क्या आप भी तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाते है वाहन..! तो हो जाए सावधान…!!

मई माह में अब तक ऐसे 26 चालकों के लाइसेंस हुए निलंबित

देवास। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान के नेतृत्व में मई माह के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग द्वारा मई माह में सामने आए 26 प्रकरणों में वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई विशेष रूप से उन चालकों पर की गई, जो शहर के व्यस्त मार्गों और सार्वजनिक सड़कों पर निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन चलाते पाए गए। इसके अलावा सिग्नल जंप करना, नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करना, यातायात नियमों की अनदेखी करना तथा शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों में भी चालकों के खिलाफ कठोर कदम उठाए गए।

जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित गति से वाहन चलाएं और स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

प्रशासन की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे लापरवाह वाहन चालकों में कानून का भय बनेगा और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

रसूखदार की दरिंदगी: सरपंच पति ने दिनदहाड़े नाबालिग को अगवा कर जंगल में किया दुष्कर्म

देवास/हाटपिपल्या: देवास जिले के हाटपिपल्या थाना क्षेत्र के गांव घुसट से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां सत्ता और रसूख के नशे में चूर एक सरपंच पति ने दबंगई की सारी हदें पार करते हुए एक नाबालिग को उसी के घर से अगवा किया और जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की पहचान माखन उर्फ पप्पू बंजारा (भाजपा नेता) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

सूनेपन का उठाया फायदा, कार से किया अपहरणयह सनसनीखेज वारदात 25 मई की बताई जा रही है। घटना वाले दिन दोपहर के वक्त नाबालिग अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी माखन अपनी कार लेकर वहां पहुंचा और दबंगई दिखाते हुए मासूम को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद वह उसे गांव से बाहर एक सुनसान जंगली इलाके में ले गया, जहां उसने इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।

दहशत फैलाने और समझौते का प्रयास घटना के सामने आने के बाद जब पीड़ित पक्ष ने न्याय के लिए आवाज उठानी चाही, तो आरोपी और उसके समर्थकों ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। अपने रसूख का खौफ दिखाकर पीड़ित परिवार पर राजीनामा (समझौता) करने का भारी दबाव बनाया गया।

चाइल्ड लाइन के हस्तक्षेप के बाद खुला मामला इस पूरे घटनाक्रम पर हाटपिपल्या थाना प्रभारी दीपक यादव ने मीडिया को दी जानकारी अनुसार, “शुरुआत में हमें डायल ‘112’ पर शिकायत प्राप्त हुई थी। जब किशोरी को थाने लाया गया, तो वह दहशत में होने के कारण कुछ भी बोल नहीं पा रही थी। इसके बाद चाइल्ड लाइन की टीम उसे अपने संरक्षण में देवास ले गई। महिला व बाल विकास विभाग के पत्र और काउंसलिंग के बाद पीड़िता के बयानों के आधार पर देर रात आरोपी पर एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है।

आदतन अपराधी है आरोपी नेता जानकारी अनुसार, आरोपी सरपंच पति माखन उर्फ पप्पू बंजारा आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। इस जघन्य वारदात से पहले भी उसके खिलाफ विभिन्न मामलों में पांच से ज्यादा केस दर्ज हो चुके हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।

शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 24 घंटे में देवास पुलिस ने दबोचे तीन आरोपी

आरोपियों ने युवकों को शादी का झांसा देकर देवास की माता टेकरी पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होने की बात कहकर बुलाया, न शादी हुई न आरोपी मिले

देवास। अनाथ आश्रम की लड़कियों से शादी कराने का झांसा देकर युवकों से रुपये ऐंठने वाले एक शातिर गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों द्वारा कई युवकों को एक ही लड़कियों के फोटो भेजकर शादी का लालच दिया जाता था और एडवांस राशि के नाम पर ठगी की जाती थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी अभिषेक वर्मा ने थाना बैंक नोट प्रेस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके जीजाजी जितेन्द्र वर्मा निवासी सतपिपल्या, जिला सीहोर के माध्यम से उसकी पहचान विदिशा निवासी मुकेश दास बैरागी से हुई थी। आरोपियों ने स्वयं को अनाथ आश्रम की लड़कियों की शादी कराने वाला बताते हुए इंदौर स्थित एक अनाथ आश्रम की लड़कियों के फोटो भेजे और शादी तय कराने के नाम पर 25 हजार रुपये एडवांस मांगे।

