नगर निगम देवास बजट 2022-23: विकास कार्यों के लिए इस बार 200 करोड़ रुपए अधिक होंगे खर्च

• निगम द्वारा बजट राशि 731.64 करोड़..12 लाख की बचत का भी अनुमान

• देखे बजट अंतर्गत नगर निगम देवास में किन कार्यों को प्रस्तावित किया है

देवास। विकास के मामले में हमारा देवास शहर प्रगति पथ पर अग्रसर है। नगर निगम ने इस बार विकास कार्यों के लिए अपने बजट में एक बड़ी राशि शामिल की है। यह राशि पिछले वर्ष की तुलना में 200 करोड़ से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट शहर में विकास की एक नई इबारत लिखेगा। नगर निगम द्वारा प्रस्तावित बजट में कुल 731.64 (सात सौ इकत्तीस करोड़ 64 लाख रुपए) के अनुरूप कुल प्रस्तावित व्यय राशि 731.52 (सात सौ इकत्तीस करोड़ 52 लाख रुपए) है, अर्थात 12 लाख रुपए बचत होने का अनुमान है।
नगर निगम के बजट में विकास कार्यों के लगभग सभी बिंदुओं पर जोर दिया गया है। शहर के बाग-बगीचों के साथ ही मार्गों के चौड़ीकरण, चाैराहों के सौंदर्यीकरण के लिए भी पर्याप्त राशि खर्च की जाएगी। बजट में वार्षिक खेल महाेत्सव के लिए भी राशि शामिल की है और वाचनालयों के लिए भी राशि प्रस्तावित है। शहर विकास के सभी तथ्यों का समावेश बजट में किया है। उपायुक्त वित्त पुनीत शुक्ला द्वारा वर्ष 2022-23 के तैयार बजट पर आयुक्त विशालसिंह चौहान की अनुशंसा पर बजट पेश, कलेक्टर एवं प्रशासक चंद्रमौली शुक्ला द्वारा स्वीकृति।

बजट अंतर्गत नगर निगम देवास में कार्यों को प्रस्तावित किया है-
• यातायात व्यवस्था में सुधार व विकास के लिए कई तरह के विकास कार्य होना है, इसके लिए दो करोड़ रुपए की राशि प्रस्तावित है।
• महात्मा गांधी मार्ग, सुभाष चौक एवं शामलात मार्गों का चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ रुपए प्रस्तावित है।
• शहर के 5 प्रमुख चौराहों के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपए प्रस्तावित है।
• बिलावली श्मशान के विकास व सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपए प्रस्तावित है।
• नगर निगम शहर में 50 नए बगीचों का निर्माण कराएगा। इसके अतिरिक्त पुराने बगीचों का भी विकास होगा। इस कार्य के लिए 5 करोड़ की राशि प्रस्तावित है।
• हॉकर जोन व्यवस्थापन के लिए एक करोड़ रुपए प्रस्तावित है।
• वार्षिक खेल महोत्सव के लिए 40 लाख रुपए प्रस्तावित किए हैं।
• नगर गौरव दिवस के आयोजन के लिए 50 लाख रुपए प्रस्तावित है।
• शहर में नवीन वाचनालयों का निर्माण भी किया जाएगा। साथ ही पुराने वाचनालयों के नवीनीकरण के लिए 30 लाख रुपए प्रस्तावित किए हैं।
• राज्य आपदा शमन निधि योजना अंतर्गत शासन से प्रस्तावित राशि अनुसार ब्राह्मणखेड़ा तालाब के आसपास आरसीसी नाला निर्माण, वार्ड बिलावली रोड के पास आरसीसी नाला निर्माण के लिए 2 करोड़ 97 लाख रुपए प्रस्तावित हैं।
• अमृत- 2.0 योजना अनुसार जल प्रदाय, ग्रीन स्पेसेस, स्ट्रोम जल नालियां, सीवरेज एवं सेफ्टीज प्रबंधन के अंतर्गत निर्माण कार्य के लिए 116 करोड़ 50 लाख रुपए प्रस्तावित है।
• देवास शहर के विभिन्न बगीचों में बच्चों के खेल उपकरण, चैनल फेंसिंग, ट्री गार्ड, डिवाइडर रोटरी, पौधे प्रदाय करने, ग्रीन ग्रास एवं अन्य संबंधित विकास व सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ 45 लाख रुपए के कार्य प्रस्तावित है।
• नगर निगम के पशु बजट अंतर्गत श्वान हाउस (नसबंदी/उपचार/अस्पताल/घर निर्माण) के लिए 50 लाख रुपए प्रस्तावित है।
विशेष
विधायक की पहल पर नागदा स्थित गणेश मंदिर पहुंच हेतु नवीन मार्ग के निर्माण व सौंदर्यीकरण तथा माताजी टेकरी के विकास के लिए एक करोड़ की राशि प्रस्तावित की है।
• इसी के साथ वार्डों में नवीन रोड निर्माण, नाली निर्माण व जनहित में अन्य विकास कार्य शामिल किए गए हैं।

