जिंदगी अनलॉक करें- कोरोना को लॉक करें: मुख्यमंत्री श्री चौहान

15 जून तक जारी रहेगा कोरोना कर्फ्यू आवश्यक गतिविधियाँ होंगी संचालित

देवास। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना संक्रमण के प्रबंधन पर प्रदेशवासियों के नाम जारी संदेश में कहा है कि आज आपसे चर्चा करते समय मेरे मन में संतोष का भाव है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना से अभी लड़ाई लड़ते रहना है। इसलिए कोरोना कर्फ्यू अभी हम समाप्त नहीं कर रहे हैं। कोरोना कर्फ्यू 15 जून तक जारी रहेगा। लेकिन कोरोना कर्फ्यू में हम छूट दे रहे हैं। सुरक्षा भी और समृद्धि भी। अपनी सुरक्षा भी करना है लेकिन आर्थिक गतिविधियाँ भी आरंभ करना है, जिससे व्यापार चल सके, निर्माण के काम चल सकें। गरीब की रोटी चल सके। मेहनत- मजदूरी मिल सके। क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप चाहे वे हमारे जिले के हों, हमारे ब्लाक के हों, वार्ड या गाँव हों, उन्होंने अपने-अपने यहाँ तय किया है कि 15 जून तक कौनसी गतिविधियाँ चलेंगी और कौनसी गतिविधियाँ नहीं चलेंगी। लेकिन कुछ गतिविधियाँ ऐसी हैं जिन पर पूरे प्रदेश में प्रतिबंध रहेगा। अपनी सुरक्षा के लिए, संक्रमण को रोकने के लिए यह पाबंदियाँ जरूरी हैं। सभी सामाजिक, राजनैतिक, धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध रहेगा। खेल की गतिविधियाँ, मनोरंजन, शैक्षणिक, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, मेले इत्यादि पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। स्कूल-कॉलेज कोचिंग संस्थान यह भी बंद रहेंगे। सिनेमा घर, शापिंग माल्स, व्यायामशाला, जिम, स्वीमिंग पूल, थिएटर, पिकनिक स्पॉट, बार, ऑडिटोरियम , सभागृह यह सभी बंद रहेंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अत्यावश्यक सेवाएँ देने वाले कार्यालय के अतिरिक्त शेष कार्यालय 100 प्रतिशत अधिकारी और केवल 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ संचालित हो सकेंगे। सभी धार्मिक और पूजा स्थलों में एक समय में चार से अधिक भाई-बहन नहीं जाएंगे ताकि पूजा हो सके लेकिन भीड़ न लगे। अंतिम संस्कार में अधिकतम 10 लोग सम्मिलित होंगे। मृत्यु भोज में भी 10 लोग ही सम्मिलित हो सकेंगे। विवाह में दोनों पक्षों को मिलाकर 20 लोग सम्मिलित हो सकेंगे। किसी भी एक स्थान पर एक साथ 6 लोगों से अधिक संख्या में लोग इकट्ठा नहीं होंगे। पूरे प्रदेश में शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक पूरी तरह से जनता कर्फ्यू जारी रहेगा। प्रदेश में प्रतिदिन रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। कुछ जिलों ने वहाँ संक्रमण की स्थिति देखकर इन प्रतिबंधों को और कड़ा किया है। वे अपने जिले की जनता को सूचना दे देंगे ताकि वहाँ संक्रमण फिर से न बढ़ सके।