Dewas हमारी श्रेष्ठ परम्पराएं विश्व का मार्गदर्शन करती हैं : श्री उपाध्याय

• स्वदेशी स्वावलंबन दिवस के रूप में मनाई दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती

देवास। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के तत्वावधान में राष्ट्रऋषि दत्तोपंत ठेंगडी जी की जन्म जयंती को पूरे देश में स्वदेशी स्वावलंबन दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इसी के अंतर्गत देवास में जन्म जयंती स्वदेशी स्वावलंबन दिवस के रूप में मनाई गई। शासकीय कन्या महाविद्यालय इटावा में आयोजित कार्यक्रम में नगर के प्रतिष्ठित गणमान्य जनों ने बडी संख्या में हिस्सा लिया। अध्यक्षता ग्राम विकास प्रांत टोली सदस्य अशोक जाधव ने की। मुख्य अतिथि श्री दत्तोपंत दत्तोपंत ठेंगड़ी श्रमिक शिक्षा विकास बोर्ड के सदस्य लक्ष्मीनारायण मारू थे।

मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय मजदूर संघ विभाग प्रमुख अजय उपाध्याय थे। इनके अतिरिक्त मंच पर स्वदेश जागरण मंच मालवा प्रांत देवास विभाग संयोजक देवकरण शर्मा, सह विभाग संयोजक राहुल विश्वकर्मा उपस्थित थे। श्री विश्वकर्मा ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए राष्ट्र ऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता श्री उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक स्वावलंबन की आवश्यकता है। हमारी श्रेष्ठ परम्पराएं विश्व का मार्गदर्शन करती हैं। हमें अपनी संस्कृति पर स्वाभिमान होना चाहिए। यह देश ऋषि, कृषि का देश है। यहां सभी के कल्याण की कामना की जाती है। हमें अपने मूल को पहचान कर स्वावलंबी बनना है। देश के अलग-अलग स्थानों की अपनी विशेषता है। हमें स्थानीय उत्पादों को बढावा देना है। सरकार ने भी इस दिशा में कुछ ठोस कदम उठाए हैं। स्वदेशी जागरण मंच ने इस क्षेत्र में बहुत काम किया है। हमें स्वदेशी आंदोलन को और तीव्र करना चाहिए। हमारी अधिक जनसंख्या हमारे लिए बोझ नहीं बल्कि हमारे लिए एक ताकत है। स्वदेशी के अतिरिक्त हमारा दूसरा विचार है विकेंद्रीकरण। अध्यक्षता कर रहे श्री जाधव ने दत्तोपंत ठेंगडी जी के जन्म दिवस की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ठेंगड़ी जी एक बहुआयामी व्यक्तित्व व अजातशत्रु थे। सबको साथ लेकर चलने का उनका व्यवहार रहा। अनेकों विरोधी विचार के लोग भी उनका पूरा सम्मान करते थे। स्वर्गीय जगजीवन राम ने दत्तोपंत जी के बारे मे कहा ठेंगड़ी जी के द्वारा कही बात की सत्यता को जानने की आवश्यकता नहीं है। सनातन का विचार बढ़ता गया, वामपंथी विचार मरता गया। कार्यक्रम का संचालन शेखर कौशल ने किया एवं आभार दिनेश श्रीवास ने माना। उक्त जानकारी स्वदेशी जागरण मंच देवास के खिलेश शिंदे ने दी।

Dewas धर्म परिवर्तन कराने वाले गिरोह के 3 फरार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार..