Amarnath Yatra 2022: इस वर्ष 30 जून 2022 से 11 अगस्त 2022 तक चलेगी अमरनाथ यात्रा

जिले से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में जाते हैं श्रद्धालु

देवास। वर्ष 2019 में धारा 370 हटाने के दौरान यात्रा 5 अगस्त 2019 को निरस्त कर दी गई। इसके पश्चात वर्ष 2020 एवं वर्ष 2021 में कोविड-19 के कारण यात्रा नहीं हो पाई थी लेकिन इस बार श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रा की तिथि घोषित कर दी गई है। इस वर्ष बाबा अमरनाथ की यात्रा इस बार 30 जून 2022 से प्रारंभ होकर 11 अगस्त 2022 तक चलेगी। अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए दर्शनार्थियों को पंजीयन कराना आवश्यक होगा। पंजीयन का कार्य आगामी अप्रैल माह से प्रारंभ होगा। जिला अस्पताल में हेल्थ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया आगामी दिनों में प्रारंभ हो जाएगी। फिलहाल यात्रा के लिए पंजीयन की प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी।

माँ शिवशक्ति सेवा मंडल के विनोद जैन व महेश कारपेंटर ने बताया है कि प्रतिवर्ष जम्मू-काश्मीर स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए जिले से हजारों की संख्या में श्रद्धालु जाते है। श्री अमरनाथ यात्रा 30 जून 2022 से प्रारंभ होगी जो कि 11 अगस्त 2022 तक चलेगी। इस यात्रा के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट जरूरी है। यात्रा के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट वर्तमान तिथि का ही मान्य होगा। श्राइन बोर्ड द्वारा अधिकृत डॉक्टरों सूची जारी होने के बाद जिला चिकित्सालय में हेल्थ चेकअप की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो जाएगी। इच्छुक यात्री पंजीयन फॉर्म तथा हेल्थ सर्टिफिकेट साथ लेकर हेल्थ चेकअप करवा सकते हैं। अमरनाथ श्राइन बोर्ड के निर्णयानुसार इस बार भी डॉक्टरों द्वारा चेकअप करने के बाद ही यात्रा पर जाया जा सकेगा। इन टेस्टों में प्रमुखतः हीमोग्लोबिन, ईसीजी, ब्लड ग्रुप, हार्ट चेकअप, ब्लड प्रेशर आदि की जांच की जाती है। साथ ही वैरीफाई किया जाता है यात्री यात्रा पर जाने योग्य है या नहीं। साथ ही जिन्होंने पहले से मेडिकल करवा रखा है वह मान्य नहीं होगा। अमरनाथ श्राईन बोर्ड द्वारा नामित सरकारी डॉक्टरों द्वारा किया गया चेक अप ही मान्य होगा।
• यहां से निःशुल्क फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं
श्री अमरनाथजी की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए माँ शिवशक्ति सेवा मंडल यात्रियों को निःशुल्क फॉर्म प्रदान करता है। इसके लिए मां चामुंडा स्पोर्टस पाइंट शुक्रवारिया हाट पर संजय पारखे, प्रजोत पारखे (9826040033), सयाजी द्वार के सामने स्थित गोवर्धन पहलवान की पान की दुकान, देवास बस स्टैंड पर श्रीराम भोजनालय, कोतवाली के सामने बागलीकर एडवर्डटाइजिंग के अमित बागलीकर (9039900559) के अलावा मंडल के अन्य सदस्यों से संपर्क कर फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
शिवशक्ति सेवा मंडल प्रतिवर्ष करता है सेवा
शिवशक्ति सेवा मंडल के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को पंजीयन के फॉर्म उपलब्ध कराना तथा यात्रा के संबंध में यात्रियों को दिशा निर्देश देना ही मंडल का प्रमुख कार्य रहता है।
• उम्र का है अनुबंधन
श्राइन बोर्ड द्वारा जारी आदेश अनुसार 13 वर्ष से कम आयु के बच्चे तथा 75 वर्ष से अधिक आयु के यात्रियों को यात्रा करने की परमिशन नहीं होगी। साथ ही जो महिलाएं गर्भवती है, उन्हें भी यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
हजारों दर्शनार्थी जाते हैं दर्शन करने
जून माह में प्रारंभ होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए शिव भक्तों में बहुत उत्साह देखने को मिलता है। जिले से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में दर्शनार्थी दर्शन करने के लिए जाते है। ये दर्शनार्थी निजी वाहन, टैक्सी तथा ट्रेन से रिजर्वेशन करवा कर जाते है। इन शिवभक्तों का कहना है कि अमरनाथ यात्रा की तैयारी यात्रा की तारीख घोषित होते ही प्रारंभ कर देते है।

