Sehore । जिले में कोविड टीकाकरण महाअभियान कल से प्रारंभ

जिले में 173 टीकाकरण केन्द्र, पहले दिन 34300 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य

सीहोर।(विक्रम ठाकुर)कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु शत-प्रतिशत लोगों का कोविड टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के साथ ही सीहोर जिले में भी 21 जून से वैक्सीनेशन महाअभियान प्रारंभ हो रहा है। कलेक्टर श्री चन्द्र मोहन ठाकुर ने बताया कि जिले में अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। जिले के ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में कुल 173 वैक्सीनेशन सेंटर्स बनाए गए हैं, जिन पर 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को निःशुल्क कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी।

कलेक्टर श्री ठाकुर ने कहा कि जिले में सभी के समन्वित प्रयासों से कोरोना संक्रमण नियंत्रण में है, लेकिन अभी कोरोना खत्म नहीं हुआ है। हमारी थोड़ी सी लापरवाही से कोरोना संक्रमण फिर बढ़ सकता है। कोरोना संक्रमण से बचाव का वैक्सीनेशन ही सबसे कारगर उपाय है। जरूरी है कि सभी व्यक्तियों का कोविड वैक्सीनेशन किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने के लिए लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है। हमारा प्रयास है कि शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करवा कर कोरोना संक्रमण से सुरक्षा प्रदान की जाए। इस महाअभियान के पहले दिन 21 जून को जिले में 34300 लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य रखा गया है।
महाअभियान के लिये जन-जागृति
कलेक्टर श्री ठाकुर ने बताया कि वैक्सीनेशन महाअभियान के लिए विभिन्न माध्यमों से आमजन को जागरूक किया जा रहा है। जिले के सभी ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में लाउडस्पीकर, मुनादी के माध्यम से लोगों को महाअभियान की जानकारी देने के साथ ही वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा भी ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वालेंटियर्स, एएनएम, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता, कोटवार सहित अन्य मैदानी अमले द्वारा घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीनेशन की समझाईश दी जा रही है।
पीले चावल देकर किया जा रहा है आमंत्रित
शासकीय सेवकों, कोरोना वालेंटियर्स, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर पीले चावल और आमंत्रण पत्र देकर टीका लगवाने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। कहीं हाथ जोड़कर अभिवादन के साथ 21 जून को टीका लगवाने के लिये आमंत्रित किया जा रहा है।
कलेक्टर ने सभी वर्गों से की अपील
कलेक्टर श्री ठाकुर ने जिले में 21 जून से प्रारंभ हो रहे वैक्सीनेशन महाअभियान में सभी वर्गो से सक्रिय भागदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने सभी धर्मगुरूओं, विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठन, समाजसेवी, सभी स्तर की क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों, कोरोना वालेंटियर्स, प्रस्फुटन समितियों सहित सभी वर्गो से वैक्सीनेशन महाअभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी अपने परिवार, आस-पड़ोस और जान-पहचान के पात्र लोगों से पूछे कि क्या उन्होंने वैक्सीन लगवा ली है, अगर नहीं लगवाई है तो 21 जून को वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन जरूर लगवाएं और कोरोना मुक्त जिला बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
जिले में 173 टीकाकरण केन्द्र बनाए गए हैं
जिले में 21 जून से प्रारंभ होने वाले कोविड टीकाकरण महाअभियान के लिए 173 केन्द्र बनाए गए हैं। आष्टा में 39, बुधनी में 33, इछावर में 26, नसरुल्लागंज में 31, श्यामपुर में 33, सीहोर नगरीय क्षेत्र में 11 टीकाकरण केन्द्र बनाए गए हैं। एक टीकाकरण केंद्र में एएनएम, डाटा इंट्री ऑपरेटर सहित 5 लोगों की टीम पूरे टीकाकरण कार्य को संचालित करेगी। प्रत्येक केंद्र पर 18 प्लस के लिए अलग तथा 45 प्लस वाले लोगों के टीकाकरण के लिए अलग टीम होगी इन केन्द्रों में टीकाकरण के लिए आने वाले लोगों के लिये बैठने की व्यवस्था, पेयजल, आर्ब्जवेशन रूम सहित सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
सतत मॉनिटरिंग के लिए 34 सेक्टर आफिसर
टीकाकरण का कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरे जिले में 34 सेक्टर आफिसर बनाये गये हैं, जो इस टीकाकरण की सतत मॉनिटरिंग करेंगे और कहीं कोई समस्या आती है तो उसका त्वरित निराकरण करेंगे।

