्टमी वीकेंड पर आ रही है और नवरात्रि का पहला दिन भी रविवार के दिन आ रहा है। अवकाश वाले दिन होने से नवरात्रि पर माताजी की टेकरी पर इन दिनों में ज्यादा श्रद्धालु दर्शन करने आयेंगे। प्रशासन द्वारा ट्रैफिक कंट्रोल एवं पार्किंग की सभी व्यवस्थाएं की गई है। कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि इस वर्ष आचार संहिता भी लागू है। इस संबंध में भी सभी आवश्‍यक तैयारियां की गई है। देवास जिले का सबसे बड़ा धार्मिक उत्‍सव है। सुरक्षा की दृष्टि से भंडारों में बनने खाने की सैंपलिंग करने संबंधी निर्देश भी दिये जायेंगे। बैठक में कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने पत्रकारों से सुझाव भी मांगे।

कलेक्‍टर ने बताया कि टेकरी पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हों, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक दर्शन की दृष्टि से टेकरी पर पानी व छाया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई। टेकरी पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। 24 घंटे मॉनिटरिंग के लिए कैमरे लगाये गये है।

पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने कहा कि दर्शनार्थी एक जगह इक्‍ट्ठा न हो इसका विशेष ध्‍यान रखा जायेगा। ट्रॉफिक कंट्रोल की पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था की गई है। नवरात्रि पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल लगाया जाएगा।बैठक में एसडीएम देवास श्री बिहारी सिंह ने नवरात्रि पर देवास शहर एवं माताजी टेकरी पर की गई संपूर्ण व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

एसडीएम देवास श्री बिहारी सिंह ने बताया कि माताजी की टेकरी पर साफ-सफाई, पेयजल, मेडिकल की सम्‍पूर्ण व्यवस्था की गई है। माताजी टेकरी पर दो एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। जिला अस्पताल एवं अमलतास के डॉक्टर और स्‍टॉफ की ड्यूटी लगाई जाएगी।

डीएसपी ट्रैफिक श्री हरिनारायण बाथम ने नवरात्रि पर की गई ट्रैफिक व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि पार्किंग स्‍थानों पर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अवैध पार्किंग पर कार्यवाही की जायेगी। पार्किंग व्यवस्था पुराना नगर निगम, (टू व्हीलर), मुकेश स्वीटस से ब्रिज के नीचे तक (फोर व्हीलर/टू व्हीलर), जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में (टू व्हीलर) पार्किंग, उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-2 में (फोर व्हीलर/टू व्हीलर), डोमीनोज से जिला न्यायालय तक सर्विस रोड तक (फोर व्हीलर/टू व्हीलर) कैलादेवी मंदिर रोड सर्विस रोड (फोर व्हीलर/टू व्हीलर),विकास नगर से बालगढ़ सर्विस रोड (फोर व्हीलर/टू व्हीलर), मधुमिलन चौराहा थाना औद्योगिक क्षेत्र के सामने (फोर व्हीलर/टू व्हीलर), टाटा चौराहा से मधुमिलन तक स्‍पोर्टस मैदान से लगा सर्विस रोड (फोर व्हीलर/टू व्हीलर),मण्डी क्र. 1, 2, 3 मक्सी एवं भोपाल रोड से आने वाले वाहन (फोर व्हीलर/टू व्हीलर), सर्किट हाउस से भोपाल बायपास तक सर्विस रोड पर (फोर व्हीलर/टू व्हीलर), पुलिस लाईन नवीन क्वाटर के पास मैदान में पार्किंग (फोर व्हीलर/टू व्हीलर), बीमा रोड उज्जैन से आने वाले वाहन को बीमा सर्विस रोड (फोर व्हीलर/टू व्हीलर) तथा व्हीआईपी मार्ग राजोदा रोड से होते हुए सर्किट हाउस होते हुए मीठा तालाब के पास स्टेडियम में रहेगी।

Dewas नवरात्रि पर्व की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर की अध्‍यक्षता में बैठक आयोजित

देवास। जिले में आगामी नवरात्रि पर्व 15 अक्टूबर से मनाया जाएगा। नवरात्रि पर्व की तैयारियों के संबंध में कलेक्‍टर श्री ऋषव गुप्‍ता की अध्‍यक्षता में मॉ चामुंडा शासकीय देवस्‍थान प्रबंध समिति कार्यालय में बैठक आयोजित हुई।

