Dewas : जिले में कार्य में लापरवाही पर दो ग्राम रोजगार सहायको की संविदा सेवा समाप्त

देवास : कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कन्नौद द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन पर ग्राम पंचायत बावडीखेडा जनपद पंचायत कन्नोद के ग्राम रोजगार सहायक श्री तुलसीराम धुर्वे एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवास द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन पर ग्राम पंचायत साबूखेडी जनपद पंचायत देवास के ग्राम रोजगार सहायक श्री नरेन्द्र जायसवाल की संविदा सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की है ।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कन्नौद ने प्रतिवेदित में बताया कि ग्राम रोजगार सहायक बावडीखेडा श्री तुलसीराम धुर्वे द्वारा अपने पदीय कर्तव्य के प्रति निरंतर लापरवाही बरती जा रही है जिसके परीणाम स्वरुप ग्राम पंचायत बावडीखेडा में मनरेगा अंतर्गत आधार सीडिंग सबसे कम है । प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत जॉबकार्ड सक्रिय कराने हेतु सूची प्रस्तुत करने के दौरान उनके द्वारा बहुतायत में निरर्थक जॉबकार्ड रिज्यूम करा लिये गये जिसके कारण ग्राम पंचायत की समस्त कार्यों प्रगति न्यून हो गई । इसी प्रकार श्री धुर्वे को संबंधित उपयंत्री द्वारा लेबर नियोजन बढाने मस्टर रोल को समय सीमा में फील करने की बार बार हिदायत देने के बावजूद अधिक संख्या में मस्टर रोल समय सीमा से बाहय होने पर समय पर पेमेंट प्रभावित हुआ है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवास के प्रतिवेदन में बताया गया कि ग्राम रोजगार सहायक ग्राम पंचायत साबूखेडी श्री नरेन्द्र जायसवाल द्वारा लगातार कार्य में लापरवाही बरती जा रही थी। बैठकों में लगातार अनुपस्थित,अधिकांश समय फोन बन्द करके रखने एवं जनपद के किसी भी फोन का जबाब नहीं देने कार्यों पर समय पर मस्टर जारी नहीं किये जा रहे थे। इनसे इस संबंध में जनपद पंचायत देवास द्वारा स्पटीकरण मांगा गया जिसका उत्तर इनके द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया ।

Dewas : मेंढकी रेलवे अंडर ब्रिज कार्य 5 माह से बंद, उप मुख्य अभियंता को सौंपा पत्र

देवास। मेंढकी रोड रेलवे पर निर्माणाधीन अंडर ब्रिज का कार्य को पुन: प्रारंभ किए जाने की मांग को लेकर पार्षद प्रतिनिधि एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल पंवार समस्त रहवासी की मांग पर सह. मुख्य अभियंता निर्माण विभाग के प्रशांत कृष्णराव नाइक व उप मुख्य अभियंता निर्माण रेलवे, इंदौर के एस के त्यागी से मिले और पत्र सौंपा। पत्र में पंवार ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा देवास मेंढकी रोड पर एक अंडर ब्रिज बनाया जा रहा है, किंतु विगत 5 माह से काम बंद पड़ा है। बारिश का बहाना लेकर ब्रिज निर्माण के कार्य को बंद किया गया था जो आज दिनांक तक प्रारंभ नहीं हो पाया। मुखर्जी नगर, अलकापुरी सहित बहुत सी कॉलोनियों के रहवासियों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन ठेकेदार काम शुरू करने में आनाकानी कर रहा है।

सूत्रों से जानकारी मिली है कि अंडर ब्रिज की प्रस्तावित राशि किसी अन्य मद में भी खर्च की जा रही है और इस जन हितेषी कार्य को टाला जा रहा है। पार्षद प्रतिनिधि राहुल पंवार व रहवासियों ने उप मुख्य अभियंता से पत्र सौंपकर मांग की है कि अंडर ब्रिज का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश अधिकारियों और निर्माणाधीन कम्पनी को दिए जाए। यदि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ नही होता है तो रहवासियों के साथ आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर आशीष जोशी, रितेश विजयवर्गीय, राहुल कुमावत, राकेश ठाकुर, शिवांश निगम, शैलेंद्र दरबार आदि उपस्थित थे।

Dewas : पिता ही निकला किशोर का हत्यारा…

• बीते दिनों मिले हाथ कटे किशोर के शव के हत्याकांड का हुआ खुलासा..

