दिनदहाडे अनाज व्यापारी के घर हुई चोरी का खुलासा

घटना मे चोरी के 1,18,500 रूपये जप्त , 2 आरोपी गिरफ्तार

देवास/बरोठा। दिनांक 22.02.2021 को थाना बरोठा क्षेत्रान्तर्गत रामदेव मंदिर चौक स्थित एक अनाज व्यापारी ब्रजेश महाजन पिता जगन्नाथ उम्र 48 साल निवासी रामदेव चौक बरोठा के यहा अज्ञात आरोपियों द्वारा दिनदहाडे चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। उक्त घटना की सूचना स्थानीय नागरिको के माध्यम से सूचना मिलने के उपरांत थाना प्रभारी थाना बरोठा मय टीम के घटनास्थल पहुंचे। थाना प्रभारी थाना बरोठा श्री शैलेन्द्र मुकाती द्वारा इस घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना बरोठा में अपराध क्रमांक 86/20 धारा 380 भा.द.वि का कायम कर विवेचना मे लिया गया। पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा उक्त घटना को गंभीरतापूर्वक लेते हुए अज्ञात आरोपियों की पतारसी हेतु “02 विशेष टीम” का गठन किया गया उक्त दोनों टीमों को अलग अलग कार्य दिये गये। टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के CCTV फूटेज एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किये गये। घटनास्थल के CCTV फूटेज चैक किये गये तो 02 संदिग्ध व्यक्ति मोटर साइकिल से घटनास्थल की रैकी करने के उपरांत अनाज व्यापारी के गल्ले से नगदी 1,57,000/-रूपये लेकर फरार हो गये थे। CCTV फूटेज की सहायता से अज्ञात आरोपियों के आने जाने का मार्ग स्पष्ट किया गया उक्त टीम द्वारा सतत मेहनत कर एवं मुखबिर सूचना,तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से दोनो आरोपियों को मय मश्रुका एवं मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।

तरीका वारदात :- मुख्य आरोपी कृषि उपज मण्डी में हम्माली करता है। जो अन्य साथी के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों के अनाज व्यापारी के यहां रेकी कर घटना को अंजाम देते है।

जप्तशुदा सामग्री :- चोरी मश्रुका 1,18,500 रूपये नगदी आरोपीगण की निशादेही से जप्त एवं घटना में प्रयुक्त हीरोहोण्डा मोटर साइकिल क्रमांक MP-41-NE-2866 कुल 1,68,500 रूपये की मश्रुका जप्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम :- 1. कृष्णा पिता गोपीलाल कसुमारिया उम्र 40 साल निवासी ग्राम पिपलौदा द्वारिकाधीश थाना नरवर जिला उज्जैन हालमुकाम जयशिव कालोनी रूपाली होटल के पीछे भोपाल रोड देवास।

2. आरिफ बेग पिता अफजल बेग उम्र 40 साल निवासी महात्मा गांधी कालोनी स्टेशन रोड देवास।

सराहनीय कार्य :- उक्त सराहनीय कार्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कन्नौद) श्री सूर्यकांत शर्मा के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री राकेश व्यास,उप पुलिस अधीक्षक (सायबर) श्री किरण कुमार शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी बरोठा श्री शैलेन्द्र मुकाती,उनि कपिल नवले,प्रआर मदन मंडलोई,आरक्षक (चालाक) कुलदीप गुर्जर,आरक्षक सुनील रावत थाना बरोठा सहायक उप निरीक्षक राधेश्याम वर्मा, प्रधान आरक्षक सचिन चौहान, मप्रआर गीतिका कानूनगों,आरक्षक शिवप्रताप सिंह सेंगर सायबर सेल देवास के द्वारा चोरी की वारदात को खुलासा करने में सराहनीय योगदान रहा। उक्त टीम को श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय देवास द्वारा नगद पुरस्कार से पुरूस्कृत करने की घोषणा की।

जिले में 1 लाख 74 हजार से अधिक व्‍यक्तियों को 30 अप्रैल तक वैक्‍सीन लगाने का लक्ष्‍य

कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि जिन सेंटरों पर भीड अधिक हो वहा पर वैक्‍सीनेशन के अतिरिक्‍त काउंटर लगाये जाये

