देवास। स्वनिधि महोत्सव के तहत मल्हार स्मृति मंदिर में ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पथ विक्रेता परिवारों के लगभग 350 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने कई तरह के आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों में इतना उत्साह था कि सुबह रिमझिम बारिश होने के बावजूद बच्चे आए और प्रतियोगिता में शामिल हुए।
रविवार को आयोजित की गई प्रतियोगिता में बच्चों ने मनमोहक चित्रकारी कर अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी चित्रकारी में उपयोगी संदेश भी दिए। ड्राइंग शीट की व्यवस्था नगर निगम प्रशासन ने की थी। इस दौरान बच्चों के मनोरंजन का भी पूरा ख्याल रखा गया। यहां झूले, ट्रेन, मिकी माउस, बैलून शूटिंग आदि मनोरंजक साधनों का बच्चों ने खूब लुत्फ उठाया। ये सभी साधन बच्चों के लिए नि शुल्क उपलब्ध कराए गए। पथ विक्रेताओं के बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों की चित्रकारी देखकर कहा कि ये सभी बच्चे प्रतिभाशाली है। इन्हें समय-समय पर इस प्रकार का मंच मिलना चाहिए। इस प्रकार के मंच से बच्चों की प्रतिभा निखरती है।
Tag: Dewas update
Dewas : भोले सरकार ग्रुप की कावड़ यात्रा कल, उज्जैन पहुंचकर करेंगे जलाभिषेक
देवास। श्रावण मास प्रारंभ होते हुए कावड़ यात्राओं का सिलसिला भी प्रारंभ हो गया है। इसी तारतम्य में भोले सरकार ग्रुप द्वारा कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। संयोजक समर्थ विजयवर्गीय ने बताया कि सुख-समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण, कोरोना के खात्मे, सब निरोग रहे आदि अन्य उद्देश्यों को लेकर भोले सरकार ग्रुप द्वारा 25 जुलाई, सोमवार को कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। कावड़ यात्रा पुराना बस स्टैंड स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन के लिए प्रस्थान करेगी। जहां बाबा महाकाल का जलाभिषेक का प्रार्थना की जाएगी। ग्रुप के सदस्यों ने समस्त शिवभक्तों से कावड़ यात्रा में उपस्थित होकर सफल बनाने की अपील की है।
कालापाठा के पास डंपर और आईसर की हुई आमने सामने भिड़ंत आईसर चालक हुआ घायल
सुन्द्रेल बिजवाड (दीपक शर्मा)। इंदौर बैतूल नेशनल हाईवे 59 ए पर कालापाठा से आगे अंकित ढाबे के पास छोटी पुलिया पर डंपर और आईसर की आमने सामने भिड़ंत हो गई बिजवाड़ चौकी के हेड साहब मोहन सिंह राणा ने बताया कि इंदौर साईट से आ रहा डंपर mp13 H1197और हरदा साईट से जा रही आईसर Mp09 GG1126 की आमने-सामने भिड़ंत हो गई आईसर चालक विजय पिता सूरज राजपूत 40 वर्ष निवासी आंवली जिला उज्जैन घायल होगा वही डंपर चालक महेश पिता रमेश भिलाला सिमरथी धामनोद को भी हल्की चोट आई है उपचार के लिए कन्नौद हॉस्पिटल भेज दिया है।
Dewas: कल मल्हार स्मृति में होगा प्रधानमंत्री स्व निधि योजना अंतर्गत स्वनिधि महोत्सव का आयोजन…
• पथ विक्रेताओ व परिवार के लिए आयोजित होगी कई प्रतियोगिता, बच्चों के खेलने हेतु कई प्रकार के खेल कूद..