बैठक में कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि नवरात्रि पर्व प्रारंभ होने से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। टेकरी पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हों, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। नवरात्रि में माता जी के दर्शन करने के बाद धुनि मार्ग से उतरने की सुविधा रहेगी। माताजी टेकरी पर ऊपर जाने के लिए धुनि मार्ग बंद रहेगा। नवरात्रि पर माताजी टेकरी और भीड़ वाले स्‍थानों पर वॉच टॉवर बनाये जायेंगे। माताजी टेकरी पर मंदिर समिति वॉलेंटियर को टी शर्ट उपलब्‍ध करायेगी। नवरात्रि में उज्‍जैन से आने वाली बसों के लिए अस्‍थाई बस स्‍टैण्‍ड ईटावा, इंदौर से आने वाली बसों के लिए अस्‍थाई बस स्‍टैण्‍ड मुधमिलन चौराहा, भोपाल की ओर से आने वाली बसों के लिए सर्किट हॉउस से मीठा तालाब की ओर तथा मक्‍सी बायपास से आने वाली बसो के लिए कृषि उपज मण्‍डी में अस्‍थाई बस स्‍टैण्‍ड बनाया जायेगा। देवास शहर का वर्तमान बस स्‍टैण्‍ड नवरात्रि में अस्‍थाई रूप से बंद रहेगा।

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि टेकरी स्थिति समस्त मंदिरों एवं सम्पूर्ण टेकरी क्षेत्र की चौबीसों घंटे साफ-सफाई की जाये। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक दर्शन की सुविधा की दृष्टि से टेकरी पर पानी व छाया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये।टेकरी पर कंट्रोल रूम बनाये, कैमरे लगाये और 24 घंटे मॉनिटरिंग करें।

बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि माताजी की टेकरी पर बने सुविधा घरों को दुरूस्त किया जाएं तथा आवश्यकतानुसार बनाए जाएं। टेकरी पर उच्च गुणवत्ता की सुविधा हों, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालु देवास के इस प्रसिद्ध स्थान की व्यवस्थाओं की प्रशंसा भी करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि टेकरी पर स्थित अन्न क्षेत्र को ओर अच्छे से विकसित करें। यहां जो भी कमी पेशी है, उसको दूर कर ली जाएं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि टेकरी स्थिति समस्त मंदिरों एवं सम्पूर्ण टेकरी क्षेत्र की नियमित साफ सफाई की जाये। श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक दर्शन की सुविधा की दृष्टि से शेड लगाए। टेकरी पर पानी व छाया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था करें। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर एलईडी लगाई जाएं तथा एलईडी के माध्यम से दोनों माताजी के दर्शन की सुविधा आमजन को उपलब्ध कराई जाए।

