Dewas: सुरीलों की महफिल आयोजन के साथ श्री हरि म्यूजिकल ग्रुप का गठन


देवास। शहर की पावन धरा पर कुमार गन्धर्व एवं रज्जब अली खां जैसे महान संगीत कलाकारों ने अपनी संगीत साधना की और पूरे देश-विदेश में शहर का नाम गौरवान्वित किया। वहीं उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर श्री हरि म्यूजिकल ग्रुप का गठन किया गया। इसके अंतर्गत रविवार को श्री हरि गार्डन में एक संगीत आयोजन सुरीलों की महफिल आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ विधि महाविद्यालय प्राचार्य अजय चौहान, संस्था अध्यक्ष बंटी मंगरोलिया, संचालिका मुस्कान राठौर, उपाध्यक्ष डीके यादव, श्रीमती प्रीति बाला राठौर आदि ने माँ सरस्वती तथा समाजसेवी स्व. हरिशंकर राठौर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके उपरांत सुरीलों की महफिल शुरू हुई जिसमें अनिल नाईक, दिलीप तिलक, हेमंत चाकणकर, मनीष उपाध्याय, दिनेश बावने, शहजाद पठान, एसएल राजपूत, सुनील पौराणिक, रामजीत सिंह, संजय सरल, विशाल फाटे, विवेक ढवले, शुब्धा चाकणकर, प्रीति चौधरी, शबनम पठान, मुस्कान सेम, उषा धोते ने सुरीले गीतों की प्रस्तुति दीं। इस अवसर पर सुनील पॉल, निकिता मारू, जयंत रेडेकर, जीवन सिंह आदि श्रोता के रूप में उपस्थित थे। संचालन मुस्कान राठौर ने किया। अतिथि आभार हिना राठौर ने माना।

भोपाल रोड पर अनियंत्रित होकर कार पलटी, 4 लोग घायल,1 गंभीर घायल इंदौर रैफर

देवास : भोपाल रोड पर ग्राम जामगोद के पास आज सुबह तकरीबन 10:30 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी खा कर रोड से नीचे जा गिरी। जिसमे 4 लोग घायल हो गए व एक को गंभीर चोट आई जिससे इंदौर रैफर कर दिया गया।

आज सुबह कार क्रमांक एमपी 40 सीबी 3391 देवास से भोपाल की ओर जा रही थी। तभी हादसा हो गया हादसे में रोड़ पर पंचर की दुकान स्थानीय निवासी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है जो रोड पार कर रहा था, जिसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया, जहां हालत नाजुक बताई जा रही है। वही कार सवार लोगो को मामूली चोट आई है। जिन्हें जिला अस्पताल उपचार हेतु पहुंचाया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नही हो पाया है कि घायल कहा के निवासी थे और इनके नाम क्या है। बीएनपी पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

Dewas: छात्र छात्राओं ने “विज्ञान भवन रोको आंदोलन” के तहत किया भोपाल चौराहा पर चक्काजाम

देवास। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष हर्षप्रताप सिंह गौड़ के नेतृत्व में ‘विज्ञान भवन रोको आन्दोलन” में स्थानीय विज्ञान भवन में हजारों की संख्या में विद्यार्थी एकत्रित हुए और आपकी हक की लड़ाई लड़ने के लिए अपने महाविद्यालय को बचाने के लिए बड़े उत्साह के साथ नारे बाजी करते हुए विशाल रैली निकालते हुए भोपाल चौराहा रोड पर बैठ कर चक्काजाम किया।

छात्रो तहसीलदार एवं डीएसपी को छात्राएं शिवानी चंदेल, वर्षा सिंह राठौड़, एवं निकिता राठौर ने अपनी समस्या बताया कि अगर हमारे कॉलेज का स्थानांतरण हो जाएगा तो हमारी पढ़ाई छुड़ जाएगी, देवास शहर से 15 किमी गांव में अगर महाविद्यालय जाता है तो हमारी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा, यहाँ तक कि वह पर तो कोई आने जाने के संसाधन भी नही चलते हैं ओर रास्ते में कालीसिंध नदी भी आती है ना पुल बना है और ना ही सड़क बनी है। हम तो किसी भी हाल में कॉलेज नही छोड़ेंगे। एक तरफ तो सरकार कॉलेज चलो अभियान चलाती है और दूसरी ओर कॉलेज को जंगल मे भेज रही है। हम अपना अधिकार मांगते , ना किसी से भीग मांगते।विद्यार्थियों की मांग को सुनने के बाद तहसीलदार ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि महाविद्यालय को कही पर भी स्थांतरण नही किया जाएगा। आपका महाविद्यालय अभी तो 3 माह तक वही यथावत संचालित होगा। आपसे कोई भी आपका महाविद्यालय खाली नही करायेगा।