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कुछ गतिविधियाँ ऐसी हैं, जो सम्पूर्ण प्रदेश में मुक्त रहेंगी, मतलब यह गतिविधियाँ संचालित की जा सकेंगी। इसमें सभी प्रकार के उद्योग, औद्योगिक गतिविधियाँ, उद्योगों में कच्चा माल या तैयार माल का आवागमन, अस्पताल, क्लीनिक, नर्सिंग होम, मेडिकल इंश्योरेंस कम्पनी, अन्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएँ, पशु चिकित्सा अस्पताल, केमिस्ट, राशन की दुकानें, किराना दुकानें, फल-सब्जी, डेरी, दूध, पशु आहार की दुकानें, पेट्रोल डीजल पम्प, गैस स्टेशन, रसोई गैस, मंडी, खाद-बीज, कृषि यंत्र की दुकानें, खेती संबंधी सभी गतिविधियाँ चालू रहेंगी। रेस्टोरेंट और भोजनालय से टेक होम डिलेवरी की जा सकेगी। लाजिंग होटल आगंतुकों के साथ रूम डायनिंग के साथ चालू रहेंगे। बैंक, बीमा कार्यालय, एटीएम, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया तथा केबल आपरेटर, नान बैंकिंग फाइनेंसिंग कम्पनियाँ, सहकारी साख समिति, केश मैनेजमेंट एजेंसी आदि का संचालन एवं आवागमन चालू रहेगा। इलेक्ट्रीशियन्स, प्लम्बर, कारपेंटर, मोटर मेकेनिक, आईटी सर्विस प्रोवाइडर का आवागमन, एम्बुलेंस, ऑक्सीजन टैंकर का सम्पूर्ण प्रदेश में आवागमन, अस्पताल, नर्सिंग होम और टीकाकरण के लिए आवागमन कर रहे नागरिक और कर्मचारी, सार्वजनिक परिवहन, चाहे वह बस हो या ट्रेन के माध्यम से हो, आ-जा सकेंगे। सभी प्रकार के सामान और माल की आवाजाही, निजी सुरक्षा सेवाएँ, घरेलू सेवा देने वाले जैसे कपड़ा धोने वाले, ड्राइवर, हाउस हेल्प, मेड, कुक आदि का आवागमन, ई-कामर्स कम्पनियों तथा अत्यावश्यक वस्तुओं की दुकानों से होम डिलेवरी की जा सकेगी। रेड जोन के बाहर के गाँव में समस्त मनरेगा से संबंधित कार्य, ग्रामीण विकास एवं अन्य विभागों के निर्माण कार्य, तेंदूपत्ता के संग्रहण का कार्य, तेंदूपत्ता तोड़ने का काम, फायर बिग्रेड टेलीकम्युनिकेशन, विद्युत प्रदाय, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, केरोसीन टैंकर, होम डिलेवरी सेवाएँ, दूध एकत्रितकरण और वितरण, फल-सब्जी के परिवहन, डाक एवं अन्य कूरियर्स सेवाएँ, मोहल्लों एवं कालोनियों में एकल दुकानें, कोल्ड स्टोरेज एवं वेयर हाऊसिंग की सर्विसेस, समस्त सिविल मरम्मत कार्य तथा नवीन कंस्ट्रक्शन गतिविधियाँ संचालित होंगी। परीक्षा केंद्र आने और जाने वाले विद्यार्थी, परीक्षा केंद्र में परीक्षा की व्यवस्था से जुड़े कर्मी तथा अधिकारियों का आवागमन, आटो, ई-रिक्शा में दो सवारी, टैक्सी व निजी चार पहिया वाहन में ड्राइवर सहित तीन सवारी कोविड प्रोटोकाल के साथ, जिला स्तर पर परम्परागत लेबर मार्केट कोविड प्रोटोकाल के साथ, व्यक्तियों और वस्तुओं का राज्य के भीतर और बाहर आवागमन, यह सब गतिविधियाँ जारी रहेंगी। इन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। अन्य गतिविधियों के बारे में अलग-अलग जिला अपनी स्थिति के अनुसार निर्णय लेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इन सभी गतिविधियों को चालू रखते हुए हम कोविड के संक्रमण पर नियंत्रण कैसे करेंगे, इसकी भी व्यवस्था हमने जमाई है। हम पूरे प्रदेश में लगातार बड़ी संख्या में टेस्ट जारी रखेंगे।

