• एक माह में निलामी कर राजस्व वसूली प्राप्त करने की होगी कार्यवाही
देवास। राजस्व विभाग द्वारा न्यायालय तहसीलदार देवास नगर के आदेश के पालन में देवास के नागदा में स्थित हॉई लाईन ग्लास वर्क्स प्रायवेट लिमिटेड देवास को कुर्क करने की कार्यवाही की गई। कुर्की की कार्यवाही के दौरान नायब तहसीलदार श्रीमती पूनम तोमर सहित राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी एवं पुलिस बल उपस्थित था।
नायब तहसीलदार श्रीमती तोमर ने बताया कि हॉई लाईन ग्लास वर्क्स प्रायवेट लिमिटेड देवास के डायरेक्टर श्री सुधीर गुप्ता व हरिमोहन शिवहरे द्वारा वर्ष 2010-11 से डायवर्जन की शुल्क जमा नहीं कराया जा रहा था, ना ही तहसील न्यायालय में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया जा रहा था। इन्हें 30 लाख 41 हजार 50 रूपये राशि की वसूली के लिए तहसीलदार देवास शहर द्वारा वसूली का प्रकरण संस्थित कर विधिवत नोटिस जारी किये गये। नोटिस देने के बाद भी इनके द्वारा राशि नहीं जमा करवाई गई, जिस पर आज कुर्की की कार्यवाही की गई। आगामी एक माह में हॉई लाईन ग्लास वर्क्स प्रायवेट लिमिटेड देवास को निलाम कर राजस्व वसूली प्राप्त करने की कार्यवाही की जायेगी। यह सम्पत्ति अब राजस्व विभाग के अधीन है, इसमें किसी प्रकार का अनाधिकृत प्रवेश एवं खरीदी बिक्री वर्जित है। आदेश का उल्लघन किये जाने पर संबंधित के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।
देवास। अमृत योजना अंतर्गत स्टेशन रोड गजरा गियर्स चौराहा से बैंक नोट प्रेस गेट तक सीसी राेड का निर्माण, पाथवे निर्माण के साथ शौचालय निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी प्रकार गजरा गियर्स चौराहे से रेलवे स्टेशन तक पाथवे, डामर कार्य तथा सेंटर लाइटिंग का कार्य होना है। जनप्रतिनिधियों एवं रहवासियों की ओर से निर्माण एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखे जाने संबंधी शिकायत की गई थी। सूचना प्राप्त होने पर महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने वार्ड के संबंधित पार्षद, एमआई सदस्यों एवं निर्माण एजेंसी के ठेकेदार, विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने गजरा गियर्स चौराहा से बीएनपी गेट तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान वार्ड पार्षद एमआईसी सदस्य शीतल गेहलोत, विकास जाट, पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण वर्मा द्वारा निर्माण कार्य संबंधी समस्या बताई गई। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह बैस, पीडब्लयूडी विभाग के अध्यक्ष गणेश पटेल भी साथ रहे। महापौर ने सड़क के आसपास के रहवासियों से भी चर्चा की। वार्ड पार्षदों द्वारा बताया गया कि रोड निर्माण में गुणवत्ता को नहीं देखा जा रहा है। पानी भराने के साथ रोड का लेवल ऊपर-नीचे हो रहा है। पाथवे के साथ शौचालय निर्माण कार्य भी शिथिलता से चल रहा है। महापौर ने निरीक्षण कर मौके पर ठेकेदार को गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने हेतु कहते हुए विभागीय अधिकारियों से उक्त रोड निर्माण की जांच हेतु शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के एक्सपर्ट द्वारा सीसी रोड के कौर कटर कर किए जाने हेतु मौके पर कहा। महापौर ने एजेंसी ठेकेदार को उक्त संपूर्ण कार्य इसी माह पूर्ण करने हेतु कहा।