शासन जब तक हमारी बात नही मानेगा, तब तक नहीं बाटेंगे राशन-पानी

सहकारी समिति के कर्मचारियों को मिला कई संगठनों का समर्थन

देवास। शासन जब तक हमारी बात नही मानेगा, तब तक नहीं बाटेंगे राशन-पानी, हम अपना अधिकार मांगते नहीं किसी से भीख मांगते जैसे नारों के साथ गुरूवार को सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल प्रमुख मांगो को लेकर लगातार सातवें दिन जारी रही। प्रदेशभर के सहकारी समितियों पर ताले लगा कर सभी कर्मचारी शाखा स्तर पर कलमबंद हड़ताल पर बैठे। महासंघ प्रदेश उपाध्यक्ष लोकेन्द्र सिंह सेंधव ने बताया कि 1 अप्रैल को भोपाल में होने वाला जंगी प्रदर्शन व सामुहिक इस्तीफे का कार्यक्रम की अनुमति नही मिलने से स्थगित किया गया है। कर्मचारियों का आंदोलन जिला मुख्यालयों पर सतत रूप से जारी रहेगा। मण्डुक पुष्कर पर चल रहे सहकारी कर्मचारियों के आंदोलन को कई संगठनों का समर्थन मिला। धरना स्थल पर गुरूवार को अजाक्स संगठन जिलाध्यक्ष कैलाश मालवीय, लिपिक संयुक्त मोर्चा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह राजपूत, वन कर्मचारी संगठन जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रसाद तिवारी तथा पेंशनर्स एसोसिएशन के मोर्चा संरक्षक गंगा सिंह सोलंकी पहुंचे और कर्मचारियों को विश्वस्त किया कि हमारा पूरा समर्थन व सहयोग आप लोगों तन-मन-धन से मिलेगा, आपकी लड़ाई शासन की न्यायोचित मांगों को लेकर है, जिसकों शासन को जल्द से जल्द पूर्ण करना चाहिए। गंगासिंह सोलंकी ने संबोंधित करते हुए कहा कि आपकी लड़ाई को चाहे कितना भी समय लग जाए, उसके लिए हम निरंतर आपके साथ है। जब तक कर्मचारियों की मांगे पूर्ण नही हो जाती हम सभी संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता साथ खड़े रहेंगे। जिलाध्यक्ष हरेन्द्र ङ्क्षसह ठाकुर ने बताया कि हमारी मुख्य मांग शासकीय कर्मचारी अनुसार समान वेतन एवं जो सुविधाएं शासकीय कर्मचारी को मिलती है, वह हमें भी मिले यह माग कई वर्षों से चली आ रही है। शासन द्वारा हमारे आंदोलन को तोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। परंतु हम हमारे आंदोलन को निरंतर जिला स्तर पर जारी रखेंगे। जब तक विभागीय अधिकारियों द्वारा जिला स्तर पर या प्रदेश स्तर पर हमारी मांगों का निराकरण नही हो जाता। जिला उपाध्यक्ष मोहन जाट के नेतृत्व में तहसील स्तर खातेगांव, कन्नौद, सतवास  में भी सहकारी समिति कर्मचारियों का आंदोलन सतत रूप से जारी है। 