फरियादी ने शादी की उम्मीद में 6 मई 2026 को फोन-पे के माध्यम से आरोपी के खाते में 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने फरियादी सहित अन्य युवकों को 24 और 25 मई को देवास की माता टेकरी पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होने की बात कहकर बुलाया।
निर्धारित तिथि पर जब फरियादी अपने परिजनों के साथ देवास पहुंचा तो वहां पहले बस स्टैंड के पास एक धर्मशाला और बाद में राधागंज क्लब ग्राउंड पर बुलाया गया, लेकिन कहीं भी विवाह की कोई व्यवस्था नहीं मिली। इसी दौरान अन्य युवक भी वहां पहुंचे, जिन्होंने बताया कि उनसे भी शादी कराने के नाम पर इसी प्रकार रुपये लिए गए हैं और सभी को एक जैसी लड़कियों के फोटो भेजे गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बीएनपी में अपराध क्रमांक 312/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीती कटारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए देवास और इंदौर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से ठगी की रकम और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में पूछताछ कर रही है।

  • गिरफ्तार आरोपी
  • सुनीता पति मुकेश दास बैरागी, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हौरी, हाल महानीम चौराहा, विदिशा।
  • मुकेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हौरी, हाल महानीम चौराहा, विदिशा।
  • दिनेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हौरी, हाल महानीम चौराहा, विदिशा।

सराहनीय भूमिका : पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीती कटारे, उप निरीक्षक रामलाल भगत, राहुल परमार, सहायक उप निरीक्षक रविन्द्र गोदार, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, अनिल, आरक्षक संदीप, रोहित रोजड़े, महिला आरक्षक शिवानी कुशवाह, मोनिका एवं साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की उल्लेखनीय भूमिका रही।

रंगपंचमी की रंजिश बनी मौत की वजह: 4 आरोपियों को उम्रकैद, मीडिया की गवाही बनी सजा का मजबूत आधार

देवास पुलिस और अभियोजन के सुदृढ़ समन्वय से सनसनीखेज हत्याकांड में मिली बड़ी सफलता

देवास। चार वर्ष पुरानी रंजिश और रंगपंचमी के विवाद ने एक युवक की निर्मम हत्या का रूप ले लिया था। लेकिन देवास पुलिस की पेशेवर और वैज्ञानिक विवेचना, अभियोजन की प्रभावी पैरवी तथा मीडिया कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका के चलते आखिरकार इस सनसनीखेज हत्याकांड में न्यायालय ने चार आरोपियों को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।

माननीय प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश श्री उमाशंकर अग्रवाल की अदालत ने आरोपी मिथुन अहीरवाल, रवि चौहान, राजकुमार सिसोदिया और अजय उर्फ आकाश सिसोदिया को हत्या के अपराध में दोषी पाते हुए उम्रकैद और 26 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

रंगपंचमी के विवाद से शुरू हुई थी दुश्मनी जानकारी के अनुसार 22 जुलाई 2022 को थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आरोपीगणों ने पुरानी रंजिश के चलते गणेश उर्फ गन्नू भावसार पर चाकू, तलवार और डंडों से जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल गन्नू की बाद में मौत हो गई थी। पुलिस ने प्रकरण में धारा 147, 148, 149, 302 भादवि एवं 25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

गवाह मुकर गए, फिर भी नहीं टूटी पुलिस की कड़ी मामले की सुनवाई के दौरान चश्मदीद सहित कई मुख्य गवाह अपने बयानों से मुकर गए, जिससे मामला कमजोर पड़ता दिखाई दिया। लेकिन जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद को मिली, उन्होंने पुलिस और अभियोजन अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर नई रणनीति तैयार की।

पुलिस ने दोबारा वैज्ञानिक साक्ष्यों को मजबूत किया। घटना के समय जब्त वस्तुओं का डीएनए परीक्षण कराया गया। वहीं, सबसे अहम कड़ी तब सामने आई जब पुलिस ने घटना के दौरान एक चश्मदीद द्वारा मीडिया को दिए गए इंटरव्यू का वीडियो खोज निकाला।

मीडिया कर्मियों की गवाही बनी निर्णायक साक्ष्य घटना को कवर करने वाले जागरूक मीडिया कर्मियों के बयान अदालत में पेश किए गए। मीडिया द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो को न्यायालय में प्रमाणित किया गया, जिसे चश्मदीद गवाह भी झूठा साबित नहीं कर सका। यही वीडियो और मीडिया कर्मियों के कथन इस मामले में सजा का मजबूत आधार बने।

