देवास। शहर के कर्मदीप चौराहा स्थित चाय की दुकान पर दो पक्षो के बीच पीवीसी फाल्स सीलिंग के ठेके लेने की बात को लेकर दोनो पक्षो द्वारा पत्थरबाजी की गई। उक्त घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सिविल लाईन मय फोर्स के तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे एवं उक्त घटना से वरिष्ठ अधिकारियो को अवगत कराया। उक्त घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के द्वारा शांति भंग करने वाले आरोपियो की तत्काल गिरफ्तारी हेतू निर्देशित किया गया था। जिस पर से अतिरिक्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाईन रोहित पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दोनो पक्षों के आरोपियो को पुलिस अभिरक्षा में लेकर उनके विरूद्ध शांति भंग करने संबंधी धाराओं में कार्यवाही कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी :
आकाश परमार पिता उम्र 22 साल निवासी LIG मुखर्जी नगर देवास।
अजय परमार पिता उम्र 24 साल निवासी LIG मुखर्जी नगर।
विकास परासिया उम्र 24 साल निवासी उपाध्याय नगर ।
शुभम योगी उम्र 26 वर्ष निवासी 73 राजाराम नगर देवास ।
देवास। शहरभर में नलो से गंदा पानी वितरण एवं माता टेकरी पर लगे प्याऊ में मटमेला पानी आने की शिकायत नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद प्रतिनिधि राहुल पंवार ने पत्र देकर निगम आयुक्त से की है।
शिकायत में पवार ने बताया कि शहर मे नगर निगम द्वारा अधिकतर क्षेत्रो मे वितरण किये जाने वाले जल (पानी) काफी गंदा व मठमेला पानी बहुत समय से वितरण हो रहा है। पूर्व में भी शिकायत की गई थी व ट्रीटमेंट प्लांट का निरक्षण किया गया था, जिसमे पाया गया था कि वितरण किये जाने वाला पानी गुणवत्तहिन है व ठेकेदार द्वारा पानी को साफ करने के लिए मिलाए जाने वाले पदार्थ एलम, ब्लिचिंग कम मात्रा मे पानी को साफ करने के लिए उपयोग मे लिया जा रहा है। जिसमे गंदा पानी शहर मे वितरण हो रहा है। जिससे लाखो लोग परेशान है व आमजन को पीने व उपयोग करने के लिए गंदे पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
निगम द्वारा जलकर 150 से 170 व 170 से 195 किया गया, परन्तु आमजन को स्वच्छ जल क्यों नही दिया जा रहा है। साथ ही देखने मे आ रहा है कि, देवभूमि माता टेकरी पर आमजन के लिए जो प्याउ लगाये गये है। वहां भी गंदा पानी नलो में आ रहा है। नवरात्री प्रारंभ होने वाली है, तो निगम द्वारा माता टेकरी पर होने वाली व्यवस्थाओ मे स्वच्छ पीने के पानी की व्यवस्था क्यो नही की गई, निगम का ध्यान किस ओर है। पार्षद प्रतिनिधि श्री पवार ने मांग की है कि पानी की शुद्धता की जांच कर शुद्ध जल वितरण किया जावे एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्यवाही की जावे। अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
• सीवरेज के जाम होने से घरों में घुस रहा गंदा पानी, तीन दिन में समाधान नहीं हुआ तो करेंगे चक्काजाम : दीपेश कानूनगो
देवास। वार्ड क्र. 9 के पार्षद पं. दीपेश कानूनगोे ने बताया कि नगर निगम कालोनी में रहवासियों द्वारा मुझे विगत 15 दिनांे से शिकायत मिल रही थी कि हमारे घरों में सीवरेज का गंदा पानी घुस रहा हैै जिस कारण हमें नारकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
रहवासियों ने बताया कि हमारे द्वारा पंद्रह दिनों से नगर निगम मे लगातार शिकायत की जा रही है लेकिन आज दिनांक तक इस समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। गंदे पानी की वजह से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, इस कारण से बीमारियां बढ़ रही है। श्री कानूनगोे ने बताया कि बीमा रोड पर कायाकल्प योजना के तहत सीमेंट कांक्रिट रोड का निर्माण किया गया है। उस समय ठेकेदार और इंजीनियरों की लापरवाही के कारण सीवरेज के टेंक में गिट्टी, मुरम व बोल्डर पत्थर भर जाने से वह चोक हो गया है और उसी वजह से नगर निगम कालोनी के रहवासियों के घरों में सीवरेज का पानी भर रहा है। अब इसे सुधारने में फिर से जनता के पैसों की बर्बादी होगी।