India first hydrogen car : देश की पहली हायड्रोजन कार से संसद पहुँचे गडकरी, कहा- यही देश का भविष्य

दिल्ली : केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को देश की पहली हाइड्रोजन कार से संसद पहुंचे। ‘ग्रीन हाइड्रोजन’ द्वारा संचालित कार का प्रदर्शन करते हुए, गडकरी ने हाइड्रोजन, ईंधन सेल इलेक्ट्रिक वाहन प्रौद्योगिकी और भारत के लिए हाइड्रोजन आधारित समाज का समर्थन करने के लिए इसके लाभों के बारे में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया। और कहा कि यही देश का भविष्य है।

हाइड्रोजन ईंधन की लागत के बारे में पूछे जाने पर, मंत्री ने कहा कि लोगों को इसकी लागत लगभग 2 रुपये प्रति किलोमीटर होने की संभावना है, जो अन्य ईंधनों की तुलना में काफी कम है।गडकरी ने कहा कि सरकार न केवल इसका उत्पादन करेगी, बल्कि हरे हाइड्रोजन के निर्यात की भी योजना है।

संसद भवन सड़क परिवहन मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और इसका खामियाजा आम आदमी को भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने कहा, ‘वर्तमान में हम 8 लाख करोड़ रुपये का कच्चा तेल आयात करते हैं। अगर हमें आत्मनिर्भर देश बनना है तो हमें भारत में हाइड्रोजन आधारित ईंधन का उत्पादन करना होगा।’

नितिन गडकरी ने कहा कि भारत में ग्रीन हाइड्रोजन का निर्माण किया जाएगा। “देश में स्थायी रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए हरित हाइड्रोजन ईंधन भरने वाले स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। भारत जल्द ही हरित हाइड्रोजन निर्यातक देश बन जाएगा।”

Dewas: भूतड़ी अमावस्या पर्व पर नेमावर नर्मदा स्रान के लिये जाने वाले श्रद्धालुओं की माता टेकरी पर भारी – भीड़

देवास। 1 अप्रैल को चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या है। इसे भूतड़ी अमावस्या अमावस्या भी कहा जाता है।भूतड़ी अमावस्या पर सिद्ध क्षैत्र नेमावर में पुण्य सलीला मॉ नर्मदा जी में स्रान के लिये लाखो की संख्या में श्रद्धालुजन एकत्रित होते है। नेमावर में नर्मदा स्रान के लिये जाने वाले श्रद्धालुओ का सिलसिला दो दिन पूर्व बुधवार से ही प्रारंभ हो गया।

जिला मुख्यालय पर चामुण्डा माता टेकरी पर नेमावर अमावस्या पर्व स्रान के लिये वाले श्रद्धालुओ की भारी भीड़ दिखाई दी। श्रद्धालुओ ने मॉ तुलजा भवानी, चामुण्डा माता के दर्शन किये। वैसे देखा जाए तो हिंदू धर्म में अमावस्या का बहुत अधिक महत्व होता है। भूतड़ी अमावस्या श्रद्धालु नर्मदा में स्नान करने आते हैं। इसके अलावा जिस भी व्यक्ति पर बाहरी बाधा (भूतप्रेतो) का साया रहता है उन व्यक्तियों को नर्मदा में स्नान करारकर बुरी बाधा से मुक्त कराया जाता है। बताया गया है कि छोटी भूतड़ी अमावस्या पर सुबह से लेकर रात ढोल-ढमाकों और अजीबो तरह की आवाजा सुनाई देती है।

