चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में बड़ा कदम: अमलतास विश्वविद्यालय और विक्रम विश्वविद्यालय के बीच MoU हस्ताक्षरित


देवास। चिकित्सा अनुसंधान और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा को बढ़ावा देने के लिए देवास के अमलतास विश्वविद्यालय और उज्जैन के विक्रम विश्वविद्यालय के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह शैक्षणिक और अनुसंधान सहयोग समझौता दोनों ही संस्थानों के संकाय (फैकल्टी) और विद्यार्थियों के लिए प्रगति के नए द्वार खोलेगा। इस ऐतिहासिक समझौते के माध्यम से मुख्य रूप से चिकित्सा, फार्मेसी, जैव प्रौद्योगिकी (बायोटेक्नोलॉजी), स्वास्थ्य चिकित्सा, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी जैसे उन्नत विषयों में शोध और विकास को गति दी जाएगी।

इस सहभागिता के अंतर्गत दोनों संस्थान अपनी प्रयोगशालाओं और शोध सुविधाओं का साझा उपयोग करेंगे, जिससे क्लीनिकल और बायो-मेडिकल रिसर्च के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे। इस समझौते से फैकल्टी और छात्रों को संयुक्त रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर एक साथ काम करने का बेहतरीन अवसर मिलेगा। साथ ही, रिसर्च पब्लिकेशन और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए फैकल्टी एक्सचेंज प्रोग्राम और रिसर्च गाइडेंस की सुविधा भी दी जाएगी। दोनों विश्वविद्यालयों के शोधार्थियों और विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए संयुक्त रूप से विशेष ट्रेनिंग, सेमिनार, जॉइंट वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जिससे उन्हें उन्नत सेवाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
इस गरिमामयी और ऐतिहासिक अवसर पर दोनों विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ पदाधिकारी और शिक्षाविद विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें विक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफ़ेसर अर्पण भारद्वाज, अमलतास विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. आर.के. सिंह, प्रो-चांसलर डॉ. सलिल भार्गव सहित डॉ. नीलम खान, डॉ. आस्था नागर और डॉ. रत्ना शर्मा शामिल थे। सभी शिक्षाविदों ने इस समझौते को क्षेत्र में चिकित्सा और तकनीकी शिक्षा के स्तर को अधिक सुदृढ़ और वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर बताया है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर अमलतास विश्वविद्यालय के चेयरमैन श्री मयंकराज सिंह भदौरिया जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों विश्वविद्यालयों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। हमारा मुख्य उद्देश्य छात्रों और फैकल्टी को वैश्विक स्तर की शोध सुविधाएं और व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है। विक्रम विश्वविद्यालय के साथ इस साझेदारी से चिकित्सा और बायो-मेडिकल रिसर्च के क्षेत्र में नए आविष्कार होंगे, जिसका सीधा लाभ समाज और स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगा। उन्होंने दोनों संस्थानों की टीम को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

घरेलू LPG सिलेंडर फिर महंगा, 3 महीने में ₹89 बढ़े दाम; जाने अब कितने रूपये का मिलेगा गैस सिलेंडर

आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रविवार रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इसके बाद मध्यप्रदेश (भोपाल) में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर ₹947.50 हो गई है।यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर ₹60 महंगा किया गया था। ताजा वृद्धि के साथ मार्च से अब तक घरेलू एलपीजी सिलेंडर कुल ₹89 महंगा हो चुका है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी लागत बनी वजह

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा और गैस की बढ़ती कीमतों के कारण घरेलू एलपीजी की आपूर्ति लागत में लगातार वृद्धि हुई है। कंपनियों का दावा है कि घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान को देखते हुए कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था।

सरकार का दावा- दुनिया में सबसे सस्ती कुकिंग गैस भारत में

केंद्र सरकार का कहना है कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं को दुनिया की सबसे सस्ती कुकिंग गैस उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार के अनुसार भारत में घरेलू एलपीजी की कीमतें कई पड़ोसी देशों के साथ-साथ अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे विकसित देशों की तुलना में काफी कम हैं।

नोट: 14.2 किलोग्राम के आधार पर तुलना की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की तुलना में भारत का उज्ज्वला सिलेंडर करीब 60% डिस्काउंट और सामान्य घरेलू सिलेंडर लगभग 45% डिस्काउंट पर मिलता है।

