Dewas गेल गैस काण्ड मामले में कलेक्टर ने गेल गैस कम्पनी को माना दोषी, पुलिस क्यों नहीं कर रही एफआईआर दर्ज :शिवसेना

• एक माह बाद भी पुलिस दोषियों तक नही पहुंच पाई, कलेक्टर ने एसपी से चर्चा कर एफआईआर दर्ज करने को कहा…

देवास।
 इटावा क्षेत्र के महादेव नगर में करीब एक माह पूर्व गेल गैस काण्ड हुआ था, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। उक्त मामले के एक माह बाद भी पुलिस अब तक दोषियों पर कार्यवाही नहीं कर पाई है। दोषियों पर शीघ्र कार्यवाही को लेकर मृतक के परिजन एवं शिवसेना जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष आवेदन लेकर पहुंचे।

यह पहला मामला सामने आया है, जिसमें कलेक्टर ने जांच में दोषी माना और पुलिस अब तक दोषी तक नही पहुंच पाई है।  यहां तक की सिविल लाइन थाने प्रभारी अजय चानना ने भी इस प्रकरण में गंभीरता नहीं दिखाई। जबकि यह जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की थी। जिस दिन ब्लास्ट हुआ था उस दिन से लेकर पुलिस का रवैय्या परिवार के पक्ष में नहीं है। वह कंपनी का सहयोग करती नजर आ रही है। पुलिस की लापरवाही के कारण पीड़ित परिवार को भटकना पड़ रहा है, लेकिन कलेक्टर ने इस मामले में सख्त रवैय्या अपनाया है। इटावा के महादेव नगर में चेंबर के अंदर हुए ब्लास्ट सागर नमक युवक की मौत हो गई थी, जिसकी जांच कलेक्टर ने तत्परता से कराते हुए गेल गैस कम्पनी को दोषी मानते हुए मृतक को मुआवजा देकर दोषी पर कार्यवाही के आदेश दिए थे, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी सिविल लाइन पुलिस अब तक गेल गैस कंपनी के जिम्मेदार आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। शिवसेना जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि जनसुनवाई में पीडि़तों की बात सुनने के पश्चात कलेक्टर ने तत्काल मौके पर एसडीएम बिहारी सिंह से एफआईआर हो रही देरी पर बात की। तत्पश्चात कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से फोन पर चर्चा कर कहा कि पीड़ित परिवार की सहायता कर तत्काल दोषियों पर कार्यवाही करे। जिससे पीड़ित को न्याय मिल सके।

Dewas कैलेंडर नव वर्ष की शुरुआत पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता टेकरी पहुंचे…

देवास। आज 1 जनवरी को कैलेंडर नववर्ष 2024 की शुरुआत हुई है। आज लोग अलग अलग माध्यमों एवं तरीको से इस नववर्ष का शुभारंभ कर रहे है। कोई धार्मिक यात्राओं के साथ तो कोई अनेकों प्रकार से मनोरंजन कर इस नववर्ष की शुरुआत कर रहे है। इसी तारतम्य में शहर में स्थित माता टेकरी पर बड़ी संख्या में लोगो ने माताओं के दर्शन कर इस कैलेंडर वर्ष की शुरुआत की है।

दरअसल शहर सहित आसपास के जिलों से आज सोमवार को कैलेंडर नव वर्ष के पहले दिन माता टेकरी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा के दर्शन करने पहुंचे। मां तुलजा भवानी के पुजारी ने जानकारी देते हुए बताएं कि सुबह से दोपहर तक करीब 1 लाख की संख्या में यहां पर श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और यह सिलसिला शाम तक जारी रहेगा। श्रद्धालु नव वर्ष के पहले दिन आकर पूरे साल भर सुख समृद्धि और शांति की कामना करते हैं। आज के समय में नववर्ष के शुभारंभ पर लोगो द्वारा धार्मिक कार्य से इसकी शुरुआत करना एक गौरव का विषय है। यह हमारी भारतीय संस्कृति को समर्पित करता है।

Dewas अपहरण कर फिरोती मांगने वालों का पर्दा फाश,दो पुरूष और दो महिला आरोपी गिरफ्तार…

