Dewas : नापतौल विभाग द्वारा तौल कांटा की जांच कर 09 प्रकरण किए पंजीबद्ध

देवास : निरीक्षक विधिक माप विज्ञान ने बताया कि सोनकच्छ में हाट-बाजार में पुन: तौल व पुन: सत्यापन जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 9 प्रकरण फल/सब्जी विक्रेताओं के कम तौल में दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही पीपलरावां में अमुद्राकिंत व असत्यापित तौल कांटा का उपयोग करने पर पटेल ट्रेडर्स के विरूद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। पूर्व में भी नापतोल विभाग द्वारा शहर के शुकवारिया हाट में तोल काँटे को अमुद्राकिंत व असत्यापित पाए जाने पर कार्यवाही की गई थी।

Dewas : सवा करोड़ की नोकरी छोड़ देवास के प्रांशुक कांठेड़ बनेगे जैन मुनि

देवास। जिले के हाटपिपल्या में रहने वाले 28 वर्षीय प्रांशुक कांठेड़ आगामी 26 दिसंबर को जैन मुनि बनने जा रहे है। 26 दिसम्बर से 3 दिवसीय दीक्षा महोत्सव में प्रांशुक आचार्य उमेश मुनि महाराज के शिष्य जिनेंद्र मुनि से जैन संत बनने की दीक्षा लेंगे।

प्रांशुक कांठेड़ के साथ दो युवा प्रियांशु निवासी थांदला और पवन कासवा निवासी रतलाम भी दीक्षा लेने जा रहे हैं। प्रांशुक कांठेड़ की बचपन से ही संत बनने की इच्छा थी। प्रांशुक कांठेड़ ने इंदौर में पढ़ाई के बाद USA में आगे की पढ़ाई करने के बाद करीब तीन साल तक वहा नौकरी की है। प्रांशुक वहां डेटा साइंटिस्ट थे, 15 साल की उम्र में ही इनकी जैन मुनि बनने की प्रबल इच्छा थी।प्रांशुक देवास जिले के हाटपिपल्या के मूल निवासी है अभी इंदौर में रह रहे है। घर में माता- पिता और एक छोटा भाई है। हाटपिपल्या में होने जा रहे तीन दिवसीय दीक्षा महोत्सव में प्रांशुक के अलावा दो अन्य युवा भी जैन मुनि बनेंगे। प्रांशुक के मामा के बेटे प्रियांशु निवासी थांदला ईन्होंने भी MBA कर रखा है और पवन कासवा निवासी रतलाम भी दीक्षा लेंगे।

लगभग 53 साधु भगवंतों के सानिध्य में 26 दिसंबर को दीक्षा का कार्य सम्पन्न होगा। प्रांशुक इंदौर के SGSITS कॉलेज से BE करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए। डेढ़ साल पढ़ाई के बाद प्रांशुक ने 3 साल तक डेटा साइंटिस्ट की नौकरी की। जहां उनकी 1.25 करोड़ सालाना सैलरी थी, प्रांशुक जनवरी 2021 में वापस भारत आ गए थे। जैन संतों के बीच में करीब डेढ़ साल रहकर उन्होंने अपनी कामनाओं को परखा और अब वह हाटपिपल्या में दीक्षा लेकर आगे संत की तरह जीवन गुजारेंगे। परिजन भी इस बात को लेकर खुश है कि उनका बेटा जैन संत की दीक्षा ले रहा है। अब दीक्षा ग्रहण का वक्त आ गया है। परिवार में रस्म निभाए जा रहे हैं।