देवास। शहर में पिछले दिनों एक अपहृत बालिका के प्रकरण में पुलिस ने एक गिरोह को पकड़ा था जिसमें देवास ओर इंदौर के कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था जबकि अन्य आरोपी फरार थे। पुलिस ने अब 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें एक आरोपी इंदौर व दो आरोपी देवास के है। एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस मंदसौर रवाना हो गई है।

दरअसल पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देश पर नाबालिग बालक/बालिकाओं की तस्करी रोकने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने सितंबर माह में दर्ज एक प्रकरण में नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर, विवेचना के आधार पर विभिन्न धाराओं सहित मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। प्रारंभिक गिरफ्तारी में आरोपी फरीन पति जफर खान निवासी नुसरत नगर देवास, जफर पिता रूबाब खान निवासी नुसरत नगर, एवं अकील पिता बशीर खान निवासी पत्थर मुंडला, इंदौर को दिनांक 07/11/24 को गिरफ्तार किया गया था।

गिरोह के अन्य फरार आरोपी जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

  1. अफरोज़ा बी पति अकील खान (उम्र 40 वर्ष), निवासी पत्थर मुंडला, इंदौर
  2. खैरून बी पति शब्बीर खान (उम्र 45 वर्ष), निवासी रफीक का मकान, देवास
  3. शब्बीर पिता बशीर खान (उम्र 58 वर्ष), निवासी रफीक का मकान, देवास
    को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अन्य फरार आरोपी शकीरा उर्फ खजान निवासी मंदसौर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।

Dewas ऑनलाइन वीडियो देखकर बंदूक बनाकर चलाने के दौरान हुआ हादसा…

  • बंदूक में लगा सिक्का गले में फंसा, 15 वर्षीय युवक की मौत

देवास। जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के सीवनपानी गांव में ऑनलाइन वीडियो देख कर बंदूक बनाने और चलाने के दौरान हादसे में एक 15 वर्षीय बच्चे की दुखद मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक विजय डावर ने ऑनलाइन बंदूक बनाने की वीडियो देखकर बंदूक बनाने का प्रयास कर रहा था जिसमें उसने बांस की लकड़ी में एल्युमिनियम की नली लगाकर अपने घर से कुछ दूरी पर तालाब के समीप पटाखों में से बारूद निकालकर नली के अंदर डाला। नली के पीछे की ओर उसने एक सिक्का लगा लिया। इसके बाद आगे के हिस्से की ओर से नली में आग लगाई, इससे जोरदार धमाका हुआ और सिक्का प्रेशर से पीछे की और आया और विजय के गले में घुस गया। इसमें विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन व ग्रामीण उसे लेकर बागली के सरकारी अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी सांसें टूट चुकी थीं।
एक्सरे करने पर सिक्का गले के अंदर फंसा नजर आया, उसे बाहर निकाला गया तो 10 रुपये का सिक्का निकला। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया गया है।

आज के समय में बच्चे ऑनलाइन वीडियो देखकर नए नए आविष्कार करने के लिए उत्साहित रहते है परंतु अगर यह आविष्कार गलत चीजों के बनाने या किसी बड़े की देखरेख में ना हो तो किसी दुखद अंजाम का कारण भी बन सकते है। इसीलिए विशेषज्ञ कहते है बच्चे पर हमेशा ध्यान रखे। अगर ऐसा कुछ लगता है कि वह गलत कर रहा है तो तुरंत उसे वह काम करने से रोके।

Dewas डायल 100 को झूठी सूचना देना युवकों को पड़ा भारी, पुलिस ने भेजा जेल…

देवास। डायल 100 पर सूचना मिली कि अज्ञात बदमाश ने रात में सोते समय कॉलर की जेब से रुपये निकाल लिए हैं। सूचना पर थाना औद्योगिक क्षेत्र के प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया ने पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा। घटनास्थल पर जांच करने पर पता चला कि आशिफ रजा पिता जमील रजा (27 वर्ष, निवासी ग्राम भोगनीपुर, कानपुर), मोहित कुमार पिता राजबहादुर (24 वर्ष, निवासी ग्राम सुल्तानपुर, कानपुर) और मोहम्मद शाहिद पिता मोहम्मद नफीस (28 वर्ष, निवासी भोगनीपुर, कानपुर) ने मालिक द्वारा दिए गए रुपये से रात में खाना-पीना किया, रुपये जुए में हार दिए, और जब होश आया तो डायल 100 पर झूठी सूचना दे दी। समझाइश देने के बावजूद तीनों आपस में झगड़ा करने लगे, जिससे सार्वजनिक शांति भंग हुई और आस-पास के लोग भयभीत हो गए। तत्काल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की और उन्हें जेल भेज दिया।