• देशी कट्टे दिलाने के नाम पर बुलाया और अपहरण कर मांगी थी 40 लाख की फिरोती

देवास। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने के थाना प्रभारी के नेतृत्व और नगर पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देशन पर पुलिस की विभिन्न टीमों ने गोपनीय जांच में अपहरण कर फिरोती मांगने वाली गैंग का पर्दा फाश करते हुए गैंग के दो पुरूष और दो महिला आरोपी गिरफ्तार किया है।

औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना में बीते शुक्रवार 29 दिसंबर को सूचनाकर्ता ललित पिताजयनारायण पंजाबी सोनी उम्र 48 साल निवासी 152 गंगा नगर देवास ने अपने पूत्र भावेश उर्फ शिब्बू पिता ललित सोनी उम्र 24 साल निवासी 152 गंगानगर देवास के गायब हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों द्वारा शंका व्यक्त किये जाने पर पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारीगण को अवगत कराया गया जिसपर उन्होंने भावेश सोनी के गायब होने की घटना को अत्यन्त गंभीरता से लिया गया। चार पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही के दौरान भावेश सोनी के जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन्वेस्टीगेशन और आपरेशन को बहुत ही गोपनीय एवं व्यावसायिक तरीके से करना आवश्यक था।

सभी टीमों को थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र के नेतृत्व और नगर पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देशन पर तत्परता एवं सावधानी से कार्य करने हिदायत दी गई थी ताकि भावेश को कोई क्षति न पहुँचे। पुलिस द्वारा लगातार कैमरे चैक कर तलाश शुरू की गई जाँच के दौरान ज्ञात हुआ कि भावेश अपने दोस्त की मोटर साईकल से लिफ्ट लेकर मक्सी बायपास चौराहा पर पहुँचा फिर वहाँ से किसी के साथ चला गया। अगले दिन भावेश को फोन लगाने वाले बंटी नामक दोस्त द्वारा अपहृत भावेश सोनी के पिता ललित सोनी तथा पूछताछ पर पुलिस को यह जानकारी दी थी कि बंटी ने भावेश के नम्बर पर फोन किया था जिसपर एक महिला बात कर रही थी और 40 लाख रूपये की फिरोती मांगी है।चारों पुलिस टीमों के सामूहिक प्रयासों के बाद कुछ फोन नम्बर टारगेट किये गये जिनकी पुष्टि होने पर जिला रतलाम व जिला मन्दसौर के ग्रामों में दबिश हेतु पुलिस टीमें रवाना की गई थी। दबिश में आरोपी हेमराज उर्फ अजय शर्मा, सपना पति हेमराज उर्फ अजय शर्मा तथा गुड्डी बाई पति दशरथ सोलंकी तथा गोविन्द को हिरासत में लिया गया तथा ग्राम सूरी में बांध कर रखे गये अपहृत भावेश सोनी को इनके कब्जे से मुक्त कराया।

विवेचना के दौरान पूछताछ ज्ञात हुआ कि भावेश सोनी अपनी गलत संगतों को लेकर कर्ज में आ चुका था जिसे एसे कार्य की तलाश थी जिसमें ज्यादा रूपये कम समय में कमा सके। भावेश सोनी के घर पर पूर्व में हेमराज उर्फ अजय शर्मा निवासी बरखेडा कला जिला रतलाम का किराये से निवास करता था जो अपने साथ सपना उर्फ सीमा नाम की एक महिला को लेकर भावेश के यहाँ उसे अपनी पत्नि बताकर किराये रह रहा था इसी दौरान भावेश की हेमराज उर्फ अजय शर्मा से जान पहचान हो गई जिसे उसके कट्टे बेचन खरीदने की जानकारी थी। इसी बात को जानते हुए भावेश ने हेमराज से बात की थी और देवास में देशी कट्टे लेकर बेचने का प्लान बनाया था जो हेमराज ने उसे मक्सी बायपास चौराहा पर बुलाया था।देशी कट्टे खरीदने बेचने के लिये हेमराज से मिलने के लिये दिनांक 29.12.2023 को भावेश अपने दोस्त हार्दिक की मोटर साईकल से लिफ्ट लेकर मक्सी बायपास चौराहा पर पहुँचा जहाँ पर हेमराज उर्फ अजय शर्मा, उसकी पत्नि सपना व दोस्त गोविन्द प्रजापति निवासी दुपाड़ा जिला शाजापुर को मिला और उसे कट्टे दिखाये और उसे कट्टे चलाकर दिखाने का बोलकर अपने साथ वेगनार कार में बैठा कर ले गये जिसे सफर में साथ में रखा एवं रास्ते में गरोठ में भावेश का मोबाइल लेकर बंद कर दिया। बाद ग्राम सूरी थाना नाहरगढ जिला मन्दसौर में ले जाकर गुड्डी बाई के घर पर इसे बंदी बना लिया। अगले दिन फोन चालू किया जो भावेश के पिता के मित्र का फोन लगा तो एक महिला ने फोन उठाया और बोला की भावेश को छोड़ने के 40 लाख रूपये की फिरोती मांगी गई।