इस समस्या के समाधान में जो भी खर्च हो वह इंजीनियर व ठेकेेदार से वसूला जाए क्योंकि इनकी लापरवाही की वजह से ही यह समस्या उत्पन्न हुई है। श्री कानूनगो ने बताया कि मैने स्वयं भी सिवरेज का पानी घुसने की शिकायत नगर निगम में की थी लेकिन आज दिनांक तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। श्री कानूनगो ने चेतावनी दी है कि आगामी तीन दिवस में अगर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मैं रहवासियों के साथ नगर निगम कालोनी चौराहे पर चक्काजाम करूंगा, जिसकी समस्त जवाबदारी नगर निगम प्रशासन की रहेगी।
देवास। प्रशांति ग्रुप ऑफ़ इंस्टीटूट्स ने एक नयी पहल करते हुए देवास में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया। जिसमें स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के 200 से अधिक शिक्षकों को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरि सिंह भारती (डीईओ), दुर्गेश अग्रवाल (मेयर प्रतिनिधि), भरत चौधरी (विधायक प्रतिनिधि), राजेंद्र ठाकुर (पार्षद, देवास नगर निगम), किशोर वर्मा (बीआरसी), सहज सरकार और महेश सोनी उपस्थित थे।
अतिथियों ने शिक्षकों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की। संस्थान के चेयरमैन एल.एल. गुप्ता और वाइस चेयरमैन अवनीश गुप्ता के मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा। इस अवसर पर देवास में प्रशांति ग्रुप के नए सेंटर का उद्घाटन भी हुआ। जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। संचालन और समन्वय संतोष तिवारी एवं श्रीमती रानी शर्मा ने किया। इस आयोजन के सफल क्रियान्वयन में रजिस्ट्रार राहुल सिंह और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह कार्यक्रम शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान को पहचानने और शिक्षकों के महत्व को सम्मानित करने की एक अनूठी पहल थी। संस्थान की यह प्रतिबद्धता आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
देवास। शहर में आए दिन कुत्तों का आतंक बढता जा रहा है। जिससें शहरीय लोगों में भय का माहौल है। कुत्तो के काटने की घटनाओं दिन प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। हर एक दो दिन में पीडि़त लोग जिला अस्पताल में इलाज कराने आ रहे हैं। एक ऐसी ही घटना विगत दिनों में रसुलपुर में घटित हुई।
सामाजिक संस्था नेशनल यूनिटी ग्रुप संस्थापक अनिल सिंह ठाकुर ने नगर निगम पर आरोप लगाते हुए बताया कि शहर में आवारा पशुओं के काटने की घटना दिन प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। निगम आवरा कुत्तो पर कार्रवाई करने निष्क्रिय है। जिला अस्पताल में इलाज कराने वालों इंजेक्शन लगाने वालों की संख्या देखी जा सकती है। इसी तरह की घटना विगत दिनों 20 मार्च को घटित हुई। शहर के रसूलपुर में 3 वर्षीय मासूम बालक प्रियांशु पिता सीताराम परिहार घर अकेला खेल रहा था। उसके माता-पिता घर पर नहीं थे। तभी अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया। जिससे बालक के कान व सिर पर गंभीर घाव हो गया। ज्यादा घाव होने के कारण बालक घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर एम.वाय, अस्पताल इंदौर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कान, सिर पर 12 टाके आए हैं। इसी तरह वृद्ध शांति बाई पति बाबूलाल उम्र 65 वर्ष बकरी चराते समय कुत्ते ने हाथ पर काटने के कारण घायल हुई।
