Dewas: शहर में विभिन्न क्षेत्रों में रहेग विद्युत प्रदाय प्रभावित

देवास। शहर में कल दिनांक 06/03/22 को विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत प्रदाय उपरोक्त समय अवधि में प्रभावित रहेगा। जिसकी जानकारी नीचे दी गई है।

33/11Kv मेंढकी उपकेंद्र से निर्गमित 11kv चाणक्यपुरी, 11 केवी राजाराम नगर फिडर,11kv चंदाना फीडर,11kv त्रिलोक नगर फिडर,11 केवी बिरा खेड़ी फीडर, एवं मेडकी सिंचाई फीडर पर मेंढकी ओवर ब्रिज के लिए पोल खड़े करने का अत्यावश्यक लाइन कार्य होने से उपरोक्त फीडर समय 12.00 से 02.00 बजे तक बंद रहेंगे।
जिससे संबंधित क्षेत्र चाणक्यपुरी , मल्टी,मेंढकी रोड ,कर्मदीप स्कूल., उपाध्याय नगर, राजाराम नगर ,सीताराम नगर ,भगवती विहार , मेंड की बिरा खेड़ी गांव, नगर निगम मल्टी, आनंद नारायण नगर, चंदाना , छायन, त्रिलोक नगर, आदि संबंधित क्षेत्र का विद्युत प्रदाय उपरोक्त समय अवधि में प्रभावित रहेगा।
आवश्यकता अनुसार समय घटाया या बढ़ाया जा सकता है।

दिनांक 06/03/2022को 33/11Kv बालगढ़ उपकेंद्र से निर्गमित 11kv सनसिटी 1 फिडर & 33/11Kv न्यू MSP उपकेंद्र से निर्गमित 11 kv विकास नगर फीडर पर सनसिटी फ्लाईओवर ब्रिज हेतु लाइन शिफ्टिंग एवं पोल खड़े करने का कार्य होने से प्रातः06:00बजे से 08:00 बजे तक बंद रहेंगे जिससे संबंधित क्षेत्र सनसिटी 1, बावड़िया ,मृदुल विहार, गौतम नगर, कृषि विज्ञान केंद्र, औद्योगिक विकास निगम ,ढांचा भवन, कार्तिक नगर विकास नगर ,शिखरजी नगर ,शंकर नगर ,गंगा नगर, अग्रवाल नगर ,बद्री धाम नगर ,यमुना नगर ,मिश्रीलाल नगर आदि संबंधित क्षेत्र का विद्युत प्रदाय उपरोक्त समय अवधि में प्रभावित रहेगा।

दिनांक 06/03/2022 33/11MGH उपकेंद्र से निर्गमित 11kv कोर्ट फीडर ,11kv कलेक्ट्रेट फीडर ,11kv कॉलोनी बाग फीडर पर LNB क्लब से रामनगर चौराहा तक पोल खड़े करने व तार खींचने हेतु प्रातः 07:00 बजे से 11 :00 बजे तक बंद रहेंगे जिससे संबंधित क्षेत्र तारानी कॉलोनी ,अग्रसेन नगर, कोर्ट ,रामनगर, तिलक नगर ,एक्सिस बैंक ,कलेक्ट्रेट ऑफिस ,डिवीजन ऑफिस LNB क्लब ,कोठारी नर्सिंग होम ,कलानी बाग ,महावीर नगर ,गायत्री विहार, टेलीफोन एक्सचेंज क्वार्टर, हटे सिंह गोयल कॉलोनी ,राधा नगर 1 व 2, प्रेम नगर पार्ट 1आदि संबंधित क्षेत्र का विद्युत प्रदाय उपरोक्त समय अवधि में प्रभावित रहेगा।

छोटे भाई की हत्या करने वाले बड़े भाई को हुई आजीवन कारावास एवं अर्थदण्ड की सजा

बड़वानी: पुलिस थाना सिलावद के अन्तर्गत वरल्यापानी सागडी फल्या स्थित मृतक गिलदार के घर पर उसके बड़े भाई काहरिया के द्वारा मृतक की पत्नि रिंगुबाई के सामने मकान के आपसी हिस्से बंटवारे को लेकर मृतक की पत्नि और अन्य साक्षीयों के सामने दिनांक 03.08.2021 को सिर पर गेती मार कर गिलदार की हत्या कर दी थी। पुलिस ने अभियुक्त काहरिया के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर साक्ष्य एकत्रित किए थे तथा न्यायालय के समक्ष प्रकरण विचारण हेतु प्रस्तुत किया था।