गिरफ्तार आरोपी के नाम 1. हेमराज उर्फ अजय शर्मा पिता ओंकारलाल शर्मा उम्र 32 साल निवासी ग्राम कड़ोदिया थाना माकड़ोन जिला उज्जैन हाल मुकाम बरखेड़ा कला, आलोट जिला रतलाम।

2. सपना पति हेमराज उर्फ अजय शर्मा उम्र 30 साल जाति मोंगिया निवासी कड़ोदिया तह. तराना जिला उज्जैन हाल बरखेडा रतलाम

3. गोविन्द प्रजापति पिता रमेशचंद्र प्रजापति उम्र 40 साल निवासी दुपाड़ा जिला शाजापूर।

4. गुड्डी बाई पति दशरथ सोलंकी जाति मोंगिया उम्र 40 साल निवासी सूरी थाना नाहर गढ़ मंदसौर।

Dewas कलेक्‍टर ने 7 आरोपियों को किया जिलाबदर…

देवास। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री ऋषव गुप्‍ता ने मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत 07 आरो‍पियों को जिलाबदर किया है। जिसमें बादशाह पिता जहीर खान उम्र 28 साल निवासी जबरन कॉलोनी देवास, सुनील बघेल उर्फ सुनील चायपत्ति पिता रमेश बघेल उम्र 40 साल निवासी त्रिलोकनगर ईटावा देवास, सुधीर पिता राजमल कुमावत उम्र 49 साल निवासी सिया थाना बीएनपी देवास, राहुल पंवार पिता गजराजसिंह पंवार उम्र 26 साल निवासी रालामण्‍डल, विजय पिता गोवर्धन उम्र 25 साल निवासी मनासा थाना हाटपीपल्‍या, अर्जुन पिता विक्रम गुर्जर उम्र 32 साल निवासी सिखेडी थाना भौंरासा को एक-एक साल एवं सवाईसिंह पिता रामचन्‍द्र प्रजापत उम्र 35 साल निवासी पीर पाड़ल्‍या थाना पीपलरांवा को छ: माह के लिए जिला बदर किया है।

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने आदेश दिया है कि यह सभी आरोपी आदेश प्राप्ति से 24 घण्टे के भीतर जिला देवास एवं उसके आस पास के सीमावर्ती जिलों इन्दौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खण्डवा, खरगोन की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाए तथा जिला दंडाधिकारी न्यायालय की बिना पूर्व अनुज्ञा के प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