जिला संयोजक विनोद राठौर पोलाय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर तीन महीने के बाद भी प्रशासन ने महाविद्यालय को खाली करने के आदेश जारी करे तो फिर से छात्र छात्राएं भोपाल चौराहा पर इससे भी बड़ा उग्र आंदोलन करेंगे। आन्दोलन में हजारों छात्र छात्राओ के साथ पूर्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौड़ ,पूर्व कॉलेज अध्यक्ष नीरज नागर भी उपस्थित हुए।सभी छात्र छात्राओं का आभार छात्र नेता वीरेन्द्र पटेल ने माना।

Dewas: दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक प्रताड़ित करने पर प्रकरण दर्ज

देवास। महिला को दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक प्रताड़ित करने पर शहर के बीएनपी थाने में पुलिस ने फरियादी महिला की शिकायत पर महिला के ससुराल पक्ष के तीन लोगो पर प्रकरण दर्ज किया है।
दरअसल 26 वर्षीय महिला मीणा चौहान ने शनिवार को दोपहर करीब 11.30 बजे बीएनपी थाने में अपने ससुराल वालो पर दहेज के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई जिसपर पुलिस ने महिला के ससुराल पक्ष के तीन लोगो पर प्रकरण दर्ज किया है।
महिला में पुलिस वालो को बताया की उसके ससुराल वालो ने उसे दिसंबर 2021 से मई 2022 तक लगातार परेशान किया।
महिला वर्तमान में अपने ससुराल को छोड़ बरोठा में रह रही है।
पुलिस ने महिला के पति अरुण चौहान निवासी MIG 46, तुलजा विहार देवास, सास चतरबाई चौहान के साथ एक और अन्य सदस्य पर अपराध कायम कर मामले की विवेचना कर रही है।
मामले की विवेचना बीएनपी थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक अजय साहनी द्वारा की जा रही है।

Dewas : केलादेवी से बालगढ़ मेन रोड से जोडऩे वाले MR रोड पर बाधित मकानों को हटाया

देवास : केलादेवी से बालगढ़ बायपास को जोडऩे के लिए एमआर वन रोड बनाया जा रहा है केला देवी से बालगढ़ के बीच दुर्गानगर बस्ती के 11 मकान निर्माण कार्य में बाधित हो रहे थे बाधित मकानों के परिवार से निगम के अधिकारियों ने चर्चा की गई विधिवत उन्हें सूचना पत्र भी दिए गए थे । परिवारों से चर्चा के उपरांत वह रोड निर्माण कार्य के लिए अपने मकान से अन यंत्र शिफ्ट होने के लिए तैयार हुए जिनको विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार एवं निगमायुक्त विशाल सिंह चौहान के निर्देशन में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मल्टी में 9 परिवारों को शिफ्ट किया गया। जिसमें से दो परिवार स्वयं अपनी मर्जी से अन्य स्थान पर शिफ्ट हुए। रहवासी गणेश ने बताया कि मकान एमआर टेन वन में आ रहा था। इसलिए खाली कर रहे है मल्टी में शिफ्ट हो रहे हैं। पहले हमें नोटिस दिए गए थे। निगम उपयंत्री जितेंद्र सिसोदिया ने बताया कि एमआर रोड में 11 मकान बीच में आ रहे थे। उन्हें आज पूर्णता हटाने की कार्रवाई की गई।

Dewas : पत्नी पर कमेंट से नाराज दोस्त ने दोस्त की थी पत्थर मारकर हत्या, गिरफ्तार

2 दिन पहले संदिग्ध हालात में मिला था 40 वर्षीय युवक का शव

देवास(नरेंद्र चौहान) : जिले की हाटपिपल्या तहसील के नगर करनावद में दो दिन पहले एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था। पीएम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस शुक्रवार को दर्ज किया था। जांच के दौरान मृतक के दोस्त को शंका के आधार पर पंकड़कर पूछताछ की गई जिसके बाद उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