Dewas : लोडिंग वाहन की टक्कर

देवास : जिले के हाटपीपल्या के चापड़ा मार्ग पर ग्राम घुडिय़ाफाटा के पास शनिवार को लोडिंग वाहन व बाइक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसके तीन बच्चे घायल हो गए, इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी अनुसार अंबाराम पिता हरिराम माली निवासी हाटपीपल्या अपने लडक़े कुंदन माली, लडक़ी काजल माली व छोटे लडक़े कमल माली के साथ बाइक क्रमांक एमपी41एमएन7282 से हाटपीपल्या आ रहे थे। अम्बाराम ने चापड़ा-हाटपीपल्या रोड पर घुडिय़ा फाटा का यात्री प्रतीक्षालय पार किया। इसी दौरान हाटपीपल्या तरफ से आ रहे बिना नंबर के लोडिंग वाहन के चालक ने जोरदार टक्कर बाइक में मार दी। इससे अंबाराम व तीनों बच्चे घायल होकर गिर गए। 108 एम्बुलेंस की मदद से चारों घायलों को शासकीय सिविल अस्पताल हाटपीपल्या लाया गया। यहां डाक्टर ने जांच के बाद अम्बाराम को मृत घोषित कर दिया। दो बच्चों को गंभीर अवस्था में प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जबकि एक बच्चे का शासकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। अम्बाराम के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने धारा 304ए, 279, 337 भादवी के तहत प्रकरण दर्ज कर मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।

पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने पर बिजवाड चौराहे पर पाकिस्तानी विदेश मंत्री भुट्टो का जलाया पुतला

सुन्द्रेल बिजवाड (दीपक शर्मा) बिजवाड चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी एवं युवा मोर्चा द्वारा पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल जरदारी भुट्टो का बस स्टेशन बिजवाड पर पुतला दहन किया गया पुतला दहन के दौरान लोकेन्दृ दरबार ,सुनिल बांवरा, चंदन दांगी ,पवन पुरोहित ,मोनु बांवरा, एंव धर्मेन्दृ जायसवाल सहित बडी संख्या मे भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित थे पुतला दहन के पूर्व कार्यकर्ताओं ने भुट्टो के पुतले को जूतो से पीटा उसके बाद उसे आंग के हवाले किया

https://dewasexpress.com/wp-content/uploads/2022/12/VID-20221217-WA0092.mp4

Dewas नगर निगम अधिकारी बताकर कम्पनी में कर दी तोडफ़ोड़, एफआईआर दर्ज

फरियादी का आरोप पुलिस ने नही की कार्यवाही, आरोपी दे रहा धमकी..

देवास। अमोना इंडस्टीयल एरिये में स्थित एस.एम. इंडस्ट्रीज में 11 दिसम्बर, रविवार को 8 से 10 लोग आए और स्वयं नगर निगम अधिकारी बताकर तोडफ़ोड़ की, जिसकी शिकायत कम्पनी मालिक ने स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र थाने में की जिसपर पुलिस ने आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। फरियादी का कहना है पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही नही की गई।