देवास। आजादी के 75 वे अमृत महोत्सव के अन्तर्गत प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत नगर पालिक निगम देवास द्वारा सभी पंजीकृत पथ विक्रेताओं हेतु स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जावेगें।
दिनांक 24 जुलाई 2022 को स्थानीय मल्हार स्मृति आडिटोरियम में प्रातः 10:00 बजे से ड्राइंग प्रतियोगिता एवं शाम 4:00 बजे से गायन प्रतियोगिता पथ विक्रेताओ के परिवार के लिए आयोजित किये जावेगें साथ ही दिनांक 24 जुलाई 2022 को पथ विक्रेता व पथ विक्रेता के परिवार के सदस्यों हेतु स्थानीय मल्हार स्मृति आडिटोरियम में बच्चों के खेलने हेतु मिकी माउस, ट्रेन, झूले व अन्य कई प्रकार के खेल कूद व मनोरंजन हेतु आयोजन किया जावेगा। उक्त सुविधा पथ विक्रेता के परिवार को नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई है और उनके परिवार के सदस्यों से अपील है कि वे अपने बच्चो के साथ परिवार सहित आवें और स्वनिधि महोत्सव का आनंद उठाएं। स्वनिधि महोत्सव मे दिनांक 26 जुलाई को हेल्दी फूड प्रतियोगिता का अयोजन होटल रामाश्रय पेराडाईज मे पथ विक्रेताओ के द्वारा किया जावेगा। जिसमे पथ विक्रेताओ द्वारा हेल्दी फूड होटल रामाश्रय पेराडाईज मे मनाई जावेगी। दिनांक 30 जुलाई को स्वनिधि महोत्सव के अन्तर्गत पथ विक्रेताओ को आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओ के विजेताओ को पुरस्कार वितरण किये जावेगे एवं स्थानिय कलाकार रंगारंग प्रस्तुति भी देगें।
Dewas: मठ मंदिरों की सुरक्षा एवं महंत के हत्यारों पर कार्यवाही को लेकर दशनाम गोस्वामी समाज ने सौंपा ज्ञापन
देवास। मठ मंदिरों की सुरक्षा एवं ग्राम भुतेश्वर थाना पीपलरावां के महंत के हत्यारों पर कार्यवाही कर गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर दशनाम गोस्वामी समाज ने शुक्रवार को नारेबाजी कर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि जिले के ग्राम भुतेश्वर थाना पीपलरावां जिला देवास में स्थित प्राचीन भुतेश्वर मंदिर में श्री मदनपुरी गोस्वामी जो कि विगत कई वर्षो से पूजा-अर्चना हेतु करते आ रहे थे। मंदिर के नाम से करीबन 48 बीघा जमीन भी है। जिस पर मंदिर समिति का अधिकार एवं कब्जा है, परन्तु ग्राम के ही कुछ अधर्मी व्यक्तियों ने उपरोक्त जमीन पर अवैधानिक रूप से कब्जा कर रखा था। उक्त जमीन पर मंदिर समिति की जो भी फसल होती है उसको खराब करने हेतु अपने मवेशी छोडक़र कई सालो से उक्त जमीन की फसलो को नुकसान पहुंचाया जाता रहा है। दिनांक 21 जुलाई ग्राम भुतेश्वर में स्थित मंदिर की सभा मंडप में बकरी के आ जाने पर महंत ने नाराजगी जताई तो दो दर्जन से ज्यादा लोगों ने महंत एवं उनके परिवार पर डंडो व धारदार हथियार सहित कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जब उन्हें स्वजन बचाने आये तो उनके साथ भी डंडो एवं धारदार हथियारो से मारपीट की। जिसमे महंत मदनपुरी जी को अत्यधिक गंभीर चोटे आयी। परन्तु जिला अस्पताल आते आते बीच रास्ते में ही पुजारी मदनपुरी जी की मृत्यु हो गयी एवं महंत मदनपुरी जी के पुत्र का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पीपलरावां पुलिस ने 25 लोगों पर नामजद प्रकरण दर्ज किया है, जिसमे 04 महिलाये एवं अन्य ग्रामीण है, परन्तु पुलिस द्वारा हत्यारो की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। दशनाम गोस्वामी समाज शिव पुजक है एवं शिव मंदिरो कि पूजा-अर्चना एवं मंदिर की जमीन से ही अपना जीवन यापन करते है, परन्तु इस प्रकार से यदि अधर्मी व्यक्तियों द्वारा उपरोक्त