DEWAS। पुलिस ने 2 किलो से ज्यादा गांजे के साथ किया आरोपी को गिरफ्तार…

देवास। पुलिस अधीक्षक देवास शिवदयाल सिंह द्वारा पुरे जिले में अवैध मादक पदार्थ गांजा शराब एवं अवैध गतिविधियों के विरूद्ध कार्यवाही हेतु निदेर्शित किया गया था। इसी तारतम्य में सीएसपी देवास के मार्गदर्शन में आज दिनांक 20 जून 2021 को थाना प्रभारी नाहर दरवाजा पर पदस्थ मुकेश ईजारदार ने अपनी टीम को मुखबिर की सूचना की पुष्टि करने हेतु मीठा तालाब के पास रवाना किया था। जहा पहुचकर थाना नाहर दरवाजा की टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गये निशानी वाले व्यक्ति का पीछे कर घेराबंदी कर उसे रोका नाम पूछने पर अपना नाम अययुब पिता इब्राहिम उम्र 35 साल निवासी जोया कालोनी देवास बताया जिसके कब्जे से एक सफेद झोले में हरे पन्नी में बंदा गांजा करीबन 2 किलो 520 ग्राम मिला जिस पर से आरोपी के विरुद्ध थाना नाहर दरवाजा के अपराध क 222 / 21 धारा 8 / 20 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय पेश किया गया ।
तरीका का वारदात :
आरोपी लगातार देवास शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थ की क्रय विक्रय करने का आदि है। पूर्व में भी आरोपी के विरुद्ध शहर के थानों पर अपराध पंजीबद्ध हुए है। आरोपी शहर के विभिन्न जगह पर अवैध मादक पदार्थ का क्रय विक्रय करते आ रहा है ।
जप्त मधुका :
आरोपी के कब्जे से एक सफेद झोले के अंदर से हरी पन्नी में बंद अवैध मादक पदार्थ गांजा २ किलो 520 ग्राम बरामद किया जिसकी कुल कीमती करीबन 300000 / की है।
सराहनीय कार्य :
उक्त सराहनीय कार्य में निरीक्षक मुकेश ईजारदार उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, सउनि अनिल कुमार प्र०आर 165 यशवंत नितेश, आरक्षक,676 नवदीप 858 जितेन्द्र मदन महिला आर० 780 प्रीति एवं सै0 206 संजय का सराहनीय योगदान रहा है। उक्त टीम को पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा पुरस्कृत किया जावेगा।

अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून पर विद्या भारती मालवा प्रांत के आग्रह पर 80 हजार परिवार के 2.5 लाख से ज्यादा व्यक्ति करेंगे योग