कम्पनी मालिक हरसिमरन जीत सिंह ने बताया कि इंदौर निवासी हरिशंकर शर्मा की पत्नी अनिता शर्मा के नाम की जमीन अमोना में थी। जिसे उन्होंने वर्ष 2013 में खरीदी थी। कुल तीन प्लाट थे, जिसमें से उन्होंने दो प्लाट खरीद लिए। पिछले कुछ वर्ष से अनिता शर्मा के पति हरिशंकर शर्मा व उनका पुत्र पास में खाली पड़े प्लाट को खरीदने का दबाव बना रहे है। कम्पनी मालिक द्वारा मना करने पर आए दिन धमकी दे रहे है। कोरोना के समय में भी कई बार फोन लगाकर जमीन को खरीदने का दबाव बनाया, लेकिन उन्होंने प्लाट खरीदने से इंकार कर दिया। कुछ दिनों पूर्व 11 दिसम्बर को हरिशंकर शर्मा और पुत्र अंजनी शर्मा 8-10 लोगों को वाहन क्रमांक एमपी 09 झेडबी 4488 एवं जेसीबी के साथ प्रात: 7 बजे आए। सभी के पास धारदार हथियार भी थे। कम्पनी में नाइट ड्यूटी कर रहे 4 कर्मचारियों को धमकाते हुए स्वयं को नगर निगम का अधिकारी बताया और कम्पनी में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। एक कर्मचारी ने जब उन्हें रोका तो उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दे दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। कम्पनी मालिक ने बताया कि मैं इंदौर से आता तब तक कम्पनी की आगे व पीछे की दीवार तोडक़र सभी फरार हो चुके थे। जेसीबी से दीवार तोड़ते समय दीवार पास में लगी डीपी पर गिर गई, जिससे कम्पनी में लगी मशीनों में करंट फेल गया और मशीने जल गई। इस तोडफ़ोड़ व मशीन खराबी से लगभग 10 लाख रूपए तक का मुझे आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही कम्पनी का कार्य भी प्रभावित हो गया। पूरी घटना की रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंचा तो पुलिस ने टालमटोली करते हुए देर शाम को रिपोर्ट लिखी, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही आरोपियों पर नही की गई। साथ ही आरोपी द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही है। स्थानीय पुलिस थाना द्वारा कार्यवाही नही होने पर कम्पनी मालिक ने एडिशनल एसपी मंजीत सिंह चांवला से मुलाकात की। पूरी घटना सुनने के बाद उन्होंने आरोपियों पर दंडात्मक कार्यवाही करने की बात कहीं। कम्पनी मालिक हरसिमरन जीत सिंह ने एसपी, एडिशनल एसपी, सीएसपी व औद्योगिक थाना प्रभारी से मांग की है कि आरोपियों पर शीघ्र कार्यवाही कर मेरे नुकसान की भरपाई की जाए।

Dewas : कलेक्टर ने विभिन्न ग्रामों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान संतोषजनक कार्य नहीं करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश

देवास: कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने आज बागली विकासखंड के हाटपीपल्या, ग्राम लिंबोदा, कमलापुर, नयापुरा सहित अन्य ग्रामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने संतोषजनक कार्य नहीं करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने ग्राम पंचायत लिंबोदा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने पर सचिव अरविंद व्यास, सहायक सचिव ईश्वर पाटीदार को नोटिस जारी करने तथा साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। हाटपीपल्या में हाटपीपल्या से देवगढ़ मार्ग पर काम बंद होने पर ईई पीडब्ल्यूडी को नोटिस करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सिविल हॉस्पिटल हाटपीपल्या का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहा कि सिविल हॉस्पिटल हाटपीपल्या में भूमि उपलब्ध है, नवीन हॉस्पिटल भवन और आवासीय भवन के लिए जमीन आवांटित करने के लिए शासन को पत्र लिखे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम कमलापुर के शासकीय माध्यमिक स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल में अच्छा कार्य करने पर प्रिंसिपल शासकीय माध्यमिक शाला कमलापुर को प्रशस्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी कर शाला विकास निधि से उक्त शाला में कम्प्यूटर टीचर उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए। माध्यमिक कमलापुर हाईस्कूल शिक्षिका नसरीन खान लंबे समय से मेडिकल अवकाश पर हैं, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम पंचायत नयापुरा व अन्य ग्रामों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉप डेम, नल जल योजना अंतर्गत बनाई गई पानी की टंकी का निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक दिशा निर्देश संबंधितों अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने धनतालाब नल जल योजना में ट्रांसफॉर्मर हेतु जांच के लिए डी ई एमपीईबी को पत्र लिखने के निर्देश दिए और कहा कि इसकी पूरी जानकारी बनाकर दें। उन्होंने निर्देश दिए कि नल जल योजना के लिए विद्युत कनेक्शन दूरस्त करें। उपसंचालक पशुपालन को गौशाला ग्राम चारिया की गौ संवर्धन बोर्ड की राशि न मिलने के संबंध में तथा दाने का पैसा कटने के बावजूद दाना न मिलने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।।
कलेक्टर श्री गुप्‍ता ने ग्राम पंचायत पलासी का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत पलासी के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि है की जलकर की वसूली नियमित नहीं हो रही एवं जलकर की वसूली के बाद जल निगम को भी उसका एक भाग अंतरित किया जाना है। इसके लिए सचिव दीपक मनसोरे को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है।