एक सिलेंडर की लागत ₹1600 से अधिक

सरकारी आंकड़ों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की बढ़ी कीमतों के कारण एक घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति लागत ₹1600 से अधिक पहुंच गई है। जबकि उपभोक्ताओं को यह सिलेंडर इससे काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे में सरकारी तेल कंपनियों को प्रति सिलेंडर लगभग ₹700 का नुकसान उठाना पड़ रहा है।घरेलू एलपीजी पर सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों की कुल अंडर-रिकवरी पिछले वित्तीय वर्ष में बढ़कर लगभग ₹60,000 करोड़ तक पहुंच गई, जो एक वर्ष पहले ₹41,338 करोड़ थी। इस नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों को ₹30,000 करोड़ के मुआवजे को मंजूरी दी है।

  • मुख्य बातें
  • घरेलू LPG सिलेंडर ₹29 महंगा हुआ।
  • भोपाल में 14.2 किलो सिलेंडर अब ₹947.50 का।
  • मार्च से अब तक कुल ₹89 की बढ़ोतरी।
  • उज्ज्वला लाभार्थियों को ₹300 प्रति सिलेंडर सब्सिडी जारी।
  • अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि से कंपनियों पर बढ़ा आर्थिक बोझ।

वाहन चालक का अपहरण कर जबरन वसूली करने वाले दो आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

मारपीट कर कार में बंधक बनाया, जान से मारने की धमकी देकर खाते से रुपये ट्रांसफर कराए

देवास। थाना नाहर दरवाजा पुलिस ने वाहन चालक का अपहरण कर मारपीट एवं जबरन वसूली करने वाले दो आरोपियों को घटना के मात्र 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार फरियादी दीपेश सोनी (23) निवासी वृंदावन धाम कॉलोनी, रेती मंडी के पास, देवास ने 3 जून 2026 को थाना नाहर दरवाजा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 1 जून की रात करीब 9:45 बजे वह अपनी लोडिंग वाहन सुपर कैरी से एबी रोड बायपास स्थित देवकर फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने गया था। सीएनजी भरवाकर बाहर निकलते समय पीछे से आई एक मारुति फ्रॉन्क्स कार ने उसके वाहन को टक्कर मार दी।

कार से उतरे दो युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और वाहन क्षतिग्रस्त होने का हवाला देकर 20 हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और वाहन की चाबी छीन ली तथा जबरन अपनी कार में बैठाकर विभिन्न स्थानों पर ले गए।

आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके फोन-पे खाते से 4,437 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उसे छोड़कर फरार हो गए।

फरियादी की शिकायत पर थाना नाहर दरवाजा में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक MP13AK0785 की पहचान हुई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिकेत सिंह ठाकुर एवं दीपेन्द्र सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स कार एवं मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  • अनिकेत पिता विक्रम सिंह ठाकुर (26 वर्ष), निवासी देव महाराज मंदिर के पास, गोपालपुरा, थाना पार्वती, जिला सीहोर।
  • दीपेन्द्र सिंह ठाकुर पिता लाखन सिंह ठाकुर (30 वर्ष), निवासी ग्राम गोपालपुरा, कुंडी-आष्टा रोड, थाना पार्वती, जिला सीहोर।

जब्त सामग्री : मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP13AK0785 (अनुमानित कीमत 9.56 लाख रुपये), घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन

Dewas पुलिस की तत्परता रंग लाई, भोपाल की दो लापता बालिकाएं मिलीं सुरक्षित

  • भोपाल की गुमशुदा बालिकाओं को रात्रि में ऑटो चालक बीच रास्ते में उतारा

देवास। देवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई और डायल-112 की सतर्कता के चलते दो गुमशुदा बालिकाओं को सुरक्षित खोज लिया गया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशानुसार डायल-112 द्वारा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत 5 जून 2026 की रात्रि करीब 2:56 बजे डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गोमती नगर स्थित क्रोमा शोरूम के पास दो बालिकाओं को एक ऑटो चालक बीच रास्ते में उतारकर चला गया है। दोनों बालिकाओं ने स्टेशन जाने की बात कही थी।
सूचना मिलते ही डायल-112 कंट्रोल द्वारा निकटस्थ एफआरवी क्रमांक-08 को मौके पर रवाना किया गया। सहायक उपनिरीक्षक सुरेश चंद शिवहरे एवं पायलट विनेश यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों बालिकाओं से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बालिकाएं अपने संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकीं। स्थिति को देखते हुए एफआरवी टीम ने संवेदनशीलता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए दोनों बालिकाओं को सुरक्षित संरक्षण में लेकर थाने पहुंचाया।
थाना स्तर पर की गई जांच एवं परिजनों से संपर्क के दौरान पता चला कि दोनों बालिकाएं भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र की निवासी हैं तथा उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। वर्तमान में दोनों बालिकाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना, विवाद या पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Dewas जैन समाज सामाजिक संगठन एवं प्रेस क्लब ने संयुक्त रूप से किया पौधारोपण