मंदिर समिति की जमीन पर अवैधानिक रूप से कब्जा किया जाएगा तो मठ मंदिरों के पुजारी एवं उनके परिवारों के जीवन यापन करना मुश्किल हो जाएगा। जिन मंदिरों पर दशनाम गोस्वामी समाज के पुजारी, अन्य महंत एवं उनके परिवार और मंदिरों की सुरक्षा के उचित प्रबंध किए जाए। दशनाम गोस्वामी समाज ने मांग की है कि ग्राम भुतेश्वर में हुई महंत के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए। साथ ही मृतक महंत जी के परिवार के सदस्यों की जान माल की सुरक्षा की जाकर मंदिर की पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी मृतक महंत के परिवार को सौंपी जाए।
इस दौरान नारायण गिरी गोस्वामी, जुगनू गोस्वामी, अनिल गोस्वामी, राजेन्द्र पुरी गोस्वामी, सोनू गोस्वामी, महेश पुरी गोस्वामी, नितिन गिरी गोस्वामी, अभिषेक गोस्वामी, विकास गिरी गोस्वामी, अजय गोस्वामी, विशाल गोस्वामी, देवपुरी गोस्वामी, भैरू पुरी गोस्वामी, प्रकाश पुरी गोस्वामी, राकेश पुरी गोस्वामी, राहुल गोस्वामी, राकेश गिरी गोस्वामी, कन्हैया पुरी गोस्वामी, विष्णुपुरी गोस्वामी, प्रवीण गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में समाज जन उपस्थित थे।
Dewas: रेस्क्यू ऑपरेशन! एनडीआरएफ की टीम ने कई लोगों को निकाला सुरक्षित…
• मॉकड्रील में फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी दिखाई सक्रियता, तत्काल आग पर पाया काबू
देवास। नगर निगम देवास में शुक्रवार को एनडीआरएफ की टीम ने सफल रेस्क्यू ऑपरेशन किया। इस दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत उपचार भी दिया। शॉट-सर्किट से आग की घटना भी हो गई, तब फायर ब्रिगेडकर्मियों ने सक्रियता दिखाई और आग पर तत्काल काबू पाया। जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
दरअसल एनडीआरएफ की टीम ने भूकंप के बाद होने वाली स्थिति से निपटने के लिए यह रेस्क्यू ऑपरेशन देवास में नगर निगम की बिल्डिंग में किया। इस दौरान बताया गया कि भूकंप के बाद जब बिल्डिंग की सीढ़ियां टूट जाती है तो ऊपरी मंजिल में फंसे लोगों को किस प्रकार से सुरक्षित निकाला जाता है। मलबे में दबे व्यक्ति को बचाने के लिए किन तकनीकों को सहारा लिया जाता है। किन मशीनों का उपयोग कर मलबे में दबे व्यक्ति को बाहर निकाला जाता है। ऐसे व्यक्ति को बाहर निकालने के दौरान किस प्रकार की सावधानी बरतना होती है। टीम के सदस्यों ने चुनौतीपूर्ण तरीके से नगर निगम भवन की छत पर से लोगों को रस्सी के सहारे नीचे उतारा। टीम सदस्यों के जोखिम वाले इस ऑपरेशन को देखकर नगर निगम परिसर में मौजूद लोगों ने भारतमाता की जय के नारे लगाए और तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। टीम की मॉकड्रील को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक भी नगर निगम परिसर में एकत्रित थे। सफल रेस्क्यू ऑपरेशन होने पर मौजूद लोगों ने टीम के सदस्यों का उत्साह बढ़ाते हुए तालियां बजाई।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडर रामभुवनसिंह यादव, डिस्ट्रीक कमांडर डॉ. मधु राजेश तिवारी, डिप्टी कलेक्टर शिवानी तरेटिया, निगम अधीक्षण यंत्री अरुण मेहता, निगम उपायुक्त वित्त पुनीत शुक्ला, उपायुक्त तनुजा मालवीय, प्रभारी कार्यपालन यंत्री इंदुप्रभा भारती, सहायक यंत्री जितेंद्र सिसौदिया आदि उपस्थित थे।
राष्ट्रीय ध्वज का जन्मदिवस: छात्र एवं स्टाफ सदस्यों को दिलाई हमेशा तिरंगे का सम्मान करने की शपथ