Dewas पुलिस लाइन में आयोजित हुआ ज़िला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर

  • 300 से ज़्यादा शिकायतकर्ता हुए उपस्थित, 83 शिकायतों का किया गया निराकरण

देवास। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के द्वारा ज़िला पुलिस लाइन परिसर में वृहद् स्तरीय शिविर आयोजित किया गया।
उक्त शिविर में सभी एसडीओपी, समस्त थाना – चौकी प्रभारी एवं एडिशनल एसपी सहित स्वयं पुलिस अधीक्षक ने सैकड़ों शिकायतकर्ताओं की दिन भर सुनवाई की जिसकी सतत मॉनिटरिंग एडीजी एवं डीआईजी महोदय द्वारा की गई।
उक्त शिविर में बेहद सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुवे एवं मात्र 6 घंटे की अवधि में संपूर्ण ज़िले की कुल 83 शिकायतों को संतुष्टिपूर्वक निराकृत किया गया। उक्त 83 शिकायतों में से 31 शिकायतें 100 दिवस से अधिक अवधि से लंबित थी।
शिकायत कर्ताओं में शिविर को लेकर बेहद सकारात्मकता दिखाई दी एवं सुबह 11 बजे से लेकर देर श्याम तक शिकायतकर्ता सैकड़ों की संख्या में अपनी समस्याओं को लेकर शिविर में उपस्थित रहे।
शिविर की अहम बात यह रही कि चौकी – थाना प्रभारी से लेकर एसडीओपी , एडिशनल एसपी एवं स्वयं पुलिस अधीक्षक इस दौरान उपस्थित रहे जिसके चलते शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हुआ।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महोदय उज्जैन जोन श्री उमेश जोगा के द्वारा समस्त ज़िला पुलिस इकाइयों को आज दिनांक 9 नवंबर को सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के मिशन स्तर पर निराकरण हेतु ज़िला स्तरीय शिविर आयोजित करने हेतु निर्देशित किया था।

इस दौरान विशेष उपलब्धि के रूप में धार की एक महिला की शिकायत रही। जो अपने पति के विरुद्ध धार न्यायालय द्वारा जारी भरण पोषण वारंट की तामीली नहीं होने के चलते विगत 7 वर्षों से परेशान थी। उक्त शिविर में जब अवेदिका द्वारा अपनी समस्या बतलाई। ज़िला पुलिस द्वारा महज़ 1 घंटे के भीतर वारंटी पति को गिरफ़्तार किया एवं आवेदिका को संतुष्ट किया ।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा बताया गया कि एडीजी एवं डीआईजी महोदय के मार्गदर्शन में उक्त शिविर आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा ।

Dewas एबी रोड पर कुछ लोगों ने की थी डिलीवरी बॉय की पिटाई, वायरल हुआ था वीडियो

• पुलिस ने मारपीट करने वाले कुल 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

देवास। शहर के एबी रोड पर स्थित मैना श्री कॉम्प्लेक्स के सामने बीते 2 नवंबर को कुछ लोगों ने डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। मामले में पुलिस ने कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल थाना सिविल लाईन क्षेत्रांतर्गत मीनाश्री कॉम्पलेक्स इन्दौर रोड देवास के सामने जोमेटो में डिलीवरी बॉय का काम करने वाले 25 वर्षीय संदीप चौधरी नि. इटावा देवास के साथ गाड़ी टकराने की बात को लेकर गाली-गलोच, मारपीट व जान से मारने धमकी दी गई। इस संबंध में सोषल मीडिया पर मारपीट की घटना का विडियो वायरल हुआ था। प्रकरण में थाना सिविल लाईन द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए फरियादी की रिपोर्ट पर विभिन्न धराई में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना में दिनांक 3 नवंबर को प्रकरण के आरोपी शाहरूख खान पिता रफीक खान उम्र 29 साल निवासी 15/2, इस्लामपुरा जिला देवास को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया एवं प्रकरण में अन्य फरार आरोपी सुफियान शेख पिता इस्माईल शेख उम्र 22 साल निवासी 18/1, इस्लामपुरा जिला देवास, हयात खान पिता मेहमूद खान उम्र 39 साल निवासी 16/2, इस्लामपुरा जिला देवास, सोनू उर्फ सोहेल पिता सलीम खान उम्र 25 साल निवासी 15/2, इस्लामपुरा जिला देवास को 5 नवंबर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय जिला देवास में पेश किया गया। प्रकरण में सभी आरेापियों को गिरफ्तार किया गया है।