देवास। जिले के बरोठा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम बांगड़दा में मंगलवार शाम को खेत के पास 15 वर्षीय किशोर का कोहनी से हाथ कटा हुआ शव मिला था। किशोर 2 दिन पहले से घर से लापता था, घर से लगभग 1 km दूर शव मिलने से परिजनों द्वारा हत्या की आकांक्षा जताई गई थी। पुलिस द्वारा मंगलवार से घटना की जांच की जा रही थी। जांच के बाद देवास एसपी द्वारा आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किशोर की हत्या का खुलासा किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया की किशोर की हत्या किशोर के ही पिता ने की थी।

दिनांक मंगलवार को ग्राम बागरदा (बरोठा) थाना बरोठा को सूचना मिली की मेहरबान सिंह चौहान के खेत पर एक अज्ञात बालक का शव झाडियों मे पड़ा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी बरोठा तत्काल अपने फोर्स के रवाना होकर घटनास्थल पर पहुँचकर घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के उपरांत मामला प्रथम दृष्टया हत्या से संबंधित था। ग्रामीणों के द्वारा उक्त शव की पहचान हरिओम चौहान पिता मोहनलाल चौहान उम्र 15 साल निवासी बांगरदा थाना बरोठा के रूप मे की गई।
पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा जांच के लिए 3 विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देशन पर पूछताछ में वैज्ञानिक तकनीक का उपयोग करते हुए लंबी पूछताछ की गई। लगातर प्रयासो के बाद मृतक के पिता मोहनलाल ने अपराध करना स्वीकार कर लिया और बताया
मेरे अपने चचेरे भाई की पत्नि से अवैध संबंध थे, जिसे मृतक ने अपात्तिजनक स्थिति में देख लिया था। वह किसी को बता न दे इस भय के कारण आरोपी ने अपने पुत्र हरिओम चौहान की हत्या कर दी है।
पुलिस ने आरोपी पिता मोहनलाल चौहान उम्र 45 साल निवासी बागरदा थाना बरोठा और उसकी उसके साथ उसके चचेरे भाई की पत्नी आशा भौसले उम्र 28 साल निवासी बागरदा थाना बरोठा को गिरफ्तार कर आरोपी पिता के विरूद्ध थाना बरोठा में अपराध क्रमांक 529/2022 धारा 302, 201 भादवि का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दराता, रस्सी, मृतक की चप्पल एवं आरोपी के कपडे भी जब्त किए है।

Dewas आम आदमी पार्टी से महापौर प्रत्याशी रही चाना ज्ञानेश पवार के यहा चोरी की कोशिश

देवास। आम आदमी पार्टी से महापौर प्रत्याशी रही चाना ज्ञानेश पवार की यहां कल दोपहर तकरीबन 11 बजे 3 महिलाएं चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए पहुंची थी, जहाँ चोरी करते समय तीनो को रंगे हाथों पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया।

चाना पवार ने बताया कि बीते डेढ़ महीने में मेरे यहाँ यह 5वी चोरी है आये दिन घर व घर के आस पास से कुछ न कुछ चोरी हो रहा है। कल भी लगभग 11 बजे मुझे पीछे के ताले टूटने की आवाज सुनाई दी। मेने देखा तो एक महिला ताला तोड़ रही थी वही 2 महिला खिड़की तोड़ कर घर मे घुस गई थी। चाना द्वारा तुरंत इसकी सूचना बीएनपी पुलिस को दी गयी। सूचना पर बीएनपी पुलिस मौके पर पहुँची व तीनो महिलाओं काजल, प्रिया व एकलेशना को पकड़ लिया। तीनो महिलाएं आष्टा की है। पुलिस ने धारा 380 भादवी के तहत प्रकरण दर्ज किया।

Dewas अवैध सागवान को जब्त करने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला…

• आरोपियों ने टीम पर हमला कर सागवान में लगा दी आग..

देवास/खातेगांव। वन परिक्षेत्र खातेगांव अंतर्गत मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम अमेली में जगदीश मीणा के खेत पर अवैध सागवान के चिरान होने की सूचना प्राप्त होने पर परिक्षेत्र सहायक चंदपुरा महेश चंद्र वर्मा अपने वन स्टाफ के साथ मौके पर उपस्थित हुए। जगदीश मीणा , नवाब खा एवं उनके अन्य 2 साथी निवासी अमैली सागोन लकड़ी चिरान करते हुए पाए गए, जब्ती की कार्रवाई के दौरान लकड़ियों की माप ले रहे थे तभी तभी जगदीश मीणा निवासी अमेली वन स्टाफ के साथ अभद्रता के साथ गंदी गंदी गालियां देने लगे और सब ने मिलकर जप्त सागोन लकड़ियों में आग लगा दी एवं वन स्टॉप पर हमला कर दिया कुछ देर बाद आरोपी मौका पाकर भाग गए।