देवास। कलेक्‍टर श्री चन्‍द्रमौली शुक्‍ला ने बस स्‍टेण्‍ड देवास में बने कोविड कमांड सेंटर पर कोरोना वैक्‍सीनेशन की तैयारियों की समीक्षा बैठक की।कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने अधिकारियों से कोरोना वैक्‍सीनेशन की तैयारियों की जानकारी ली और निर्देश दिये कि वैक्‍सीनेशन सेंटरों पर सभी मूलभू‍त सुविधाएं आवश्‍यक रूप से करें। वैक्‍सीनेशन के प्रचार-प्रसार के लिए बीएलओं, महिला बाल विकास की स्‍वीप टीम, आगनवाडी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्‍व-सहायता समूह, एनजीओं और पंचायत सचिवों को सहयोग ले। नगरीय क्षेत्रों मे कचरा वाहन की गाडियों से प्रचार-प्रसार करें। स्‍थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्‍यम से ना‍गरिकों को वैक्‍सीन लगाने के लिए प्रेरित करे। चुनाव के पेर्टन पर बूथ लेवल पर सम्‍पर्क कर बीएलओं के माध्‍यम से सारी तैयारियां कर रोड मैप बनाकर क्रियान्‍वयन करें। जिले में मार्च और अप्रेल माह में वैक्‍सीनेशन का अभियान चलाकर वैक्‍सीनेशन कार्य किया जायेगा।
कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि जिन सेंटरों पर भीड अधिक हो वहा पर वैक्‍सीनेशन के अतिरिक्‍त काउंटर लगाये जाये। कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने निर्देश दिए कि वैक्‍सीनेशन की जागरूकता के लिए पम्‍पलेट बनाये, वाहन पर लाउड स्‍पीकर लगाकर प्रचार करें, एसएमएस कर के जानकारी दे। आम नागरिकों को जागरूक करें की आप के घर में 60 वर्ष की आयु से अधिक के नागरिक हो तो उन्‍हें वैक्‍सीन लगवाये।
बैठक में बताया गया कि जो नागरिकों शुल्‍क देकर प्राईवेट अस्‍पताल में वैक्‍सीन लगवाना चाहते है, वे 250 रूपये देकर अमलतास अस्‍पताल देवास में वैक्‍सीन लगवा सकते है। जिले में वैक्‍सीनेशन के लिए बस स्‍टेण्‍ड देवास में कोविड कमाण्‍ड सेंटर बनाया गया है जिसका नम्‍बर 07272-222202 है।
बैठक में बताया गया कि जिले में वैक्‍सीनेशन के निर्धारित दिनों में लगभग 5 हजार लोगों को वैक्‍सीन लगाने की सूचना दी जायेगी। जिले में सोमवार, बुधवार, गुरूवार और शनिवार को 60 वर्ष से अधिक आयु और 45 वर्ष से 59 वर्ष की आयु के गंभीर बीमारी से ग्रस्‍त व्‍यक्तियों का डाक्‍टर के परामर्श के बाद वैक्‍सीनेशन किया जा रहा है। जिले में जिला अस्‍पताल देवास जीएनएमटीसी, सिविल अस्‍पताल कन्‍नौद, सिविल अस्‍पताल हाटपीपल्‍या, सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र बरोठा, सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र विजयागंज मण्‍डी, सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र टोकखुर्द, सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र सोनकच्‍छ, सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र बागली, सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र खातेगांव, सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र सतवास और में वैक्‍सीनेशन का कार्य सुबह 09 बजे से 05 बजे तक किया जायेगा।
बैठक में बताया गया कि जिले में 1 लाख 74 हजार से अधिक व्‍यक्तियों का वैक्‍सीनेशन करने का लक्ष्‍य रखा गया है। वैक्‍सीनेशन के लिए नागरिकों को https://selfregistration.cowin.gov.in, www.cowin.gov.in पर रजिस्‍ट्रेशन करवाना होगा। वैक्‍सीनेशन के समय व्‍यक्तियों को आधार कार्ड या वोटर आईडी लेकर जाना आवश्‍यक है। वैक्‍सीनेशन के बाद सभी कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करें मुंह पर हमेशा मास्क लगाकर रखें, 2 गज की दूरी बनाए रखें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें एवं सैनिटाइजर का उपयोग करे अथवा साबुन से बार-बार अपने हाथ धोएं कोविड-19 के बचाव हेतु सावधानियां रखना महत्वपूर्ण है। जिन लोगों का टीकाकरण हो चुका है, वह भी कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करें एवं अपने को सुरक्षित करते हुए अपने परिवार समाज जन को सुरक्षित रखें।बैठक में अपर कलेक्‍टर श्री महेन्‍द्र सिंह कवचे, नगर निगम आयुक्‍त श्री विशाल सिंह चौहान, सीएमएचओं डॉ. एमपी शर्मा, सहित अन्‍य अधिकारीगण उपस्थित थे।