31 मार्च एवं 1 अप्रैल दोनो दिन अमावस्या
ज्योतिषियों के अनुसार इस वर्ष दोनों दिन अमावस्या तिथि रहेगी। 31 मार्च को श्राद्ध कर्म की अमावस्या और 1 अप्रैल को स्नान और दान की अमावस्या मनाई जा रही है। 31 मार्च, गुरुवार को श्राद्ध कर्म के लिए अमावस्या सही मानी जा रही है और स्नान और दान के लिए शुक्रवार को अमावस्या सही रहेगी। विगत दो वर्षो से कोरोना संक्रमण काल के चलते नेमावर में नर्मदा पव स्रान प्रतिबंधित था। इस वर्ष कोरोना महामारी से छुटकारे के कारण नर्मदा जी स्रान के लिये नेमावर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पंहुचने की संभावनाएॅ है। बुधवार को ही चामुण्डा माता टेकरी पर नर्मदा जी में स्रान के लिये नेमावर जाने वाले श्रद्धालुओ की भीड़ को देखते हुए प्रशासन को आवागमन एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करना होंगे।
नर्मदा तट पर बाहरी बाधाओं से मिलती है मुक्ति
अमावस्या पर्व स्रान, दान पूण्य के साथ ही एैसी मान्यता है कि जिन लोगो को भूत, प्रेत अर्थात बाहरी बाधाएॅ घेर लेती है। नर्मदा जी में स्रान से एैसे व्यक्तियों को बाहरी बाधाओं से मुक्ति मिलती है। नेमावर में नर्मदा के घाटों पर जगह जगह अमावस्या की रात्रि में जानकारो, पंडों का डेरा जमता है। बाहरी बाधाओं से घिरे लोग झुमते, किलकारी भरते नजर आते है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के नाम एसडीएम व तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा

टोंकखुर्द (विकेश जैन)। बुधवार को नगर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी अभिषेक सिंह को ज्ञापन सौंपा।

कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में बताया कि तहसीलदार टोंकखुर्द ने एक आदेश जारी किया है कि मतदाता सूची का कार्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता करेगी। लेकिन ऐसा होना संभव नहीं है। हम मानदेय मान सेवी हैं। जिसके कारण गैर आई सी डी सी के कार्य बगैर प्रोत्साहन राशि के करते ही हैं। लेकिन हम कार्यकर्ता मतदाता सूची का कार्य नहीं कर सकते। हमारा मतदाता सूची में नाम दिया गया है। और उसी समय उसी तारीख मैं हमारी आंगनवाड़ी मैं महिला बाल विकास से सर्वे का कार्य भी दिया गया है। अब एक समय में हम दो कार्य कैसे कर सकते हैं। इसी कारण हम मांग करते हैं की कार्यकर्ताओं का मतदाता सूची कार्य से नाम हटाया जाए। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी अभिषेक सिंह तहसीलदार व नगर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रही।

Dewas: वेतनमान की मांग पर अड़े सहकारी सोसायटी के कर्मचारी, हड़ताल छठवें दिन भी जारी

देवास। अपनी मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से सहकारी समिति के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे जिले की 124 सहकारी समितियों व कई शासकीय राशन की दुकानों का काम ठप पड़ा है। जिले की अधिकांश सहकारी समितियों व राशन की दुकानों पर ताला लटका हुआ है। इससे उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि जिले की 124 समितियों के कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 23 मार्च से हड़ताल पर है। जिससे जिले के उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल पा रहा है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सहकारी समिति में किसान अपना कर्ज भी जमा नहीं कर पा रहे है। किसानों के कर्ज जमा के लिए सरकार ने 28 मार्च को नियत किया है, लेकिन पिछले छह दिनों से कर्मचारियों की हड़ताल के चलते किसान अपना कर्ज जमा नहीं कर सका है। इससे अब किसानों को पेनल्टी देनी होगी। जिले में अब तक किसानों के कर्ज की नाम मात्र की राशि ही जमा हो सकी है। वहीं सरकार के निर्देश पर सोमवार से ही जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू हो गई है। जिसे भी इन कर्मचारियों के सहयोग से ही करना है। लेकिन कर्मचारी हड़ताल पर होने से समर्थन पर गेहूं खरीदी का कार्य भी प्रभावित रहा है। सहकारी समिति कर्मचारी संघ प्रदेश उपाध्यक्ष लोकेन्द्र सिंह सेंधव एवं जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि सरकार से संस्थाओं के कर्मचारी के द्वारा शासकीय कर्मचारियों की भांति वेतनमान तथा अन्य सुविधाएं मिलने की मांग को लेकर 23 मार्च से अनिश्चित हड़ताल पर चल रहे है। 31 मार्च तक कर्मचारियों की मांगो अनुसार आदेश जारी नही होते है तो प्रदेशभर के कर्मचारी 1 अप्रैल को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर जंगी प्रदर्शन करते हुए सामुहिक रूप से इस्तीफे सौंपेंगे। कर्मचारियों की हड़ताल से राशन वितरण कार्य, किसानों का कर्ज जमा कार्य, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी कार्य व लेखा-जोखा संबंधित शासन-प्रशासन की कई महत्वकांक्षी योजनाएं आमजन, मजदूर, किसान तक नही पहुंच पा रही है। 31 मार्च को हड़ताल के दौरान जिले के सभी कर्मचारी अपने सामुहिक इस्तीफे महासंघ के आव्हान अनुसार जिलाध्यक्ष को धरना स्थल पर सौंपकर सामुहिक रूप से 1 अप्रैल को भोपाल पहुंचेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जिलेभर के सहकारी सोसायटी कर्मचारी कड़ी धूप में हड़ताल पर धरना दे रहे है।