देवास। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में विद्या भारती मध्यक्षेत्र के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून अवसर पर कोविड-19 को दृष्टिगत रख जन-जन तक योग को पहुंचाने हेतु एक विराट कार्यक्रम की संयोजना की गई। जिसके अंतर्गत विद्या भारती मध्यक्षेत्र के चार प्रांत मालवा मध्यभारत, महाकौशल व छत्तीसगढ़ की प्रांतीय इकाइयों के समस्त कार्यकर्ता सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य परिवार, अभिभावकगण, छात्र/छात्राएं पूर्व आचार्य पूर्व छात्र, योग शिक्षार्थी व शिक्षकगण व संपर्कित परिवार सहित अनेक जन सामान्य इस कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारित होने वाले इस आयोजन में विद्या भारती मालवा प्रांत के संयोजन में 80 हजार परिवार के साथ तीन लाख लोगों के इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने व योग करने का लक्ष्य हैं। इस संबंध में दिनांक 19 जून को सरस्वती शिशु मंदिर विजय नगर में प्रेस वार्ता आयोजित की गयी।
प्रेस वार्ता में विद्या भारती मालवा प्रांत की ओर से आयोजन समिति की संयोजक एवं विद्या भारती मालवा के जिला प्रतिनिधि श्री देवकृष्ण जी व्यास ने जानकारी देते हुए कहा कि प्राचीनकाल से ही हमारे देश में योग का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। महर्षि पतंजलि द्वारा निर्देशित योग ही आज के व्यस्ततम जीवन व्याधिग्रस्त वातावरण व अनियमित दिनचर्या से मुक्ति दिला सकता है योग को आष्टांग नियमों का पालन करते हुए यदि योग को जीवन में अपनाया जाए तो योग जीवन को स्फूर्त मन को शांत व प्राणों को शाळेत देने वाला सिद्ध होता हैं। प्रेस वार्ता में उपस्थित विद्या भारती मालवा के इन्दौर विभाग के विभाग समन्वयक श्री महेन्द्रपाल सिंह जी सिसोदिया ने कहा कि यह हम सबके लिए गौरव का विषय हैं कि हमारे देश भारत द्वारा अपनाया गया योग आज संपूर्ण विश्व में स्वस्थ्य व सुखी जीवन का आधार बन गया हैं। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री मान. नरेन्द्र जी मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ के समक्ष वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा व संचेतना की दृष्टि से योग को अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देने के आग्रह पर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता देने की घोषणा हमारे लिए गर्व का विषय हैं।
इस अवसर पर उपस्थित विद्या भारती मालवा प्रांत की नगरीय शिक्षा के प्रांत प्रमुख श्री पंकज जी पंवार ने कहा कि अपने प्रकार के इस अनूठे आयोजन में हम सबके लिए गौरव व प्रसन्नता का विषय हैं कि म.प्र. की राज्यपाल माननीया आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि वक्ता के रूप में अपना सान्निध्य प्रदान करेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मान, डॉ. डी. रामकृष्णराव (अखिल भारतीय अध्यक्ष विद्या भारती) करेंगे। संपूर्ण आयोजन 21 जून को प्रातः 7:30 बजे से मिनिट टू मिनिट कार्यक्रम के रूप में संयोजित किया गया है। जिसमें मध्यक्षेत्र के चारों प्रांतों के सभी कार्यकर्ताओं के साथ उनके परिवारजन व इस अभियान में पूर्व से पंजीकृत किए गए समाजजन एक साथ एक समय में योग की विभिन्न मुद्राएं सीखेंगे व करेंगे। कार्यक्रम का सीधे प्रसारण विद्या भारती मालवा के यूट्यूब चैनल से होगा।

https://www.youtube.com/channel/UCnnN69V7wCmbgh6v3eXFaEQ

जिसमें सहभागिता हेतु पंजीयन व प्रमाण-पत्र हेतु व्हाट्सएप्प, फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिवटर व अन्य माध्यमों से लिंक प्रसारित की गई है।

https://vidyabhartimalwa.org/yoga.php

इस अवसर पर इंदौर विभाग और से प्रतिनिधि मंडल में प्राचार्य स.वि.मं. विजयनगर श्रीमती इन्दिरा शर्मा विद्यालयीन सचिव श्री सतीश जी मुकाती व विभाग योग संयोजक श्री प्रफुल्ल रावल उपस्थित रहे। अंत में आभार जिला प्रमुख ग्राम भारती के श्री महेन्द्र जी मण्डलोई ने व्यक्त किया।

डबल चौकी थाना बरोठा पुलिस ने 12 साल से फरार स्थाई वारंटी को किया गिरफ्तार।

देवास। पुलिस अधीक्षक महोदय शिवदयाल सिंह के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय शहर मनजीत सिंह चावला एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी महोदय श्री किरण शर्मा के मार्गदर्शन में बरोठा थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह मुकाती के नेतृत्व में 12 साल से फरार स्थाई वारंटी नाथूराम पिता काशीराम भील उम्र 88 साल निवासी ग्राम तिलोनिया को मुखबीर की सूचना से 19 जून 2021 को मंगलनाथ मंदिर उज्जैन से गिरफ्तार किया। उक्त कार्यवाही में कार्यवाहक निरीक्षक चौकी प्रभारी डबलचौकी पतिराम डावरे, आरक्षक 529 दिलीप की अहम भूमिका रही।