मुख्य महाप्रबंधक ने किया बीएसएनएल की नवीन एनजीएन तकनीक का शुभारंभ

• अब लेंडलाईन सेवाएं नई आईपी आधारित डिजिटल तकनीक पर कार्य करेगी

देवास। भारत संचार निगम लिमिटेड (भारत सरकार का उपक्रम) प्रतिस्पर्धा केक इस दौर में वीआरएस के द्वारा आई हुई स्टाफ की कमी के उपरांत भी अपने उपभोक्ताओं को विश्वस्तरीय संचार सुविधा सस्ती दरों में उपलब्ध कराने हेतु दृढ़ संकल्पित है। इसके लिए बीएसएनएल देशभर में फैले लैंडलाईन नेटवर्क सिस्टम को नेक्स्ट जनरेशन नेटवर्क में परिवर्तित कर रहा है, अब लैंडलाईन सेवाएं पुराने एनालॉग टैक्नोलॉजी की बजाएं नई आईपी आधारित डिजिटल तकनीक पर कार्य करेंगे।

यह तकनीक पूरी तरह अत्याधुनिक है। इसके द्वारा अब लैंडलाईन उपभोक्ताओं को आईपी कॉलिंग, वीडियो कान्फे्रंसिंग, मनपसंद पीआरबीटी, हाईस्पीड इंटरनेट इत्यादि और भविष्य में बिना और लैंडलाईन के नंबर बदले नए सिस्टम के द्वारा सारी सुविधाएं कॉपर नेटवर्क से परिवर्तन कर, ऑप्टिकल फाइबर पर दी जा सकेगी। इसके अंतर्गत देवास जिले के समस्त दूरसंचार केन्द्रो को नई तकनीक से अपग्रेड कर दिया है, जिसका शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक एम.एफ. अंसारी ने कालानी बाग स्थित कार्यालय पर फीता पर काटकर किया। जिले के शहर व ग्रामीणांचलों के समस्त उपभोक्ताओं को इस तकनीक का लाभ मिलना शुरू हो गया है। जिला प्रबंधक जगदीश वर्मा ने इस अवसर पर समस्त जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि बीएसएनएल इस तरह बेहतरीन टेलीकॉम सेवाएं सबसे सस्ती दरों पर देने के लिए कटीबद्ध है। जिले के समस्त तहसील हैडक्वाटर के उपभोक्ताओं को वेरी हाईस्पीड इंटरनेट सेवाएं, आप्टिकल फाइबर, सबसे सस्ती दरों में उपलब्ध करवा रहा है। इस सेवा के शुभारंभ पर मुख्य रूप से प्रधान महाप्रबंधक एमआर रावत उपस्थित थे। मुख्य महाप्रबंधक श्री अंसारी का स्वागत कार्यालय के मुख्य द्वार पर जिला प्रबंधक श्री वर्मा ने किया। समस्त बीएसएनएल स्टॉफ ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि बीएसएनएल सदैव आपकी सेवा में समर्पित रहेगा। इस दौरान मुख्य महाप्रबंधक का बीएसएनएलईयू, एसएनईए, एआईजीटीओ के पदाधिकारियों ने गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया एवं बीएसएनएलईयू के जिला सचिव शकील खान ने कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।

अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

हरणगांव: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 57 लीटर अवैध शराब जप्त कर आरोपी बलराम पिता देव सिंह जाति सेंधव निवासी कोलारी, यशवंत पिता संतोष परमार निवासी कुसमानिया को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 32 /2021 धारा 34 (2 )अबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय से एक दिवस का पुलिस रिमांड मिला है। आरोपी के द्वारा अवैध शराब बेचने की कई दिनों से शिकायत प्राप्त हो रही थी।

?️चंचल भारतीय

कृषि भूमि पर कब्जा कर किया जा रहा अवैध निर्माण….

• जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर की शिकायत

देवास। शहरी क्षेत्र में अवैध रूप से कृषि भूमियों पर बिना कोई प्रशासन की स्वीकृति के कॉलोनी काटकर प्लाटों को बेचे जाना का मामला तुल पकड़ता जा रहा है। ऐसा ही एक मामला बावडिय़ा का सामने आया है। 35, चामुण्डा काम्पलेक्स निवासी निशिथ पटेल ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर शिकायत करते हुए बताया कि उनके पिता उमेश पटेल की कृषि भूमि बावडिय़ा में सन 2004 से स्थित है। जिस पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। बावडिय़ा निवासी समंदर सिंह भोले-भाले लोगों को बहकावे मे लाकर मेरी जमीन बताकर फर्जी रजिस्ट्री कराकर मकान बनवा रहा है। पूर्व में औद्योगिक थाने मेंं शिकायत की गई, किंतु आज तक कोई कार्यवाही नही की गई। अवैध कब्जाधारियों द्वारा कृषि भूमि पर 5 से 6 मकान का निर्माण चल रहा है। जिसकी शिकायत भी 12 फरवरी 2021 को औद्योगिक थाने में आवेदन देकर की गई थी। लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही कब्जाधारियों पर नही की। वहीं 9 फरवरी को जनसुनवाई में भी आवेदन दिया था, जिस पर भी सुनवाई नही हुई। शिकायतकर्ता निशिथ पटेल ने कलेक्टर से मांग की है कि अवैध मकानों से जमीन को मुक्त कराया जाए।

आइए जानते हैं कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन का तरीका

सरकार ने अब निजी अस्पतालों में भी 250 रुपये प्रति डोज की दर से कोरोना वैक्सीन उपलब्ध करा दिया है। इसके अलावा अब आप खुद से भी कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए अप्लाई कर सकते हैं। कोरोना वैक्सीन के लिए CoWIN एप और वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन हो रहा है। आइए जानते हैं रजिस्ट्रेशन का तरीका…

पहला काम यह है कि आप अपने फोन के ब्राउजर में https://selfregistration.cowin.gov.in/ टाइप करें। इसके अलावा नीचे दी गयी लिंक पर भी आप क्लिक कर सकते हैं। इसके बाद मोबाइल नंबर के साथ रजिस्ट्रेशन करना होगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फिलहाल आप CoWin के जरिए कोरोना वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कर सकते। वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन का काम फिलहाल केवल वेबसाइट के जरिए ही हो रहा है।

https://selfregistration.cowin.gov.in/

ऊपर दी गयी लिंक पर जाने के बाद मोबाइल नंबर डालें। इसके बाद आपके नंबर पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी डालने के बाद पहचान पत्र को अपलोड करना होगा। पहचान पत्र के रूप में आप ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, वोटर आईडी कार्ड आदि दे सकते हैं। इसके बाद आपको पहचान पत्र का नंबर भी डालना होगा।

उसके बाद नाम, लिंग और जन्म तारीख की जानकारी देनी होगी। इसके बाद रजिस्टर के बटन पर क्लिक करें। इसके बाद अप्वाइंटमेंट के लिए एक पेज खुलेगा। वहां आपसे राज्य, जिला, ब्लॉक और पिन कोड जैसी जानकारी मांगी जाएगी। इसके बाद टीकाकरण केंद्र का नाम, टीकाकरण की तारीख और समय की जानकारी भरने के बाद बुक बटन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आपके मोबाइल नंबर पर एक मैसेज आएगा जिसमें पूरी जानकारी होगी।

कोविन पोर्टल के अलावा आप आरोग्य सेतु एप से भी वैक्सीन रे लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सबसे पहले एप को ओपन करें और राइट साइड में दिख रहे CoWIN टैप पर क्लिक करें। इसके मोबाइल नंबर के साथ रजिस्ट्रेशन करें।