टीआई एसएस मुकाती ने बताया 26 मई की रात को करनावद निवासी कैलाश पिता गोरेलाल का शव माता चबूतरे के समीप से मिला था। सिर पर चोट थी और खून निकल रहा था। ऐसे में आशंका की थी कि किसी भारी वस्तु से उसके सिर पर हमला किया है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए हाटपीपल्या अस्पताल पहुंचाया था। शुक्रवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शॉर्ट पीएम में खुलासा हुआ कि किसी वस्तु से वार किया गया है जिससे हड्डी भी टूटी हुई मिली है। जांच में पता चला कि कुछ लोगों ने कैलाश व उसके के साथी मुकेश पिता पीरूलाल भिलाला उम्र 35 वर्षीय निवासी करनावद को घटनास्थल पर देखा था।

मुकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने पत्थर से हमला करने की बात स्वीकारी, उसने कहा उसे ऐसा नहीं लगा था कि पत्थर मारने से कैलाश की मौत हो जाएगी। पूछताछ में यह भी पता चला कि घटना वाली जगह पर कैलाश पहले से शराब पी रहा था। जब मुकेश पहुंचा तो बातचीत के दौरान कैलाश उसके साथ गालीगलौज करने लगा। पूर्व में कैलाश ने आरोपी की पत्नी को लेकर कुछ कमेंट किया था जिससे मुकेश नाराज था। गालीगलौज के दौरान उसने कैलाश को समझाइश दी लेकिन वो नही माना, इसके बाद मुकेश ने पत्थर उठाकर कैलाश को मारा जो की उसकी आंख के ऊपर लगा।

पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी को हत्या के 24 घंटे के भीतर पकड़ा गया इस कार्य में सराहनीय भूमिका थाना प्रभारी हाटपिपलिया सज्जन सिंह मुकाती चौकी प्रभारी करनावद हिमांशु पांडे , उप निरीक्षक नरेंद्र ठाकुर आरक्षक दिलीप सोलंकी आरक्षक जीवन चौहान चालक रविंद्र पटेल सैनिक राम सिंह, जालम सिंह की सराहनीय भूमिका रही है।

Dewas: समर कैंप में 700 बच्चे ले रहे योगा सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण

• जो बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर खेलना चाहते हैं, उनके लिए मददगार साबित होगा कैंप: आयुक्त चौहान

देवास। एबी रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्पोर्टस पार्क में नगर निगम द्वारा आयोजित किए जा रहे समर कैंप में 6 से 16 वर्ष तक के बच्चे उत्साह के साथ योगा सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। योगा के माध्यम से बच्चे मानसिक रूप से मजबूत हो रहे हैं। योगा की क्लास में बच्चों के साथ-साथ बड़े-बुजुर्ग भी शामिल हो रहे हैं। मप्र के गौरव देवास के इस स्पोर्टस पार्क में लगभग 700 बच्चे योगा के साथ ही क्रिकेट, फुटबॉल, स्केटिंग, सॉफ्ट टेनिस, योग, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, रग्बी, वॉलीबॉल, एरोबिक्स आदि खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

मैदानी खेलों के साथ बच्चों में योगा की क्लास के प्रति बहुत उत्साह है। स्पोर्टस पार्क की मखमली घास पर विभिन्न प्रकार के योगासन सीखकर बच्चे अपनी सेहत के प्रति जागरूक हो रहे हैं। बच्चों के माता-पिता भी योगा की क्लास में सेहतमंद बने रहने के तरीके सीख रहे हैं। नगर निगम के कर्मचारी स्पोर्टस पार्क की हरियाली को मेंटेन रखने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव भी कर रहे हैं।

मानसिक रूप से भी मजबूत बन रहे हैं बच्चे
नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान ने बताया कि ऐसे बच्चे जो जिला, संभाग, राज्य, राष्ट्रीय स्तर व उससे आगे भी खेलना चाहते हैं या जाना चाहते हैं, उनके लिए यह समर कैंप काफी मददगार साबित हो रहा है। यहां बच्चे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। समर कैंप से बच्चों की छुपी हुई प्रतिभा सामने आ रही है। खेलों के प्रशिक्षण के साथ ही मानसिक रूप से बच्चों को मजबूत बनाने के लिए योगा की क्लास भी यहां संचालित हो रही है।

Dewas: राष्ट्रपति ने किया देवास जिला चिकित्सालय में बनने वाले 100 बिस्तरिय भवन का भूमिपूजन

देवास। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की नवीन स्वास्थ्य संस्थाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। उन्होंने 8 शहरी स्वास्थ्य संस्थाओं में 154 करोड़ 78 लाख रूपये की लागत के नवीन निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन एवं 4 शहरी स्वास्थ्य संस्थाओं के 72 करोड़ 3 लाख रूपये के नव-निर्मित भवनों का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम का लाइव प्रसारण मल्हार स्मृति मंदिर देवास में देखा गया। इस दौरान देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