Dewas लोहरदा नगर परिषद अध्यक्ष का वाहन हुआ दुर्घटनाग्रस्त

देवास। जिले के लोहरदा नगर परिषद की अध्यक्ष संध्या मालू की गाड़ी MP09CQ3110 आज दोपहर तकरीबन 3 बजे दुर्घटनागस्त हो गयी। दुर्घटना में नगर परिषद अध्यक्ष घायल हो गयी जिन्हें इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

जानकारी अनुसार इंदौर से लोहारदा लौटते समय नगर परिषद अध्यक्ष लोहारदा संध्या सुनील मालू का वाहन बैलेंस बिगड़ने के कारण बधावा के पास खंबे से टकरा गया जिसके चलते संध्या मालू को सिर में चोट लगी है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों द्वारा उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला गया। कार में अध्यक्ष संध्या मालू तथा उनके पति सुनील मालू तथा दो अन्य लोग भी सवार थे। उन्हें इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Dewas : आरोपियों पर प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर भोपाल चौराहे पर शव रखकर किया चक्काजाम…

• विरोध के बाद न्यू सैनी ढाबा के संचालक व कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज हुआ प्रकरण

देवास। सिमरोल के न्यू सैनी ढाबे पर विवाद के दौरान हुई मारपीट में राधगंज निवासी युवक दीपक पिता बालमकुंद पंवार की सोमवार शाम मौत हो गयी। गुस्साए परिजनों ने भोपाल चौराहे पर दीपक के शव को रखकर विरोध करते हुए आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज करके उचित कार्यवाही की मांग की ।

दरअसल बीते रविवार शाम खंडवा से अपने दोस्तों से साथ देवास लौट रहे दीपक पंवार का सिमरोल के न्यू सैनी ढाबा पर विवाद हो गया था जिसमें मारपीट में दीपक को चोट आई थी इलाज कराकर दीपक अपने साथियों के साथ घर लौट आया, परन्तु सोमवार शाम दीपक की मौत हो गई। ज़िला अस्पताल पहुंचने मारपीट की बात सामने आई जिसपर परिजन सिमरोल रिपोर्ट दर्ज कराने भी पहुंचे थे। आज शव यात्रा के दौरान परिजनों व उपस्थित लोगो ने भोपाल चौराहा पर शव रख कर विरोध करते हुए आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की। चक्का जाम होते देवास प्रशासन व देवास भाजपा जिलाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा इन्दौर ग्रामीण डीआईजी चंद्रशेखर सोलंकी से फोन पर चर्चा कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त से सख्त कार्यवाही करने को कहा।
जिसपर पुलिस द्वारा 1 बजे न्यू सैनी ढाबा के संचालक व कर्मचारियों के खिलाफ धारा 323, 294, 302, 33 भादवी के तहत एफआईआर दर्ज थी। प्रकरण दर्ज होने के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार हेतु राजी हुए ।

Dewas : ढ़ाबे पर मारपीट होने के एक दिन बाद युवक की हुई मौत..

देवास : शहर के बीएनपी थाना अंतर्गत आने वाले राधागंज क्षेत्र में कल शाम 29 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। युवक को पोस्टमार्टम के लिये जब जिला अस्पताल लाया गया तो चोट के निशान देख गए।