प्रकरण के विचारण के दौरान आई साक्ष्य के आधार पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय, बड़वानी ( श्री अजय कुमार गर्ग साहब) ने अभियोजन की साक्ष्य पर विश्वास करते हुए दिनांक 05.03.2022 को निर्णय पारित कर अभियुक्त काहरिया को धारा 302 भा.द.सं. के अन्तर्गत आजीवन कारावास एवं 500/- रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक विजय रावत, थाना सिलावद ने की थी। प्रकरण में पैरवी जिला लोक अभियोजक हेमेन्द्र कुमरावत के द्वारा की गई।

Dewas: चिटफंड कंपनी ग्लोरिया प्रापर्टी इंडिया का डायरेक्टर फरार मुख्य आरोपी धर्मेन्द्र दनगाया धार से गिरफ्तार

• लोगो को रकम दोगुना होने का लालच देकर करवाता था पैसे निवेश

देवास। शहर सहित जिले भर में ऐसे निवेशक जिन्होंने पैसो को दो गुना करने के लालच में आकर चिटफंड कंपनियों में अपने पैसो का निवेश किया था और बाद में पैसे वापस लेने के समय परेशान हो रहे है। बीते दिनों में बड़ी संख्या में ऐसे निवेशकों ने कलेक्टर से भेंट की थी।
वही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा देवास जिले में चिटफंड मिलावट खोर/सूदखोर आदि के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह चौहान एवं उपपुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) किरण शर्मा के नेतृत्व में थाना कोतवाली देवास द्वारा लोगो को रकम दोगुना करने का लालच देकर चिटफंड कंपनी में निवेश करवाने वाले चिटफंड कंपनी ग्लोरिया प्रापर्टी इंडिया लिमिटेड के डायरेक्टर फरार मुख्य आरोपी धर्मेन्द्र दनगाया पिता उमरावसिंह उम्र 38 साल निवासी ग्राम भिडोरा खुर्द थाना सादलपुर जिला धार को धार से गिरफ्तार किया गया है।

इनका रहा सराहनीय कार्य:- निरीक्षक उमराव सिंह, उनि राहुल पाटीदार, उनि अभिषेक सेंगर, आर. श्याम बिहारी शर्मा, राहुल धमनिया का सराहनीय योगदान रहा।

India Biggest Airport in MP Dewas : देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट देवास – सोनकच्छ के बीच बनेगा

देवास। आने वाले समय मे अगर योजना के अनुरूप सब कुछ सही रह तो जल्द में मध्यप्रदेश में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट देखने को मिलेगा। दरअसल प्रदेश के भोपाल – इंदौर रोड पर देवास- सोनकच्छ- चापड़ा के बीच देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाने की कवायद तेज़ हो गयी है। यह एयरपोर्ट यात्रियों के साथ कार्गों और लॉजिस्टिक हब को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया जा रहा है।
यह एयरपोर्ट बनने से देशभर में प्रदेश का नाम का कद तो बढेगा ही सही पर इसके साथ साथ इसके आस पास आने वाले शहरो को बहुत फायदा मिलने वाला है। जैसे देवास-इंदौर-भोपाल यहा विकास की जो गति है उसमें कई गुणा का इजाफा देखने को मिल सकता है आस पास के विकास के कारण रोज़गार का सृजन बड़े पैमाने पर होगा।
यह एयरपोर्ट बनाने के लिए मध्यप्रदेश के उद्योग विभाग ने लिए करीब 25 हजार एकड़ जमीन तलाश ली है। मप्र इंडस्ट्री डेवलपमेंट कॉरपोरेशन एमपीआईडीसी ने जमीन के संबंध में राज्य सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है।

मुख्यमंत्री चौहान द्वारा इसी बर्ष 5 जनवरी को औघोगिक निवेश व नीति की समीक्षा की थी जिसके प्रमुख सचिव द्वारा इस एयरपोर्ट की टाइमलाइन सहित सम्पूर्ण जानकारी उन्‍होंने अधिकारियों को इस संदर्भ में 15 तारीख तक प्रजेंटेशन बनाकर देने के निर्देश भी दिए थे। मुख्‍यमंत्री ने दृढ़ लहजे में कहा था कि मैं भोपाल, इंदौर कार्गो एयरपोर्ट के लिये गंभीर हूं। टाइमलाइन निश्चित कीजिये और इस कार्य को मिशन मोड पर लीजिये।
साथ ही इस संबंध में बीते माह दिल्ली में केन्द्रीय विमातन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, औद्योगिक नीति एवं प्रोत्साहन विभाग के मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव और मध्यप्रदेश के औद्योगिक नीति एवं प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला, एयरपोर्ट अथॉरिटी के चेयरमेन संजीव कुमार और विमानन विभाग के अधिकारियों के साथ लंबा मंथन हुआ है। साथ ही भोपाल और इंदौर एयरपोर्ट इसकी कितनी दूरी रहेगी, इस दोनों एयरपोर्ट को रेलवे और राष्ट्रीय तथा राज्य राजमार्ग से कैसे कनेक्ट किया जाएगा इस ओर भी मंथन किया गया । मप्र इंडस्ट्री डेवलपमेंट कॉरपोरेशन जगह चिन्हित कर सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है।

