Dewas जैन महासंघ जिला देवास होगा गठित, समाज हित में लिया गया निर्णय

जिलेभर के जैन ट्रस्ट मंडली का मिलन समारोह किया गया आयोजित

देवास। समग्र जैन समाज के हित में जैन महासंघ जिला देवास का गठन किया जाएगा। जिलेभर से जैन ट्रस्ट मंडलो के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित मिलन समारोह में सर्वानुमति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

जिलेभर के जैन समाज को एकजुट रखने, आपसी समन्वय हेतु शहर के अमर मोहिनी गार्डन में श्री चंदाप्रभु स्वामी मणिभद्रवीर जैन श्वे. मंदिर ट्रस्ट के नरेंद्र जैन, महावीर जैन एवं विनोद जैन ने मिलन समारोह का आयोजन किया। समारोह की अध्यक्षता कैलाश जैन द्वारा की गई मिलन समारोह में उपस्थित ट्रस्ट मंडलों के अध्यक्षों को अतिथि बनाया गया। भगवान महावीर के चित्र के सामने अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित, माल्यार्पण से प्रारंभ मिलन समारोह में स्वागत भाषण महावीर जैन ने दिया। मंच का संचालन राजेश जैन ने किया। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत विनोद जैन के साथ श्री चंदाप्रभु स्वामी मणिभद्रवीर जैन श्वे. मंदिर ट्रस्ट के अन्य सदस्यों द्वारा तिलक लगाकर माला एवं दुपट्टा पहनाकर किया गया।

समारोह में जैन महासंघ जिला देवास का गठन करने के विषय में नरेंद्र जी जैन ने विस्तार पूर्वक बताया कि आज सम्पूर्ण देवास जिले के जैन समाज के ट्रस्ट मंडलों के पदाधिकारियों के इस मिलन समारोह में शामिल जैन समाज के सभी पंथ के ट्रस्ट मंडल जो अपने मंडल के माध्यम से समाज के उत्थान के लिए कार्य करते है। इन सभी मंडलों को एक साथ लेकर जैन महासंघ जिला देवास के गठन करने का निश्चय किया गया है। जैन महासंघ जिला देवास का कार्य जैन समाज के धरोहरो के लिए या सामाजिक रूप से आने वाले संकट का समाधान करने के साथ ही समाज के हितों में कार्य करना होगा। महासंघ के माध्यम से यह संदेश जाएगा कि जिले का सकल जैन समाज एक साथ संगठित है। जिसके बाद मिलन समारोह में क्रम से उपस्थित जैन ट्रस्ट मंडलों के प्रतिनिधियों एवं समाज जनों ने जैन महासंघ जिला देवास को लेकर अपने अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किए ।

नगर निगम सभापति रवि जैन ने भी जैन महासंघ के गठन पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज जैन समाज किसी परिचय का मोहताज नही है। पूरे विश्व में शांति, अहिंसा, क्षमा के महत्व को आत्मसात करते हुए जैन संस्कृति को अपनाया जा रहा है। आज समय आ गया है, जब हमे संगठित होना होगा । जैन समाज अल्पसंख्या में भी अल्पसंख्यक होकर भी बहुत प्रभावशाली है। राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है, लेकिन स्थानीय मुद्दों पर हमे लगता है कि हमारा समाज बंटा हुआ है। आज हमारे जिले के उस रिक्त स्थान को भरने का समय आ गया है, जो जिले का एक महासंघ के रूप में लंबे समय से खाली है। अब आवश्यकता है कि इस महासंघ के माध्यम से पूरे जिले के जैन समाज को प्रतिनिधि करने का काम सके। मिलन समारोह में पूरे जिले के जैन ट्रस्ट मंडलों की उपस्तिथि में सर्वसम्मति से जैन महासंघ बनाने की घोषणा की गई ।

समारोह में आदेश्वर जैन श्वे. मंदिर देवास, श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर देवास, श्री चंदप्रभुस्वामी मणिभद्र वीर जैन श्वेतांबर मंदिर देवास, चन्दाप्रभु स्वामी जैन मंदिर देवास, श्री मुनिसुव्रत स्वामी जैन श्वे. मंदिर देवास, वर्धमान स्थानक संघ देवास, दिगम्बर जैन मंदिर कवि कालिदास मार्ग देवास, दिगम्बर जैन मंदिर विजय नगर देवास, उपनगरी स्थानक संघ देवास, शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर आवास नगर देवास, श्री स्वर्ण विहार धाम ट्रस्ट सिंगावदा, सिया, करनावद, डबलचौकी , चापड़ा एवं अन्य स्थानों के जैन मंदिरों के ट्रस्ट मंडलों के प्रतिनिधि उपस्थित हुए। अंत में सभी का आभार निलेश जैन ने माना।