• स्टेशन रोड को भी एमआर से जोड़ने का प्लान- स्टेशन रोड व्यापारी संघ एवं वार्ड पार्षदों द्वारा आवासनगर से स्टेशन रोड को एमआर से जोड़े जाने हेतु मांग रखी गई, जिस पर महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि स्टेशन रोड को भी आवासनगर के एमआर से जोड़े जाने हेतु रहवासियों एवं व्यापारियों की मांग पर विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार से चर्चा करेंगे। विधायक के नेतृत्व में हम बीएनपी रोड को आवासगनर सीसी रोड से जोड़ने हेतु प्लान तैयार करेंगे। देवास विकास की राह में हम इस प्लान को भी रखेंगे।
• गड़बड़ी मिली तो होगी सख्त कार्रवाई- महापौर ने उपस्थित पार्षदों एवं रहवासियों को आश्वासन दिया कि जांच में गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई गई तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी और भुगतान भी नहीं होगा। अगर ठेकेदार यह कार्य नहीं करेगा तो उसी राशि से दूसरे ठेकेदार से कार्य करवाएंगे। इसी प्रकार महापौर ने पाथवे निर्माण पर ठेकेदार एवं नगर निगम कार्यपालन यंत्री से चर्चा की। पाथवे निर्माण में आ रहे व्यवधान को तुरंत दूर करने हेतु को कहा। साथ ही पथ विक्रेताओं का भी ध्यान रखने की बात कही। शीतल गेहलोत एवं विकास जाट ने महापौर से पाथवे का कार्य गजरा गियर्स चौराहे तक करने हेतु कहा, जिसकी महापौर ने स्वीकृति मौके पर ही प्रदान की।
• 30 बग्घियों में बैठकर तपस्वियों ने किया नगर भ्रमण, तप महोत्सव में उमड़ा हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब
• नगर में बना तपस्या का अभूतपूर्व धार्मिक वातावरण
देवास। श्री शंखेश्वर पाश्र्वनाथ मंदिर तुकोगंज रोड पर साध्वीजी श्री राजरत्ना श्रीजी म.सा.की प्रेरणा से 53 तपस्वियों द्वारा की गई 45 दिवसीय सिद्धितप की कठोर साधना एवं तपस्या की पूर्णाहूति 2 सितम्बर को हुई। देवास शहर के तपस्या इतिहास में इतनी वृहद एवं सामूहिक तपस्या पहली बार ही की गई। इस उपलक्ष्य में अति आकर्षक एवं भव्य शोभा यात्रा एवं रथ यात्रा निकाली गई।
इस तप अवसर पर करीब 6 हजार श्रद्धालुओं ने शामिल होकर तपस्वियों की अनुमोदना की। शोभा यात्रा में पुरूष, महिला एवं बड़ी संख्या में बच्चे अपनी विशेष वेशभूषा में उपस्थित थे। नवयुवक एवं युवतियों की टोली ढोलक की थाप पर उत्साहपूर्वक झूमते नाचते चल रहे थे। अनेक आकर्षणों से सुसज्जित इस विशाल शोभा यात्रा में 30 बग्घियों में बैठकर तपस्वियों ने नगर भ्रमण किया। शोभा यात्रा को रमणलाल चौधरी परिवार ने धर्म ध्वज फहराकर प्रारंभ किया। हाथी पर भी तपस्वी विराजमान होकर चल रहे थे। सबसे आगे अश्वारोही दल जैन ध्वज थामे चल रहे थे। इसके पीछे बडनगर की प्रसिद्ध वाजयंत्री एवं जिनेश्वर परमात्मा सुसज्जित रथ शोभायमान था। साध्वीजी राजरत्ना श्रीजी अपने संपूर्ण साध्वी मंडल के साथ चल रहे थे। सिद्धितप करने वाले साध्वी तन्मयनिधिजी को श्रद्धालुओं ने सुसज्जित पालकी में बैठाकर अपने कंधे पर उठाया था। जैन युवा संगठन का दिव्य घोष अभूतपूर्व उत्साह के साथ शोभा यात्रा में शामिल था। देवास के सभी जैन मंदिरों के दर्शन कर नगर भ्रमण पश्चात चौधरी गार्डन पर तपस्वियों का सामूहिक पारणा, सम्मान समारोह एवं सकल श्वेताम्बर श्रीसंघ का स्वामी वात्सल्य आयोजित हुआ।