1 जून से जिले में अनलॉक की प्रक्रिया होगी शुरू

राशन दुकाने, शासन द्वारा संचालित व अनुबंधित दुकानें, किराना दुकानें, फल और सब्जियां, डेयरी, आटा चक्की, खाद, बीज, पशु आहार, चश्में की दुकानें, नाई की दुकानें पूरे दिन के लिए खुलेंगे

देवास। जिले को अनलॉक किया जा रहा है। अनलॉक 01 जून से 15 जून 2021 तक का रहेगा। इसके बाद जो भी स्थिति रहेगी उसके हिसाब से अनलॉक के बारे में विचार कर किया जाएगा। उक्त बातें कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला ने आज नगर ‍निगम के पं. अटल बिहारी वाजपेयी परिषद सभाकक्ष में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की बैठक में दिए। बैठक में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की अधिकारीग उपस्थित रहे

अनलॉक में प्रतिबंधित गतिविधि

• सभी सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजन, मेले आदि जिनमें जनसमूह एकत्र होता है प्रतिबंधित रहेंगे। सभी सिनेमा घर, शापिंग मॉल, स्वीमिंग पूल, थियेटर, पिकनिक स्पॉट, ऑडिटोरियम, सभागृह बंद रहेंगे।
• सभी धार्मिक और पूजा स्थल पर एक समय में 4 से अधिक व्यक्ति उपस्थित नहीं रह सकेंगे।
• अधिकतम 10 लोगों के साथ अंतिम संस्कार की अनुमति रहेगी। विवाह में दोनों पक्षों के मिलाकर अधिकतम 20 लोगों के साथ ही अनुमति रहेगी, अनुविभागीय अधिकारी को नाम की सूची आयोजन से पहले देनी होगी।
• संपूर्ण जिले में प्रत्येक रविवार जनता कर्फ्यू रहेगा । शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।
• संपूर्ण जिले में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।
• किसी भी स्थान पर 6 से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा।
• स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक, प्रशिक्षण और कोचिंग संस्थान की आनलाइन क्लासेस चल सकेंगी।
• गोया सब्जी मण्डी, शुक्रवारिया हाट सब्जी मण्डी, शालिनी मार्केट सब्जी मण्डी प्रतिबंधित रहेंगी। चाट-चौपाटी सयाजी द्वार, कैलादेवी मंदिर, भोपाल चौराहा प्रतिबंधित किए गए हैं। थोक फल व सब्जी विक्रेता पूर्व निर्धारित देवास मण्डी प्रांगण में फल व सब्जी का विक्रय कर सकेंगे। खेरची सब्जी एवं फल विक्रेता स्थाई दुकानों के माध्यम से विक्रय नहीं करेंगे अपितु हाथ ठेलों के माध्यम से भ्रमण कर घर-घर जाकर सब्जी व फल विक्रय करेंगे।

अनलॉक में प्रतिबंन्ध से मुक्त रहने वाले गतिविधि

• आटा चक्की से लेकर सैलुन खुलेंगे- एक जून से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकानें शासन द्वारा संचालित और अनुबंधित दुकानें, किराना दुकानें, फल और सब्जियां, डेयरी व दूग्ध केंद्र, आटा चक्की, पशु आहार की दुकानें, चश्में की दुकानें, नाई की दुकानें पूरे दिन के लिए खुलेंगी।
• समस्त रेस्टोरेंट व भोजनालय कुल क्षमता के 50 प्रतिशत की उपस्थिति के लिए खुल सकेंगे।
• परिवहन की ये स्थिति सभी प्रकार के सामानों और माल की आवाजाही बिना किसी रोक टोक के जारी रहेगी ।
• सार्वजनिक परिवहन, निजी बसों, ट्रेनों के माध्यम से कोविड के दिशा निर्देशों के अन्तर्गत अनुमति रहेगी।
• ऑटो , बाइक, ई- रिक्शा में दो सवारी, टैक्सी व निजी चार पहिया वाहनों में ‘ड्रायवर व दो पैसेंजरों को ( मास्क के साथ ) यात्रा करने की अनुमति होगी
• समस्त प्रकार के उद्योग व औद्योगिक गतिविधियां चालू रह सकेंगी।
• उद्योगों के कच्चा माल तैयार माल के आवागमन पर किसी प्रकार की रोक नहीं होगी।
• अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, पशु चिकित्सा अस्पताल चालू रहेंगे।
• समस्त निजी कार्यालय 100 प्रतिशत उपस्थिति के साथ खुले रह सकेंगे।
• समस्त सिविल निर्माण कार्य कोविड -19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए किए जा सकेंगे ।
• समस्त लॉजिंग, होटल और रिसोर्ट केवल आगन्तुकों के लिए खुल सकेंगे।
• सभी कृषि गतिविधियों की अनुमति होगी। कृषि उपज मण्डी, खाद बीज और कृषि यंत्र की दुकानें खुल सकेंगी।
• मोहल्लों, कॉलोनियों, ग्रामों में एकल दुकानें पूरे समय खुली रखी जा सकेंगी।
• कोल्ड स्टोरेज एवं वेयर हाउसिंग की सर्विसेज को अनुमति होगी।
• उपार्जन गतिविधियों पर कोई रोक नहीं होगी।
• गांवों में ये स्थिति- येंलो व ग्रीन जोन के ग्रामों में समस्त मनरेगा कार्य ग्रामीण विकास कार्य वा अन्य विभागों के निर्माण कार्य के साथ ही तेन्दूपत्ता संग्रहण के कार्य कोविड के नियमों का पालन करते हुए जारी रखे जा सकेंगे।