देवास। नारायण विद्या मंदिर क्रमांक 1 के प्राचार्य कैलाशचन्द्र गुप्ता ने बताया कि विद्यालय में 22 जुलाई को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के जन्मदिवस पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। हमारे देश के संविधान सभा में वर्तमान तिरंगे झंडे को 22 जुलाई 1947 को राष्ट्रीय ध्वज घोषित किया गया था। इस दिन को स्मृत करते हुए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का हमेशा सम्मान करने की शपथ छात्र एवं विद्यालय स्टाफ सदस्यों को दिलाई गई । संस्था की शिक्षिका प्रमिला राठौड़ द्वारा तिरंगे में तीन रंगों का अर्थ और उसके महत्व पर प्रकाश डाला गया। संस्था की वरिष्ठ व्याख्याता संगीता खडीकर के द्वारा छात्रों को उद्बोधन में तिरंगा दिवस के कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के संयोजक मिर्जा मुशाहिद बैग द्वारा छात्रों को तन, मन, धन से तिरंगे का सदैव सम्मान करने की शपथ दिलाई गई ।
इस अवसर पर संस्था के शिक्षक मनोहर पटेल, राधेश्याम सोलंकी,हबीब शेख, के के मिश्रा, अनीस शेख, के एन शुक्ला, राजेश निगम, प्रीति जोशी अनामिका अग्निहोत्री, सादिया शेख,सारिका मोदी ,सायना शेख, आदि स्टाफ सदस्य उपस्थित थे। संचालन अनुज जायसवाल ने किया एवं आभार सरिता पाटीदार ने माना ।
Dewas: मंदिर के पास मवेशी चराने को लेकर दो पक्षों में विवाद, एक की मौत
देवास। ज़िले के पीपलरावां थाना अंतर्गत गांव भूतेश्वर धुतखेड़ा में मंदिर के पास बकरी नही चराने की बात पर दो पक्षों में विवाद हो गया जिसमें एक पक्ष ने दूसरे के ऊपर कुल्हाड़ी व लकड़ी से हमला कर दिया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई व चार घायल हो गए।
जानकारी अनुसार भूतेश्चर धूतखेड़ा में मंदिर के समीप कुछ लोग मवेशी चरा रहे थे जिससे मंदिर परिसर में मवेशी घुसने की बात पर मंदिर पुजारी मदनपुरी गोस्वामी ने हरिसिंह व बजेसिह को मंदिर के समीप गंदगी फैलने की बात करते हुए उन्हें मवेशी नहीं चराने की बात कही जिसको उनके बीच कहासुनी हुई और विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। बीच बचाव करने पहुंचे पुजारी परिवार के सदस्यों से भी मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए, विवाद में कुल चार लोग घायल हुए।
घायलों को उपचार हेतु सोनकच्छ सामुदायिक केन्द्र पहुंचाया गया जहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय देवास रेफर किया गया। उपचार के दौरान 55 वर्षीय मंदिर पुजारी मदनपुरी गोस्वामी की सिर व पैर में गंभीर चोंट होने से मौत हो गई, जबकि उसके बेटे कन्हैयापुरी का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। दूसरे पक्ष से भी कुछ लोग घायल हुए है। बताया जा रहा है पुलिस ने मामले करीब 20 से अधिक लोगो पर प्रकरण दर्ज किया है।
Dewas: नवनिर्वाचित महापौर ने विधायक के साथ भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष से की भेंट
देवास। नगर सरकार के लिए हुए चुनाव में भाजपा महापौर प्रत्याशी गीता दुर्गेश अग्रवाल ने रिकॉर्डतोड़ मतों से महाविजय हासिल की। इस सफलता के दूसरे दिन विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार व वरिष्ठ नेताओं के साथ नव निर्वाचित महापौर श्रीमती अग्रवाल ने भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों से सौजन्य भेंट की और आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से सौजन्य भेंट की।