देवास विधायक गायत्री राजे पवार एवं पूर्व महापौर सुभाष शर्मा ने सभी तपस्वियों को अपने हाथों से पारणा करवाया। नवकारशी एवं स्वामी वात्सल्य का लाभ कैलाश कुमार इंदरमल जैन भोमियाजी परिवार ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी, विधायक पारस जैन, गायत्री राजे पवार, मनोज चौधरी, सज्जनसिंह वर्मा, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, कैलाश चंद्रावत, अजय गुप्ता, राजीव खंडेलवाल, मनोज राजानी, राजेश यादव, रेखा वर्मा, रायसिंह सेंधव, मनीष सेन, ओम जोशी, सचिन जोशी, जुगनु गोस्वामी, गणेश पटेल, संजय दायमा, राम यादव, निलेश वर्मा, राहुल परमार, मिलिंद सोलंकी, अनिल गोस्वामी, शौकत हुसैन, गौतमसिंह राजपूत, राजेश यादव पहलवान आदि अनेक राजनैतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित थे। शोभा यात्रा का मार्ग में सैकड़ों सामाजिक, धार्मिक एवं राजनैतिक संस्थाओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम में नगर निगम, पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन विजय जैन ने किया तथा आभार भरत चौधरी ने माना।
• देवास विकास योजना अन्तर्गत देविप्रा की भूमि पर सडक निर्माण कार्य आरंभ…
देवास। देवास विकास प्राधिकरण द्वारा देवास शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ट्रांसपोर्ट नगर लगभग 30 करोड़ की लागत से 11 हेक्टेयर भूमि पर निर्माण कार्य किया जावेगा। इस हेतु देविप्रा द्वारा प्रारंभिक निविदा संबंधित कार्यवाही की जा चुकी है। ट्रांसपोर्ट नगर के विकास से ट्रांसपोर्ट एवं परिवहन के क्षेत्र एवं संबंधित लोगो को एक उचित स्थान प्राप्त होगा। देवास शहर में ट्रको एवं बसो के पार्किंग हेतु एक बहुत एरिया पार्किंग के रूप में विकसित किया जाएगा। बडा शहर में इन वाहनो की पार्किंग होने से औद्योगो को भी लाभ होगा। ट्रासंपोर्ट नगर निर्माण से एक निर्धारित सुनियोजित विकसित स्थान प्राप्त होगा। ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण लक्ष्य देविप्रा आने वाले एक वर्ष में रखेगा।
नए ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण से शहर के साथ-साथ औद्योगो को भी अत्यधिक लाभ प्राप्त होगा यह योजना इन्दौर भोपाल रोड पर होने के कारण शहर को भी और अधिक लाभ प्राप्त होगा।
विकास योजना (मास्टर प्लान) अन्तर्गत प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर के विकास हेतु देवास विकास प्राधिकरण द्वारा मा. उच्चन्यायालय में प्रचलित प्रकरणो के निराकरण के उपरांत विगत 06 माह से देवास विकास प्राधिकरण के भूमि स्वामित्व की भूमि पर अवैधानिक रूप से कब्जा करने वालो समझाईस एवं कब्जा छोड़ने संबंधी चर्चा की जा रही थी। तीन माह पूर्व राजस्व विभाग द्वारा भूमि का सीमांकन उपरांत देविप्रा द्वारा मौके पर फेंसिंग एवं कार्यालय निर्माण (साईड ऑफिस) का निर्माण कार्य विभाग द्वारा किया गया था जिसे संबंधित अतिक्रमणकर्ताओ द्वारा तोड़ दिया था तदउपरांत अतिक्रमणकर्ताओ को पर्याप्त समय दिये जाने के उपरांत आज दिनांक 31 अगस्त 2022 को देवास विकास प्राधिकरण व नगर निगम तथा जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा देविप्रा की भूमि पर सड़क निर्माण कार्य आरंभ किया गया जिसमें संबंधित अवैध कब्जाधारियो द्वारा प्रारंभिक विरोध के उपरांत सडक निर्माण कार्य आरंभ किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वृद्धाश्रम पहुंच कर वृद्धजनों से मुलाकात कर, फल फ्रूट का किया वितरण