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि नवरात्रि के दौरान बैरिकेट्स की पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था की जाए। टेकरी पर बिजली के तार सही करवा लें। रोप-वे का फिजिकल वैरिफिकेशन कर लें। टेकरी पर समस्त मंदिरों, रपट मार्ग, सीढ़ी मार्ग, परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। टेकरी पर सौंदर्यीकरण का कार्य कर लें। श्रद्धालुओं के सुरक्षा के लिए पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था करें। टेकरी पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। पानी के स्‍टॉल लगाने के लिए जगह चिन्हित करे लें। टेकरी पर जहां कारपेट की जरूरत है, वहां कारपेट बिछाये।कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने निर्देश दिए हैं कि टेकरी क्षेत्र में निर्बाध विद्युत व्यवस्था हो। विद्युत व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाये। लाइट की पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था होनी चाहिए। ट्रांसफार्मर का रख रखाव और जनरेटर की व्‍यवस्‍था करें। इसके लिए 24×7 विद्युत विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाये। विद्युत विभाग टेकरी क्षेत्र की विद्युत के पोल, स्‍ट्रीट लाइट, झुलते तार को ठीक कर लें। विद्युत कनेक्शन की जांच करें। नवरात्रि के समय सम्‍पूर्ण टेकरी पर सतत विद्युत व्‍यवस्‍था के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाये।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने नगर निगम को निर्देश दिए कि मां चामुंडा टेकरी पर संपूर्ण साफ सफाई की व्यवस्था की जाए, टेकरी के प्रमुख स्थानों पर फिक्स डस्टबिन लगाए जाए एवं प्रतिदिन कचरे का संग्रहण किया जाए। फायर ब्रिगेड की व्‍यवस्‍था करें। नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने स्‍वास्‍थ्‍य विभाग को निर्देश दिये कि शंख द्वार, सीड़ी द्वार एवं जैन मंदिर के पास मेडिकल काउंटर लगाएं। डाक्‍टरों एवं स्‍टॉफ की मय एंबुलेंस, ऑक्‍सीजन, दवाइयों के 24 घंटे ड्यूटी लगाएं। अमलतास अस्‍पताल के डाक्‍टरों की ड्यूटी भी लगाई जायेगी। मॉ चामुण्‍डा शासकीय देवस्‍थान प्रबंध समिति लड्डू काउंटर एवं भोजन प्रसादी की व्यवस्था करें। मॉ चामुंडा व मॉ तुलजा भवानी मंदिर परिसर में आकर्षक साज-सज्‍जा करें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिशा-निर्देश के पोस्‍टर लगाएं।बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने कहा कि दर्शनार्थी एक जगह इक्‍ट्ठा न हो इसका विशेष ध्‍यान रखें। नवरात्रि के दौरान अनाधिकृत पार्किंग नहीं होनी चाहिए। ट्रॉफिक कंट्रोल की पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था की जाएं। सुरक्षा की पूर्ण व्‍यवस्‍था करें। पुलिस अधीक्षक श्री उपाध्याय ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान दर्शनार्थियों की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रखें। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल लगाया जाए। परिक्रमा पथ पर चीता पार्टी द्वारा समय-समय पर गश्त लगाई जाए। पार्किंग व्यवस्था स्टेशन रोड, डीआरपी लाइन सीढ़ी मार्ग पर रहेगी।

बैठक में बताया गया कि पार्किंग व्यवस्था उज्‍जैन रोड, पुलिस लाइन आवास मैदान, कैलादेवी रोड, सिविल लाईन, उत्‍कृष्‍ट विद्यालय, भोपाल चौराहा, जिला शिक्षा कार्यालय, मुकेश स्‍वीट्स मोती बंगला, बीमा तिराहा, पुराना नगर निगम और मण्‍डी क्रमांक 01 और 02 में रहेगी। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर प्रकाश की पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था की जायेगी। प्रत्‍येक पार्किंग स्‍थल पर फलेक्स, संकेतक, चलित शौचालय, पीने के पानी की व्यवस्था, जूता-चप्पल स्टेण्ड की व्यवस्था की जायेगी। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर साफ-सफाई की व्यवस्था की जायेगी। यातायात पार्किंग व्‍यवस्‍था के लिए नगर निगम द्वारा डॉप-गेट लगाये जायेंगे। लोक निर्माण विभाग द्वारा जिक-जैक बनाये जायेंगे। वॉच टॉवर बनाये जायेंगे। अवैध पार्किंग पर कार्यवाही की जाये। दुकानों को व्‍यवस्थित लगवाये। गजरा गियर्स से स्टेशन चौराहा एसबीआई बैंक तक के कट पाईंट में फिक्‍स बैरिकेटिंग की जायेगी। स्‍टेशन रोड से भोपाल चौराहे तक के कट पाईंट, भोपाल चौराहे से रामरहीम चौराहे, रामरहीम चौराहे से गजरा गियर्स चौराहे तक के कट पाईंट में फिक्‍स बैरिकेटिंग की जायेगी।

प्रवेश, प्रदीप या…. देवास विधानसभा से कौन होगा कांग्रेस का प्रत्याशी ?

देवास। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान हो चुका है। प्रदेश में 17 नवंबर को सभी 230 विधानसभा सीटों पर मतदान होंगे एक साथ मतदान होंगे। एक ओर भाजपा ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की 4 सूची जारी कर दी है तो कांग्रेस की सूची जारी होंगे का सभी को इंतजार है। जहां भाजपा के प्रत्याशी टिकट मिलने का जश्न मना रहे तो वही कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने नाम का इंतजार करते दिखाई दे रहे है।
भाजपा की ओर से देवास विधानसभा से पुनः वर्तमान विधायक गायत्री राजे पवार को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
वही सभी को इस बात का इंतजार है की कांग्रेस देवास विधानसभा जो की भाजपा का अभेद किला माना जाता है यहां से किसको अपना प्रत्याशी घोषित करती है।
कांग्रेस के प्रत्याशी के लिए दो नामो की चर्चा बाजारों में चल रही है। एक है प्रवेश अग्रवाल तो दूसरा नाम है प्रदीप चौधरी।
कांग्रेस जब तक अपना प्रत्याशी घोषित नही कर देती तब तक कांग्रेस प्रत्याशी कौन होगा इसपर चर्चा जारी रहेगी की कांग्रेस इन दोनो में से किसी को अपना प्रत्याशी घोषित करती है या कोई अन्य बाजी मार कर टिकट ले जाएगा। मतलब प्रवेश, प्रदीप या कोई अन्य कांग्रेसी देवास विधानसभा से कौन होगा कांग्रेस का प्रत्याशी ?