Dewas फरार आरोपी काजी से फरियादी युवक की जान को खतरा

• एसपी से की सुरक्षा सहित शीघ्र गिरफ़्तारी, संपत्ति कुर्की की मांग

देवास । विधानसभा चुनाव से कुछ महीनो पूर्व शहर के मल्हार क्षेत्र में शहर काजी द्वारा एक दलित हिन्दू युवक जानलेवा हमला किया गया था। काजी अबुल कलाम पिता सलीममुद्दीन का दलित युवक नन्नू उर्फ अमन सोलंकी को मारने की नियत से रिवाल्वर लेकर दौड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायलर हुआ था। इस हमले के प्रत्यक्ष: सामने आने के बाद भी पुलिस द्वारा राजनैतिक दबाव के चलते काजी अबुल कलाम के विरुद्ध प्रकरण तक दर्ज नहीं किया गया था। जिससे हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फेल गया था। हिन्दू संगठनों द्वारा दो-तीन दिन तक सड़क पर आन्दोलन, प्रदर्शन एवं काजी के हमले की गूंज शासन, प्रशासन में ऊपर तक पंहुचने के पश्चात पुलिस द्वारा काजी को आरोपी बनाते हुए औद्योगिक थाने पर धारा 307 सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था । प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही आरोपी काजी अबुल कलाम फरार है। हाईकोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत की अर्जी भी खारिज कर दी है। पुलिस उसे गिरफ्तार करने में नाकाम साबित हो रही हैं। उधर फरियादी दलित युवक अमन को फरार काजी से जान को खतरा बना हुआ हैं।

फरियादी युवक अमन ने एसपी को आवेदन सौंपते हुए कहा हैं कि काजी अबुल कलाम के फरार होने के बाद से ही उसके समर्थकों द्वारा मेरे घर पर पथराव की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा हैं। राजीनामे के लिए दबाव बनाते हुए मुझे जान से मार देने की धमकियां दी जा रही हैं। मै एवम मेरा भाई पुताई मजदूरी करके जीवनयापन करते हैं। फरार काजी के अपराधी तत्वों द्वारा जान से मारने की धौस दिए जाने तथा पथराव की घटनाओं से डरकर हम मजदूरी करने तक घर से नहीं निकल पा रहे है, जिससे हमारे सामने रोजी रोटी तक कमाने का संकट खड़ा हो गया है। युवक अमन ने एसपी से अपनी सुरक्षा के साथ ही फरार आरोपी काजी को शीघ्र गिरफ़्तार करने, उसकी संपत्ति कुर्क करने की मांग की है। अमन ने एसपी को दिए आवेदन की प्रति प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक सहित प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को भी प्रेषित की है ।

Dewas दिगम्बरा दिगम्बरा : बांगर मंदिर परिसर में हर्षोउल्लास के साथ मना श्री दत्त जन्मोत्सव

देवास। श्री दत्त पादुका मंदिर श्री क्षेत्र बांगर में श्री दत्त जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रात 4:30 बजे कांकड़ आरती के बाद गुरुचरित्र का पाठ हुआ।इसके तत्पश्चात नियमित पूजा तथा आरती और भक्तों के दर्शन करने का क्रम प्रारंभ हुआ।दिन में भजन-कीर्तन के कार्यक्रम हुए।शाम 5:40 पर भगवान श्री दत्तात्रेय जन्म हुआ।जन्म के बाद पालना गीत एवं पालन आरती हुई।दत्त जन्म के दिन का विशेष प्रसाद सूंठवडा का वितरण किया गया।संध्या 6:20 पर धूप आरती एवं 7:00 बजे महाआरती हुई जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित हुए।मंदिर के व्यवस्थापक और पुजारी श्री दत्तप्रसाद कुलकर्णी ने बताया कि भगवान दत्त जन्मोत्सव के अवसर पर चले सप्ताह भर विभिन्न आयोजन हुए आज जन्मोत्सव के उपलक्ष्य पर मंदिर परिसर की आकर्षक विद्युत सज्जा व सजावट की गई जिसमें विभिन्न प्रकार के पांच क्विंटल फूलों के साथ अन्य तरह से मंदिर परिसर को सजाया गया।इसमें भगवान दत्तात्रेय की बनाई गई सुंदर रंगोली भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दिनभर दर्शन का सिलसिला चलता रहा जिसमें हजारों लोगों ने दर्शन का लाभ लिया और जन्मोत्सव में सम्मिलित हुए।भंडारा भी अपने मूल स्वरूप में इस बार दिनांक 31 दिसंबर 2023 रविवार को मंदिर परिसर में किया जावेगा।