सभी ने देवास विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार व नव निर्वाचित महापौर श्रीमती अग्रवाल को रिकॉर्डतोड़ मतों से जीत पर बधाई दी। साथ ही शहर विकास के कार्यों में हर संभव सहयोग की बात कही। मुख्यमंत्री श्री चौहान व प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि महापौर पद में यह जीत सबसे बड़ी है। आप देवास शहर के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस अवसर पर विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हम देवास शहर के विकास में किसी भी तरह की कसर बाकी नहीं रखेंगे। देवास का चहुंमुखी विकास करेंगे। इस अवसर पर महाराज विक्रमसिंह पवार, वरिष्ठ भाजपा नेता दुर्गेश अग्रवाल, भरत चौधरी आदि उपस्थित थे।
Dewas : सोनकच्छ पुलिस ने 496 कृति सोया तेल के डब्बे व 106 तेल पेटियां की जप्त
• चोरी ट्रक सहित 60 लाख का मश्रुका जप्त, 5 आरोपी गिरफ्तार
देवास। बीते 8 जुलाई 2022 को सोनकच्छ पुलिस को फरियादी अर्जुन सिंह द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी की उसका ट्रक जिसमे कृति सोया तेल के 550 डिब्बे तथा 125 पेटी थी, कोई अज्ञात व्यक्ति के उसे चुराकर ले गया। जिस पर से सोनकच्छ थाना पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले विवेचना मे लिया गया। जिसमे विशेष टीम गठित कर पड़ताल करने पर सोनकच्छ थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुआ ट्रक, 496 कृति तेल के डब्बे और 106 तेल पाउच पेटी जब्त की है।
दरअसल फरियादी अर्जुन सिंह पिता बहादुर सिंह पवार उम्र 36 साल निवासी ग्राम खजुरिया कन्का सोनकच्छ के द्वारा सोनकच्छ पुलिस को बताया कि शाम 8 जुलाई 2022 को 7.30 बजे मैने अपना ट्रक क्रमांक MP 09 KD 1488 जिसमें कृति सोया तेल के 550 डिब्बे तथा 125 पेटी थी कोई अज्ञात व्यक्ति उसे चुराकर ले गया। जिस पर सोनकच्छ थाना पुलिस द्वारा अपराध को धारा 379 भादवि के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। मामले संबंध में विशेष टीम गठित की गई। टीम के द्वारा देवास शहर एवं टोल नाको पर लगे सीसीटीवी कैमरे एवं तकनीकी की मदद एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से चोरी किए गये ट्रक की पतारसी किये गये। पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि महेन्द्र पिता कालू जी राठौर निवासी ग्राम खेडा खजुरिया नाम का व्यक्ति अगेरा फाटा सोनकच्छ तेल के डिब्बे बेचने के फिराक में कहीं घुम रहा है। उक्त सूचना मिलने पर तत्काल थाना प्रभारी सोनकच्छ अपनी टीम के साथ मुखबिर द्वारा बताये गये स्थान की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।
उक्त आरोपी से पूछताछ करते उसने अपना नाम महेन्द्र उर्फ सोहन पिता कालु जी राठौर उम्र 20 साल निवासी ग्राम खेडाखजुरिया सोनकच्छ बताया व पूछताछ करने पर उसके द्वारा ट्रक क्रमांक MP 09 KD 1488 एवं उसमें रखे कृति सोया तेल के डिब्बे एवं पेटियां चोरी करना स्वीकार किया गया।
जप्तशुदा सामग्री : चोरी गया हुआ एक ट्रक, कृति सोया कम्पनी के 15 किलोग्राम के तेल के कुल डिब्बे 496, कृति कम्पनी के तेल के 1 लीटर के पाउच के 12 नग के कुल 106 कार्टुन जप्त मश्रुका की कुल कीमत लगभग 60 लाख रूपये ।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम :
- महेन्द्र उर्फ सोहन पिता कालु जी राठौर उम्र 20 साल निवासी ग्राम खेडाखजुरिया सोनकच्छ।
- अजय पिता मदन सिंह पवार उम्र 21 साल निवासी 81 माता मंदिर के पास भवानी नगर बाणगंगा इन्दौर ।
- सदीप पिता कैलाशचन्द्र चैहान उम्र 23 साल निवासी भवानी नगर बाणगंगा इन्दौर ।
- नरेन्द्र उर्फ नरेन्द्र मोदी पिता स्व. श्री मोती सिंह सिसौदिया उम्र 23 साल निवासी भवानी नगर बाणगंगा इन्दौर।
- राहुल पिता छोटेलाल कुशवाह उम्र 23 साल निवासी भवानी नगर बाणगंगा इन्दौर।