देवास। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से जैन समाज सामाजिक संगठन एवं प्रेस क्लब द्वारा महावीर धाम दिगंबर जैन मंदिर परिसर स्थित गार्डन में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन एवं प्रेस क्लब के सदस्यों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में पौधे लगाए।
मंदिर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फूल और लंबी अवधि वाले पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
संगठन एवं प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण ऐसे स्थानों पर किया जाए, जहां उनकी निरंतर देखरेख संभव हो सके।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समाजजनों ने हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जैन समाज सामाजिक संगठन के नरेंद्र जैन, दिलीप चौधरी, विनोद जैन, अरुण जैन, प्रवीण पानाेत, पारस जैन, निलेश छाबड़ा, दिलीप जैन, गिरीश संघवी, प्रमोद जैन, निलेश जैन, आर सी जैन, प्रमोद तांतेड, राजेश जैन सहित संगठन के अनेक सदस्य एवं प्रेस क्लब के ललित शर्मा, शेखर कौशल, तरुण मेहता, सिद्धार्थ मोदी, अतुल बगलीकर, खुमान सिंह बैस, राहुल परमार, जितेंद्र मारू, रघुनंदन समाधियां, वरुण राठौर, दीपेश जैन के साथ विकास जैन, पीयूष जैन, विकास जैन अपने, संदीप राठौर एवं मंदिर का ट्रस्ट मंडल एवं महिला मंडल उपस्थित थे।

ऑपरेशन त्रिनेत्रम की बड़ी सफलता: दो सूने मकानों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

महिलाओं को कार में बैठाकर करते थे रैकी, 12.50 लाख रुपये का माल बरामद

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, दो महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार

देवास। देवास पुलिस के “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” ने एक बार फिर अपनी प्रभावशीलता साबित करते हुए शहर में हुई दो बड़ी चोरियों का पर्दाफाश कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने संगठित चोरी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 12.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें रैकी के दौरान कार में बैठाकर ले जाया जाता था ताकि किसी को गिरोह पर संदेह न हो।

पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोत के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई दो चोरियों की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

जबलपुर गए परिवार के घर में चोरी

पहली घटना में एलआईजी-78 सिविल लाइन निवासी आदेश कुमार उइके ने 29 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 27 मई को पारिवारिक कार्य से जबलपुर गए थे। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से डायमंड मंगलसूत्र, डायमंड ईयरिंग, दो टाइटन घड़ियां तथा नकदी चोरी होना पाया गया।

ईद मनाने गए परिवार का घर भी बनाया निशाना

दूसरी घटना में कर्मचारी कॉलोनी निवासी वसीम शेख ने शिकायत दर्ज कराई कि वे परिवार सहित ईद मनाने उज्जैन गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, लैपटॉप एवं अन्य सामान चोरी कर लिया।

सीसीटीवी फुटेज ने दिलाई सफलता

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आरोपी चोरी करने के बाद ईयोन कार (MP-09-CL-2044) से भागते हुए दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

यह आरोपी हुए गिरफ्तार

  • जयंत मीणा (19 वर्ष) निवासी आनंद नगर, देवास
  • आकाश उर्फ शूटर (26 वर्ष) निवासी बद्रीधाम नगर, देवास
  • चेतना सोलंकी (30 वर्ष) निवासी जवाहर नगर, देवास
  • चिंकी उर्फ प्रिया (23 वर्ष) निवासी जयश्री नगर, देवास