देवास। नर्मदे युवा सेना द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अग्रवाल जी की जन्म दिवस समर्पण सप्ताह के रूप में मना रही है जिसका शुभारंभ श्री खेड़ापति सरकार की पूजन कर किया गया था इसके तहत् नर्मदे युवा सेना द्वारा गायों को चारा खिलाना एवं गरीब बस्तियों में जाकर एवं एमजी हॉस्पिटल में खाना बाटना आदि कार्य शामिल थे। इसी के अंतर्गत आज प्रवेश अग्रवाल ने वृद्धाश्रम पहुंच कर कार्यक्रताओं के साथ वृद्ध जनों को फल फ्रूट बाट कर उनका कुशलक्षेम जाना एवं उनका आशीर्वाद प्राप्त किया
• एबी रोड के अलावा अन्य रूटों पर जन सुविधा को देखते हुए बस संचालन पर जोर, तीन नए पार्किंग स्थानों का प्रस्ताव
देवास। यातायात एवं परिवहन विभाग की अनौपचारिक बैठक महापौर गीता अग्रवाल ने ली। यातायात एवं परिवहन विभाग के साथ आहूत बैठक में महापौर श्रीमती अग्रवाल ने यातायात विभाग से जानकारी ली, जिसमें शासन की अमृत योजना के अंतर्गत सूत्रसेवा के माध्यम से सिटी बस संचालन की जानकारी सूर्यप्रकाश तिवारी द्वारा दी गई। बताया गया कि शहर के अंदर के साथ शहर के बाहर अन्य शहरी क्षेत्रों को देवास शहर से जोड़े जाने हेतु सूत्र सेवा बस चलाई जा रही है। इस दौरान कलस्टर 1, 2 व 3 फेज की जानकारी भी दी, जिसमें कुल 69 बस संचालित हो रही है। महापौर द्वारा चल रही बसों की रूट की जानकारी भी ली गई। महापौर द्वारा कहा गया कि शहर के अंदर एबी रोड के रूट के अलावा शहर के अंदर बालगढ़, नागदा, राजाराम नगर, मेंढकी से मुखर्जीनगर रूट पर भी बस सुविधा जनता को मिलना चाहिए। बैठक में विभागीय अध्यक्ष मुस्तफा अंसार एहमद के साथ देविप्रा के पूर्व उपाध्यक्ष दुर्गेश अग्रवाल, नेता सत्तापक्ष मनीष सेन, विभागीय अधिकारी तुराब खान पठान, यातायात से सूर्यप्रकाश तिवारी एवं डिजिटल मल्टी मीडिया से एक्सपर्ट आनंद प्रजापति के साथ कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
• जन सुविधा को देखते हुए पार्किंग स्थल का प्रस्ताव: सहायक आयुक्त तुराब खान ने बताया कि पार्किंंग व्यवस्था शहर में एक ही स्थान जवाहर चौक पर है, जिसे एजेंसी संचालित कर रही है। पार्किंग चर्चा पर महापौर ने पुरानी सब्जी मंडी के स्थान पर तथा शुक्रवारिया हाट तथा नावेल्टी चौराहा पर भी पार्किंग व्यवस्था जनता की सुविधा के लिए किए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने हेतु सहायक आयुक्त तुराब खान को इन स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था हेतु कहा। नेता सत्ता पक्ष मनीष सेन ने भी शहर में और 3 स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था किए जाने की बात की सराहना करते हुए कहा कि यह अच्छा प्लान है और शहर में पार्किंग व्यवस्था ज्यादा अपेक्षित है।