बाजार में चल रही चर्चाओं के अनुसार विगत कुछ सालो से नर्मदे युवा सेना के नाम से राजनीति में प्रवेश करने वाले प्रवेश अग्रवाल को क्या इस बार देवास विधानसभा से कांग्रेस की ओर से टिकट मिलेगा या महापौर चुनाव की तरह इस बार भी उनका नाम फाइनल होते होते रह जाएगा। क्योंकि महापौर चुनाव में प्रवेश अग्रवाल की पत्नी श्वेता अग्रवाल का टिकट कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में तय हो ही गया था मीडिया में उनका नाम भी आ गया था परंतु कांग्रेस की आंतरिक उलझनों के चलते टिकट उनके हाथ से निकल गया था। दावे तो प्रदीप चौधरी द्वारा भी किए जाते रहे है परंतु अभी तक उन्हें भी टिकट नही मिला है।
अब देखते है की को कांग्रेस देवास विधानसभा से किसे अपने प्रत्याशी के रूप में वर्तमान विधायक के सामने उतारेगी।

Dewas राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 35 स्वर्ण पदक के साथ देवास बना ओवरऑल चैंपियन…

देवास। पेंचक सिलाट एसोसिएशन मप्र के सानिध्य में इंदौर जिला पेंचक सिलाट एसोसिएशन द्वारा 6 से 8 अक्टूबर 2023 को 9वीं जूनियर पेंचक सिलाट राज्य स्तरीय प्रतियोगिता गंगा परिसर लिंबोदी भंवरकुआं इंदौर में आयोजित हुई।

पेंचक सिलाट एसोसिएशन मप्र अध्यक्ष अबरार अहमद शेख एवं पेंचक सिलाट एसो. मप्र महासचिव अभय श्रीवास ने बताया कि 9वी जूनियर राज्य स्तरीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में मप्र के अनेक जिलों के 310 खिलाडिय़ों, रैफरी व ऑफिशियल ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाडिय़ों को मुख्य अतिथि जगदीश डावर (डीसीपी) हेडक्वार्टर इंदौर द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया। 9वीं राज्य स्तरीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में देवास के खिलाडिय़ों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर 35 स्वर्ण, 7 रजत व 4 कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब आठवी बार जीतकर शहर को गौरवान्वित किया।

विजेता खिलाडिय़ों में सनी इवेंट्स, मेकन इवेंट्स में टुंगल में यार्निका वर्मा ने स्वर्ण पदक। प्री टीन इवेंट्स में कृष अन्नामलाई स्वर्ण पदक अर्शी सोमानी ने रजत पदक। सब जूनियर में आर्य शिव स्वामी और हर्षिल पटेरिया ने टुंगल इवेंट्स में स्वर्ण पदक। सब जूनियर सोलो इवेंट्स में हर्षिल पटेरिया स्वर्ण पदक। जूनियर में अंशु पटेल टुंगल इवेंट में स्वर्ण पदक। जूनियर बालक वर्ग में में अंशु पटेल, आयुष पटेल व वैष्णवी झाला, वैष्णवी सूर्यवंशी ने गांडा इवेंट में स्वर्ण पदक। रेगू इवेंट्स में बालक वर्ग में जीत वडेर, अंशु पटेल, आयुष पटेल बालिका वर्ग में जागृति योगी, महिमा पटेल, रौनक चौहान ने स्वर्ण पदक जीता। टेंडिंग (फाइट) के विजेता खिलाड़ी, भुविष थेवर, यर्णिका वर्मा, कृष अन्नामलाई, अर्शी सोमानी, अफरद्दीन, यश चौहान आरोही श्रीवास, नकुल जादौन वैष्णवी सूर्यवंशी, देव रघुवंशी, जीत वडेर, हर्षिल पटेरिया, मीत प्रजापति ,आयुष पटेल, वैष्णवी झाला, जागृति योगी, मनीष विश्वकर्मा, महिमा पटेल ,धैर्य पांडे, रौनक चौहान जानवी सरकार ने स्वर्ण पदक जीता। रजत पदक विजेता खिलाड़ी जीत वधेर, आर्य शिव स्वामी,भूमिका थेवर, अमर प्रताप सिंह कुशवाहा, प्रज्ञा, गोरी सोनी ने रजत पदक जीता। रोहित गोदेला,खुशी कौशल, श्रेयश पटेरिया, हर्षिता ने कांस्य पदक जीता। राजवीर गडवाल, समीक्षा रैकवार, त्रिलोकमा बीसे ने अच्छा प्रदर्शन किया। निर्णायक गण रोहित श्रीवास, सौरभ गौतम, निधिष दुबे, भूमिका जैन, लक्ष्मी मालवीय, दिशा रेड्डी, जैनब खान, हर्ष जयसवाल, प्रांजल बुडानिया, अमन रिटोलिया ने निभाई।