Dewas कलेक्टर ने पांच आरोपियों को किया जिलाबदर…

  • आरोपी रामदास लोड़तिया, रितिक सिहोते, शफिक शेख, शाहिल बागले और रो‍हित चौहान हुए जिलाबदर

देवास। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ऋषव गुप्ता ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत पांच आरोपियों को लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलग्‍न होने पर जिलाबदर किया है।

  • आरोपी रामदास पिता शिवलाल लोड़तिया उम्र 35 साल निवासी ग्राम पुरोनी थाना खातेगांव को अवैध शराब बेचने, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने आदि कई संगीन अपराध पंजीबद्ध होने तथा लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलग्‍न होने पर एक वर्ष के लिए जिलाबदर किया है।
  • आरोपी रितिक पिता विकास सिहोते उम्र 22 साल निवासी भवानी सागर देवास को आम लोगों के साथ रास्‍ता रोककर मारपीट करना, प्राणघातक हमला करना, गंभीर चोट पहुंचाना, अवैध शस्‍त्र रखकर गोली चलाना, जान से मारने की धमकी देना आदि कई संगीन अपराध पंजीबद्ध होने तथा लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलग्‍न होने पर एक वर्ष के लिए जिलाबदर किया है।
  • शफिक उर्फ गुडडु पिता शेख चांद उम्र 48 साल निवासी कमलापुर को हत्‍या करने, आम जनता के साथ मारपीट करने, अवैध वसूली करने, बलवा करने, धारदार हथियार, से मारपीट करने, शासकीय आदेशों की अवहेलना करने, जान से मारने की धमकी देने आदि कई संगीन अपराध पंजीबद्ध होने तथा लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलग्‍न होने पर एक वर्ष के लिए जिलाबदर किया है।
  • आरोपी शाहिल पिता मनोहर बागले उम्र 21 साल निवासी बद्रीधाम कालोनी सांवेर थाना सोनकच्‍छ को हत्‍या का प्रयास करना, हफ्ता वसूली, रास्‍ता रोककर मारपीट करना, जान से मारने की धमकी देना आदि कई संगीन अपराध पंजीबद्ध होने तथा लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलग्‍न होने पर एक वर्ष के लिए जिलाबदर किया है।
  • आरोपी रो‍हित पिता रमेश चौहान उम्र 24 साल निवासी संत रविदासनगर थाना बीएनपी को मारपीट करने, छेड़छाड़ करने आदि कई संगीन अपराध पंजीबद्ध होने तथा लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलग्‍न होने पर छ: माह के लिए जिलाबदर किया है।
 कलेक्टर श्री गुप्ता ने आदेश दिया है कि सभी आरोपी 24 घण्टे के भीतर जिला देवास एवं उसके आस पास के सीमावर्ती जिलों इन्दौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खण्डवा, खरगोन की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाए तथा जिला दंडाधिकारी न्यायालय की बिना पूर्व अनुज्ञा के प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

Dewas 20 वर्षीय लड़के ने शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म…

देवास। जिले के कांटाफोड़ में 20 वर्षीय मुस्लिम लड़के द्वारा एक आदिवासी समाज की एक लड़की को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की के शादी करने की बात करने पर लड़के ने इंकार कर दिया।