एक अन्य महिला रूखसार बी पति रियाज मोहम्मद उम्र 45 वर्ष को काटने की सूचना है। विगत सप्ताह उज्जैन रोड कमलानगर की ओर समाचार पत्र विक्रेता महेश वर्मा को भी कुत्तो ने अपना शिकार बनाया था। मिली जानकारी अनुसार आवरा कुत्ते के काटने से 15 लोग घायल होने के साथ दो भैंस को भी काटा है। इस संबंध में निगम के संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि हमारी टीम कुत्ते को पकड लाई है। लेकिन जब स्थानीय रहवासियों से चर्चा हुई तो उनका कहना था कि आवारा कुत्ता यही घूम रहा है। निगम की टीम दूसरे कुत्ते को पकड ले गई है।
नेशनल यूनिटी ग्रुप के श्री ठाकुर सहित ग्रुप के सुनील सिंह ठाकुर, हटेसिंह दरबार, अभिषेक सोनी, रफीक पठान, जय सिंह ठाकुर, जितेंद्र मारू, सत्यराज सिंह ठाकुर, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, सुभाष वर्मा, गुडु मसाले वाला आदि ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि शहर में बढती आवारा कुत्तों की संंख्या पर लगाम लगाने हेतु ठोस कदम उठाए। साथ ही इन कुत्तो को पकडकर अन्य जगह छोडा जाए। कुत्तों से घायल लोगों को निगम द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
देवास। राष्ट्रीय सर्व बलाई समाज का प्रथम अधिवेशन देवास में होने जा रहा है। जिसको लेकर राष्ट्रीय सर्व बलाई समाज द्वारा प्रेसवार्ता का आयोजन जवाहर नगर स्थित दिव्य सांई पैलेस पर रखा गया। अध्यक्ष मनीष सोलंकी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि आगामी 23 मार्च, रविवार को प्रात: 10 बजे से विकास नगर स्थित आईटीआई ग्राउंड में उक्त अधिवेशन होगा।
श्री सोलंकी ने आगे कहा कि बलाई समाज का यह प्रथम अधिवेशन एक उत्कृष्ट प्रयास है। जो एक नये इतिहास का साक्षी बनेगा। जो सर्व बलाई समाज के लिये नई दिशा, दशा का संकल्प लेगा। बलाई समाज क्षेत्रीयता वर्ग में बंटा हुआ है। जैसे मालवीय, गुजराती, मारू, निमाड़ी, मेवाड़ा, मेहर, सालवी, तृतीया, सौराष्ट्री इत्यादि सभी को आपस में मिलकर राष्ट्र की मुख्य धारा में लाने का इस अधिवेशन में एक अनुठा प्रयास है। वैसे सभी में भाईचारा है किसी भी प्रकार का विभाजन नहीं है। सुख-दु:ख में सभी एक साथ खड़े हो जाते है। अधिवेशन में विशेष रूप से इस बिंदु पर विचार किया जायेगा कि भारत के बलाई भारतीय है और क्यों न हम ऐसे प्रयास करें कि आपस में रिश्तेदारी करें। इससे हमारा समाज मजबूत होगा और संख्याबल के आधार पर हमारी देश में पहचान बने इसी को लेकर यह अधिवेशन सार्थक और निर्णायक होगा। अनेकता में एकता के संकल्प के साथ अधिवेशन के 11 सूत्र एजेण्डा अधिवेशन के विचारणीय विषय है। महासचिव डॉ. मुन्ना सरकार ने बताया कि अधिवेशन में प्रदेशभर के शहरों, कस्बो व गांवो से लगभग 10 हजार से अधिक बलाई समाजजन हिस्सा लेंगे।
देवास। नगर निगम देवास द्वारा l वार्ड 43 बालगढ मे स्थित तालाब को 1 करोड 50 लाख की लागत से सौन्दर्यिकरण किया गया। जिसका लोकार्पण वार्ड पार्षद के साथ विधायक, सभापति, महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमंत पवार ने कहा कि तालाब को सुन्दरतम प्रदान किया गया है। जिसमे पाथकृवे, आकर्षक विद्युत सज्जा, फेंसिग आदि के 1 करोड 50 लाख की महती लागत से किया गया। विधायक द्वारा महापौर, सभापति से कहा कि तालाब के सामने की जमीन को ऐसे विकसीत करें जिसमे शहर के नागरिक पने परिवार के साथ समय व्यवति करें साथ ही अन्य मनोंरजन की भी गतिविधियां संचालित हो सकें।
देवास। सामाजिक समरसता मंच के तत्वावधान में पारंपरिक फाग यात्रा श्री प्रयागराज तीर्थ (जवाहर चौक) से सुबह 11 बजे सर्व समाज के प्रमुखों द्वारा माता गंगा की भव्य आरती के पश्चात किन्नर समाज से रबीना दीदी व अन्य दीदियों ने प्रयागराज से आये संगम तीर्थ के जल से उपस्थित जनसमुदाय को पिचकारी के माध्यम से जल की बौछार की। उसके बाद यात्रा आरंभ हुई।
यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, बच्चे और युवाओं ने रंगारंग फाग यात्रा का आनंद लिया।यात्रा का मुख्य आकर्षण श्री राधा कृष्ण झांकी, पंजाबी भांगड़ा, भगोरिया नृत्य टोली, इस्कान भजन टोली प्रसिद्ध भजन गायकी संस्कृति पगारे व आरती पारे, भजन गायक प्रितम सेंधालकर द्वारा यात्रा में होली एवं देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए, जिसमें पूरा वातावरण रंग मय हो गया। इस ऐतिहासिक फाग यात्रा को 10 हजार से अधिक लोगो ने निहारा। जगह-जगह मंच से फाग यात्रा का स्वागत भी किया गया। फाग यात्रा नयापुरा, तुकोगंज रोड, जनता बैंक चौराहा, सुभाष चौक, नॉवेलटी चौराहा एमजी रोड होते हुवे श्री काशी विश्वनाथ धाम (सयाजी द्वार) पर मातृशक्ति द्वारा श्री काशी विश्वनाथ की आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ। ततपश्चात अल्पहार की व्यवस्था मिठाई एवं नमकीन व्यापारी संघ द्वारा की गई। यात्रा में हर सामाजिक – धार्मिक संगठनों के साथ सभी राजनैतिक पार्टियों के जनप्रतिनिधि सहित बडी संख्या में सर्वसमाज के लोग उपस्थित थे।
Dewas कांग्रेस का आरोप : उज्जैन रोड ब्रिज से लेकर नागू खेड़ी तक बनने वाले फोरलेन सड़क नहीं हुई स्वीकृत…
देवास। शहर के व्यस्थतम मार्गों में से एक उज्जैन रोड को कई वर्षों से चौड़ीकरण का इंतजार है।
कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा कि उज्जैन रोड रेलवे ब्रिज से लेकर नागूखेड़ी तक बनने वाली फोरलेन सड़क आज तक स्वीकृत नहीं हुई है। अगर स्वीकृत हुई है तो इसका इसका श्रेय लेने वाले इसका स्वीकृति पत्र सार्वजनिक रूप से उजागर करें।
कांग्रेस ने कहा कि हमारे द्वारा हो उज्जैन रोड ब्रिज से लेकर नागू खेड़ी तक फॉर लेन सड़क बनाने की मांग को लेकर कई बार आंदोलन किया गया, ज्ञापन दिया गया, हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। मार्ग की चौड़ाई कम होने से लगातार इस रोड पर दुर्घटनाएं घटी है वहीं कई लोगों को अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ा है। बावजूद सड़क की स्वीकृति आज तक नहीं हुई।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी व कार्यकारी अध्यक्ष प्रवक्ता सुधीर शर्मा ने बताया कि देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने सार्वजनिक रूप से यह कहा कि उज्जैन रोड ब्रिज से लेकर नागू खेड़ी तक के मार्ग को फोन लेने में तब्दील किया जाएगा इस के लिए स्वीकृति भी मिल चुकी है। असल में देखा जाए तो उक्त सड़क के लिए आज तक राज्य सरकार की ओर से कोई स्वीकृति नहीं मिली है 12 मार्च को पेश किए गए बजट में भी उक्त सड़क को लेकर कोई राशि का आवंटन नहीं किया गया है।
कांग्रेस का कहना है कि सिंहस्थ को लेकर सरकार ने 2000 करोड रुपए से अधिक की राशि का प्रावधान किया है लेकिन शहर की सबसे व्यस्ततम सड़क में से एक उज्जैन रोड ब्रिज से लेकर नागूखेड़ी तक फॉर लेने की स्वीकृति नहीं हुई ।
विधायक सांसद कह रहे हैं कि इसकी स्वीकृति हो चुकी है तो स्वीकृति का पत्र सार्वजनिक रूप से उजागर करें एवं सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ करें।
आज इस मार्ग से नागूखेड़ी तक अनेक कालोनियां बन चुकी है जिसमें हजारों नागरिक रोजाना आना-जाना कर रहे हैं , वही इस मार्गचाणक्य पूरी, मेंढकी तक जुड़ गया है जिससे इस और आने वाले क्षेत्र के लोग भी इसी सड़क से आते जाते हैं ।
कांग्रेस ने मांग की है कि अगर सांसद विधायक कह रहे हैं की किया गया तो कांग्रेस फिर से सड़कों पर आकर आंदोलन करेगी जिसकी संपूर्ण जवाबदारी जिला प्रशासन प्रदेश सरकार की रहेगी।