खिलाडियों की इस उपलब्धि पर देवास विधायिका श्रीमंत राजमाता गायत्री राजे पवार, महाराज विक्रम सिंह पवार, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, देवास जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, सभापति रवि जैन,विकाश प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव, मनीष सेन नेता प्रतिपक्ष, पार्षद रामयादव, खेल अधिकारी हेमंत सुवीर, उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य सुधीर सोमानी, प्राचार्य अशोक साहू, डॉ. भारत सिंह गोयल, संदीप जाधव, मिर्जा सर और सभी क्लब के खिलाड़ी, कोच और पालको ने बधाई दी।

Dewas शहर मे लगे पोस्टर, बैनर, झण्डे, फ्लेक्स तथा चुनाव को प्रभावित करने वाली सभी सामग्रीयो तत्काल हटाए : आयुक्त

देवास। सोमवार 9 अक्टुबर को विधानसभा के निर्वाचन हेतु आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। आचार संहिता लागू होते ही नगर निगम आयुक्त रजनीश कसेरा के द्वारा निगम बैठक हाल मे निगम के सभी विभाग प्रमुखो की बैठक आहूत कर आचार संहिता के नियमो का कडाई से पालन करने हेतु निर्देश दिये गये।

बैठक मे आयुक्त ने अधिकारियो को निर्देश दिये कि स्वीप गतिविधि के अन्तर्गत शहर मे जहॉ जहॉ पर पोस्टर, बैनर, झण्डे, फ्लेक्स लगे है उन्हे तत्काल हटवाये तथा चुनाव को प्रभावित करने वाली सभी सामग्रीयो को भी हटवायें। इसी प्रकार शासकीय संपत्तियो पर भी विशेष रूप से फोकस किया जावे तथा वहॉ पर सरकार की जनता को लाभ पहुॅचाने वाली योजनाओ के बेनर व पोस्टर लगे है उन्हे भी हटवाये जाने हेतु संबंधित विभाग के प्रमुखो से सम्पर्क कर उन्हे भी हटवायें। आयुक्त ने कहा कि किसी भी राजनैतिक व्यक्ति को अपने कार्यालय मे आमंत्रित नही करें तथा उनके द्वारा बताये गये राजनिती के प्रेरित व आम जनता को लुभाने वाले कार्याे पर उन्हे आदर्श आचार संहिता के नियमों से अवगत करावें। आयुक्त ने आहूत बैठक मे उपस्थित सभी अधिकारियो से कहा कि आम जनता के हित के निगम के दैनिक कार्य हैं जो आचार संहित मे नही आते हैं उन्हें निरंतर रूप से संपादित करें जिससे आम जनता को कोई परेशानी उत्पन्न न हो। बैठक मे निगम उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, कार्यपालन यंत्री नागेश वर्मा, कार्यालय अधिक्षक अशोक उपाध्याय, लेखा अधिकारी दिलीप गर्ग, सहायक यंत्री जगदीश वर्मा, इंदुप्रभा भारती, सौरभ त्रिपाठी, मुशाहीद हन्फी, स्वास्थ्य अधिकारी जितेन्द्र सिसोदिया, राजस्व अधिकारी प्रवीण पाठक, प्रदीप शास्त्री, राघवेन्द्र सेन आदि सहित निगम अधिकारी उपस्थित रहे।