मंदिर के वर्तमान पीठाधीश्वर श्रीपाद अवधूत स्वामी जी ने बताया कि 10 जुलाई 1975 पादुका स्थापना से ही यह मंदिर का स्थान लोगों के आस्था और विश्वास का केंद्र बना हुआ है। मध्य प्रदेश ही नहीं अपितु बाहर से वर्ष भर लोगों का आना-जाना बना रहता है। अमित राव पवार ने बताया कि श्री दत्त पादुका मंदिर से भक्तों की उनकी कहीं अनुसार मनोकामना पूरी होती है।इसके कई उदाहरण देखने को मिले हैं। पांच गुरुवार लगातार मंदिर में आने से अनेक कष्टों का निवारण और आध्यात्मिक शांति का अनुभव भक्तों को निश्चित प्राप्त होता है।यह एक जागृत भक्ति का स्थान है,जो की शक्ति (देवास) और वैराग्य (उज्जैन) के बीच में स्थित भक्ति पीठ बांगर ग्राम क्षेत्र है।

Dewas युवा गायिका मिस मुस्कान राठौर मुंबई में दादा साहेब फाल्के अवार्ड से सम्मानित…


देवास। शहर युवा गायिका और श्री हरि म्यूजिकल ग्रुप की डायरेक्टर मिस मुस्कान राठौर को विगत दिनों सपनों के शहर मुंबई में बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध गायक अरविंदर सिंह ने दादा साहेब फाल्के अवार्ड से सम्मानित किया।

यह सब उनके अभी तक के प्राप्त अवाड्र्स, अचीवमेंट्स और इंटरनेशनल सिल्वर मेडलिस्ट होने की वजह से मुमकिन हुआ है। मुस्कान राठौर ने बताया कि आईएफडब्ल्यू गोवा इंटरनेशनल फैशन वीक प्रोग्राम मुंबई में आयोजित हुआ था। इसी शो में मिस मुस्कान राठौर को चीफ गेस्ट के तौर पर बुलाया गया था और उन्हें दादा साहब फाल्के अवार्ड (बेस्ट सिंगर) से सम्मानित किया गया। इस शो में अनेक टीवी एक्टर, सेलिब्रिटी, सिंगर उपस्थित थे। मुस्कान राठौर का कहना है कि अगर मेहनत की जाए तो कुछ भी असंभव नहीं है। यह देवास शहर, समाज और राठौर परिवार के लिए गर्व की बात है। उक्त जानकारी बंटी मंगरोलिया ने दी।

Dewas शहर में 8 करोड़ की लागत से सड़कों एवं नालियों का होगा निर्माण…

• निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने दिए निर्देश

देवास। शहर के विकास में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के चतुर्थ चरण में लगभग 8 करोड़ की लागत से शहर में सड़कों का निर्माण होगा, नालियां बनेंगी। हमने स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भोपाल पहुंचाया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ हो जाएंगे। कायाकल्प योजना के तहत भी निर्माण कार्य हो रहे हैं। जर्जर सड़कों का कायाकल्प हो रहा है।
महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने नगर निगम की लोक निर्माण शाखा के इंजीनियरों की बैठक में जानकारी देते हुए कहा, कि शहर का सुनियोजित तरीके से विकास हम सभी की जिम्मेदारी है। विधानसभा निर्वाचन की आचार संहिता के पूर्व जो टेंडर स्वीकृत हो चुके हैं और जिसके अंतर्गत कार्यादेश जारी हो चुका है, उन ठेकेदारों को सूचना पत्र देकर कार्य प्रारंभ करवाए।
महापौर श्रीमती अग्रवाल ने निर्देश दिए, कि जिन कार्यों के टेंडर स्वीकृत हो चुके हैं तथा जिनके अनुबंध नहीं हुए हैं, उनसे अनुबंध करवाते हुए कार्य प्रारंभ करवाए। शहर का सुनियोजित तरीके से विकास हम सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में महापौर ने कायाकल्प योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों को लेकर भी निर्देश दिए। कायाकल्प योजना अंतर्गत शहर के अलग-अलग हिस्सों में डामरीकरण, सीसी रोड के निर्माण हुए हैं। शेष कार्य शीघ्र ही पूर्ण करवाने के निर्देश महापौर ने अधिकारियों को दिए। कायाकल्प के द्वितीय चरण में पांच करोड़ की लागत से डामरीकृत 16 सड़कें एवं 12 सीसी रोड का निर्माण होना है। इनके अनुबंध शीघ्र कर काम प्रारंभ करवाने के निर्देश भी महापौर ने दिए।