• सूत्र सेवा बस संचालन की ली जानकारी: सूत्र सेवा बस संचालन पर निगम द्वारा किए जाने वाले आय-व्यय की जानकारी भी विभागीय अध्यक्ष मुस्तफा अंसार एहमद द्वारा ली गई। जिसकी जानकारी विभागीय अधिकारी सूर्यप्रकाश तिवारी ने दी। जिसमें तिवारी ने बताया कि केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा सब्सिडी दी जाती है। नगर निगम संस्था इसकी मॉनीटरिंग करती है। महापौर ने कहा शासन से सब्सिडी बस संचालन एजेंसी को मिलती है। इसका पूरा उपयोग शहर की जनता को मिलना चाहिए और प्रयास करे कि शहर में यातायात व्यवस्था शहर हित में जनता के लिए बेहतर कर सकें। तिवारी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 5 लाख की आबादी के अंदर की निगमों में देवास नगर निगम सूत्र सेवा बस संचालन बहुत अच्छी स्थिति में है।
• डिजिटल मीडिया पर पर भी चर्चा: महापौर ने डिजिटल मीडिया पर विज्ञापन की जानकारी भी ली, जिस पर आनंद प्रजापति द्वारा विस्तृत जानकारी देते हुए डिजिटल मल्टी मीडिया से निगम को प्राप्त आय की जानकारी दी गई। इस पर महापौर ने कहा कि जनहित में अच्छे-बेहतर कार्य हो तथा नगर निगम ऐसे कार्य करती है, उससे निगम की आय में वृद्धि भी होती है। महापौर ने किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए शहर हित में मिलकर कार्य करते रहने की बात कही। अंत में आभार विभागीय अध्यक्ष मुस्तफा अंसार एहमद ने माना।
देवास। शहर में पेकी प्लाट पर मकान बनाने की लंबित मांग को लेकर देवास जिलाधीश के नाम पर ज्ञापन देवास एसडीएम प्रदीप सोनी को सौंपा गया। उक्त विषय में विगत दो नगर निगम चुनाव से प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा देवास में सार्वजनिक सभाओं में घोषणा करते हुए कहा था कि देवास मे पैकी के प्लॉट पर मकान बनाने की स्वीकृति प्रदान कि जाएगी। किंतु अब तक उस विषय में कोई वैधानिक कार्यवाही नहीं हुई है। ज्ञापन सौंपने वालों ने बताया की इस ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री को अपनी घोषणा याद दिलाना चाहते हैं। शीघ्र ही योजना की स्वीकृति नहीं होगी तो देवास में जनता के बीच जन आंदोलन के माध्यम से लगातार जनता के बीच आवाज उठाई जाएगी।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता पंडित रितेश त्रिपाठी, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय संयोजक रोशन रायकवार, पूर्व युवक कांग्रेस अध्यक्ष देवास विधानसभा हिम्मत सिंह चावड़ा, युवक कांग्रेस प्रदेश सचिव नईम अहमद, महेंद्र घारू, अतुल सिंह, विजय चौहान मोनू, सुनील शुक्ला, श्याम गिरी गोस्वामी आदि उपस्थित थे।
देवास। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा तश्मि प्रवीण श्रीवास्तव को मध्य प्रदेश के महामंत्री महिला प्रकोष्ठ के पद पर मनोनीत किया गया है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष मेघना श्रीवास्तव जी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय महासभा के मध्य प्रदेश के अध्यक्ष मेजर जनरल श्याम शंकर श्रीवास्तव जी के प्रस्ताव पर राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश प्रभारी संजीव श्रीवास्तव जी की अनुशंसा और राष्ट्रीय कार्य समिति द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया है। तश्मि प्रवीण श्रीवास्तव पेशे से शिक्षिका, गायिका, दूरदर्शन, आकाशवाणी, रंगमंच के कलाकार एवं समाजसेवी हैं। तश्मि श्रीवास्तव के पति श्री प्रवीण श्रीवास्तव जी बहुमुखी प्रतिभाओं के धनी एवं देवास जिला अध्यक्ष के पद पर रहते हुए समाज के लिए अनेक कार्य किए जिनमें प्रमुख रूप से इंदौर भोपाल मार्ग रसूलपुर चौराहे पर चित्रगुप्त चौराहे की आधारशिला प्रवीण श्रीवास्तव जी द्वारा रखी गई । वर्तमान में तश्मि श्रीवास्तव के द्वारा प्रवीण श्रीवास्तव जन चेतना मंच का गठन किया मंच के द्वारा समय-समय पर सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं वह किसी भी समाज में उत्कृष्ट रचनात्मक कार्य करने वाले विभूतियों का सम्मान भी किया जाता है।