Dewas माता टेकरी पर रुद्र महाकाल सेवा समिति ने की चांदी पालिशिंग

देवास। शारदीय नवरात्र 15 अक्टूबर से आरंभ हो रही है जिसको को लेकर माता टेकरी पर तैयारियां शुरू हो चुकी है। माँ चामुण्डा एवं तुलजा भवानी मंदिर में साफ सफाई के साथ सजावट का कार्य शुरू हो चुका है। वहीं मातारानी के श्रृंगार और पूजन सामग्री की दुकानें भी सजनी शुरू हो चुकी हैं। मातारानी को खुश करने और आशीर्वाद पाने के लिए श्री रुद्र महाकाल सेवा समिति के भक्त इंदौर एवं रतलाम से पहुँचे और मंदिर के गर्भगृह में लगी चांदी को कुछ पलों में चमका दिया।

रविवार को रुद्र महाकाल सेवा समिति की टीम माता टेकरी पहुँची यहां पहले बड़ी माता मंदिर फिर छोटी माता मंदिर के गर्भगृह में लगे चांदी के रुद्र यंत्र, छत्र, दरवाजे, त्रिशूल आदि की पॉलिशिंग आयुर्वेदिक पाउडर से की। समिति के संदीप कसेरा ने बताया कि समिति द्वारा देश दुनिया के मंदिरो में निःशुल्क चांदी की पॉलिशिंग का कार्य किया जाता है। टीम द्वारा उज्जैन के महाकाल मंदिर , इंदौर के खजराना गणेश मंदिर , मंदसौर के पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में चांदी पॉलिशिंग का कार्य पहले कई बार किया गया है। नवरात्रि पर्व को देखते हुए अब देवास की माता टेकरी पर चांदी की पॉलिशिंग आयुर्वेदिक पाउडर द्वारा की गई है।

आरती व अन्य कारणों से चांदी काली होती, एसिड की सफाई से होता क्षरण इसलिए आयुर्वेदिक पाउडर का प्रयोग करती है समिति…
रुद्र महाकाल सेवा समिति के संदीप कसेरा ने बताया कि चांदी बहुत अधिक सेंसेटिव धातु होती है। मंदिर में हर दिन होने वाली आरती से कालापन निकलता है वह चांदी पर बहुत जल्दी जमता है। इसकी सफाई एसिड से भी की जाती है लेकिन उससे चांदी का क्षरण तेजी से होता है। इस कारण हम जिस पाउडर से सफाई करते हैं उससे चमक तो कम आती है लेकिन चांदी को नुकसान नहीं होता ओरे अधिक समय तक चांदी की चमक बनी रहती है।