नरेंद्र चौहान

गंगा दशमी के अवसर पर क्षेत्र के सभी धार्मिक स्थलों पर रही श्रद्धालुओं की भीड़

बागली(सुनील योगी) – बागली में 60 किलोमीटर के व्रत क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक पवित्र स्थान है जहां पर अवसर अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ लग जाती है! जिसमें आधा दर्जन स्थान पवित्र नदी एवं जलकुंड से जुड़े हुए हैं जहां पर श्रद्धालु स्नान करते हैं पहले नंबर पर धारा जी घाट जहां 15 वर्षों से अघोषित रूप से धारा 144 लगी हुई थी लेकिन इक्षा शक्ति के चलते यहां स्नान आरंभ हो चुका है श्रद्धालुओं ने जमकर आनंद उत्साह के साथ यहां पर गंगा दशमी शुभ अवसर पर स्नान करके पुण्य कमाया दूसरा स्थान जटाशंकर तीर्थ तीसरा स्थान चंद्र केश्वर तीर्थ चौथा भेसुडा पर्वत पांचवा स्थान मछलियां कुंड, और सबसे अधिक प्रसिद्ध स्थान जयंती माता में भैरव गुफा एवं खारी नदी शामिल रहे दर्शन के लिए शिवपुर तीर्थ मंदिर बागली छत्रपति हनुमान मंदिर भोमिया जी हनुमान मंदिर सीता मंदिर पिपरी स्थित नर्मदा मंदिर करनावद स्थित कर्णेश्वर मंदिर अखिलेश्वर मठ पर बने हनुमान मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही धारा जी पवित्र घाट स्नान शुरू हो जाने से किशनगढ़ पुंजापुरा पिपरी रतनपुर बॉवडी खेड़ा आदि स्थानों पर भी चहल-पहल देखी गई वाहनों की आवाजाही और श्रद्धालुओं का आना जाना और यहां रुक कर खरीदी करना व्यापारियों के लिए और छोटे-मोटे बेरोजगार लोगों के लिए रोजगार का साधन भी बना यदि सब कुछ संभव हुआ और परिक्रमा मार्ग बन जाता है तो निश्चित रूप से यहां पर रोजगार बन जाएगा अभी ही यह रोनक है तो आगे इसमें बढ़ोतरी निश्चित है

DEWAS । ज़िले में 21 जून को टीकाकरण महाभियान के तहत 176 केंद्रों पर होगा वैक्सीनेशन

देवास। कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला के निर्देशन में जिले में लगातार टीकाकरण अभियान जारी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.पी.शर्मा ने बताया कि जिले में दिनांक 21 जून 2021 को कॉविड -19 टीकाकरण महा-अभियान सत्र आयोजित होगा। जिले में कोविड 19 टीकाकरण महा-अभियान प्रथम चरण 21 से 30 जून तक आयोजित होगा। महाअभियान के प्रथम चरण के पहले दिन 21 जून को जिले में 176 केंद्रों पर 30050 टीके लगाये जायेगे।
वैक्सीनेशन संबंधी जानकारी के लिए कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्ट्रल स्थापित किया गया है जिसका नम्बर 07272-222202 पर सम्पर्क कर सकते है।  
      

Dewas । महाराज श्री मंत तुकोजीराव पवार की पुण्यतिथि पर मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रध्दाजली अर्पित की

देवास। देवास रियासत के महाराज स्वर्गीय श्री मंत तुकोजीराव पवार की 6वी पुण्यतिथि पर भाजपाई द्वारा सयाजी द्वारा स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पवार, जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल सहित अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे

नर्मदा नायक की पुण्यतिथी पर पानी की टंकी का लोकार्पण, हर घर पानी के सपने को मिलने लगा साकार रूप

मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्व.महाराज तुकोजीराव पवार की पुण्यतिथी के अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ साकेत नगर टेकरी पर स्थित 1 करोड 45 लाख रूपये की लागत से निर्मित पानी की टंकी का लोकार्पण विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार, जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल, महाराज विक्रमसिंह पवार, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा ने किया। इस अवसर पर विधायक श्रीमंत गायत्रीराजे पवार ने कहा कि पानी की इस टंकी से 1500 किलो लीटर पानी की सप्लाई होगी जिससे वार्ड क्रमांक 4,30,31,32 और 33 नम्बर वार्डो में पानी की आपूर्ति होगी। उन्होनें कहा कि स्व.महाराज ने देवास की जनता की प्यास बुझाने के लिए बहुत संघर्ष किया । एक समय तो ऐसा भी आया जब रेल से पानी लाकर उन्होंने देवास की जनता को पानी की समस्या से निजात दिलवायी। वर्तमान में हमने अभी एक टंकी का लोकार्पण किया है लेकिन अमृत योजना के अन्तर्गत इसी प्रकार की 6 टंकीयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है शीघ्र ही इन टंकीयों के माध्यम से देवास में पानी की आपूर्ति कर हम हर घर पानी देने के वादे को पूरा करेंगे। वार्ड क्रमांक 7 में पूर्व सभापति अंसार एहमद के नेतृत्व में मंदिर की बाउण्डी वाल, पौधा रोपण एवं सीसी रोड निर्माण का भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ देवास द्वारा प्रदेश प्रभारी श्री एल.एन. मारु का स्वागत किया

• मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला इकाई देवास के जिला मीडिया प्रमुख बने कमलसिंह डावर

देवास। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ देवास द्वारा प्रदेश प्रभारी श्री मारु का स्वागत किया गया। उपरोक्त जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ देवास के जिला मीडिया प्रमुख श्री कमलसिंह डावर ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ, मध्यप्रदेश के कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री श्री एल एन मारु को भारतीय मजदूर संघ की इकाई मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रभारी बनाने पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की देवास इकाई द्वारा जिला कार्यालय में श्री मारु का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री श्री विष्णु वर्मा सर ने भाग लिया। श्री मारु को शाल व श्रीफल भेंट कर स्वागत कर बधाई दी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री मनोहर सिंह सेंधव, प्रदेश मंत्री श्री संजय शर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य श्री अश्विनी सूर्यवंशी ,जिला कार्यकारी अध्यक्ष श्री आशुतोष धारीवाल, जिला कोषाध्यक्ष श्री राजेश वर्मा, जिला सचिव श्री मुकेश उपाध्याय, धर्मेंद्र जोशी आदि के साथ कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Sehore । लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका- कलेक्टर

21 जून से शुरू होगा टीकाकरण महाअभियान, जिले में 200 टीकाकरण केन्द्र बनाए जायेंगे

सीहोर(विक्रम ठाकुर )कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अधिक से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन लगाने के लिए जिले में 21 जून से वैक्सीनेशन महाअभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने के संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता के दौरान कलेक्टर श्री चन्द्र मोहन ठाकुर ने कहा कि किसी भी अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों के बीच अभियान के संबंध में जानकारी और जागरूकता होना आवश्यक है। लोगों को प्रेरित करने और अभियान को सफल बनाने के लिए समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रेस वार्ता में कलेक्टर श्री ठाकुर ने बताया कि लोगों के मन में वैक्सीनेशन से जुड़ी जो भ्रांतियां हैं, उन्हें दूर करना जरूरी है। शासन-प्रशासन द्वारा लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करने तथा अधिक से अधिक वैक्सीनेशन के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। गांवों और नगरों में लगातार विभिन्न माध्यमों से लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने और वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री ठाकुर कहा कि कोविड वैक्सीनेशन महाअभियान के प्रथम दिवस 21 जून को सम्पूर्ण जिले में 30000 लोगों को तथा इस पूरे अभियान मे एक लाख लोगों को कोविड वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मीडिया के साथियों का सहयोग जरूरी है। महाअभियान में अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के लिए 200 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। टीकाकरण की सतत मॉनिटरिंग और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 34 सेक्टर ऑफिसर बनाए गए हैं। उन्होंने मीडिया के सभी साथियों से वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाने हेतु लोगों को जागरूक करने और वैक्सीनेशन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए सहयोग की अपील की। प्रेस वार्ता में मीडिया के अनेक सार्थियों ने वैक्सीनेशन के लिए लोगों को जागरूक किए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

टीकाकरण महाअभियान के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित

कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07562-227022 जारी।
21 जून से प्रारंभ हो रहे टीकाकरण महाअभियान के लिए जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07562-227022 है। कंट्रोल रूम से समस्त जोनल ऑफिसर, सेक्टर ऑफिसर सतत् संपर्क में रहेंगे। मैदानी एवं सत्र स्थल पर आ रही किसी भी समस्या से नियंत्रण कक्ष को अवगत कराएंगे।

पुलिस अधीक्षक ने किया लूट के घटना स्थल का निरीक्षण

आष्टा( विक्रम ठाकुर) सिद्धिकगंज अन्तर्गत गत दिवस खाचरोद रोड पर घटित लूट की वारदात के घटना स्थल का आज पुलिस अधीक्षक सीहोर ने निरीक्षण कर एसडीओपी आष्टा श्री मोहन सारवान एवं गठित 10 सदस्यीय टीम के सदस्यों तथा थाना प्रभारी सिद्धिकगंज श्री कमल सिंह ठाकुर को अज्ञात आरोपियों की पतारसी के निर्देश दिये गये हैं । पुलिस अधीक्षक सीहोर ने अज्ञात आरोपियों की पतारसी हेतु 5000/-रूपये की उद्घोषणा भी की गई हैं ।