तश्मि श्रीवास्तव की नियुक्ति पर देवास कायस्थ समाज में हर्ष है जिला अध्यक्ष अशोक निगम, हेमेंद्र निगम(काकू),आशुतोष श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, जितेंद्र श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, बाल कृष्ण श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, शुभम खरे, रवि श्रीवास्तव, आदित्य श्रीवास्तव,सुयश खरे वहीं महिला इकाई में अनुपमा श्रीवास्तव, आभा निगम , स्वाति श्रीवास्तव, ममता श्रीवास्तव, सीता श्रीवास्तव, नीति श्रीवास्तव, रेखा श्रीवास्तव,शिखा सक्सेना, रेणु खरे, गरिमा श्रीवास्तव, नीलू सक्सेना, सुधा श्रीवास्तव, रश्मि श्रीवास्तव, शिवानी श्रीवास्तव आदि कायस्थ समाज के लोगों ने नई नियुक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया एवं बधाइयां प्रेषित की।
बीमा पॉलिसी का लाभ दिये जाने की बजाय हितग्राही को मानसिक रूप से किया जा रहा प्रताडि़त
देवास। देश की वित्तीय व्यवस्थाओं से जुड़ी बैंक में पदस्थ मैनेजर एवं अन्य अधिकारी ग्राहकों, ऋणी से किस प्रकार धोखाधड़ी कर रहे है। जालसाजी पूर्वक भ्रष्ट आचरण करते हुए देश की अर्थ व्यवस्था को खोखला कर रहे है। इसका एक उदाहरण आंध्रा बैक जो कि वर्तमान में युनियन बैक आफ इंडिया में मर्ज हो गयी है, उसका देखने में आया है। गौरतलब है कि 1 सितम्बर 2016 को निलेश मुंगी पिता प्रभाकरराव मुंगी द्वारा समीर शर्मा पिता शिवनारायण शर्मा की जमानत पर आंध्रा बैंक से 18 लाख रूपये का ग्रह ऋण लिया गया था। बैंक के तत्कालीन मैनेजर द्वारा ऋण स्वीकृति के साथ बीमा करवाये जाने की आवश्यकता दर्शाते हुए 70686 रूपये की मोटी रकम वसुली थी। दायित्व बीमा पॉलिसी के नाम पर उक्त रकम बैंक के स्टेटमेंट में दिनांक 4.10.2017 को भी उल्लेखित है। बीमा पॉलिसी के लगभग 48 दिन उपरांत 22.11.2017 को हितग्राही निलेश मुंगी की हार्ट अटैक से मृत्यू हो गयी। मृत्यू की जानकारी जब तत्कालीन बैंक मैनेजर को दी गयी तो उन्होने कुछ फार्मलिटी पूरी करवाते हुए कहा कि जब तक ऋण के एवज में की गयी बीमा पॉलिसी की राशि प्राप्त नही, डिफाल्ट नहीं होना। जैसे ही बीमा राशि प्राप्त होगी, सम्पूर्ण ऋण की धनराशि आपके खाते में जमा कर दी जाएगी। ऋण की किस्ते जमा करते रहना। बैंक मैनेजर से हितग्राही द्वारा लगातार बीमा पॉलिसी का लाभ प्रदान करने की मांग की जाती रही, लेकिन वे टालमटोल करते रहे। इसी बीच आंध्रा बैंक युनियन बैक ऑफ इंडिया में मर्ज हो गयी। बैंक मैनेजर बदल गये, जिनके द्वारा हमे बीमा पॉलिसी का लाभ देने की बजाय ऋण चुकता करने अन्यथा नीलामी की कार्यवाही करने के लिये दबाव बनाते हुए स्वर्गीय निलेश मुंगी की पत्नी रेखा मुंगी एवं मुझ जमानतदार को नोटिस भेजे जाकर मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाने लगा, जबकि हम बैंक मैनेजर से लगातार बीमा पॉलिसी के लाभ की मांग यह कहते हुए करते रहे कि वर्तमान में बैंक ही बीमा पॉलिसी के एजेंट के रूप में अधिकृत है। जब हमसे बीमा पॉलिसी के नाम पर 70686 रूपये जमा करवाये गये, तभी से हमारी पॉलिसी मान्य हो चुकी है। इसके बावजूद बैंक मैनेजर हमे बीमा पॉलिसी का लाभ दिलवाने या सम्बंधित बीमा एजेंसी एवं पॉलिसी से सम्बंधित किसी भी प्रकार के दस्तावेज उपलब्ध करवाने की अपेक्षा ऋण चुकाने एवं नीलामी के लिये ही दबाव बनाते रहे। थक हारकर समीर शर्मा द्वारा जनसुनवाई में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत कर न्यायिक जांच कर बीमा पॉलिसी का लाभ दिलवाने एवं उचित कार्यवाही की मांग की गयी। इसके पश्चात फरियादी समीर शर्मा द्वारा हाईकोर्ट एडव्होकेट श्री रविन्द्र वशिष्ठ के माध्यम से माननीय न्यायालय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष फोजदारी प्रकरण भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467 के अन्तर्गत दायर किया गया है। वहीं बैंक के विरूद्ध एक परिवाद मानवीय जिला उपभोक्ता फोरम में भी पेश किया गया है। माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्टेकृट द्वारा विचाराधीन फोजदारी प्रकरण के तहत कोतवाली थाना को विस्तृत जांच कर पुलिस प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिये भी आदेशित किया गया है।एडीएम कोर्ट को भी किया जा रहा गुमराहआंध्रा बैंक मर्ज युनियन बैंक द्वारा फरियादी समीर शर्मा द्वारा मुख्य न्यायिक मजिस्टेकृट के समक्ष प्रकरण एवं जिला उपभोक्ता फोरम पर परिवाद दायर किये जाने के उपरांत भी नीलामी के लिये दबाव बनाया जा रहा है। बीमा पॉलिसी के दस्तावेजों को छिपाकर माननीय अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी महोदय (एडीएम कोर्ट) में भी प्रकरण पेश किया गया है। हितग्राही की और से हाईकोर्ट एड. श्री रविन्द्र वशिष्ठ द्वारा उक्त प्रकरण के सम्बन्ध में माननीय अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी के समक्ष भी जवाब प्रस्तुत किया जाकर न्याय एवं दोषी बैंक मैनेजर के विरूद्ध कार्यवाही की मांग की गयी है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला प्रदर्शनी, भव्य चुनरी यात्रा, महाआरती आदि कार्यक्रम होंगे आयोजित
देवास। आगामी शारदीय नवरात्रि के पर्व पर देवास अपना स्थापना दिवस मनाएगा। यह स्थापना दिवस गौरव दिवस के रूप में होगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक-धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन सभी शहरवासियों की सहभागिता से किया जाएगा। नगर गौरव दिवस को लेकर गुरुवार को नगर निगम के सभाकक्ष में धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं, संगठनों, व्यापारी प्रकोष्ठ एवं सभी समाज के प्रबुद्धजनों के साथ तथा जनप्रनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर गौरव दिवस मनाए जाने की रूपरेखा बनाने के लिए सुझाव लिए गए। उपस्थितों ने अपने सुझाव दिए। प्राप्त सुझावों के आधार पर कार्यक्रम तय किया जाएगा। बैठक में विधायक गायत्री राजे पवार ने संबोधित करते हुए कहा कि नगर गौरव दिवस देवास शहर में मनाया जाना है। देवास शहर की प्राचीन माता टेकरी शहर की पहचान है, इसलिए हमने प्रस्तावित किया है कि नगर गौरव दिवस के साथ देवास का स्थापना