Dewas जिले में वन विभाग द्वारा 17 लाख पौधे लगाये जायेंगे, देवास में माताजी टेकरी और शंकरगढ़ पहाडी पर 30 हजार पौधे लगाये जायेंगे

देवास। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने देवास जिले में चलाए जा रहे क्षिप्रा शुद्धिकरण, जल संरक्षण, अमृत संचय (रुफ रेन वाटर हॉर्वेस्टिंग), सीड बॉल/पौधरोपण अभियान में किये जा रहे और किये जाने वाले कार्यो की पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जिले में क्षिप्रा शुद्धिकरण कार्य किया जा रहा है। सिंहस्‍थ-2028 में क्षिप्रा में शुद्ध पानी मिले, इसलिए अभियान चलाकर शु‍द्धिकरण कार्य किया जा रहा है। नालों का गंदा पानी क्षिप्रा में नहीं मिले इसलिए स्‍टॉप डेम बनाये जा रहे है। गांव-गांव लीज पीट सिस्‍टम बनाया जा रहा है।

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि नालों के आसपास से अतिक्रमण हटाने के लिए की कार्यवाही की जा रही है। अतिक्रमण हटाकर नालों के दोनों और 50-50 मीटर तक पौधा रोपण कार्य किया जा रहा है। नालों के आसपास शासकीय भूमि पर ब्‍लॉक प्‍लांटेशन किया जायेगा। निजी भूमियों पर नन्‍दन फलोद्यान योजना के तहत पौधा रोपण किया जायेगा। नालों के 10 मीटर तक पानी सहजने वाले पौधे लगाये, उसके बाद अन्‍य फलदार/छायादार पौधे लगाये। पौधा रोपण के लिए 104 ग्रामों में मुहिम चलाई जा रही है।

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि जिले में वन विभाग द्वारा 17 लाख पौधे लगाये जायेंगे। वन विभाग द्वारा देवास में माताजी टेकरी और शंकरगढ़ पहाडी पर 30 हजार पौधे लगाये जायेंगे। वन विभाग द्वारा जिले में सस्‍ती दर पर पौधे नागरिकों को उपलब्‍ध कराये जायेंगे।

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि सीडबॉल बनाने के लिए स्‍कूलों में वर्कशाप की जा रही है। स्‍व सहायता समूह और स्‍कूली बच्‍चों द्वारा 20 लाख सीडबॉल बनाने का लक्ष्‍य रखा गया है।

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने मियावाकी पद्धिति से पौधा रोपण करने संबंधी जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि किस प्रकार हम मियावाकी पद्धि‍ति से पौधा रोपण कर सकते है।

Dewas विद्युत पोल हटने, बोरिंग लगने एवं रोड निर्माण पर पार्षद घोसी का मंदिर प्रांगण में किया सम्मान

देवास। वार्ड क्रमांक 39 में स्थित सूर्य विजय हनुमान मंदिर समिति व आसपास के रहवासियों की मांग थी कि मंदिर के समीप 20 वर्षो से लगे विद्युत पोल को हटाया जाए। साथ ही शासकीय बोरिंग लगाने एवं मंदिर के पीछे सीसी रोड का निर्माण किया जाए। उपरोक्त मांग को पार्षद बाली घोसी ने गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक गायत्री राजे पवार, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन के मार्गदर्शन में पूरा किया। विद्युत पोल हटने, बोरिंग निर्माण एवं सीसी रोड बनने के पश्चात मंदिर पुजारी सुभाष महाराज, सत्यनारायण वर्मा, जमनालाल वर्मा, अनूप पुरोहित, सोहन ठाकुर, रोहित शर्मा, पुनीत विजयवर्गीय सहित वार्डवासियों एवं सूर्य विजय हनुमान मंदिर समिति के सदस्यों ने पार्षद श्री घोसी का पुष्पमाला पहनाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