ऑपरेशन “संकल्प” का असर पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन संकल्प” के तहत गंभीर अपराधों की विवेचना को वैज्ञानिक और समयबद्ध बनाया जा रहा है। न्यायालयीन प्रक्रिया में समंस और वारंट की त्वरित तामिली कराकर पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में देवास पुलिस हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, छेड़छाड़, लूट, धोखाधड़ी और चोरी सहित कई गंभीर मामलों में कठोर सजा दिलाने में सफल रही है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका इस प्रकरण में सहायक लोक अभियोजक श्रीमती अलका राणा, श्री उदल सिंह मौर्य, थाना प्रभारी शशिकांत चोरसिया, उप निरीक्षक रामकृष्ण शर्मा, विजय सोनी, राधेश्याम वर्मा, गोविंद्र बडोलिया सहित आरक्षक अतुल सिंह, संदीप प्रजापत और रमेश बर्डे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अंत में पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को सम्मानित करते हुए भविष्य में भी और अधिक दक्षता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Dewas विहाररत जैन संतों की सुरक्षा को लेकर जैन समाज ने उठाई आवाज

रीवा हादसे की उच्चस्तरीय जांच और “राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति” बनाने की मांग

देवास। रीवा में विहाररत पूज्य आर्यिका माताजी के साथ हुई दुखद घटना जिसमें एक तेज रफ्तार कार ने विहार कर रही तीन जैन साध्वियों को कुचल दिया जिसमें दो हादसे में दो साध्वियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य साध्वी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

हादसे को लेकर जैन समाज में गहरा आक्रोश एवं शोक व्याप्त है। समाजजनों ने इस घटना को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने तथा विहाररत जैन साधु-संतों की सुरक्षा हेतु विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

समस्त जैन समाज की ओर से जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री एवं भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपे गए। ज्ञापन में कहा गया कि जैन साधु-संत पूर्णतः अहिंसक, निहत्थे एवं पैदल विहार करने वाले तपस्वी होते हैं, जो समाज को शांति, संयम और अहिंसा का संदेश देते हैं। ऐसे संतों के साथ लगातार बढ़ती दुर्घटनाएं और हमले गंभीर चिंता का विषय हैं।ज्ञापन में रीवा घटना की SIT अथवा न्यायिक जांच कराने, घटना से जुड़े सभी CCTV फुटेज, वीडियो एवं डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही यदि घटना में किसी प्रकार की साजिश या सुनियोजित कृत्य सामने आता है, तो संबंधित व्यक्तियों पर कठोर धाराएं लगाने की बात भी कही गई है।

जैन समाज ने विहाररत साधु-संतों की सुरक्षा के लिए “संत सुरक्षा प्रोटोकॉल” लागू करने की मांग करते हुए विहार मार्गों पर प्रशासनिक समन्वय, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सहयोग, ट्रैफिक नियंत्रण, चेतावनी संकेतक तथा हाईवे एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

इसके अतिरिक्त भारत सरकार से “राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति” बनाने की मांग करते हुए पैदल विहार करने वाले संतों के लिए राष्ट्रीय गाइडलाइन, सुरक्षा SOP एवं संवेदनशील मार्गों के लिए विशेष प्रावधान तैयार करने की आवश्यकता बताई गई है।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि संत आत्मरक्षा नहीं करते तथा किसी प्रकार के सुरक्षा साधनों का उपयोग नहीं करते, इसलिए संतों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को विशेष संवेदनशील श्रेणी में रखा जाए। साथ ही स्थानीय स्तर पर “Sant Security Coordination Cell” एवं आपातकालीन संपर्क व्यवस्था स्थापित करने की मांग भी उठाई गई।जैन समाज ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न करना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना और तपस्वी संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज की महिला एवं समाजजन उपस्थित थे।

Dewas बकरीद से पूर्व गौवंश हत्या व तस्करी रोकने की मांग, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

मध्यप्रदेश शासन से गौमाता को “राज्यमाता” का दर्जा देने की कि मांग

देवास। मालवा प्रान्त के अंतर्गत विश्व हिन्दू परिषद् गौरक्षा विभाग एवं देशी गौवंश रक्षण संवर्धन न्यास द्वारा बकरीद से पूर्व गौवंश हत्या एवं गौवंश तस्करी पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय में शनिवार को तहसीलदार सपना शर्मा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल से गौवंश रक्षा हेतु सख्त कदम उठाने की मांग की गई। जिला गोरक्षा प्रमुख रमेश कौशल ने बताया कि गौवंश भारतीय संस्कृति, सात्विक ऊर्जा, आर्थिक समृद्धि एवं आरोग्य का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही गौवंश तस्करी एवं हत्या की घटनाएं चिंता का विषय हैं। संगठन ने मांग की कि बकरीद से पूर्व पुलिस-प्रशासन विशेष सतर्कता बरते तथा गौवंश तस्करों एवं हत्यारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में कठोर कानून होने के बावजूद कई स्थानों पर पुलिस-प्रशासन की लापरवाही अथवा मिलीभगत के कारण गौवंश तस्करी की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे गौरक्षकों को स्वयं सड़क पर उतरना पड़ता है। संगठन ने यह भी मांग की कि बकरीद के अवसर पर गौवंश परिवहन में किसी प्रकार की ढील न दी जाए। विश्व हिन्दू परिषद् गौरक्षा विभाग ने मध्यप्रदेश शासन से यह मांग भी की कि राजस्थान एवं महाराष्ट्र की तर्ज पर गौमाता को “राज्यमाता” का दर्जा दिया जाए तथा गौचर भूमि से अतिक्रमण हटाया जाए।

इस दौरान जिला अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, जिला सहसंयोजक अभिषेक माली, नगर अध्यक्ष संजय शर्मा, जिला सोशल मीडिया प्रभारी सचिन नरेंद्र शर्मा राठौर, जिला मठ मंदिर प्रमुख धर्मेंद्र जोशी, नगर गोरक्षा प्रमुख आनंद चौहान, अभिजीत ठाकुर, दुलीचंद्र राणा, मातृशक्ति रूपाली पटेल, निक्की निगम, भारत यादव, संदीप बैरागी, करण यादव, रोहित खिंची, अमन चौहान सहित बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी एवं हिंदू समाज के लोग उपस्थित थे।

भीषण आग, चीखें और अफरा-तफरी के बीच शासन-प्रशासन के साथ 108 एम्बुलेंस टीम ने संभाला मोर्चा

देवास। जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया, लेकिन इस भयावह हादसे के बीच 108 एम्बुलेंस की पूरी टीम ने शासन-प्रशासन के साथ मिलकर सेवा मानवता की सबसे बड़ी उम्मीद बनकर सामने आई। आग में गंभीर रूप से झुलसे दो दर्जन से अधिक घायलों को तत्काल उपचार दिलाने के लिए 108 एम्बुलेंस की टीमें पूरी रात बिना रुके राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं एवं देवास जिला सहित इंदौर, उज्जैन और शाजापुर की लगभग 28 एम्बूलेंस से घायलों को उपचार हेतु विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जय अम्बे इमरजेंसी सर्विसेज 108 एम्बुलेंस सेवा ने तत्परता दिखाते हुए देवास सहित आसपास के जिलों से कुल 28 एम्बुलेंस मौके पर भेजीं। एम्बुलेंस टीम ने घायलों को घटनास्थल से जिला अस्पताल और वहां से इंदौर के अलग-अलग अस्पतालों तक पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। पूरा दिन प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत व्यवस्था में जुटी रहीं। सीएमएचओ के मार्गदर्शन में 108 सेवा के आर.एम.ओ. डॉ. अजय पटेल, नोडल अधिकारी कमल डाबर एवं 108 एम्बुलेंस के जिला प्रबंधक निलेश चौहान लगातार जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं में लगे रहे। पटाखा विस्फोट की घटना के अगले दिन शुक्रवार को प्रात: करीब 5 बजे एक और बड़ा हादसा हो गया।

घायलों से जुड़ी सहायता व्यवस्था में लगी नई बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 09 एजे 1752 अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा पलटी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो गेंद की तरह कई बार पलटी खाती हुई नीचे जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों में इंदौर के विजय नगर निवासी नीलिमा (35), जॉन मिखईल (45), निधि (32), फबूला (55), मनोहर (60), विराट (22) तथा उत्तरप्रदेश निवासी आकाश शामिल हैं। इनमें से दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही शहर में विभिन्न स्थानों पर खडी आसपास की तीन अलग-अलग 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को तत्काल देवास जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। फटाखा फैक्ट्री हादसे और उसके बाद हुए इस सडक़ दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