दिवस भी मनाए और यह शारदीय नवरात्रि में मनाया जाना प्रस्तावित है, जो कि शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस के साथ तीन दिवसीय मनाया जाएगा। गौरव दिवस सभी की सहभागिता से मनाएंगे। इसके लिए तीन दिन की रूपरेखा तैयार की गई है। हमें पूरे उत्साह के साथ यह मनाना है। इसमें पहले दिन चुनरी यात्रा, दूसरे दिन महाआरती और तीसरे दिन कन्या भोज का प्रस्ताव है। महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम की ओर से इस बार दशहरा कृषि कला प्रदर्शनी को भव्य रूप में लगाया जाएगा। नगर गौरव दिवस सारे शहर का आयोजन है और सभी समाजजनों की सहभागिता से ही आयोजन पूरी तरह से सफल होगा। सभापति रवि जैन ने कहा कि इस महोत्सव को उत्साह से मनाएंगे। इसमें काफी एक्टिविटी होगी। स्पोर्टस से लेकर समाज की दूसरी सभी गतिविधियों को इसमें जोड़ा जाएगा। अन्य एक्टिविटी के साथ 3 दिन यह नगर गौरव दिवस मनाएंगे।देविप्रा के पूर्व उपाध्यक्ष दुर्गेश अग्रवाल ने सुझाव देते हुए कहा कि देवास शहर में प्रवेश करने वाले सभी चार प्रमुख मार्गों पर आकर्षक साज-सज्जा की जाए।
जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थितों ने सुझाव देते हुए कहा- प्रत्येक घर पर दीप प्रज्वलित हो। गली-मोहल्लों में आतिशबाजी हो। छत पर भी महाआरती के दौरान दीप प्रज्वलित हो। जगह-जगह इवेंट से संबंधित पोस्टर, बैनर आदि लगाए जाएं। शहर के प्रमुख मंदिरों में आकर्षक सजावट की जाए। शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर स्वागत द्वार बनाए जाए। सभी पंडालों पर भी गौरव दिवस से संबंधित पोस्टर-बैनर लगाए जाए। गरबा का भव्य आयोजन किया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को शामिल करें। शहर के घरों में इस दौरान केशरिया ध्वज लगाए जाएं। बैठक में उपस्थित सभी समाज के प्रबुद्धजनों ने अपने अपने सुझाव दिए। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए। व्यापारी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों द्वारा भी सुझाव देते हुए विशेष रूप से अपने प्रतिष्ठानों पर साज-सज्जा करने का आश्वासन दिया गया। अन्य संस्थाओं के द्वारा भी इस उत्सव में सहभागिता देते हुए सभी के साथ मिलकर उत्सव मनाने का आश्वासन दिया गया।
पूरे नौ दिनों तक उत्साह का माहौल रहें- कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने कहा कि देवास ने तिरंगा यात्रा में भारी उत्साह दिखाया है। इसी प्रकार से इस आयोजन में भी सभी की सहभागिता जरूरी है। हम महाआरती का प्लान कर रहे हैं, जिसमें हजारों की संख्या में शहरवासी शामिल हो। पूरे शहरवासी एक साथ मिलकर महाआरती करें आैर इसके लिए पुलिस परेड ग्राउंड स्थान निर्धारित किया जा सकता है। कलेक्टर श्री शुक्ला ने बताया कि इस गौरव दिवस पर देवास शहर को गौरान्वित करने वाले गणमान्य नागरिकों को भी सम्मानित किया जाएगा। नगर गौरव दिवस के तीन दिनों के साथ ही पूरे नौ दिनों तक शहर में पूर्ण उत्साह का माहौल बना रहें। एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह ने कहा कि शहर के आसपास के बड़े शहरों में भी देवास नगर गौरव दिवस मनाए जाने के लिए बैनर-पोस्टर आदि लगाकर प्रचार-प्रसार किया जाए। बैठक में नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।