कालापाठा में गरीब आदिवासियों की ज़मीन पर क़ब्ज़ा करनेवाले भूमाफ़ियों से 10 एकड भूमि मुक्त कराया गया

देवास ।ज़िला कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला व पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह के मार्गदर्शन में आज स्थानीय कन्नौद पुलिस प्रशासन द्वारा थाना कांटाफोड के कालाफाटा गाँव में संयुक्त रूप से नायब तहसीलदार अविनाश सुसानिया के प्रतिवेदन के आधार पर ग्राम कालाफाटा के भूमाफ़िया क्रमशः देपाल सिंह , इक़बाल सिंह और त्रिलोक सिंह के द्वारा लगभग 10 एकड़ भूमि (खेत)गरीब आदिवासियों क्रमशः कमल कोरकू , कमलाबाई कोरकू तथा गुलाब बाई कोरकू की ज़मीन (खेत) अपने क़ब्ज़े में रखी गई थी जिसे आज पुलिस प्रशासन की टीम द्वारा मौक़े पर पहुँचकर विधिवत आधार पर गरीब आदिवासियों की अतिक्रमित भूमि (खेत) भूमाफ़िया के क़ब्ज़े से मुक्त कराई गई। भूमाफ़िया देपालसिंह ने नेशनल हाइवे पर स्थित इस भूमि पर अवैध ढंग से ढाबा, गन्ने रस की दुकान व पान चाय की दुकान का धंधा कर अवैध ढंग से कमाई भी की जा रही थी।

भू माफिया देपालसिह, इक़बाल सिह तथा त्रिलोकसिह के क़ब्ज़े से 10 एकड ज़मीन मुक्त कराई गई जिसकी अनुमानित क़ीमत लगभग दो करोड़ रूपये (2,00,00,000₹)है।

मौक़े पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा, एसडीओपी ज्योति उमठ, एसडीएम प्रिया वर्मा तहसीलदार नागेश्वर पनिका , नायब तहसीलदार अविनाश सुसानिया ,थाना प्रभारी कन्नौद शिवमूरत यादव, थाना प्रभारी बागली दीपक यादव , थाना प्रभारी सतवास विक्रांत झंझोट, थाना प्रभारी कांटाफोड महेंद्र गौड़,थाना प्रभारी उदयनगर पतिराम डावरे , चौकी प्रभारी बिजवाड अरविंद भदौरिया तथा थाना कन्नौद, सतवास, उदयनगर , हाटपिपलिया , कांटाफोड बागली व पुलिस लाइन के 2 टीआई सहित क़रीब 100 जवानों का बल भी मौजूद था ।
पुलिस अधीक्षक शिव दयाल सिंह के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने कहा है कि भूमाफ़ियाओं के विरूद्ध यह कारवाई लगातार जारी रहेगी तथा गुण्डों व असामाजिक तत्वों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार की जावेगी ।

Dewas: बीएनपी में घूम रहा तेंदुआ वन विभाग के पिंजरे में कैद

देवास। शहर के बैंक नोट प्रेस में बीते 2 दिनों से तेंदुए के कारण भय का माहौल बना हुआ था, जिसे वन विभाग द्वारा बीते रात पकड़ लिया गया। सोमवार को गश्त के दौरान बीएनपी के फ़िल्टर प्लांट की तरफ जवान द्वारा तेंदुए को देखा गया था जिसके बाद क्षेत्र में सभी को सचेत कर वन विभाग तेंदुए को पकड़ने में जुट गया।