एयरपोर्ट के लिए क्यो चुनी गई देवास – सोनकच्छ के बीच ली जगह
एयरपोर्ट के लिए ऐसी जगह तलाश की जा रही जिससे प्रदेश के विकास को बढ़ावा दिया जा सके व रोजगार बड़ा सके तमाम सर्वे के बाद देखा गया मध्यप्रदेश की 40% इंडस्ट्री इंदौर, देवास और पीथमपुर में है अधिकांश इंडस्ट्री होने के कारण एयरपोर्ट के लिए यह जगह तय की गई। साथ ही प्रदेश में विकास की रफ्तार बढ़ाने की लिए इस एयरपोर्ट को शाजापुर से देवास एबी रोड, इंदौर-भोपाल रोड, भोपाल-जयपुर रोड, नरसिंहगढ़ को एक—दूसरे से जोड़ा जाएगा. देश के सभी हिस्सों से आने जाने वाले को सुविधा रहे व इंदौर व भोपाल एयरपोर्ट और राष्ट्रीय व राज्य राजमार्ग के कनेक्ट के साथ सभी बातों का ध्यान रख ये जगह चुनी गई।

क्या क्या मिलेगी सुविधाएं क्या क्या होगा लाभ
भोपाल इंदौर रोड और उससे लगे मार्गों को जोड़ते हुए मेगा इंडस्ट्रियल रीजन भी तैयार किया जाएगा। यहां सभी तरह के उद्योग शुरु किए जा सकेंगे। SEZ (स्पेशल इकोनॉमिक जोन) भी बनाए जाएंगे। इसमें खाद्य प्रसंस्करण, सेवा उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, रेडीमेड गारमेंट, उद्योगों से जुड़े सहायक उद्योग, फूड इंस्ट्रीज, फार्मा इंडस्ट्रीज, इलेक्ट्रानिक और अन्य सभी तरह के उद्योगों के लिए यहां विकसित भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे। उद्योगों को सड़क, बिजली पानी से लेकर अन्य सभी तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। जो उद्योग यहां आएंगे उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली रियायतें भी उपलबध कराई जाएंगी। इस प्रोजेक्ट के लिए रेलवे, हवाई और सड़क परिवहन को आपस में कनेक्ट किया जाएगा।

श्री राम कथा के द्वितीय दिवस हुआ शिव-पार्वती विवाह, भजनों पर झूमे भक्त, की फूलों की वर्षा

• अहंकार को त्यागे बिना जीवन सफल नहीं-  लखन महाराज

देवास। भगवान राम की कथा हमारे समाज को अनुशासन और प्रेम तथा सद्भाव का संदेश देती है। जिन घरों में भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण सहित हमारे देवी देवताओं एवं महापुरुषों की कथाओं का गुणगान होता है उन परिवारों में हमेशा सुख शांति बरसती है। उपरोक्त उद्गार मालीपुरा में माली समाज धर्मशाला में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा के द्वितीय दिवस शुक्रवार को पंडित लखन जी महाराज ने व्यक्त किए। आयोजक पूर्व पार्षद सत्यनारायण माली ने बताया कि कथा के दौरान भक्तों ने धूमधाम से शिव-पार्वती का विवाह पारम्परिक रूप से मनाया। शिवजी बने नीतिन राठौड़ एवं पार्वती बनी वर्षा राठौड़ ने जैसे ही एक-दूसरे को वरमाला पहनाई भक्तों ने भक्तों ने फूलों की वर्षा कर भजनों पर जमकर नृत्य किया। महाराज श्री ने शिव पार्वती संवाद की कथा का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि शिव पार्वती का जीवन चरित्र हमें सदैव विनम्र रहकर जीवन जीने की सद्प्रेरणा देता है। गणेश ने बह्मांड के बजाए माता पिता शिव-पार्वती को ही महत्वपूर्ण मानकर परिक्रमा की और संसार को माता-पिता के आदर और सेवा की आदर्श प्रेरणा दी। जो आज भी प्रासंगिक है। हमें भी दूसरों के दुख में सहयोग करना चाहिए। श्री राम कथा 11 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 1.30 से शाम 4.30 बजे तक चलेगी। कथा में आज श्रीराम जन्म महोत्सव मनाया जाएगा। 