Dewas बालोदिया सामाजिक सेवा फाउण्डेशन के मप्र अध्यक्ष नियुक्त

देवास। देश के विभिन्न हिस्सों में समाज सेवा करने वाली सामाजिक संस्था सामाजिक सेवा फाउण्डेशन की बैठक विगत दिनों सम्पन्न हुई। जिसमें देशभर में विभिन्न दायित्वों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। जिसके अंतर्गत राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकेवल विश्वकर्मा ने संगठन पदाधिकारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामजपि शर्मा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजय शर्मा, राष्ट्रीय उप कोषाध्यक्ष आलोक शर्मा, राष्ट्रीय सचिव बाबा अरविंद विश्वकर्मा, राष्ट्रीय उपसचिव राकेश विश्वकर्मा एवं राष्ट्रीय सलाहकार कमलेश विश्वकर्मा की सहमति पर समाजसेवी प्रेम नारायण बालोदिया को सामाजिक सेवा फाउण्डेशन का मप्र अध्यक्ष नियुक्त किया। श्री बालोदिया की नियुक्ति पर शंकर बालोदिया, अमजद अली, बब्लू, रमेश डामर, सुखराम सोलंकी, अजय पवार, सुरेश राठौर, रंजीत दरबार, विजय राजपूत, लखन सूर्यवंशी, दीपक मालवीय, विजय भालेकर, संदीप डाबी, संदीप सूर्यवंशी, मुकेश सोनगरा, राजू सूर्यवंशी, युवराज बालोदिया, गोविंद बालोदिया, राहुल परमार, शाहरुख जिप्सी, मोहम्मद रफीक सहित इष्ट मित्रों ने बधाई दी।  

Dewas अमलतास यूनिवर्सिटी सहित प्रदेश की 16 यूनिवर्सिटी डिफाल्टर घोषित

  • UGC के तय नियम और समय में इन यूनिवर्सिटी ने अपने यहां नहीं की लोकपाल की नियुक्ति

देवास। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन यानी UGC ने UGC के तय नियम और समय में अपने यहां लोकपाल की नियुक्ति नहीं करने के चलते देश भर की 157 यूनिवर्सिटीज को डिफॉल्टर घोषित कर दिया है।
UGC की तरफ से जारी की गई डिफॉल्टर यूनिवर्सिटीज की लिस्ट में मध्यप्रदेश का स्थान पहले नंबर पर है। एमपी की 16 यूनिवर्सिटीज को डिफॉल्टर घोषित किया गया है। देवास की अमलतास यूनिवर्सिटी के अश्विन तंवर का कहना है की हमारे यहाँ लोकपाल की नियुक्ति हो गई है जिसका हमने 2 महीने पहले ही मेल कर दिया था।

  • अमलतास यूनिवर्सिटी, देवास।
  • राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल।
  • माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार यूनिवर्सिटी, भोपाल।
  • मध्यप्रदेश मेडिकल यूनिवर्सिटी, जबलपुर।
  • जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर।
  • नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर।
  • राजा मान सिंह म्यूजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी, ग्वालियर।
  • राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर।
  • आर्यावर्त यूनिवर्सिटी, सीहोर।
  • एलएनसीटी विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, इंदौर।
  • मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भोपाल।
  • ओरिएंटल यूनिवर्सिटी, इंदौर।
  • श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय, इंदौर।
  • स्वामी विवेकानंद यूनिवर्सिटी, सागर।
  • ज्ञानोदय यूनिवर्सिटी, नीमच।
  • जेएनसीटी प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भोपाल

Dewas कालानी बाग, दुर्गा माता मंदिर के पास स्थित बीएसएनएल की अतिरिक्त जमीन की ऑक्शन के माध्यम से होगी बिक्री

• जिले में जल्द ही 4जी सेवा लांच करेगा बीएसएनएल

देवास। भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड द्वारा अतिरिक्त जमीन बिक्री को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक, भोपाल सुनील कुमार पत्रकारों से चर्चा करने हेतु जिला प्रमुख कार्यालय देवास पहुंचे। जहां उन्होंने देवास में स्थित बीएसएनएल की अतिरिक्त जमीन की बिक्री के बारे में समस्त पहलुओं पर विस्तार पूर्वक बताते हुए कहा कि बीएसएनएल भारत सरकार के आत्मनिर्भर भारत योजना के अंतर्गत स्वदेशी निर्मित 4जी उपकरण के साथ अपनी 4जी की सेवाएं सम्पूर्ण मप्र में शुरू कर चुका है। अतिशीघ्र सम्पूर्ण देवास जिले में 4जी लांच कर दिया जाएगा। जिससे उपभोक्ताओं को अच्छी सुविधा मिलेगी।