राष्ट्रपति द्वारा किए गए भूमिपूजन/लोकार्पण में जिला चिकित्सालय देवास का 20 करोड़ रुपए लागत का 100 बिस्तरीय भवन निर्माण कार्य का वर्चुअल भूमिपूजन किया गया है।

सीएमएचओ देवास एम. पी. शर्मा द्वारा बताया गया की राष्ट्रपति श्री कोविंद द्वारा किए गए भूमिपूजन से गर्भवती महिलाओ के लिए जिला चिकित्सालय में 100 बिस्तरो की क्षमता वाला मैटरनिटी अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।
हमने शासन से 200 बिस्तरों के मैटरनिटी अस्पताल भवन की मांग की थी जिसमे शासन ने 100 बिस्तरों के मैटरनिटी अस्पताल भवन की स्वीकृति प्रदान की है।

अभी जिला चिकित्सालय में 400 बिस्तर की क्षमता हे इस नवीन भवन के बनने के बाद जिला चिकित्सालय की क्षमता 500 हो जाएगी।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इन नवीन स्वास्थ्य संस्थाओं का किया भूमि-पूजन एवं लोकार्पण राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने रिमोट से बटन दबाकर स्वास्थ्य विभाग के 154 करोड़ 78 लाख 8 हजार रूपये लागत की 8 शहरी स्वास्थ्य संस्था भवनों का भूमि-पूजन और 72 करोड़ 3 लाख 94 हजार रूपये लागत के 4 स्वास्थ्य संस्थाओं के नव-निर्मित भवनों का लोकार्पण किया।
राष्ट्रपति श्री कोविंद ने 55 करोड़ 63 लाख रूपये लागत के 182 बिस्तर क्षमता के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ रेस्पिरेटरी डिसीज, 84 करोड़ 94 लाख रूपये लागत के 133 बिस्तर क्षमता के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर आर्थोपेडिक और 32 करोड़ 34 लाख रूपये लागत के अधीक्षक कार्यालय और सेन्ट्रल ड्रग स्टोर भवन निर्माण का भूमि-पूजन किया।

राष्ट्रपति श्री कोविंद ने आज देवास जिला चिकित्सालय का 400 से 500 बिस्तरीय भवन उन्नयन और निर्माण कार्य (लागत 20 करोड़), जबलपुर जिला चिकित्सालय का 275 से 500 बिस्तर में उन्नयन और निर्माण कार्य (लागत 44 करोड़ 78 लाख 8 हजार), सीहोर जिला चिकित्सालय और शाजापुर जिला चिकित्सालय का 200 से 300 बिस्तरीय भवन उन्नयन और निर्माण कार्य (लागत 20-20 करोड़) का भूमि-पूजन किया। सिविल अस्पताल गोविंदपुरा जिला भोपाल में (20 करोड़ लागत) 100 बिस्तरीय नवीन सिविल अस्पताल भवन निर्माण कार्य, नंदा नगर और कनाड़िया जिला इंदौर में 50-50 बिस्तर के (10-10 रुपए करोड़) के सिविल अस्पताल भवन उन्नयन और निर्माण कार्य (लागत 10 करोड़ हजार) से महिदपुर जिला उज्जैन के 34 बिस्तरीय सिविल अस्पताल के 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन उन्नयन एवं निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया गया।

राष्ट्रपति श्री कोविंद ने जिला चिकित्सालय मुरैना के 60 करोड़ 54 लाख रूपये लागत के 300 से 600 बिस्तरीय अस्पताल भवन उन्नयन और निर्माण कार्य, जिला चिकित्सालय गुना में 34 लाख 70 हजार रूपये लागत के 10 केएलडी ईटीपी प्लांट का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बामोर जिला मुरैना के 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन में उन्नयन कार्य और आवास-गृह निर्माण लागत 10 करोड़ 65 लाख 12 हजार रूपये और सिविल अस्पताल अम्बाह जिला मुरैना में 10 बिस्तरीय एचडीयू/आईसीयू स्थापना लागत 50 लाख 12 हजार रूपये का लोकार्पण किया गया।

Dewas: चार पहिया वाहन की टक्कर से एक की मौत एक घायल

देवास। देवास जिले के ग्राम पोलाय से मक्सी के पशु हाट जा रहे 2 बाइक सवार युवकों को चार पहिया वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए थे। जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक मामूली रूप से घायल है। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