दरअसल बीते 3 नवंबर को एक पीड़िता ने थाना कांटाफोड़ में आकर सूचित किया कि आरोपी समीर खान पिता शौकत खान उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम मेहदुल ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शादी के लिए कहा, तो आरोपी ने इंकार कर दिया । आरोपी ने यह जानते हुए कि पीड़िता आदिवासी समाज से है, उसे धोखे में रखकर दुष्कर्म किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। इस पर थाना कांटाफोड़ में अपराध को विभिन्न धाराओं में दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर माननीय विशेष न्यायालय जिला देवास के समक्ष पेश किया गया।

Dewas दीपावली की रात चोरी हुआ 57 लाख का डंपर चोरी प्रकरण में पुलिस ने 3 आरोपी किए गिरफ्तार

  • डंपर का सहमालिक ही निकला मास्टरमाइंड बीमा राशि प्राप्त करने और साथी मालिक को धोखा देने के उद्देश्य से रची थी साजिश…

देवास। दीपावली की दरमियानी रात ग्राम बेडामऊ के समीप एसार पेट्रोल पंप से फरियादी दिलीप मानधन्या पिता राधेश्याम उम्र 44 साल निवासी वार्ड क्रमांक 08 शिवाजी चौराहा बागली से टाटा कम्पनी बारह चक्का डम्फर की चोरी हो गया। जिसकी सूचना मिलते ही तत्‍काल पुलिस ने घटनास्‍थल का सुक्ष्‍मता से निरीक्षण किया गया। उक्‍त अज्ञात आरोपी के विरूद्व थाना बागली में अपराध क्रमांक 595/2024 धारा 303(2) बीएनएस का अपराध कायम कर विवेचना मे लिया गया। पुलिस द्वारा 03 विशेष टीमो का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के CCTV फूटेज, टोल नाको, संस्‍थानों एवं हाईवे पर स्थित ढाबे एवं हाईवे पर स्थित होटलो पर लगे लगभग 200 से अधिक CCTV फूटेज खंगाले एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किये गये। प्रकरण की विवेचना के दौरान विशेष टीम द्वारा CCTV फूटेज एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर डम्फर चालक अमजद उर्फ अन्नू पटेल पिता अनवर पटेल निवासी अनार बाग थाना खजराना जिला इन्दौर से प्रारंभिक पूछताछ करने पर बताया गया कि डम्फर के सहमालिक जसपाल सेंधव एवं अर्जुन सेंधव के कहने पर मैने एसार पेट्रोल पंप पर खड़े नए डम्‍फर को चोरी की वारदात कारित करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल होने वाले स्विफ्ट कार में जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम :-

  1. अमजद उर्फ अन्नू पटेल निवासी अनारबाग खजराना इन्दौर।
  2. जसपालसिंह सेंधव निवासी ग्राम बेडामऊ थाना बागली।
  3. अर्जुन सेंधव निवासी ग्राम बेडामऊ थाना बागली।

Dewas 9.44 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा अन्तर्राष्ट्रीय मापदण्ड का एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक, शासन से मिली स्वीकृति

देवास। शहर को अन्तर्राष्ट्रीय मापदण्ड के अनुरूप 08 लेन सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक की सौगात मिलने जा रही है। शासन से 9.44 करोड़ रुपए की लागत बनने वाले खेल और युवा कल्याण विभाग को स्थानीय कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम पर अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के मापदंडों के एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रेक की स्वीकृति मिल गई है।
विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने प्रस्तावित सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रेक के निर्माण स्थल का निरीक्षण कर ट्रैक के ड्राइंग /डिजाइन का अनुमोदन कर इंजीनियरों एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि एथलेटिक्स ट्रैक निर्माण के पश्चात देवास के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देवास का नाम गौरवान्वित करेंगे।
विधायक श्रीमती पवार ने भविष्य में कुशाभाऊ ठाकरे खेल परिसर में निर्मित होने वाले सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रेक के दोनों ओर नवीन पैवेलियन निर्माण व निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप 50 मीटर स्वीमिंग पूल का निर्माण मय डाईविन फैसेलिटी हेतु नवीन प्रस्ताव के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। निर्धारित मापदंड के अनुरूप स्विमिंग तथा अन्य ’’एक्वा स्पोर्टस” की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इस संबंध में भी प्रयास जारी है।