12.50 लाख रुपये का माल बरामद

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, हीरे का मंगलसूत्र, हीरे की बालियां, एक आसुस लैपटॉप, घड़ियां तथा 22 हजार रुपये नकद सहित कुल 12.50 लाख रुपये का चोरी गया माल बरामद किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त ईयोन कार एवं चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार गिरोह के मुख्य आरोपी जयंत मीणा और आकाश उर्फ शूटर के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, आबकारी, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से जयंत के खिलाफ चोरी के सात और आकाश के खिलाफ विभिन्न थानों में 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक सचिन सोनगरा, दीपक मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक एच.एस. गोदार, प्रधान आरक्षक हेमंत डाबी, मनोज पटेल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

माता टेकरी पर चामुंडा माता की नियमित आरती एवं दर्शन मंदिर में से कराए जाए

• भारत तिब्बत समन्वय संघ ने उठाई मांग, नए प्रयोगों का विरोध

देवास। देशभर में प्रसिद्ध माता चामुंडा टेकरी पर मंदिर के अंदर होने वाली परम्परागत नियमित आरती एवं भक्तों को मंदिर के अंदर से करने पर प्रतिबंध को लेकर हिंदू समाज में आक्रोश व्याप्त है। भारत तिब्बत समन्वय संघ, जिला देवास (मालवा प्रांत) द्वारा माता चामुण्डा मंदिर में आरती एवं दर्शन पर लगाई गई रोक के विरोध में आवाज़ उठाई गई है। पूर्व में भी संघ द्वारा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया था।

प्राचीनकाल से चामुंडा माता मंदिर के अंदर में नियमित एवं परम्परागत रूप से आरती होती आ रही थी, लेकिन विगत दिनों से अपने आप को अध्यक्ष बनाते वाले अशोक नाथ द्वारा भक्त मंडल को बाहर से आरती करने के लिए कहा जा रहा है तथा मंदिर में आरती के दौरान भक्तों का प्रवेश भी बंद कर दिया गया है। इस निर्णय से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। पूर्व में दिए गए ज्ञापन में संघ ने यह भी आरोप लगाया कि कोरोना काल के दौरान अस्थाई रूप से मंदिर में दर्शन बंद किए गए थे, लेकिन वर्षों बाद भी आम श्रद्धालुओं को मंदिर में दर्शन की अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर, बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों से राशि लेकर विशेष पूजा व दर्शन कराए जाने तथा नारियल चढ़ाने की पुरानी व्यवस्था समाप्त किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई।

वर्तमान में माँ चामुंडा माता मंदिर में लंबी ऊंचाई वाली रेलिंग लगाई गई है जानकारी अनुसार देवस्थान प्रबंधन समिति द्वारा माँ चामुंडा मंदिर में यह रेलिंग वहां के अशोक नाथ द्वारा अन्य पुजारियों के साथ हुए विवाद के बाद लगाई है। रेलिंग माता के स्वरूप को भी दबा रही है और आरती के समय पुजारी को अंदर प्रवेश करने और माता रानी को चोला चढ़ाने के लिए भी जगह की कम होने से भी भी समस्या आ रही है।
जानकारी अनुसार माता टेकरी अशोक नाथ अपने आप को अध्यक्ष बता कर अपने अनुसार कार्य करा रहे है जिससे आगे भी विवाद होने की आशंका है। जानकारी अनुसार अशोक नाथ द्वारा प्रतिदिन माता टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं से भी दुर्व्यवहार किया जाता है। क्या देवस्थान प्रबंधन समिति द्वारा अशोक नाथ को सभी जिम्मेदारी दे रखी है इसकी चर्चा भी चल रही है। और लगता है प्रशासन के संरक्षण प्राप्त होने से अशोक नाथ निडर रूप से सभी कार्य कर रह है। और पूर्व में भी अशोक नाथ के बड़े बड़े विवाद हो चुके है।
अगर प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देगा तो कभी भी दर्शनार्थी और पुजारी के बीच बड़ा विवाद हो सकता है।
बीते दिनों हुए अशोक नाथ ओर अन्य पुजारियों के विवाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची जिसके बाद प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
संघ ऐसे प्रयोगों का भी विरोध करते हुए मांग करता है कि भक्त मंडल द्वारा की जाने वाली परम्परागत आरती पुनः मंदिर से करने की अनुमति दी जाए और सभी श्रद्धालुओं को समान रूप से मंदिर में दर्शन का अधिकार मिले। मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाई जाए। संघ द्वारा बार बार मांग की जा रही है, यदि प्रशासन ने शीघ्र ही इस मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई नहीं की, तो भारत तिब्बत समन्वय संघ समस्त हिंदू समाज एवं धार्मिक संगठनों के साथ आंदोलन करने को विवश होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की रहेगी।