जिला शिक्षा अधिकारी का सफलतम 1 वर्ष पूर्ण होने पर किया स्वागत

देवास। जिला शिक्षा विभाग देवास में जिला शिक्षा अधिकारी के रूप में पदस्थ एचएल खुशाल को अपने कार्यकाल का सफलतम 1 वर्ष पूर्ण होने पर शासकीय वाहन चालक संघ एवं शिक्षा विभाग में पदस्थ कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से स्वागत किया। वाहन चालक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक सोनी ने बताया कि जिला शिक्षा विभाग में श्री खुशाल के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य हो रहे है। जिले में शिक्षा स्तर में भी सुधार आया है। उत्कृष्ट कार्य करने पर स्टाफ के कर्मचारी एवं संघ के सदस्यों ने श्री खुशाल का पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। 

श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल द्वारा कोरोना में दिवंगतों की मोक्ष प्राप्ति के लिये कराई जाएगी 51 भागवत कथाए

देवास। हम भारतीय सनातन धर्म संस्कृति और और संस्कारों के अनुयायी होकर शास्त्रोक्त परंपराओं को मानने वाले लोग है। हमारे संस्कार और परंपरा हजारों लाखों सालों से वही है, जो कि पुराणों और शास्त्रों में वर्णित है। वही संस्कार हमारी अध्यात्म और आस्था का केंद्र बने हुए है। उन संस्कारों में एक संस्कार है अंतिम संस्कार, जो कि क्रिया कर्म के साथ प्राणी के आत्मा की मुक्ति के लिए श्रद्धा के साथ श्राद्ध के रूप में किया जाता है।

कोरोना महामारी के शिकार हुए हजारों लोगों का अंतिम संस्कार हुआ ही नहीं है,  उन्हें सिर्फ आग में झोंक दिया गया, उन्हें अपने परिजन न तो अग्नि दे पाए,  न ही उनकी अस्थि और राख जल में विसर्जित हुई,  पितरों की इस अधोगति को लेकर अनेक परिवार आज भी दुखी और विचलित है।  ऐसे मृतकों की आत्म शांति एवम मोक्ष के लिए सिद्धिविनायक भक्त मंडल ने 51 श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह कराने का संकल्प लिया है। इस तारतम्य में आयोजित प्रेस वार्ता में मंडल प्रमुख युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप चौधरी ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने पर हमे यह प्रेरणा हुई है ।

कथा में वर्णित धुंधकारी चरित्र में वर्णन है कि धुंधकारी की असमय मृत्यु हुई थी, जिसकी मोक्ष के लिए उसके भाई गोकर्ण ने श्रीमद भागवत कथा कराई थी और उसे मोक्ष की प्राप्ति हुई थी । श्रीमद् भागवत कथा को आत्मसात करते हुए कोरोना काल के ग्रास हुए दिवंगतों के मोक्ष की कामना करते हुए एक वर्ष तक लगातार भागवत कराए , भागवत कथा सप्ताह देवास सहित आस पास के क्षेत्र के गावो में अलग भागवताचार्य द्वारा वैदिक एवम हवानादिक पद्धति से कराई जाएगी, जिसमे दिवंगतों के परिजन संकल्प के साथ यजमान बन कर सात दिन श्रवण करेगे।

श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल इस कार्य को श्रद्धापूर्वक करेगा, साथ ही हम आमंत्रण पत्र के साथ रामचरित्र मानस एवम गीता जी भी भेट करेगे। ताकि इन अध्यात्म ग्रंथो का घरों पठन हो। श्री सिद्धिविनायक भक्त मंडल के सयोंजक श्री चौधरी ने  इस पुनीत  कार्य हेतु समस्त धर्म प्रेमी जनता और उन सभी दिवंगतो के परिजनों अपरोक्ष रूप में सहयोग एवं उत्साह के लिये प्रार्थना की है। इस दौरान विशाल यादव को देवास की कथाओं का प्रभारी भी नियुक्त किया गया। प्रेसवार्ता में गुरूचरण सलूजा, विक्रम पटेल, प्रयास गौतम एवं रोशन रायकवार उपस्थित थे। 

Dewas : मप्र पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र चौबे हुए बहाल 