देवास – जिले में एक भी कोरोना संक्रमित एक्टिव मरीज की संख्या हुई – 0

देवास। आज आई 414 लोगो की जांच रिपोर्ट में 0 लोग की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव प्राप्त हुई है। तो वही आज प्राप्त रिपोर्ट अनुसार शेष बचे 04 कोरोना संक्रमित एक्टिव मरीज उपचार उपरांत कोरोना मुक्त हुए है । आज दिनांक तक जिले में कुल 2976 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले है तो जिले के 99.09 कोरोना रिकवरी रेट के साथ 2949 कोरोना पॉजिटिव मरीज उपचार उपरांत कोरोना को मात देकर अपने घर लौट चुके है। जिले में एक्टिव कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 0 है। जिले में कोरोना से कुल 27 मरीज की मृत्यु हुई है। वही जिले में अब तक 16774 कोरोना वैक्सीन डोज़ लगाये जा चुके है।

नेहरू गार्डन बण्डा में धूमधाम से किया गया कांग्रेस सेवादल ग्रामीण का झंडावंदन

बण्डा के जवाहरलाल नेहरू उद्यान में जिलाध्यक्ष डॉ राजेन्द्र चौबे द्वारा किया गया फ़रवरी माह का ध्वजारोहण

बण्डा(सागर) फ़रवरी माह के अंतिम रविवार को कांग्रेस सेवादल ग्रामीण का जवाहरलाल नेहरु उद्यान बण्डा में कांग्रेस सेवादल के जिला प्रभारी डॉ दिलीप शुक्ला के मुख्य आतिथ्य तथा क्षेत्रीय विधायक तरवर सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में कांग्रेस सेवादल ग्रामीण जिलाध्यक्ष डॉ राजेन्द्र चौबे द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत कि गई ।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ध्वजारोहण उपरांत उपस्थित सभी कांग्रेसिजनों ने वन्देमातरम राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया तदोपरान्त विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक तरवरसिह ने कांग्रेस सेवादल को मजबूती प्रदान करने पर बल दिये जाने को लेकर अपने विचार रखे,अगले वक्ता पूर्व नगरपंचायत अध्यक्ष श्याम सराफ ने कहा कि राजीव गांधी के दौर में जैसा महत्व सेवादल दिया जाता था वैसे यदि जारी रहता तो आज कांग्रेस बहुत ज्यादा मजबूत स्थिति में होती सेवादल को इन विपरीत परिस्थितियों में सागर ग्रामीण सेवादल जिस बेहतरीन काम कर रही है उसके लिए डॉ चौबे के द्वारा सेवादल के लिए किया जा रहे कार्य निसन्देह प्रसंसनीय है ।कार्यक्रम के मुख्यातिथि डॉ शुक्ला ने कहा कि देश मे बेतहाशा बढ़ रही महंगाई, जिसको कांग्रेस शासनकाल में यह डायन कहा करते थे उसका मोदी व उनकी कैबीनेट ने विकास रख दिया है, देश को पीछे धकेलने का जो काम बीते छः साल में भाजपा के कुशासन में किया गया है उससे देश को मुक्त कराने की हम सबकी जिम्मेदारी है।