जानकारी के अनुसार बाइक से मक्सी के पशु हाट जा रहे देवेंद्र सिंह पिता मनोहर सिंह राठौर उम्र 30 वर्ष और दिपेंद्र पिता देवे सिंह उम्र 45 वर्ष नामक व्यक्तियो को किसी चार पहिया वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। इलाज के दौरान गंभीर घायल दिपेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं देवेंद्रसिंह मामूली घायल है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

Dewas : अवैध रूप से गौवंश की हत्या करने के लिये परिवहन करने वाले आरोपियों को सजा…

देवास। सात साल पुराने मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, जिला देवास द्वारा आरोपीयो को सजा सुनाई गई है।
दरअसल वर्ष 2015 में दिनांक 10 मई को आरोपी अनिल पिता देवानन्द एवं अन्तर सिंह पिता सिंधी गरोडिया द्वारा 4 नग गोवंश के बछडों को क्रूरतापूर्वक ढूंसकर हत्या करने हेतु इंदौर के रास्ते महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था। तभी गस्त कर रहे पुलिसकर्मी को सूचना प्राप्त होने पर उन्होंने गाड़ी की जांच कर आरोपी को पकड़ा और तभी रिपोर्ट थाने पर पंजीबद्ध कर गौवंश को गौशाला में छोड़ मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

आज दिनांक 28 मई 2022 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, जिला देवास द्वारा निर्णय पारित करते हुये आरोपीगण को विभिन्न धाराओं के अपराध में 01-01 वर्ष का सश्रम कारावास व 5000-5000/- रूपये एवं 50-50/- रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

मामला कुछ इस प्रकार हे की देवास जिला के बरोठा के सहायक उपनिरीक्षक दिनांक 10 मई 2015 को अपने साथी आरक्षक के साथ देहात गश्त पर थे। उसी दौरान डबल चैकी के समीप उन्हें मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग के टाटा 207 वाहन क्रमांक एम.पी.09 जी.एफ.8905 में तिरपाल से ढककर गौवंश के केडों (बछडों) को वध करने हेतु इंदौर के रास्ते महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर उन्होंने राहगीर पंचानों को बुलाकर सूचना से अवगत कराया। सायं लगभग 07ः10 बजे टाटा 207 वाहन क्रमांक एम.पी.09 जी.एफ.8905 आता दिखा जिसे उन्होने साथी आरक्षक की सहायता से रोका और उसमें बैठे चालक और अंदर बैठे एक अन्य व्यक्ति का नाम पता पूछा तो उन्होने अपना नाम क्रमशः अनिल पुत्र देवानन्द गुप्ता एवं अन्तर सिंह पुत्र सिंधी गरोडिया बताया। वे वाहन में रखे सामान का कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके तो वाहन का तिरपाल हटाकर देखने पर उसमें 04 नग गोवंश के बछडे क्रूरतापूर्वक ढूंसकर भरे हुए पाए गये जिनके मुंह रस्सी से बंधे थे। मौके पर पशुओं एवं वाहन से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने के कारण उक्त पंच साक्षियो के समक्ष अनुसंधान अधिकारी ने पशु एवं वाहन जप्त किये एवं अभियुक्तगण को गिरफ्तार किया गया। इसके उपरांत थाना वापस आकर इस मामले की प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीबद्ध कर प्रकरण अन्वेषण में लिया गया। अन्वेषण के क्रम में जप्तशुदा पशुओं का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, वाहन के फोटोग्राफस लिए गये, जप्तशुदा पशुओं को स्थानीय खाटूश्याम गौशाल के सुपुर्द किया गया, साक्षियों के कथन लेखबद्ध किये एवं आवश्यक अन्वेषण उपरांत अभियोग पत्र माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, जिला देवास द्वारा दिनांक 28 मई 2022 को निर्णय पारित करते हुये आरोपीगण अनिल पिता देवानन्द एवं अन्तर सिंह पिता सिंधी गरोडिया को धारा धारा 6 सहपठित धारा 9 म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, 2004 के अपराध में 01-01 वर्ष का सश्रम कारावास व 5000-5000/- रूपये से दण्डित किया गया एवं धारा 11(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम,1960 में प्रत्येक आरोपीगण को 50-50/- के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

उक्त प्रकरण में शासन की ओर से श्री ऊदल सिंह मौर्य, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी, जिला देवास द्वारा कुशल पैरवी की गई तथा आरक्षक साजन का विशेष सहयोग रहा।

उपरोक्त जानकारी जिला मीडिया सैल प्रभारी/एडीपीओ ऊदल सिंह मौर्य, जिला देवास द्वारा दी गई।