108 एम्बूलेंस की पूरी टीम 24 घंटे जागरूक रहकर कार्य कर रही है और एक फोन पर मौके पर पहुंचकर विभिन्न प्रकार से घायल हुए मरीजों को अस्पताल पहुंचाकर सतत रूप से सेवाएं दे रहे है।

नवनियुक्त पापुनि अध्यक्ष सौभाग्यसिंह ठाकुर का बायपास पर हुआ भव्य स्वागत, हजारों कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल पहुंचे

देवास। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मंगरोला निवासी एवं विद्या भारती मालवा प्रांत के प्रांत अध्यक्ष सौभाग्यसिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सोमवार को भोपाल में शपथ ग्रहण कर पदभार संभालने के बाद जब वे उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर भोपाल के लिए रवाना हुए, तब देवास शहर में मक्सी बायपास पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

ठा. राजेन्द्र सिंह राजपूत राजा (भैया) मित्र मंडल, टोंककला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पुष्पमालाएं पहनाकर सौभाग्यसिंह ठाकुर का आत्मीय अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जयघोष कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समाजजन एवं स्नेहीजन वाहनों के काफिले के साथ मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद सभी समर्थक उनके काफिले के साथ भोपाल के लिए रवाना हुए। कार्यक्रम में संजय सिंह गुर्जर, रणवीर सिंह, सुनील गुर्जर, बादल सिंह, महिपाल सिंह, शिवपाल सिंह बैस, रविन्द्र सिंह, सोनू सिंह, सुरेन्द्र सिंह, अजय सिंह, बलराम सिंह, बिट्टू सिंह, लाड सिंह, अर्जुन सिंह, दीपक, कुलदीप सिंह, धीरेन्द्र सिंह, बलवीर सिंह, संदीप गुर्जर, प्रदीप सिंह, देवेन्द्र सिंह, राहुल परमार, गोविन वर्मा, यशराज सिंह, राजपाल सिंह, कृष्णपाल सिंह, युवराज सिंह, आदित्यराज सिंह, आयुष सिंह,अमृत सिंह, जीवन सिंह, अंकित गुर्जर, लखन सिंह क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

देवास में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश: शादी के अगले ही दिन हुई फरार, इंदौर-राजगढ़ से 6 आरोपी गिरफ्तार

देवास (मध्य प्रदेश): शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का देवास पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने ‘लुटेरी दुल्हन’ सहित कुल 6 आरोपियों को इंदौर और राजगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। यह गैंग फर्जी शादी करवाकर पैसे ऐंठता था और मौका पाते ही दुल्हन फरार हो जाती थी। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से ₹1,18,500 की नकदी भी बरामद की है।

क्या है पूरा मामला? देवास के रहने वाले फरियादी जानकीलाल पुवाडिया ने 8 मई 2026 को नाहर दरवाजा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके बेटे अमन की शादी नहीं हो रही थी। इसी बीच अतरसिंह नाम के एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और 2 लाख रुपये खर्च होने की बात कहकर शादी कराने का झांसा दिया।

ठगों ने फरियादी को राजगढ़ जिले के जीरापुर ले जाकर सीमा यादव नामक युवती और उसकी कथित मौसी गीताबाई से मिलवाया। रिश्ता तय होने के बाद 6 मई 2026 को सीमा यादव को देवास लाया गया। यहाँ लिखापढ़ी के साथ अमन और सीमा की शादी करवा दी गई, जिसके एवज में फरियादी से 2 लाख रुपये नकद लिए गए। लेकिन, शादी की अगली ही रात लुटेरी दुल्हन सीमा यादव घर से फरार हो गई।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) पुनीत गेहलोद के निर्देश पर तुरंत एक्शन लिया गया। नाहर दरवाजा थाने में अपराध क्रमांक 121/26 के तहत धारा 318(4), 61(2) बीएनएस (BNS) का मामला दर्ज किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आलोक सोनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम:पुलिस ने इस सुनियोजित ठगी के आरोप में निम्नलिखित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है:

  • सीमाबाई (पिता रामखिलावन, उम्र 21 साल) – निवासी: पाली, जिला उमरिया (म.प्र.) (लुटेरी दुल्हन)
  • गीता बाई (पति अर्जुन सिंह गुर्जर, उम्र 50 साल) – निवासी: जीरापुर, जिला राजगढ (म.प्र.) (कथित मौसी)
  • अतरसिंह (पिता स्व. पूनमचंद लोधी, उम्र 64 साल) – निवासी: राघोगढ, हाल मुकाम- उत्तम नगर, ईटावा (म.प्र.) (बिचौलिया)
  • कमल मालवीय (पिता धुलजी मालवीय, उम्र 50 साल) – निवासी: सांवेर रोड, इंदौर (म.प्र.)
  • फारूक मंसुरी (पिता अमीन मंसुरी, उम्र 25 साल) – निवासी: दत्तरावदा, जीरापुर, जिला राजगढ (म.प्र.)
  • कमल उर्फ दिलीप (पिता नाथूसिंह गुर्जर, उम्र 45 साल) – निवासी: बोरखेडी, थाना माकडोन, जिला उज्जैन

पुलिस टीम का सराहनीय कार्य इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ करने में नाहर दरवाजा थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक सोनी, उप-निरीक्षक गणेशलाल जटिया, राकेश बौंरासी, सउनि कमल झोडिया और उनकी टीम (प्रआर नितेश द्विवेदी, यशवंत, भगवान, वासुदेव, मप्रआर अनिता, आर नवदीप, विकास, मप्रआर देविका, कशक, खुशबू) के साथ-साथ सायबर सेल देवास से प्रआर शिवप्रताप सिंह सेंगर और सचिन चौहान का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Dewas news : स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल, भाजपा नेता ने CM से की ‘विनायक हॉस्पिटल’ की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

संक्षिप्त विवरण प्रमुख बिंदु (Key Highlights) मुद्दा: विनायक हॉस्पिटल में सीएमएचओ (CMHO) के कई घंटों तक चले औचक निरीक्षण की रिपोर्ट अब तक गुप्त।

  • आरोप: स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी से पैदा हो रहा है भारी संदेह।
  • मांग: भाजपा जिला उपाध्यक्ष ठा. गौतमसिंह राजपूत ने सीएम को ज्ञापन सौंपकर रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
  • पृष्ठभूमि: हाल ही में श्रीराम हॉस्पिटल को भ्रूण हत्या के मामले में सील किया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई थी।

देवास (Dewas News): मध्य प्रदेश के देवास शहर में स्वास्थ्य विभाग (Health Department Dewas) की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और पूर्व जिला पंचायत सदस्य ठा. गौतमसिंह राजपूत ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने देवास के विनायक हॉस्पिटल (Vinayak Hospital) में हुई औचक जांच की रिपोर्ट को तत्काल सार्वजनिक करने की पुरजोर मांग की है।

श्रीराम हॉस्पिटल के बाद विनायक हॉस्पिटल था निशा ने पर ज्ञापन में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि हाल ही में प्रशासन ने देवास के श्रीराम हॉस्पिटल पर भ्रूण हत्या (Female Feticide Case) जैसे गंभीर मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया था। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा देवास के ही विनायक हॉस्पिटल में भी कई घंटों तक गहन औचक निरीक्षण किया गया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस सघन जांच के बाद से ही विभाग ने पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है। अब तक जांच के परिणाम और किसी भी प्रकार की कार्रवाई की जानकारी जनता के सामने नहीं रखी गई है।

स्वास्थ्य विभाग की ‘चुप्पी’ पर उठे सवाल भाजपा नेता ठा. गौतमसिंह राजपूत ने आरोप लगाया है कि इतने बड़े और संवेदनशील मामले में स्वास्थ्य विभाग का इस तरह मौन रहना कई तरह के संदेह पैदा करता है। उन्होंने प्रशासन से तीखे सवाल करते हुए कहा है कि:

  • यदि निरीक्षण के दौरान विनायक हॉस्पिटल में किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई है, तो उसे छुपाया क्यों जा रहा है?
  • जांच की पूरी रिपोर्ट पारदर्शी तरीके से जनता के सामने आनी चाहिए।
  • संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली संदिग्ध है, इसलिए इसकी एक उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री से निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से यह मांग की गई है कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और आम जनता का विश्वास कायम रखने के लिए विनायक हॉस्पिटल की जांच रिपोर्ट को तुरंत सार्वजनिक किया जाए। साथ ही, यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस महत्वपूर्ण ज्ञापन की प्रतिलिपि स्वास्थ्य आयुक्त (भोपाल), संभाग आयुक्त (उज्जैन), संयुक्त संचालक स्वास्थ्य विभाग (उज्जैन), कलेक्टर (देवास) और सीएमएचओ (देवास) को भी प्रेषित की गई है, ताकि उच्च अधिकारी इस मामले का संज्ञान लें।