Dewas शांति सुरक्षा हेतु पुलिस एवं प्रशासन ने निकला संयुक्त फ्लैग मार्च, कलेक्टर एवं एसपी हुए शामिल, देखे वीडियो
देवास। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद निर्देशानुसार आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिला देवास में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने हेतु देवास पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। उक्त फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना जागृत करना तथा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में पुलिस का भय उत्पन्न करना था। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें कानून व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, उपद्रव अथवा असामाजिक गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फ्लैग मार्च में जिला कलेक्टर देवास ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(शहर) जयवीर सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक देवास दीशेष अग्रवाल सहित समस्त थाना प्रभारीगण तथा पुलिस बल के जवान शामिल रहे। इस दौरान पुलिस ने मुख्य बाजार, सार्वजनिक स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
देवास पुलिस द्वारा होली पर्व के संबंध में जारी की गई एडवाइजरी का पालन करें एवं शांतिपूर्वक खुशी के साथ होली पर्व मनावें।
होलिका दहन के समय सभी होलिका दहन आयोजक होलिका दहन के स्थानों पर आग बुझाने की पर्याप्त व्यवस्था जैसे बाल्टी में पानी,रेत आदि की व्यवस्था करें एवं बडी होलिका दहन स्थानों पर फायर ब्रिगेड उपस्थित रखें ।
विवादित जगह,बिजली के तार के नीचे एवं जहाँ यातायात बाधित होता हो उस स्थान पर होलिका दहन ना किया जाये।
ली के त्यौहार के दौरान यात्रियों/राहगीरों को रोककर जबरन रंग न लगाएँ।
• सभी होटल, ढाबे आदि रात्रि 10:00 बजे तक बंद कर दिये जाए ।
• होली के दौरान प्राकृतिक (हर्बल) रंगों का उपयोग करें, कैमिकलयुक्त रंगों का इस्तेमाल नहीं करें।
• नाबालिग बच्चों को वाहन ना चलाने दें, नाबालिग बच्चो के द्वारा वाहन चलाते पाये जाने पर वाहन स्वामी के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
• दो पहिया वाहन में दो से अधिक व्यक्ति सवारी न करें एवं यातायात के नियमों का पालन करें ।
• होलिका दहन में गोबर के उपलों का अधिक उपयोग करें,पेड़ पौधों को काटकर न जलायें।
• व्यक्तिगत विवादों को व्यक्तिगत ही रहने दें,धार्मिक या सामाजिक रूप देने का प्रयत्न न करें।
• सोशल मीडिया प्लेटफार्म में भड़काऊ,आपत्तिजनक या विवादित टिप्पणी ना करें ।
• यदि किसी को भी अवैध रूप से मादक या नशीले पदार्थों की विक्री की सूचना प्राप्त होती है, तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम, संबंधित थाना प्रभारी या वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी प्रेषित करें। इस सूचना में आपका नाम गोपनीय रखा जायेगा।
• नशे की हालत में वाहन चलाने पर अथवा यातायात के नियमों का पालन न करने पर वाहन जप्त कर अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन न्यायालय पेश किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद ने आमजन से अपील की है कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है,इसे शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जावे एवं किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए देवास पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049125083, आकस्मिक पुलिस सेवा Dial 100 या संबंधित थाने में सूचना दे सकते है। ताकि त्वरित कार्रवाही की जा सके।