Dewas: आदियोगी शिव के साथ नौ देवियों की प्रतिमा शहर में पहली बार होगी स्थापित,

नवरात्रि के दौरान रहेगी आकर्षण का केन्द्र

देवास। माँ शारदीय नवरात्रि पर्व शुरू होने में कुछ ही दिन शेष है। शहरभर में कई स्थानों पर नवदुर्गा की विधिवत रूप से स्थापना की जाएगी एवं नवरात्रि महापर्व भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसी कड़ी में माँ चामुण्डेश्वरी नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नवरात्रि पर्व हर्षोल्लास व पारम्परिक रूप से मनाया जाएगा। समिति के वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश खत्री एवं हेमराज ईटोरिया ने बताया कि वार्ड क्रं. 25 पंचशील नगर में स्थित उद्यान में स्थापित होने वाली नवदुर्गा की प्रतिमा इस वर्ष आकर्षण का केन्द्र रहेगी। 12 फीट ऊंची आदियोगी शिव की भव्य प्रतिमा के साथ मातारानी के नौ रूपों की प्रतिमा स्थापित होने जा रही है। नागेश्वर मूर्ति कला केन्द्र कोलकाता व देवास के कलाकार उज्जैन रोड पर विगत 20 दिनों से प्रतिमा को तैयार करने में जुटे है। वन मण्डल रोड से आकर्षक द्वार तैयार कर पंचशील नगर उद्यान तक आकर्षक विद्युत साज सज्जा की जा रही है। समिति द्वारा 15 अक्टूबर को विधिवत रूप से मातारानी की स्थापना कर प्राकट्य महोत्सव शाम 7 बजे मनाया जाएगा। इसी कड़ी में प्रतिदिन शाम 7.30 बजे संगीतमय महाआरती के साथ प्रसादी का वितरण किया जाएगा। स्थानीय बालिकाओं, बच्चों व महिलाओं द्वारा आकर्षक वेशभूषा में रंगारंग ओपन गरबे की प्रस्तुतियां दी जाएगी, जो कि आकर्षण का केन्द्र रहेगी। समिति द्वारा हर वर्ष मातारानी के अलग-अलग रूपो से सजी प्रतिमा स्थापित की जाकर आराधना की जाती है। देशभर से श्रद्धालु माता के नौ रूपों का दर्शन करने पंचशील नगर पहुंचते है। समिति द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन भी पांडाल पर प्रतिदिन किए जायेंगे। 21 अक्टूबर सप्तमी के दिन सिविल लाईन चौराहे पर विशाल भण्डारा आयोजित होगा। 24 अक्टूबर को दशहरे पर शाम 6 बजे से भंडारा प्रारंभ होगा। इसी बीच रात्रि 9 बजे आकर्षक अभिमानी रावण का दहन किया जाकर नवरात्रि महोत्सव की पूर्णाहूति होगी। आदियोगी शिव से सजी मातारानी की भव्य प्रतिमा को 25 अक्टूबर को ग्यारस पर नवदुर्गा चल समारोह में ढोल-ढमाके के साथ शामिल किया जाएगा। समिति ने समस्त श्रद्धालु जनों दर्शन लाभ लेकर भंडारा प्रसादी व रावण दहन आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Dewas विधायक ने किया हाटपिपल्या माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना सहित विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण

देवास। विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार विधानसभा में लगातार विकास कार्य कर रही है। इसी के तहत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आगरोद में विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया गया इसके अंतर्गत लगभग 6032 करोड़ रुपए की लागत से हाटपिपल्या माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना जिसमें देवास विधानसभा के 29 पंचायत 74 गांव लाभांवित होंगे। योजना की सिंचाई क्षमता 1, 64, 845 हेक्टेयर है। इसके साथ ही 2.45 करोड़ रुपए की लागत से कटीपल बैराज का निर्माण का लोकार्पण किया गया। साथ ही 6.40 करोड़ रुपए की लागत से संयुक्त तहसील कार्यालय भवन निर्माण का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही 1.85 करोड़ रुपए की लागत से महारानी पुष्पमाला राजे कन्या महाविद्यालय मेें विश्व बैंक परियोजना अंतर्गत एकेडमिक ब्लाक के निर्माण का लोकार्पण किया गया। ग्राम आगरोद में लोक निर्माण विभाग नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन जिसमें 1 जी 1 एच टाईप आवास गृह का निर्माण किया जाएगा। इसका भूमिपूजन किया गया।

इस अवसर पर विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार, महाराज श्रीमंत विक्रम सिंह पवार, महापौर प्रतिनिधि श्री दुर्गेश अग्रवाल, देविप्रा अध्यक्ष श्री राजेश यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नंदकिशोर पाटीदार, पूर्व महापौर श्री सुभाष शर्मा, पूर्व मंडी अध्यक्ष श्री भारत सिंह पटलावदा, पूर्व मंडी अध्यक्ष श्री बद्रीलाल जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष फूलसिंह चावड़ा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह गोहिल मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि श्री भरत चौधरी, श्री रघुनाथ सिंह, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्री विजयसिंह पवार, पूर्व मंडल अध्यक्ष भेरुसिंह उपड़ी, पूर्व मंडल महामंत्री श्री जीवनसिंह पवार, मंडल महामंत्री जितेंद्र मालवीय, हरीसिंह नेवरी, सालग्राम मालवीय, भूपेंद्र सिंह रामगढ़, गोपाल जोशी, अतुल शर्मा, जयपाल सिंह, राकेश मालवीय, रुपसिंह अजीज खेड़ी, कृष्णपालसिंह गोहिल, मनीष पाटीदार, पुष्पेंद्र सिंह झाला, यशंवत सिंह, जीवन सिंह, करण सिंह, अफसर पटेल, रितेश राठौर, नागेश्वर शर्मा, राजेंद्र सिंह, हरपाल सिंह, उदय सिंह, अमजद खान सहित आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।