बता दे कि राधागंज क्षेत्र के राम रहीम चौराहा पर रहने वाले 29 वर्षीय दीपक पिता बालमुकुंद ठाकुर उर्फ दीपू की मौत हो गयी। युवक एक दिन पूर्व ही अपने दोस्तों के साथ एक मान के कार्यक्रम में गया था, जहाँ घर लौटते समय सिमरोल में एक ढ़ाबे पर युवक का कुछ युवकों से विवाद हो गया। मारपीट के दौरान दीपक को भी चोट आई, जिसका उपचार कराकर दीपक व उसके साथी देवास लौट आये। दिन भर ठीक रहने के बाद शाम को अचानक दीपक की मौत हो गयी। शव का पोस्टमार्टम करने के लिए जब ज़िला अस्पताल लाया गया तो दीपक के शरीर और चोट के निशान दिखे इसके बाद दोस्तों द्वारा मारपीट की बात बताई गई। परिजन द्वारा ज़िला अस्पताल में चौकी पर रिपॉर्ट दर्ज कराई गई।मृतक टैटू बनाने का कार्य करता था व कुछ सालों पहले ही शादी हुई थी मृतक की एक बेटी भी है।

Dewas : चाइना डोर की बिक्री पर पूर्णता रोक के लिए पत्रकारों ने थाना प्रभारी एवं तहसीलदार को दिया ज्ञापन

देवास हाटपीपल्या नगर व क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चाइना डोर की बिक्री होती है चाइना डोर के कारण हर बार हादसे होते हैं हादसे का कोई भी शिकार हो सकता है 10 तारीख की शाम को करीब 5 बजे छतरीपुरा वार्ड क्रमांक 8 निवासी मेवाड़ा माली समाज के धर्मेंद्र पिता शंकरलाल बरेडिया माली उम्र 35 वर्ष मोटरसाइकिल से अपने साथी के साथ काम से जाते वक्त चापड़ा रोड पर मसीह अस्पताल के पास चाइना डोर की चपेट में आ गया जिसके कारण धर्मेंद्र के गाल व गर्दन एवं हाथ की उंगली में चोट आई जिसके कारण धर्मेंद्र घायल हो गया एवं उसे 27 टांके आए याद रहे इस प्रकार की घटनाएं पूर्व में भी आसपास एवं क्षेत्र में घट चुकी है चाइना डोर की चपेट में कोई भी आ सकता है इसलिए इसकी पूर्णता रोकथाम के लिए नगर के समस्त पत्रकारों द्वारा पुलिस थाना प्रभारी सज्जन सिंह मुकाती एवं हाटपीपल्या तहसीलदार सत्येंद्र बेरवा शासकीय कार्य होने के कारण बाहर होने पर तहसीलदार के नाम नायब तहसीलदार सुश्री रुचि गोयल को ज्ञापन देकर मांग की है कि क्षेत्र में होने वाले चाइना डोर की बिक्री पर तुरंत पूर्णता रोक लगाई जाए जिससे की किसी के साथ कोई अप्रिय घटना ना घटे ज्ञापन देते वक्त पंकज पाठक शाकिर मंसूरी दौलत मंसुरी मनोज कारपेंटर संतोष वर्मा धर्मेंद्र जायसवाल अनिल धोसरिया दीपक धोसरिया रमेश संदूकलिया करीम खान नौशाद पटेल संजय मालवीय आर्य भूषण शर्मा कपिल त्रिवेदी अंकित कांठेड़ आशीष जायसवाल आदि पत्रकारों द्वारा ज्ञापन देकर चाइना डोर की बिक्री पर रोक की मांग की गई ज्ञापन का वाचन दीपक धोसरिया द्वारा किया गया एवं आभार शाकिर मंसूरी एवं अनिल धोसरिया द्वारा व्यक्त किया गया।

नगर के समस्त चाइना डोर विक्रेताओं को चाइना डोर की बिक्री नहीं करने के लिए मुनादी करवाकर सूचित कर दिया जाएगा एवं बिक्री करते पाए जाने पर बिक्री करने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। – सज्जन सिंह मुकाती थाना प्रभारी हाटपीपल्या

प्रशासन द्वारा नगर के समस्त चाइना डोर विक्रेताओं के यहां दुकानों पर जांच कार्रवाई की जाएगी एवं चाइना डोर पाए जाने पर उसे जप्त कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। – रुचि गोयल नायब तहसीलदार हाटपीपल्या