देवास। जिले की सतवास तहसील अनुभाग कन्नौद के पटवारी धर्मेन्द्र चौबे को 18 फरवरी 2022 को अपने कर्तव्य में लापरवाही, उदासीनता तथा गंभीर अनियमितता बरतने पर पर निलंबित कर दिया था। पटवारी चौबे ने बहाली के संबंध में 23 फरवरी को एक लिखित आवेदन कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख को प्रस्तुत किया। जिसमें श्री चौबे ने दर्शाया कि मैंने मप्र पटवारी संघ जिलाध्यक्ष होने का कोई लाभ नही लिया है। मेरे द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति अभद्र व्यवहार व अभद्र भाषा का प्रयोग भी नही किया गया। मेरे द्वारा जो भी बात कहीं गई है वह पूरी तरह से विनम्रता के साथ अनुशासन में रहकर की गई है। चौबे द्वारा प्रस्तुत अभ्यावेदन का परिशीलन किया गया। तत्पश्चात जिला कलेक्टर ने पटवारी चौबे को निलंबन से बहाल किया जाकर तहसील टोंकखुर्द अनुभाग सोनकच्छ में आगामी आदेश तक कार्य करने हेतु पदस्थ किया गया। श्री चौबे की बहाली पर जिले सहित प्रदेशभर के समस्त पटवारियों में हर्ष व्याप्त है।

Dewas : ताराणी कालोनी में महिलाओं ने मनाया फागोत्सव, खेली फूलों की होली

देवास। वार्ड क्रमांक 25 की महिलाओं ने प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी फागोत्सव उत्साह पूर्वक मनाया। महिला मण्डल की वर्षा व्यास ने बताया कि ताराणी कालोनी में श्रीमती उषा व्यास के निवास पर स्थित शिव मंदिर पर महिलाओं ने भजन-कीर्तन, फूलों की होली एवं रंग-गुलाल उड़ाकर हर्षोल्लास के साथ फागोत्सव मनाया। महिलाओं ने फागोत्सव का शुभारंभ बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना, आकर्षक श्रृंगार, महाभोग एवं गुलाल लगाकर किया।

इस दौरान राधाकृष्ण की झांकी सजाई गई और ढोलक पेटी पर भजनों की प्रस्तुति भी दी, जिस पर महिलाओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल उड़ाते हुए फागोत्सव मनाया। करीब तीन घंटे चले इस फागोत्सव में ताराणी कालोनी सहित आसपास के क्षेत्र की महिलाओं ने जमकर, फूल व गुलाल की होली खेली। अंत में महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर आरती व्यास, माया सिंह, सरित साहू, उमा त्रिवेदी, नीता त्रिवेदी, सपना गिरी, कीर्ति पंडित, उर्षा शर्मा, आशा शर्मा, किरण जोशी, मोना शर्मा, साधना शर्मा, सीमा यादव, श्रीमती पांचाल, श्रीमती चावड़ा, मंगला गुप्ता, उषा मेहता, श्रीमती शुक्ला, श्रीमती पारिख, श्रीमती साहू, सहित बड़ी संख्या में महिलाए उपस्थित थी। 

ग्राम लोहारी में कांग्रेसजनों ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता

देवास। भाजपा की रीति-नीति से प्रोत्साहित होकर कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिले की हाटपिपलिया विधानसभा के ग्राम लोहारी में सदस्यता हेतु बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से हाटपिपलिया विधायक मनोज चौधरी उपस्थित थे। श्री चौधरी की उपस्थिति में लोहारी गांव के पूर्व कांग्रेस विधानसभा महासचिव सईद खान ने अपने कांग्रेसी साथी कय्युम खान, पप्पू भाई, एजाज भाई, शहिद भाई मैकेनिक, शेर खान, रईस भाई, शाहरुख भानेज के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जहां विधायक श्री चौधरी के साथ कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश मंत्री जुबेर लाला, किसान मोर्चा जिला महामंत्री डालचंद कलमोदिया, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला महामंत्री अयाज शेख हिरली, अल्पसख्ंयक मोर्चा के क्षिप्रा मण्डल अध्यक्ष कमाल पटेल, जिला उपाध्यक्ष जाईद शेख, जिलाध्यक्ष परवेज शेख, जिलामंत्री रसीद पटेल, भाजपा वरिष्ठ नेता अराबलि काका, शाबिर पटेल लोहारी सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर सभी का ढोल-ढमाके के साथ पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। उक्त जानकारी फारूख पटेल पंचतालाव ने दी।