बता दे सोमवार रात को तेंदुए के देखें जाने के बाद के वन विभाग टीम सर्चिंग में जुट गई थी। तेंदुए को ट्रेस करने के लिए कैमरे भी लगाए गए थे। आम नागरिकों को बिना काम के बाहर निकलने का भी मना किया गया था। मंगलवार सुबह वन एसडीओ एसके शुक्ला व रेंजर डीएस चौहान के निर्देशन में सर्चिंग के लिए टीम रवाना हुई। टीम ने अधिकारियों के निर्देश पर जहाँ तेंदुआ दिखा था उस स्थान पर पिंजरा लगाकर एक बकरा बांध दिया गया। सोचा संभवतः पिंजरे में बकरा खाने आएगा और पकड़ा जाएगा और ऐसा ही हुआ तेंदुआ उस पिंजरे में कैद हो गया। अंदाजा लगाया जा रहा है कि ब्रज विहार कॉलोनी की तरफ बाउंड्री वाल छोटी होने के कारण उधर से तेंदुआ आ गया होगा।

Dewas: स्व. राजेश पवार हमेशा हमारी यादों में दिलों में जीवित रहेंगे…

प्रेस क्लब देवास द्वारा की गई श्रद्धांजलि सभा आयोजित

देवास। देवास प्रेस जगत ने अपने एक होनहार, कर्मठ, मेहनती पत्रकार साथी स्वर्गीय राजेश पवार को असमय खो दिया है। उन्हें आसानी से भुलाना किसी के लिए भी संभव नही है। अपने साथी को याद करते हुए प्रेस क्लब देवास द्वारा मंगलवार को शाम 5 बजे मल्हार स्मृति मंदिर सभाकक्ष में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी। सभा मे भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मनोज राजानी, पुलिस विभाग से सीएसपी विवेक सिह चौहान, जनसंपर्क अधिकारी आनंद गुप्ता, अभिभाषक संघ से चंद्रपाल सिह सोलंकी, शिक्षा जगत से मकसूद सर, खेल जगत से श्रीकांत उपाध्याय, संस्था सिद्धि विनायक भक्त मंडल से प्रदीप चौधरी, जैन समाज से विजय जैन, कवि जगत से जगदीश सेन सहित लोगो से अपने शब्दों से स्व.पवार को श्रद्धा सुमन अर्पित की। प्रेस क्लब द्वारा परिवार की सहायता हेतु सहियोग/सम्मान राशि एकत्रित की गयी। श्रद्धांजलि सभा मे स्व.पवार के दोनों बड़े भाई,दोनों बच्चे (बेटा,बेटी) सहित राजनेता,अधिकारी,समाजसेवी व देवास के मीडिया जगत के साथीगण उपस्थित रहे। उपरोक्त जानकारी क्लब सचिव चेतन राठौड़ द्वारा दी गई।

सहयोग करने वाले महानुभवों के नाम
जनसम्पर्क संचालनालय द्वारा पत्रकार कल्याण कोष से चार लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई यह राशि स्व.पवार की धर्मपत्नी आरती पवार को सौपी जाएगी। देवास कलेक्टर द्वारा 51000 की सहायता,भाजपा संगठन द्वारा 21000, गुप्त दान 21000, प्रदीप चौधरी 11000(आने वाले चार वर्षों तक 11000 प्रतिवर्ष पुण्यतिथि पर देगे),गौरव जैन,नवीन सोलंकी 11000, विकास जयसवाल 11000, नगर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह चौहान 10000, एडवोकेट ज्ञान कौर छाबड़ा 11000, मनीष सोलंकी 5000, रितेश त्रिपाठी 5000, दीपेश कानूनगो 5100, विजय जैन 5000, धर्मेंद्र चौधरी (राजोदा) 5000, संजय दायमा 5000, आदित्य दुबे 5000, शाहिद अली 5000, गुप्त दान 5000 सहित समाजसेवियों व मीडिया जगत के पत्रकार साथियों द्वारा सहियोग के रूप में राशि प्रदान की गई।प्रेस क्लब द्वारा राशि एकत्रित कर परिजनों को सौपी जाएगी।