समान नागरिक संहिता के अध्ययन एवं परीक्षण के लिए आयोजित हुई उच्च स्तरीय गठित समिति की बैठक

• यूसीसी के संबंध में जनप्रतिनिधिगणों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यगणों, पत्रकारगणों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से सुझाव प्राप्त किए

• समान नागरिक संहिता में नागरिक समिति को अभी भी भेज सकते है ucc.mp.gov.in पोर्टल पर सुझाव

देवास। समान नागरिक संहिता के अध्ययन एवं परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक मल्‍हार स्‍मृति मंदिर देवास में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य डॉ गोपाल शर्मा द्वारा विभिन्न सामाजिक, विधिक एवं प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्‍होंने समान नागरिक संहिता के संभावित स्वरूप, विभिन्न राज्यों के अनुभव, सामाजिक समरसता तथा नागरिक अधिकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। बैठक में जनप्रतिनिधिगणों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्यगणों, पत्रकारगणों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से सुझाव भी प्राप्त किए गये।

समिति सदस्य डॉ गोपाल शर्मा ने पारिवारिक कानूनों, महिलाओं के अधिकार, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक प्रावधानों के संबंध में सुझावों पर चर्चा की। उन्‍होंने आगामी चरणों में नागरिकों से संवाद एवं सुझाव प्राप्त करने के लिए ucc.mp.gov.in पोर्टल की जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव ucc.mp.gov.in पोर्टल पर भेज सकते है। संविधान में समानता के लिए यूसीसी लाने का प्रस्‍ताव है। इसी के लिए आज विचार विमर्श हो रहा है। कुछ प्रदेशो में पूर्व में यूसीसी लागू हो गया है। प्रदेश सरकार चाहती है कि यूसीसी लागू करने से पूर्व नागरिकों के सुझाव लिये जाये। यूसीसी का केन्‍द्र बिन्‍दु परिवार है।

डॉ गोपाल शर्मा ने कहा कि पारिवारिक संबंधो से ताल्लुकात रखने वाले जो कानून है, वो समान नागरिक संहिता के परिधि में आते है। मिसाल के तौर पर विवाह, विवाह विच्छेद, भरण पोषण, उत्तराधिकार, लिविंग है। हम सभी जानते है कि परंपरागत रूप से हमारे देश में विभिन्न प्रकार के धर्म समुदायों के लिए विभिन्न प्रकार के पारिवारिक लॉ लागू है। आजादी के बाद इनमें से कुछ कानूनों को सुधार करने की कोशिश की गई, लेकिन अभी भी बहुत से विषय ऐसे है जिनको सुधार नही किया गया है, जो परंपरागत रीति रिवाजों से चलते है।

समिति सदस्य श्रीमती शोभा पैठणकर ने यूसीसी के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी कार्य सरकार अकेले नहीं कर सकती। उन्‍होंने कहा कि अनेकता में एकता हमारी पहचान है, सभी को मिलकर कार्य करना होगा। समिति सभी जिलों में जाकर सुझाव ले रही हैं। सुझावों के आधार पर ड्राफ्ट तैयार होगा।

बैठक में सांसद महेन्‍द्र सिंह सोलंकी, नगर निगम सभापति रवि जैन, जिला अध्‍यक्ष रायसिंह सेंधव सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्‍टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, नगर निगम आयुक्‍त दलीप कुमार, अपर कलेक्‍टर शोभाराम सोलंकी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्यगण, पत्रकारगण, प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। बैठक के अंत में आभार अपर कलेक्‍टर संजीव जैन ने माना।

Dewas मरीज के पेट से निकालीं खजूर के आकार की 51 पथरियां

• पेशाब की थैली से इतनी पथरिया निकलने का संभवतः भारत का पहला ऐसा दुर्लभ मामला

• अमलतास अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत मरीज का हुआ निःशुल्क और सफल ऑपरेशन

देवास। चिकित्सा जगत में अक्सर ऐसे हैरतअंगेज मामले सामने आते हैं जो विशेषज्ञों को भी सोचने पर मजबूर कर देते हैं। ऐसा ही एक अनोखा और बेहद जटिल ऑपरेशन देवास के सुप्रसिद्ध अमलतास सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है। अस्पताल के अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने एक 34 वर्षीय मरीज की पेशाब की थैली (ब्लैडर) से खजूर के आकार के 51 बड़े पत्थर (पथरी) निकालकर उसे नया जीवन दिया है।