दुकानों पर सोशल डिस्टेसिंग का हो पालन, यदि कोई पालन न करें तो दुकान को करें सील
बैठक में कलेक्टर श्री शुक्ला ने निर्देश दिए कि सभी दुकानदार, प्रतिष्ठानों के संचालकगण कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करें यदि कोई दुकानदार पालन नहीं करें तो उनकी दुकान को सील करें तथा चालानी कार्रवाई भी करें। उन्होंने दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से कहा कि वे कोविड-19 प्रोटोकोल एवं कोविड उपयुक्त व्यवहार, अनुशासन दुकानों में गोले बनाकर ग्राहकों के मध्य पर्याप्त दूरी सुनिश्चित कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। “नो मास्क नो सर्विस” अर्थात् जिस ग्राहक ने फेस मास्क नहीं पहन रखा हो तो उसको दुकानदार द्वारा कोई सामान विक्रय नहीं किया जायेगा। दुकानदार स्वयं भी अनिवार्य रूप से मास्क एवं फेस शील्ड, पारदर्शी शीट का उपयोग करें। यदि कोई दुकानदार “नो मास्क नो सर्विस प्रोटोकोल का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो दुकान को नियमानुसार सील करने की कार्यवाही की जाये। प्रतिष्ठानों में सामाजिक दूरी का पालन किया जाएं, हैण्डवॉश, सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की जाएं तथा सभी शामिल व्यक्ति फेस मास्क लगाना सुनिश्चित करें।
बिना मास्क वालों पर की करे चालानी कार्रवाई

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. सिंह ने कहा कि जिले में कोई भी बिना मास्क के सार्वजनिक स्थल पर घुमते हुए पाया जाए या फिर सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं करे तो उस पर चालानी कार्रवाई की जाएं। इसके लिए लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई करें उन्होंने कहा कि सभी सार्वजनिक व कार्य स्थलों एवं परिवहन के दौरान फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा ।

प्रदीप चौधरी पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने की एसपी से भेंट ।

देवास= विगत दिनों कांग्रेस नेता एवं प्रदेश कांग्रेस महामंत्री प्रदीप चौधरी पर कोरोना उल्लंघन को लेकर एफ आई आर दर्ज की गई उसी को लेकर आज शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने एसपी डॉ शिवदयाल सिंह गुर्जर से भेंट की एवं उनसे कहा कि प्रदीप चौधरी एक सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं जिन्होंने दोनों लॉकडाउन के दौरान लोगों की भरपूर मदद की है जिससे आप भी भलीभांति परिचित हैं। कांग्रेस परिवार के वरिष्ठ सदस्य हैं पूर्व पार्षद हैं । उन्होंने कभी भी ऐसा कोई काम नहीं किया है जो कानून के दायरे से बाहर हो। हमारा आपसे इस पत्र के माध्यम से अनुरोध है कि उन पर दर्ज की गई एफ आई आर की कार्रवाई को निरस्त करें। इसी के साथ श्री राजानी ने कहा कि शमशान वहां रहे या नहीं यह रहवासियों के साथ बैठकर चर्चा करना चाहिए । इस विषय को लेकर सांसद विधायक चुप क्यों है ? इस शमशान को लेकर कोर्ट का निर्णय आया हुआ है । नगर निगम को निर्णय लेना चाहिए। इस अवसर पर कांग्रेस नेता शौकत हुसैन पंडित जयप्रकाश शास्त्री भगवान सिंह चावड़ा नजऱ शेख़ सुधीर शर्मा एजाज शेख सन्तोष मोदी ज़ाकिर उल्ला गोवर्धन देसाई इम्तियाज शेख भल्लू राहुल पंवार उपस्थित थे ।

पुलिस ने किया खेत मे हुए अंधेकत्ल का पर्दाफाश

कन्नौद- पुलिस अधीक्षक डाँ. शिवदयालसिंह के निर्देशन मे अति. पुलिस अधीक्षक कन्नौद सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी कन्नौद श्री बृजेश सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन मे अथक प्रयास से दिनांक 06.05.2021 को फरियादी मनीष पिता उमेश कचनारिया निवासी दय्यत द्वारा ग्राम दय्यत ने रिपोर्ट लिखाई थी कि उसके खेत पर अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से मारपीट कर गंभीर चोटे पहुचाकर मेरे पिता उमेश कचनारिया की निर्मम हत्या कर दी थी। जिस पर से थाना नेमावर में अपराध क्रमांक 124/2021 धारा 302 भादवि का कायम होकर विवेचना में था ।

दौरान विवेचना दिनांक 30.05.2021 को मुखबिर की सूचना पर संदेही गोपालदास की पत्नी लक्ष्मीबाई पति गोपालदास बैरागी निवासी दय्यत को थाना तलब कर गहन पूछताछ करने पर बताया कि मेरे उमेश कचनारिया से अवैध संबंध थे दिनांक 05.05.2021 के दिन में मै जंगल मे चारा काटने गई थी उमेश से मेरी बातचीत प्रेम संबंध में हो गई थी इसका पता मेरे पति गोपालदास एवं लडके मनोजदास बैरागी निवासी दय्यत को हो गई थी। इसी बात को लेकर मेरे पति गोपालदास एवं पुत्र मनोजदास के द्वारा दिनांक 05/06.05.2021 की रात्रि में करीबन 12.00 बजें गोपालदास ने लोहे की कुल्हाड़ी से तथा पुत्र मनोजदास ने लकड़ी के डंडे से उमेश कचनारिया को मारपीट कर गले मे मुह पर चोट पहुचाई, गंभीर चोट आने से मौके पर ही उमेश कचनारिया की मृत्यु हो गई । इस घटनाक्रम में आरोपी गोपालदास बैरागी और मनोजदास बैरागी को थाने पर तलब कर घटना के संबंध में पूछताछ की गई दोनों ने जुर्म स्वीकार किया जिन्हें गिरफ्तार कर उनके द्वारा घटना में उपयोग किये गये लकडी का डंडा व लोहे की धारदार कुल्हाडी आरोपीयो की निशादेही पर दय्यत के जंगल से बरामद किये गये । इस उत्साहवर्धन कार्य हेतु पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा टीम को नगद पुरस्कार से पुरष्कृत करने की घोषणा की है ।

?️चंचल भारतीय

2 लाख रूपये लेकर फर्जी सर्टिफिकेट लगाकर किया परमानेंट करने का आरोप

फरियादी ने दिया पुलिस अधीक्षक को आवेदन

देवास। सनफार्मा कार्यरत शेखर पटेल ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर शिकायत की है कि वे विगत 8 वर्षो से विनय इलेट्रिक के कांट्रेक्ट पर सनफार्मा में कार्य कर रहे हैं। पटेल के साथ काम करने वाले परमानंट हो गए थे लेकिन पटेल को परमानेंट नहीं किया । पटेल ने जब इसकी शिकायत की तो विनय इलेट्रिकल के साबू नायर ने उन्हें नोकरी से निकालने की धमकी दी जिसकी शिकायत पटेल ने औद्योगिक थाना एवं सीएम हेल्पलाईन पर की। इससे नाराज साबू नायर ने औद्योगिक थाना में आयपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवा दिया। पटेल ने बताया कि साबू नायर ने मेरे साथ काम करने वाले लोगों से 2-2 लाख रूपये लेकर नासिक से फर्जी आयटीआई सर्टिफिकेट बनवाकर उनको परमानेंट कर दिया। तथा मेरे द्वारा शिकायत करने पर मुझे जान से मारने की धमकी दी । तथा मुझ पर ही झूठे प्रकरण दर्ज करवा दिये। पटेल ने पुुलिस अधीक्षक से मांग की है कि साबू नायर पर उचित कार्यवाही की जाए तथा मुझ पर लगे झूठे प्रकरणो को हटाया जाए।

Dewas, आज जिले में 5 सैंपल की रिपोर्ट आई कोरोना पॉजिटिव

कोविड-19 हेल्थ बुलेटिन दिनांक 31 मई 2021

◆ आज प्राप्‍त रिपोर्ट मे कोरोना संक्रमित (पाजिटिव) केसेस जानकारीः-

◆ प्राप्‍त रिपोर्ट मे कोरोना संक्रमित (पाजिटिव) व्यक्ति की मृत्यू जानकारीः-
1 पताः-एम.एम.डब्ल्यु एम.जी.एच ,देवास ,पुरूष उम्र 52 वर्ष ,मृत्यू-जिला अस्पताल देवास

  • विवरण संख्या
  • 1 -जिले मे आज तक कोविड-19 टीकाकरण अभियान मे लगाये गये डोज की संख्या 204612
  • 2 -आज लिये गये सैम्‍पल- 1497
  • 3 -आज लैब से प्राप्त सैंपल रिपोर्ट संख्या- 1949
  • 4 -आज प्राप्त सैम्पल रिपोर्ट में पाजिटिव संख्या- 5
  • 5 -आज प्राप्त कुल सैम्पल रिपोर्ट में नेगेटिव संख्या’- 1944
  • 6 -आज कोरोना संक्रमित/पॉजिटिव, मरीज की मृत्‍यु संख्या- 1
  • 7 -आज दिनांक तक लिये गये सैंपल संख्या- 175818
  • 8 -आज दिनांक तक लैब से प्राप्त कुल सैंपल रिपोर्ट संख्या- 175526
  • 9 -आज दिनांक तक कुल पाजिटिव संख्या- 7683
  • 10 -आज दिनांक तक प्राप्‍त सैम्पल रिपोर्ट में नेगेटिव संख्या’- 166604
  • 11 -आज कोरोना संक्रमित /पॉजिटिव ,मरीज उपचार उपरांत कोरोना मुक्त हुए संख्या- 66
  • 12 -आज दिनांक तक कोरोना संक्रमित/पॉजिटिव ,मरीज उपचार उपरांत कोरोना मुक्त हुए संख्या- 7459
  • 13 -आज दिनांक तक जिले मे कोरोना संक्रमित/पॉजिटिव, एक्‍टीव मरीजो की संख्या- 176
  • 14 -आज प्राप्त में पैथालॉजी द्वारा रिजेक्ट संख्या- 0
  • 15 -आज दिनांक तक प्राप्त रिपोर्ट में पैथालॉजी द्वारा रिजेक्ट संख्या- 219
  • 16 -आज दिनांक तक कोरोना वायरस सैम्पल रिपोर्ट अप्राप्त /रिपोर्ट आना शेष संख्या’- 292
  • 17 -आज दिनांक तक कोरोना संक्रमित/पॉजिटिव,मरीज की मृत्‍यु संख्या- 48
  • 18 -जिले में आज का कोविड-19 पाॅजिटीविटी रेट (प्रतिशत मे)- 0.6
  • 19 -जिले में अब तक का कोविड-19 पाॅजिटीविटी रेट (प्रतिशत मे)- 4.38
  • 20 -जिले में अब तक का कोविड-19 रिकवरी रेट (प्रतिशत मे)- 97.08
  • 21 -जिले में अब तक की कोविड-19 मोर्टीलिटी रेट (मृत्युदर) (प्रतिशत मे)- 0.62
  • 22 -जिले मे बनाये गये माईक्रो कंटेंनमेन्ट एरीया की संख्या- 23