बीएसएनएल के विस्तार को लेकर कम्पनी ने कई अहम निर्णय लेकर देशभर में स्थित अतिरिक्त जमीनों की बिक्री करने का निर्णय लिया है। देवास के कालानी बाग दुर्गा माता मंदिर के पास स्थित बीएसएनएल की अतिरिक्त जमीन की बिक्री ऑक्शन के माध्यम से किया जाना है, जिसमें कुल 52 प्लॉट है। जिसकी विभागीय रिजर्व प्राइस 39.29 करोड़ है तथा कुल क्षेत्रफल 12172 वर्ग मीटर है। जमीन विक्रय करने का हमारा मुख्य उद्देश्य है कि बीएसएनएल के हर एक उपभोक्ता को बेहतर सुविधा मिले और नए उपभोक्ता भी हमसे जुडे। पत्रकार वार्ता पश्चात मुख्य महाप्रबंधक ने बीएसएनलए अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ जिले की दूरसंचार सेवाओं के विकास के लिए एक बैठक को भी संबोधित किया एवं सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। तत्पश्चात सभी अधिकारी व कर्मचारियों के साथ मिलकर मुख्य महाप्रबंधक सुनील कुमार ने पर्यावरण संरक्षण अंतर्गत पौधारोपण किया। बैठक में महाप्रबंधक वाणिज्य क्षेत्र, उज्जैन बी.के. गुप्ता एवं दूरसंचार जिला प्रमुख राजेंद्र सोलंकी सहित सभी अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Dewas बाजार में आने वाली महिलाओं को शिकार बनाने की योजना कर रहे थे तैयार

  • बाजार में महिलाओं के बैग काटकर चोरी करने की फिराक में बैठे 3 आरोपी धराएं

देवास। शहर में बुधवार को लाल गेट के पास, एबी रोड पर करीब तड़के 4 बजे पुलिस ने ऐसे 3 आरोपियों को पकड़ा है जो शहर में बाजार में आने वाली महिलाओ के बैग काटकर चोरी की योजना तैयार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में उपयोग करने के वाले एक – एक ब्लेड एवं महिला के कब्जे से एक कैंची जप्त की।
पुलिस ने आरोपियों पर प्रकरण दर्ज कार्यवाही शुरू कर दी है तथा आरोपियों को 41 क द.प्र.स (दण्ड प्रक्रिया संहिता) का सूचना पत्र जारी किया गया। (41 क द.प्र.स क्या होता है जानने के लिए नीली लिंक पर जाएं) https://dewasexpress.com/crpc-दण्ड-प्रक्रिया-संहिता-धा/
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
1 सुनीता सिसोदिया निवासी भडा पिपलिया थाना बरोठा।
2 मनी बाई निवासी सियापुरा थाना बी एन पी।
3 काजल निवासी भडा पिपलिया थाना बरोठा।

Dewas लूट व अपहरण करने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार, मारपीट कर मांगते थे फिरौती

देवास। हाईवे पर पिछले दिनों एक व्यक्ति की कनपटी पर पिस्तौल रखकर मारपीट और पैसे मांगने वाले आरोपियों को पुलिस धरदबोचा। फिलहाल पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। बुधवार को बीएनपी पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लूट के कुल सात आरोपी है। जिसमें से चार को मंगलवार को पकड़ा गया था। वहीं एक आरोपी बुधवार को पकड़ा गया है कुल पांच आरोपी पकड़े गए हैं। इन्होंने पिछले दिनों हुई एक लूट की वारदात और बाइक चोरी करना भी कबूला है।
जबकि दो आरोपी फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने एक देशी पिस्टल मय कारतूस व दो बाइक साथ ही हाईवे पर लूट का मश्रूका करीब 23 हजार रुपए व पेट्रोल पंप से चोरी गए 4 ऑइल की कैन च चोरी की गई दो बाइक जब्त की हैं। आरोपियों से कुल 4 लाख रुपए का मश्रूका बरामद किया गया है।
यह आरोपी गिरफ्तार:-
बीएनपी थाना पुलिस ने लखन उर्फ विशाल उर्फ चुलबुल पिता भेरुलाल निवासी न्यू देवास, गौरव पिता संतोष उम्र 19 निवासी मकान नंबर 149 शक्तिनगर वार्ड क्रमांक 18 थाना हबीबगंज हालमुकाम चंद्रशेखर आजाद नगर, हर्ष पिता राजकुमार जोशी उम्र 18 निवासी प्रेमनगर देवास, मयूर पिता हेमराज योगी उम्र 18 निवासी दुर्गानगरव संदीप पिता राधेश्याम उम्र 18 निवासी चंद्रशेखर आजाद नगर इटावा मल्टी को गिरफ्तार किया गया है।

Dewas विश्व संगीत दिवस हुआ श्री हरि म्यूजिकल ग्रुप का मासिक कार्यक्रम, देवास, इंदौर, उज्जैन के कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां

देवास। श्री हरि म्यूजिकल ग्रुप द्वारा विश्व संगीत दिवस के अवसर पर रविवार को 24वां मासिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें देवास, इंदौर और उज्जैन के 30 कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी। ग्रुप द्वारा हर महीने कार्यक्रम आयोजित किया जाता है जिसमें 25-30 सदस्य पार्टिसिपेट करते हैं । बीते महीने 29 मई को ग्रुप के 2 साल सफलतापूर्वक पूर्ण हुए हैं। ग्रुप हमेशा नए-नए कलाकारों को गाने का मौका देता और मंच भी प्रदान करता है।

कार्यक्रम में कार्तिक कौशल, विनोद चौहान, राजेश दुबे, निशा जायसवाल, उषा धोटे, विशाल फाटे, हेमंत चाकणकर, शुभदा चाकणकर, महेंद्र मकवाना, देवाशीष सोलंकी संदीप चौहान, मीरा चौहान आरोही सोनी, स्नेह विजयवर्गीय, मुस्कान शर्मा, जय शर्मा, आरती पटेल, पूनम जैन, सोना पोद्दार, गौतम पोद्दार, अजय वर्मा, दीप्ति निगम, संतोष भोसलें, शशि गुर्जर, इंद्राणी जैन, सोनू पाल, मंजू साहा विवेक धवले, शिल्पी अग्निहोत्री ने प्रस्तुतियां दी। श्रोतागण के रूप में यंग मेलोडियन ग्रुप के संचालक मुश्ताक शाह, दिलीप दरबार चेताली राय, पूर्णिमा ठाकुर, राय साहब,शेखर कौशल ,समाजसेवी पंकज सोनी, मुस्कान सेम, महेंद्र विश्वकर्मा, चेतन जैन, नीलम शर्मा, रमेश पटेल, गोपाल पंडित, निगम जी आदि सदस्य उपस्थित हुए। कार्यक्रम का संचालन राजेश दुबे जी द्वारा किया गया । ग्रुप के अध्यक्ष बंटी मंगरोलिया एवं संचालिका मुस्कान राठौर ने सभी का आभार माना।

Dewas आरोप : दहेज लोभियों ने मेरी बेटी को उतारा मौत के घाट, आरोप लगाते हुए जनसुनवाई में पहुंचे परिजन

देवास। करीब एक माह पूर्व एक महिला ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं कि उसकी हत्या ससुराल वालों ने दहेज को लेकर की है। महिला के परिजन मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे जहां उन्होनें कलेक्टर को आवदेन देकर दहेज लोभियों पर कार्रवाई करने के साथ प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग की है। 

गत 18 मई को शोभा पति आशीष सिसोदिया निवासी विजय नगर ने अपने ही घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले को लेकर मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत नहीं हुई है उसकी हत्या दहेज की मांग को लेकर की गई थी। महिला की मौत की जांच की मांग लेकर मंगलवार को परिजन जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर ऋषव गुप्ता को आवेदन देते हुए आशीष सिसोदिया, सास शोभा सिसोदिया, ससुर सुमेर सिसोदिया के विरुद्ध प्रकरण में जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग कि है। 

पिता ने दामाद पर लगाया आरोप :  सिविल लाइन थाना अंतर्गत विजय नगर क्षेत्र में 18 मई को शोभा उम्र 25 वर्ष घर पर मृत अवस्था में मिली थी। सूचना के बाद मौके पर एफएसएल टीम व पुलिस भी पहुंची थी। मृतिका के पिता ने रुपसिंह चौहान ने कलेक्टर को आवेदन देते हुए बताया कि उनकी बेटी का विवाह आशीष सिसोदिया निवासी विजय नगर देवास से करीब 7 वर्ष पूर्व हुआ था। उसका 4 वर्ष का एक बेटा जियान भी है। उन्होनें बताया कि उनकी बेटी शोभा की हत्या हुई है वह आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उन्होनें बताया कि उनका दामाद दुबई में रहता है। बेटी और दामाद के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। हमें पड़ोसियों ने सूचना मिली थी कि आपकी बेटी ने फांसी लगा ली है। हमें नहीं पता था कि इतनी बड़ी घटना हो जाएगी। 

हम उसे न्याय दिलाना चाहते है : मृतिका की बहन अंजू चौहान ने बताया कि छोटी बहन शोभा सिसोदिया के मौत में निष्पक्ष जांच चाहते हैं। हम उसे न्याय दिलाना चाहते हैं। उसकी बहन को उसके पति आशीष पिता सुमेरसिंह ने मारा है और अन्य भी कई बातें हैं, जिनके निराकरण के लिए हम कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे। मामले को लेकर कलेक्टर ने हमें आश्वासन दिया है।