खेत पर मौके पर रखे पानी से स्टाफ ने आग बुझाई। आरोपियों ने मौके पर रखी आधी से ज्यादा लकड़ी जला दी। मौके पर स 9185 रुपए कीमत की 24 नग लकड़ी एवम 2 हाथ आरे, 1 रंदा 1 वसूला 1 हाथ कटर मशीन जब्ती की गई।

आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26, 41 एवम जैव विविधता अधिनियम 2002 के तहत प्रकरण कायम किया गया। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना हरण गांव में शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं कर्मचारियों पर झुमा झटके करने पर थाना हरण गांव में आवेदन देने पर आईपीसी की धारा 353, 294, 427, 94 के तहत अपराध कायम किया गया।

Dewas चेक बाउंस के मामले में अनाज मंडी व्यापारी को तीन माह की सजा, दो वर्षों में आया फैसला

देवास। चेक बाउंस प्रकरण में लगभग दो वर्षो में न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए अभियुक्त/आरोपी को सजा सुनाई, प्रतिकर सहित राशि का भुगतान करने के आदेश पारित किये। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी द्वारा फैसला सुनाया गया। परिवादी नीरज पिता अशोक नामदेव निवासी आवास नगर, देवास द्वारा 2020 में शिकायत करते हुए न्यायालय की शरण ली थी।अभियुक्त/आरोपी शिव अग्रवाल पिता रामनिवास अग्रवाल, प्रोपराइटर गजानंद ट्रेडर्स, अनाज मंडी, देवास निवासी ग्राम गुराडिया भील, सिरोल्या जिला देवास को 3,50,000 (3,00,000 राशि, 40500 ब्याज सहित 9500 न्यायालय व्यय) रुपये का प्रतिकर परिवादी को देने का आदेश किया गया, साथ ही 3 माह का कारावास से भी दंडित किया गया। प्रतिकर की राशि अदा नही करने पर 3 माह का कारावास पृथक से भुगतना होगा।चेक बाउंस के प्रकरण में लगभग दो वर्षों में न्यायालय का फैसला आया है। प्रकरण में सफल पैरवी प्रवीण शर्मा एडवोकेट व सहयोगी दिनेश पालीवाल एडवोकेट ने की।

Dewas संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ का मांगो को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू…

• मांगे पूर्ण न होने पर 32 हजार एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी 15 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

देवास। भारतीय मजदूर संघ से संबंद्ध संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ द्वारा प्रदेश सरकार द्वारा मांगो का निराकरण नहीं किया गया। कर्मचारी ने संघ की मांगे नहीं मानी जिसपर संघ ने प्रांतीय आव्हान पर पुन: आंदोलन का रूख अपना लिया है। जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर ने बताया कि आंदोलन के अंतर्गत 8 दिसम्बर को बागली में प्रेस वार्ता आयोजित कर मीडिया विस्तृत जानकारी देते हुए सहयोग के लिए अनुरोध किया। संघ के जिला सचिव रतन सिंह जामले ने पत्रकारों से चर्चा कर जायज मांगे रखी आंदोलन की रूपरेखा बताई।
9 एवं 10 दिसम्बर को प्रदेशभर में मंत्री, सांसद, विधायक, कलेक्टर, सीएमओ एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को दो सूत्रीय मांगो को लेकर मांग पत्र सौंपा जाएगा। 13 दिसम्बर को व्यापक स्तर पर सोशल मीडिया के माध्यम से मांग पत्र पर कार्यवाही हेतु शासन का ध्यान आकर्षित कराया जाएगा। 14 दिसंबर को प्रदेश के समस्त जिलों में जिला स्तरीय बैठक होगी। इसके बावजूद हमारी मुख्य मांग नियमित कर्मचारियों की भांति महंगाई भत्ता अन्य सुविधाएं दिए जाने एवं 5 जून 2018 की नीति बनाई गई है। उसका पालन कर लागू किए जाने की मांग पूर्ण नही होती है तो 15 दिसम्बर से प्रदेश सहित जिलेभर 32 हजार एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान संघ सदस्य दिनेश शर्मा, पवन सोनेर, दीपक सिंह चौहान, ललिता चौहान आदि उपस्थित थे।