वार्डों का होगा कायाकल्प, सड़कों एवं नालियों का होगा निर्माण-
मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत चतुर्थ चरण में लगभग 8 करोड़ की लागत से 19 सड़कों एवं 8 नालियों का निर्माण होगा। वार्ड क्रमांक 2 में न्यू देवास सेक्टर एबीसीडी एवं जमना नगर में 93 लाख 12 हजार की लागत से सीसी रोड, वार्ड 2 के न्यू देवास सेक्टर एबीसीडी एवं जमना नगर में 38 लाख 45 हजार की लागत से आरसीसी नाली का निर्माण, वार्ड क्रमांक सात के अन्नपूर्णा नगर में 62 लाख 91 हजार की लागत से विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड का निर्माण, वार्ड क्रमांक पांच में बायपास से कंचनपुर बस्ती तक 44 लाख 19 हजार की लागत से सीसी रोड का निर्माण, वार्ड क्रमांक एक तलाई मोहल्ला रोड पर 38 लाख 42 हजार की लागत से सीसी रोड, वार्ड क्रमांक 20 में फारूख नगर रोड पर 32 लाख 22 हजार की लागत से सीसी रोड निर्माण, वार्ड आठ में हिना पैलेस कॉलोनी में मंदिर से स्कूल तक 30 लाख 99 हजार की लागत से सीसी रोड निर्माण, वार्ड 35 के वारसी नगर एवं जोया नगर में 27 लाख 39 हजार की लागत से सीसी रोड निर्माण, वार्ड 43 के बालगढ़ मल्टी रोड से हनुमान मंदिर से बायपास तक 29 लाख 27 हजार की लागत से सीसी रोड निर्माण, वार्ड 41 की परमानंद कॉलोनी में 23 लाख 40 हजार की लागत से सीसी रोड के निर्माण होंगे। इनके अतिरिक्त अन्य वार्डों में भी सीसी रोड एवं नाली निर्माण किए जाएंगे।

विकास के लिए कृत संकल्पित-
बैठक में विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने कहा, कि विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार के नेतृत्व में हम शहर के समग्र विकास के लिए कृत संकल्पित हैं। करोड़ों की लागत से शहर में विकास कार्य हो रहे हैं। इन विकास कार्यों ने शहरवासियों के जीवन को सुगम बनाया है। सड़कों एवं नालियों के निर्माण सहित अन्य विकास कार्य हो रहे हैं। विकास कार्यों का यह क्रम लगातार चलता रहेगा।
बैठक में लोक निर्माण समिति अध्यक्ष गणेश पटेल, उपायुक्त वित्त पुनीत शुक्ला, प्रभारी सहायक यंत्री सौरभ त्रिपाठी, उपयंत्री श्यामसुंदर रघुवंशी, चंदन सोनी, सब इंजीनियर अनीता ठाकुर, विमलेश सिंह, भूमिका जैन, पीयूष जायसवाल  आदि इंजीनियर एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Dewas काशी के गंगा घाट की तरह दिखाई दे रहा देवास की टेकरी पर महाआरती का दृश्य

देवास। अलौकिक, अनूठा, अदभूत, विहंगम दृश्य दिखाई दे रहा हैं संस्था देववासिनी द्वारा प्रत्येक शनिवार, रविवार को मां चामुण्डा टेकरी पर आयोजित होने वाली महाआरती का, एक प्रकार से देश की आध्यात्मिक राजधानी काशी की गंगा आरती की तरह माता टेकरी की महाआरती प्रकट हो रही हैं। संस्था देववासिनी द्वारा देवास की टेकरी पर प्रारंभ किया गया महाआरती का धार्मिक समारोह प्रत्यक्ष काशी, हरिद्वार, ऋषिकेश में होने वाली महाआरती की तरह किसी धार्मिक अनुष्ठान की भांति प्रतीत हो रहा हैं ।