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ राजेन्द्र चौबे ने इस अवसर पर अपने उदबोधन में कहा कि सेवादल का जन्म 1923 में हुआ था उस समय सेवादल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को सहयोग करने के साथ साथ उनके जेल में बंद हो जाने पर उनके परिजनों की मदद करने व कांग्रेसजनों में गाँधी वादी व कांग्रेसी संस्कार देकर उनको प्रशिक्षित करने का काम करती रही स्वतंत्रता उपरांत आज भी कांग्रेसजनों को कांग्रेस की संस्कृति व संस्कार वह गांधीवादी का पाठ आज भी देने का काम सतत रूप सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई, सेवादल के प्रदेश प्रभारी चंद्रप्रकाश वाजपेयी एवं सेवादल प्रदेशाध्यक्ष रजनीश हरबंशसिंह सिंह ठाकुर के मार्गदर्शनानुसार सेवादल में सतत रूप जारी है तथा इन विपरीत परिस्थितियों में पार्टी की मुस्तैदी सेवा करने का हमारे सेवादल का इतिहास रहा है और वर्तमान में देश गोटसेवादी ताकतों और हम दो हमारे दो के चंगुल में फंस गया है जिससे देश को मुक्त कराने की महत्वपूर्ण जबाबदारी व संकल्प लेकर हम सेवादल के कार्यकर्ताओं को गांधीवादी तरीके से निभाना है ।
कार्यक्रम का संचालन सेवादल महासचिव श्याम करबरिया व ब्लॉक अध्यक्ष जैसीनगर अनिल सोनी ने करते हुए कार्यक्रम के प्रथम सत्र को यही स्थगित किया तथा अगले सत्र के लिए करबरिया फार्म हाउस चलने उपस्थित सभी लोगों को कहा तथा वहां पंगत में संगत होने की बात कही ।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में महिला नेत्रीगण श्रीमती निधि जैन,माया देवी,किरण गुप्ता ने महिलाओं और उपस्थित कांग्रेसिजनों ने भी स्थानीय समस्याओं और चुनावों में हिस्सेदारी को लेकर प्रभारी व जिलाध्यक्ष सेवादल से विस्तृत चर्चा की तदोपरांत प्रभारी की सहमति से मुकेश जैन को कांग्रेस सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष बण्डा का नियुक्ति पत्र जिलाध्यक्ष व सेवादल जिला प्रभारी द्वारा सँयुक्त रूप से सौपा गया तथा पूर्व अध्यक्ष ओंकार दुबे को जिला पदाधिकारी बनाया गया , इस कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल ग्रामीण महासचिव एडव्होकेट विजय तिवारी,कांग्रेस सेवादल ग्रामीण उपाध्यक्ष द्वय उमेश तिवारी, प्रमोद नायक, सेवादल ग्रामीण जिला सचिव राहुल जैन,सेवादल ग्रामीण जिला संयुक्त सचिव द्वय राघवेन्द्र सिंह, बबलू रजक ,कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रहली शिवराज सिंह, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बण्डा अशोक सिह,कांग्रेस नगराध्यक्ष अशोक सराफ, सेवादल के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल सोनी जैसीनगर , ढाना से विजय स्वामी , सेवादल नगराध्यक्ष नीरज शर्मा जैसीनगर ,शरद तिवारी ढाना, डॉ मनोहर अठ्या शाहगढ, सहित गौरव जैन,श्रीकान्त सराफ,महेश साहू,इकबाल खान,अनुज खटीक,महेन्द्र जोशी शुभम तिवारी, मुन्ना राय, सतीश यादव,पवन मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह, मजीद मिस्त्री, गिरीश विश्वकर्मा, संतोष यादव,लाखन शाहगढ़,साबिर सुल्तानी सहित कई महिला और पुरुष कार्यकर्ता ने हिस्सा लिया ।
कार्यक्रम के समापन पर मुकेश जैन ने उपस्थित सभी कांग्रेसिजनों का आभार प्रकट किया तदोपरान्त राष्ट्रगीत जनगणमन के गायन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया ।