Dewas : खाद वितरण में अनियमितता पर संस्था प्रबंधक निलंबित

देवास: उपायुक्‍त सहकारिता ने बताया कि जिले के समस्त किसानों को यूरिया खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्‍ता के मार्गदर्शन में खाद वितरण व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए सहकारी संस्थाओं एवं निजी विक्रेताओं की निरंतर जांच एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इसी के अनुक्रम में सेवा सहकारी संस्था मर्यादित जियागांव का निरीक्षण नायब तहसीलदार खातेगांव श्री सुनील पडीयार द्वारा किया गया

जिसमें संस्था को प्राप्त यूरिया का भंडारण संस्था गोदाम में न किया जाकर अन्यत्र निजी भवन में किये जाने एवं यूरिया वितरण में गंभीर अनियमितता पाये जाने पर प्रभारी संस्था प्रबंधक जियागांव हरिओम पंवार को उपायुक्त सहकारिता के निर्देश पर संस्था प्रशासक श्री अरूण पेंढारे उप अंकेक्षक द्वारा तत्काल निलंबित किया गया। उपायुक्त सहकारिता ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है, जांच में जो भी कर्मचारी दोषी पाया जायेगा उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी

Dewas शादी का झांसा देकर नाबालिक के साथ किया दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज

देवास। शहर के सिविल लाइन थाने पर नाबालिक के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले में आरोपी ने नाबालिक पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी नाबालिक के साथ लगभग चार वर्षो से गलत काम करते आ रहा था। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी पर पोस्को एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

दरअसल प्राप्त जानकारी अनुसार आरोपी संतोष सूर्यवंशी उम्र 23 वर्ष निवासी मुखर्जी नगर, विजय नगर में कराटे क्लास संचालित करता है। पीड़ित नाबालिक उसके यह कराटे सीखने जाती थी जहा आरोपी ने नाबालिक को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देकर वर्ष 2018 से गलत काम (बलात्कार) कर रहा था। नाबालिक ने जब उसे शादी का कहा तो उसने मना कर दिया जिसपर पीड़ित नाबालिक ने बुधवार को सिविल लाइन थाने पर शिकायत दर्ज कराई जिसपर पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट व अन्य के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की विवेचना सिविल लाइन थाने पर पदस्थ उप निरक्षक ज्योति पाटीदार कर रही है।

Dewas : निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित 02 चिकित्सक एवं 05 कर्मचारियों को दिया कारण बताओ नोटिस

देवास। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में स्‍वास्‍थ्‍य विभाग द्वारा जिले में स्वास्थ्य संस्थाओं के माध्यम से आमजन को शासन की समस्त जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण भी किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एमपी शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरोठा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर चिकित्सक डॉ. प्रीति पाटीदार, डॉ आशीष गुप्ता, कर्मचारी प्रॉची रेकवाल, जी.एस.राठौर, मोहनलाल, निर्मला, रानी अनुपस्थित पाये गये। इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान एमपीडब्ल्यू विष्णु चौधरी को मुल पदस्थापना मेरखेडी में कार्य करने व स्थापना का चार्ज बीपीएम को देने के निर्देश दिये। अस्पताल में साफ-सफाई, दवाईयो की उपलब्धता उपकरणों की क्रियाशीलता के इंचार्ज नर्सिंग स्टॉफ व स्टोर प्रभारी को निर्देश दिये। अस्पताल में आने वाले मरीजो की जॉच व उपचार की व्यवस्था के लिए किसी जॉच उपकरण कि आवश्यकता हो तो जिला स्टोर से प्राप्त करने एवं लैब में शासन द्वारा निर्धारित समस्त जॉच करने के निर्देश दिये। उपस्वास्थ्य केन्द्र सन्नौड प्रसव केन्द्र को क्रियाशील करने और शीघ्र प्रसव सुविधा चालु करने के निर्देश दिये। हितग्राही मूलक योजनाओं का समय-सीमा मे भुगतान करने के निर्देश लेखापाल को दिये। सीएमएचओ डॉ.एम.पी.शर्मा ने बीएमओं धर्मेन्द्र चौधरी को निर्देश दिये कि सुपरवाईजर और विकासखण्ड स्तर के अधिकारी क्षेत्र में मॉनिटरिंग पर जाने से पूर्व उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करें, तत्पश्चात फील्ड में जाये। अस्पताल में नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग करें। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अस्पताल में आने वाले समस्त मरीजों को उपलब्ध कराएं।