संस्था के सचिव महेश चौहान ने बताया कि देवास नगर के प्रत्येक वार्डों से श्रद्धालुओं को आमंत्रित कर महाआरतियां संपन्न कराई जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को वार्ड क्रमांक 28 कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र तथा रविवार को वार्ड क्रमांक 10 विजयनगर क्षेत्र के श्रद्धालुओ ने अपने हाथों से माता रानी की आरती की। इस दौरान शहर के वरिष्ठ नागरिक संस्था के ओपी पाराशर, डॉक्टर एम कुमार, धीरज सोलंकी, सहित शहर के श्रद्धालु जन और संस्था के संरक्षक सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी भी शामिल हुए। विद्वान पंडितो द्वारा काशी की गंगा आरती की तर्ज पर चामुण्डा माता की महाआरती के पश्चात ढोल-धमाके के साथ भगवा पताकाएं लहराते, जय माताजी, जय श्री राम का उद्घोष करते हुए भक्तजन बड़ी माता तुलजा भवानी के दरबार में पंहुचते हैं। जंहा मां तुलजा भवानी की निरंजनी महाआरती संपन्न हुई। दोनो माताओं की महाआरती के पश्चात भव्य आतिशबाजी और संस्था के संयोजन में भोजन महाप्रसादी ग्रहण कर भक्तजन अपने अपने घरों को प्रस्थान करते हैं। आगामी शनिवार 23 दिसंबर को वार्ड क्रमांक 37 तथा रविवार 24 को वार्ड क्रमांक 41 के नागरिकों श्रद्धालुओं द्वारा माता रानी की महाआरती संपन्न की जाएगी। आरती में सभी नगर वासियों को आरती में शामिल होने का अनुरोध संस्था द्वारा किया गया है।

नि:शुल्क सामूहिक विवाह एवं भागवत ज्ञान गंगा यज्ञ की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न

  • 25 दिसम्बर से शुरू होगी श्रीमद भागवत कथा, 31 दिसम्बर को होगा 61 जोड़ो का विवाह

नि:शुल्क सामूहिक विवाह एवं भागवत ज्ञान गंगा यज्ञ की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न
देवास। हमेशा से सामाजिक क्षेत्र में अग्रसर रहने वाले दिलीप अग्रवाल द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीमद भागवत ज्ञान गंगा यज्ञ एवं नि:शुल्क विवाह समारोह का आयोजन करने जा रहे है। उक्त आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को पुराने पुल के पास, ज्योति कालोनी, क्षिप्रा में बैठक सम्पन्न हुई। घनश्याम मोदी एवं रूख्मणि परमार ने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप अग्रवाल एवं समस्त अग्रवाल परिवार होने वाले दिव्य आयोजन को लेकर की गई बैठक में नि:शुल्क विवाह समारोह में शामिल होने वाले जोड़ों के परिजनों को आमंत्रित किया गया। वर-वधु के परिजनों को विवाह समारोह की रूपरेखा के बारे में बताया। साथ ही कथा के लिए भी आमंत्रित किया। भागवत ज्ञान गंगा यज्ञ का शुभारंभ 25 दिसंबर को प्रात: 9 बजे कलश यात्रा एवं शोभा यात्रा के साथ होगा। संत श्री मोहित नागर के श्रीमुख से होने वाली कथा में धुंधकारी मोक्ष एवं बिहारी श्री दर्शन, कुंती स्तुति, सुखदेव आगमन, ब्रिजरानी दर्शन, श्रीराम जन्मोत्स्व, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, श्री कृष्ण बाललीला एवं गोवर्धन दर्शन, कंश मर्दन, रूख्मणी मंगल प्रसंग, सुदामा चरित्र आदि सचित्र प्रसंग होंगे। कथा की पूर्णाहुति 31 दिसम्बर को होगी। पूर्णाहूति के दिन 61 जोड़ों का नि:शुल्क विवाह होगा। जिन्हें उपहार स्वरूप आयोजक द्वारा बर्तन, गोदरेज, श्रृंगार अलमारी, सिंगल बेड, टी-टेबल आदि दिए जायेंगे। साथ ही प्रात: 10 से रात्रि 8 बजे तक महाप्रसादी (भण्डारा) होगा। कथा की पूर्णाहुति पर करीबन 15 हजार से अधिक श्रद्धालु जन सम्मिलित होंगे।