अर्जुन नगर भजन गायक द्वारका मंत्री ने देर रात तक किया श्री श्याम का गुणगान

• श्री श्याम कीर्तन में पवित्र ज्योत प्रज्जवलित कर लगाया छप्पन भोग

देवास। ‘‘मेरे घर आजा तोहे लाड़ लड़ाऊ, माखन मिश्री का भोग लगाऊं”। ‘‘पलके ही पलके बिछाएंगे, जिस दिन श्याम प्यारे घर आएंगे”। ‘‘सांवरे की महफिल को सांवरा सजाता है”। ‘‘हारा हूं बाबा पर तुझ पर भरोसा है, जीतूंगा एक दिन मेरा दिल ये कहता है”। ‘‘क्यूं घबराऊं मैं मेरा तो श्याम से नाता है”। जैसे सुमधुर श्री श्याम भजनों की प्रस्तुति मध्य भारत के प्रसिद्ध का भजन गायक एवं श्याम प्रेमी श्री द्वारका मंत्री ने अर्जुन नगर देवास में कारपेंटर परिवार (भौंरासा वाले) के नए मकान के गृह प्रवेश एवं स्व. लक्ष्मीनारायण कारपेंटर, परमानंद कारपेंटर एवं विष्णुप्रसाद कारपेंटर की माताजी सजनबाई कारपेंटर की 90 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर आयोजित श्री खाटू श्याम महाकीर्तन में दी। कार्यक्रम देवास महाराज श्रीमंत विक्रम सिंह पवार साहब, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजीव खंडेलवाल, पूर्व महापौर श्री सुभाष शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री ओम जोशी के आतिथ्य में हुआ। इस दौरान श्री मनीष सोलंकी, श्री प्रतीक जोशी, श्री मनोहर जाधव, श्री राजकिशोर यादव, श्री दिनेश गुप्ता, भौंरासा से श्री अनिल चावड़ा, श्री प्रकाश मंत्री, श्री नरेंद्र माली, श्री हेमंत चौरसिया भी उपस्थित थे। साथ ही इस दौरान बड़ी संख्या में परिवाजन, श्याम प्रेमी उपस्थित थे। कीर्तन में कारपेंटर परिवार के वरिष्ठजनों ने अतिथियों एवं कलाकारों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरूआत बाबा श्री खाटू श्याम की पवित्र ज्योत के प्रज्जवलन के साथ हुआ। श्री श्याम प्रभु को चुरमा तथा छप्पन भोग लगाया गया। बाबा का आकर्षक श्रंगार सभी के मन को मोह रहा था। श्री गणेश वंदना के साथ भजनों की प्रस्तुति प्रारंभ हुई। प्रभु श्री श्याम के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति पर श्याम प्रेमी श्रोता देर रात तक झुमे।

‘‘मैं गुड़िया तेरे आंगन की” भजन पर मातृशक्ति की आंखे हुए नम

भजन गायक श्री द्वारका मंत्री ने बेटियों पर आधारित गीत ‘‘मैं गुड़िया तेरे आंगन” की प्रस्तुति दी तो कार्यक्रम में उपस्थित सभी मातृशक्ति की आंखे नम हो गई और वे अपनी विदाई की बेला को यादकर रोने लगी। वहीं कीर्तन में उपस्थित बहनों के भाई व बेटियों के पिता भी अपने को भावुक होने से नहीं रोक पाए। इस भावुक क्षण को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे बेटी/बहन अभी अपने मायके से सुसराल को जा रही हो।

‘• ‘बृज की होली राधा-कृष्ण के साथ खूब खेली होली”

श्याम कीर्तन के दौरान फाग उत्सव मनाया गया। जिसमें ‘आज बिरज में होली रे रसिया’ भजन पर राधा-कृष्ण बन कर आए कलाकारों ने वहां उपस्थित सभी श्याम प्रेमियों के साथ फूलों की होली खेली। पूरा दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भगवान श्री कृष्ण राधा रानी के साथ यहां आ गए हो और देवास वालों के साथ होली खेल रहे हो।

• माताजी का केक काटकर मनाया जन्म दिन

कार्यक्रम में माताजी सजनबाई कारपेंटर का जन्म दिन केक काटकर मनाया। माताजी ने अपने सभी पुत्रों, पौतों, बहुओं, परिवारजनों को आशीर्वाद दिया।

महंगाई की मार : फिर बड़े गैस सिलेंडर के दाम

सरकारी तेल कंपनियों ने आज 14.2 किलोग्राम के बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर के दाम में 25 रुपए तक का इजाफा किया गया है। 2021 में ही रसोई गैस सिलेंडर 125 रुपए महंगा हुआ है। 1 जनवरी को इसकी कीमत 694 रुपए थी जो अब 819 रुपए है। फरवरी में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 3 बार बढ़े थे। 1 दिसम्बर को घरेलू गैस सिलेंडर 594 रुपए से बढ़कर 644 रुपए हुए थे। 1 जनवरी को फिर से 50 रुपए बढ़ाए गए, जिसके बाद 644 रुपए वाला सिलेंडर 694 रुपए हो गया। 4 फरवरी को की गई बढ़ोत्तरी के बाद इसकी कीमत 644 रुपए से बढ़कर 719 रुपए हो गई है। 15 फरवरी को 719 रुपए से 769 रुपए हुई और 25 फरवरी को 25 रुपए दाम बढ़ने से इसकी कीमत 769 रुपए से 794 रुपए पर आ गई थी। अब आज की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 819 रुपए पर पहुंच गई है।