देवास – कल 31 मई को जिले में 11 केंद्रों पर होगा टीकाकरण

• कल शहर में 18 से 44 वर्ष वालो का नही होगा टीकाकरण

देवास। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.पी.शर्मा ने बताया कि देवास शहर में 31 मई 2021 को 45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों हेतु केवल मल्हार स्मृति मंदिर देवास में को-वैक्सीन का दूसरा डोज एवं कोविशिल्ड के दोनोंं डोज़ लगाये जायेंगे। 18 से 44 आयुवर्ग के व्यक्तियों हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में चौबाराधीरा , कन्नौद , सतवास, टोंकखुर्द में कोविड़-19 टीकाकरण सत्र 100 प्रतिशत ऑनसाइट रजिस्ट्रेशन (सीधे टीकाकरण केंद्र पर जाकर बुकिंग) के रूप में आयोजित होंगे। ऑनसाईट सत्र स्थलों पर टोकन सिस्टम की व्यवस्था होगी पहले आने वाले व्यक्ति का पहले वैक्सीनेशन किया जा सकें। तथा 45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों हेतु ग्रामीण क्षेत्र में बरोठा,भौरासा ,पीपलरावा, सोनच्छ, बागली में कोविड़-19 वैक्सीनेशन सत्र 100 प्रतिशत ऑनसाईट रजिस्ट्रेशन (सीधे टीकाकरण केंद्र पर जाकर बुकिंग) के माध्यम से होंगेे सत्र आयोजित होंगे।
पात्र व्यक्ति अपना टीकाकरण अवश्य कराएं। कोविड-19 टीकाकरण की जानकारी के लिये स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, आगनवाडी कार्यकर्ता से सम्पर्क कर सकते है। वैक्सीनेशन संबंधी जानकारी के लिए कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्ट्रल स्थापित किया गया है जिसका नम्बर 07272-222202 पर सम्पर्क कर सकते है। कोविड-19 टीकाकरण प्रातः 9.00 से शाम 5.00 बजे तक किया जा रहा है।

बारिश पूर्व निगम कर रहा बड़े व छोटे नालों की व्यापक रूप से सफाई

देवास। निगमायुक्त विशाल सिंह चौहान के निर्देशन में बारिश पूर्व शहर के बड़े व छोटे नालों की सफाई का कार्य निगम के अमले के द्वारा किया जा रहा है। शहर के बड़े नालों की सफाई व्यापक रूप से की जा रही है, बारिश के दौरान नालों में पानी की निकासी बनी रहे इसलिए नालों में जमी गाद को जेसीबी की मदद से निकालकर तत्काल निपटान किया जा रहा है। इसी प्रकार निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत नालों व नालियों में जलजमाव की स्थिति निर्मित ना हो इसके लिए निगम की टीम के द्वारा व्यापक रूप से सफाई की जा रही है। इसी के साथ शहर में स्वीपिंग कार्य भी निरंतर रूप से टीम के द्वारा किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा के 7 साल पूर्ण होने पर विधायक मनोज चौधरी ने संकल्प यात्रा निकाली।

देवास नेवरी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सेवा के 7 साल पूर्ण होने पर सेवा ही संकल्प के चरितार्थ को पूरा करते हुए लोकप्रिय विधायक आदरणीय मनोज जी चौधरी हाटपिपलिया ग्रामीण मंडल के ग्राम नेवरी में कोरोना से बचाव एवं सावधानी हेतुनिवेदन किया स्वास्थ्य की जानकारी लेकर मास्क एवं सेनीटाइजर वितरण किया इस अवसर पर मंडल के महामंत्री धीरज सिया सेंधव मंडल उपाध्यक्ष मनोहर पाटीदार जनपद सदस्य नवीन पाटीदार पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता अनोखी जाट राधेश्याम जाट युवा मोर्चा मंडल मंत्री हजारी लोधी मंडल मंत्री आसाराम लोधी दीवान गुरु जुगल प्रजापति सहित भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

?️नरेंद्र चौहान