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, देश में संभवतः यह पहला ऐसा मामला है जहाँ पेशाब की थैली से एक बार में इतनी बड़ी मात्रा में पथरियां निकाली गई हैं।मरीज चंदर सिंह (उम्र 34 वर्ष) पिछले दो वर्षों से पेट के गंभीर दर्द से पीड़ित था। उसने कई जगहों पर इलाज कराया, लेकिन कोई आराम नहीं मिला। लगातार बढ़ते दर्द के कारण मरीज का खाना-पीना और उठना-बैठना तक दूभर हो चुका था। जब मरीज को अमलतास अस्पताल लाया गया, तो यहाँ की आधुनिक जाँचों (Urology Diagnostics) में पेट के भीतर भारी मात्रा में बड़े पत्थरों की मौजूदगी का पता चला। सामान्यतः राई के दाने के बराबर पथरी होने पर भी मरीज का दर्द बर्दाश्त से बाहर हो जाता है, ऐसे में मरीज के शरीर में 51 बड़े पत्थरों का होना बेहद गंभीर स्थिति थी।

मरीज की क्रिटिकल स्थिति को देखते हुए अमलतास अस्पताल के सुप्रसिद्ध मूत्र एवं पथरी रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेश बंसल और उनकी विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने इस बेहद चुनौतीपूर्ण सर्जरी को हाथ में लिया। अस्पताल के अत्याधुनिक संसाधनों और डॉक्टरों की उत्कृष्ट कार्यकुशलता की बदौलत ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और एक-एक कर सभी 51 पत्थर सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।मरीज और उसके परिजनों के लिए यह ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क रहा, क्योंकि इसका पूरा खर्च आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर किया गया। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज को बरसों पुराने दर्द से हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई है और वह तेजी से रिकवर हो रहा है। मरीज के परिवार ने अमलतास अस्पताल के प्रबंधन, डॉक्टरों की टीम और शासन की जनहितैषी योजना के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया है।अमलतास अस्पताल के चेयरमैन श्री मयंक राज सिंह भदौरिया ने इस दुर्लभ व ऐतिहासिक सर्जरी की सफलता पर पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा—”यह सफल ऑपरेशन हमारे डॉक्टरों की उत्कृष्ट क्षमता, उनके जज्बे और संस्थान के आधुनिक मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर का जीवंत प्रमाण है। हम आगे भी जनता को इसी तरह की विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

अगर आप भी सार्वजनिक स्थानों पर फेंकते है कचरा तो सावधान ! कचरा फेंकने वालों पर लगेगा जुर्माना

अघोषित कचरा पॉइंट्स पर सीसीटीवी से निगरानी शुरू, 20 जगह कैमरे लगाए

देवास। शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने एक नई पहल की है। पहली बार शहर के उन अघोषित कचरा पॉइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जहां लोग लगातार कचरा फेंकते थे। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार के निर्देश पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत शहर के लगभग 20 चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

इन कैमरों में कैद होने वाली रिकॉर्डिंग के आधार पर कचरा फेंकने वाले लोगों की पहचान की जाएगी। इसके बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना भी शामिल है। निगम अधिकारियों के अनुसार, स्वच्छता को लेकर यह पहली बार है जब इस तरह की तकनीकी निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य उन लोगों पर अंकुश लगाना है जो सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंककर शहर की स्वच्छता को प्रभावित करते हैं।

नगर निगम से प्राप्त जानकारी अनुसार लगातार समझाइश के बावजूद कुछ स्थानों पर लोग कचरा डालना बंद नहीं कर रहे थे, जिसके कारण ये स्थान अघोषित कचरा पॉइंट्स बन गए हैं। अब कैमरों की मदद से निगरानी कर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ जुर्माना सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छ भारत मिशन के नोडल सौरभ त्रिपाठी ने जानकारी दी कि सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर अब कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम की टीम स्वच्छता के लिए लगातार काम कर रही है और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। नगर निगम को उम्मीद है कि इस पहल से शहर में गंदगी फैलाने वालों पर रोक लगेगी और देवास स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकेगा।