देवास। शहर के बालगढ़ रोड पर स्थित कबीट नाले में गुरुवार रात दो युवक बाइक सवार युवक बाइक का संतुलन बिगड़ने से नाले में गिर गए हादसे में दोनो युवक घायल हो गए एक घायल युवक की ईलाज़ के दौरान मौत हो गयी वही दूसरे घायल युवक का उपचार जारी है। दोनो युवक पालनगर के निवासी थे।
पूर्व पार्षद अर्जुन चौधरी द्वारा बताया गया कि पालनगर में रहने वाले युवक अमित राठौड़ व नितिन दुबे अपने निजी काम से गुरुवार रात पालनगर से देवास शहर आ रहे थे, जहा बाइक का संतुलन खो देने से दोनों बाइक समेत तकरीबन 20 फ़ीट गहरे बालगढ़ रोड के कबीट नाले में गिर गए। दुर्घटना की सूचना परिवार व वार्डवासियो को दी गयी। दोनो युवको को जिला अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया जहाँ से उन्हें उपचार हेतु इंदौर रैफर कर दिया गया। ईलाज़ के दौरान अमित राठौड़ की मौत हो गई वही नितिन दुबे का ईलाज जारी है।
कन्नौद (चंचल भारतीय)। श्रीमती कौशल्या देवी बाबूलाल जी भूतड़ा के पुत्र विनोद भूतड़ा की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को श्रीमती कौशल्या देवी भूतड़ा की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर शहर के सरकारी अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर डॉ राजकुमार बारवाल, भाजपा नेता रुपेश शर्मा, समाजसेवी प्रेम नारायण भूतड़ा, वेंकटेश गोरानी, सुभाष मानधनिया, सतीश नरेड़ी, राजकुमार वर्मा, रोमी राठी, एडवोकेट शैलेंद्र पांचाल, पत्रकार श्री राम पटेल,कैलाश परिहार, चंचल भारतीय, राकेश अजमेरा, ओम प्रकाश परमार, अतुल गुप्ता, मांगीलाल मालवीय, हरीश दुबे, राजेश उपाध्याय, महबूब खान सहित श्रमजीवी पत्रकार संघ के समस्त पत्रकार साथी एवं कई समाजसेवी वरिष्ठ जन मौजूद थे
देवास। जिले के बागली तहसील में विवाहित महिला के साथ बलात्कार कर पीड़िता को जान में मारने का मामला सामने आया है।
दरअसल बीते 28 जनवरी को आरोपी लखन सिंह ने पीड़िता के साथ पीड़िता के घर के पहले बने नाले के पास जटाशंकर पर रात करीब साढ़े 11 बजे बलात्कार किया और उसके बाद पीड़िता के साथ मारपीट कर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के इस घटना में उसको 3 अन्य आरोपीयो (संतोष, अजय, कल्लू) ने सहयोग किया। चारो आरोपी जटाशंकर के ही निवासी है। मामले में बागली थाना पुलिस पीड़िता की शिकायत पर 10 फरवरी गुरुवार को चारो आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना कर रही है। मामले की विवेचना बागली थाना प्रभारी व निरक्षक दीपक सिंह यादव कर रहे है। निरक्षक दीपक सिंह यादव से प्राप्त जानकारी अनुसार पीड़िता की उम्र तकरीबन 30 से 32 वर्ष है और पीड़िता की दो बार शादी हुई है। तथा आरोपीयो को पुलिस थाने ले आई है पुलिस अभी मामले में फुटेज खंगाल कर ओर विवेचना कर रही है।
देवास। देवास के मुकुंद खेड़ी निवासी कान्हा राठौर पिता फूलसिंह राठौर उम्र 17 वर्ष गुरुवार देर शाम देवास से ट्रैक्टर चलता हुआ उज्जैन तक ले गया और उज्जैन में शहर भर में ट्रैक्टर चलाते हुए विभिन्न लोगो को टक्कर मारी जिसमे अनैक लोग घायल हो गए है। दरअसल कान्हा के पिता ने दीपावली पर नया ट्रैक्टर लिया था और कान्हा को ट्रैक्टर चलाने का शौक था इसलिए उसने दो दिनों तक ड्रायवर से ट्रेक्टर चलाना सीखा और फिर अकेला ट्रेक्टर लेकर देवास से उज्जैन ले गया। यहां उसने सड़क पर खड़े वाहनों और लोगो को टक्कर मारी जिसमे अनैक लोगों को घायल हुए है। उज्जैन की महाकाल थाना पुलिस ने रहवासियों के साथ मिलकर कान्हा को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया है और उसके खिलाफ केस दर्ज करने के बाद परिजनों को सूचना दी। पुलिस की सूचना के बाद कान्हा के परिजन रात में ही थाने पहुंचे। पुलिस ने केस दर्ज होने की जानकारी देकर उन्हें लौटा दिया। पुलिस आज कान्हा को कोर्ट में पेश करेगी।
देवास। शहर स्टाइलिश दाढ़ी-मूंछ के शौकीन सुरेन्द्र सिंह चावड़ा ने बड़ी छलांग लगाते एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है और मध्यप्रदेश का नाम देशभर में गौरवान्वित किया है। अपनी मूंछो पर ताव, स्टाइलिश दाढ़ी का क्रेज इन दिनों देश और प्रदेश के युवाओं में बहुत देखने को मिल रहा है। कई अभिनेता, खिलाड़ी या अन्य सेलिब्रिटी भी स्टाइलिश दाढ़ी रखना पसंद करते है। देवास जिले में भी यह फैशन चरम पर है। शहर के राधागंज निवासी मि. बियर्ड सुरेन्द्र सिंह चावड़ा ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए हिन्दुस्तान बियर्ड क्लब में बोर्ड ऑफ मेम्बर बन गए है। उन्होंने एमपी बियर्ड क्लब का नाम गौरवान्वित किया। श्री चावड़ा की उपलब्धि पर एमपी बियर्ड क्लब सहित ईष्टमित्रों ने बधाई दी। उक्त जानकारी चंद्रप्रकाश व्यास ने दी।
वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर गार्डन को बनाया, गार्डन की सुंदरता सभी का मनमोह रही
विधायक आशीष शर्मा द्वारा गार्डन का किया गया लोकार्पण
कन्नौद (चंचल भारतीय)। देवास जिले के कन्नौद विकासखंड के स्कूल के पास कभी अतिक्रमण हुआ करता था, वहां से प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाया गया तथा वहां आज स्थान पर वेस्ट मटेरियल का उपयोग करके एक सुंदर गार्डन को बनाया गया। इस गार्डन की सुंदरता देखते ही बन रही है जो भी वहां से गुजरता है तो एक बार जरूर उस गार्डन को निहारता है। नगरवासियों द्वारा इस उल्लेखनीय कार्य की सराहना भी की जा रही है। गार्डन तैयार हो जाने पर क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा एवं कन्नौद एसडीएम श्रीमती प्रिया वर्मा द्वारा गार्डन का लोकार्पण किया गया था। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, नगरवासी एवं छात्राएं सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।
कन्नौद एसडीएम श्रीमती प्रिया वर्मा ने बताया कि विगत माह में उन्होंने स्कूल का निरीक्षण किया था। इस दौरान लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया था, जिससे स्कूल की छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने आने-जाने की समस्याओं से अवगत कराया था। इस पर स्कूल के आसपास का अतिक्रमण हटाया गया। इसके पश्चात उस स्थान को पूरी तरह से साफ-स्वच्छ कर वहां पर गार्डन बनाने का कार्य प्रारंभ किया गया। इस गार्डन में अधिकतर वस्तुएं उन वस्तुओं का उपयोग किया गया है, जो पूरी तरह से वेस्ट थी। उन वस्तुओं को अच्छे से सजाया गया तथा इसे यहां पर स्थापित किया गया। इस गार्डन की दीवारों को स्वच्छ प्रेरक संदेश एवं आकर्षक चित्रकारी बनाई गई है जो सभी को अपनी और आकर्षित कर रही है।
स्कूल के पास बनाए गए गार्डन की हो रही है सराहना
नगरवासियों का कहना है कि यहां से अतिक्रमण हटाने के बाद एसडीएम कन्नौद व नगर परिषद द्वारा इस स्थान का सही एवं उचित उपयोग किया गया है। इस गार्डन के बनने से स्कूल के आसपास की सुदंरता और बढ़ गई है।
बरोठा/देवास ( नितेश नागर )। वन परीक्षेत्र देवास की बीट बरोठा में अतिक्रमण करने के आरोप में आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया । वन संरक्षक पी एन मिश्रा ,उप वन मंडल अधिकारी एस .के. शुक्ला के निर्देशन एवं डी.एस. चौहान वन परीक्षेत्र अधिकारी के मार्गदर्शन में , बरोठा बीट में अतिक्रमण करने के उद्देश्य से पौधों की कटाई सफाई करते हुए,आरोपी को रोकने पर कर्मचारी से झगड़ा करके आरोपी जीवन सिंह पिता सवाई सिंह निवासी कालोदिया फरार हो गया था । जिस पर अपराध क्रमांक 12116/ 21 दिनांक 20/12/ 2021 को प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था । तब से आरोपी फरार चल रहा था , जिसमें आरोपी को दिनांक 9/2/ 2022 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया । इसमें आरोपी को जमानत नहीं दी गई , इस कार्यवाही में बीटगार्ड सुरेश नरवरिया ,परिक्षेत्र सहायक किशन कुरील, विजय चौधरी, कमल परमार, कुमारी नेहा शर्मा, श्रीमती किरण राठौर मौके पर उपस्थित रहे ।
हाटपिपल्या(नरेंद्र चौहान) : पूर्व क्रिकेटर स्व कन्हैया निमावत की स्मृति में त्रिमूर्ति क्रिकेट क्लब हाटपीपल्या द्वारा टेनिस बाल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया टूर्नामेंट का शुभारंभ युवा कांग्रेस संस्कृति प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष विश्वजीत सिह चौहान पूर्व पार्षद अजित राजावत युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष बन्टी गरोठिया प्रेस क्लब पूर्व अध्यक्ष पंकज पाठक के आतिथ्य में किया गया अतिथियों ने फीता काट कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू किया गया पहला मैच हाटपीपल्या व टप्पा की टीम के बीच खेला गया। शुभारंभ अवसर पर आयोजन समिति ने अतिथियों का स्वागत किया टूर्नामेंट में विजेता टीम को विश्वजीत सिह चौहान द्वारा 21 हजार रुपये का नगद पुरुस्कार दिया जाएगा कार्यक्रम का संचालन त्रिमूर्ति क्रिकेट क्लब के जाकिर मंसूरी ने किया व आभार पत्रकार नौशाद पटेल ने माना।
• वाहनों में अतिरिक्त रूप से स्लैब/पट्टी/रिब लगाकर भार क्षमता में कर रहे थे परिवर्तन
देवास। खनिज विभाग एवं परिवहन विभाग द्वारा जिले में खनिजो का परिवहन कर रहे वाहनों में अतिरिक्त रूप से स्लैब/पट्टी/रिब लगाया जाकर भार क्षमता में परिवर्तन करने तथा मोटरयान में इस तरह का परिवर्तन करने वाले खनिज वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है।
खनिज अधिकारी आरिफ़ खान ने बताया कि खनिज विभाग एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही कर 21 डम्परों में लगे अतिरिक्त पट्टीयो को गैस कट्टर से कटवा कर तथा जेसीबी मशीन के माध्यम से निकलवाया गया और मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत रुपये 1 लाख 75 हजार अर्थदंड किया गया। खनिज विभाग और परिवहन विभाग द्वारा जिले में इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
कार्यवाही के दौरान परिवहन अधिकारी श्रीमती जया वसावा, खनिज निरीक्षक राजकुमार वराठे, खनिज निरीक्षक रमेश सोलंकी, खनिज विभाग एवं परिवहन विभाग का अमला उपस्थित था।
• नामांतरण में आपत्ति होने एवं न्यायालय में केस चलने के बाद भी कर दिया नामांतरण, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
देवास। नामांतरण में आपत्ति होने एवं न्यायालय में केस चलने के बाद भी जिला परिवहन अधिकारी ने फर्जी तरीके से नामांतरण कर दिया। उक्त आरोप जिले के ग्राम खेड़ी राजपुरा निवासी राधेश्याम सोनी ने लगाते हुए जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
शिकायतकर्ता राधेश्याम ने बताया कि वर्ष 2015 में चोला मण्डल फाइनेंस कंपनी से लोन प्राप्त कर ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 41 एबी 6580 क्रय किया था, जिसकी किश्त मेरे द्वारा नियमित रूप से कंपनी में जमा की जाती रही है। एक किस्त बाकी हो जाने पर फायनेंस कम्पनी द्वारा मेरा ट्रेक्टर फर्जी तरीके से कब्जे में लेकर बेच दिया। कम्पनी के विरूद्ध शिकायत कोतवाली पुलिस को आवेदन देकर की। तदोपरांत परिवाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जिसे माननीय न्यायालय ने स्वीकार किया, जो वर्तमान में विचाराधीन है। फायनेंस कम्पनी द्वारा ट्रैक्टर अवैधानिक रूप से बेचे जाने के संबंध में जिला परिवहन अधिकारी के समक्ष मेरे ट्रैक्टर को अंतरित/ट्रांसफर किए जाने के संबंध में विधिवत आपत्ति प्रस्तुत की गई थी। साथ ही न्यायालय में विचाराधीन प्रकरण के प्रमाणित प्रति भी प्रस्तुत की गयी। जिला परिवहन अधिकारी द्वारा मुझे दिनांक 20/02/2020 को नोटिस भेजा गया जिस पर में जिला परिवहन अधिकारी के समक्ष दिनांक 29/02/2020 को उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत किया। जिसकी प्राप्ति जिला पंजीयक महोदय स्वयं के हस्ताक्षर से दी गयी। उपरांत दिनांक 16/08/2020 को पुन: नोटिस जारी किया, जिसका जवाब व आपित्त मेरे द्वारा दिनांक 01/09/2021 को स्वयं जिला पंजीयक अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर प्रस्तुत की गयी। उपरांत दिनांक 23/11/2021 को पुन: उनके द्वारा मुझे नोटिस जारी किया जिस पर से मेरे द्वारा दिनांक 06/12/2021 को मेरे द्वारा उपस्थित होकर जिला परिवहन अधिकारी के समक्ष जवाब व आपत्ति प्रस्तुत की। जिनके द्वारा मुझे प्राप्ती प्रदान की गयी है । 03 यह कि मेरे द्वारा जिला परिवहन अधिकारी को फायनेंस कम्पनी के विरूद्ध प्रस्तुत फोजदारी प्रकरण के प्रमाणित दस्तावेज व मेरे द्वारा फोरम मे प्रस्तुत परिवाद आदि के संबंध में जानकारी दी जाकर आपत्ति लिखित में मय दस्तावेजों के प्रस्तुत की गयी। उपरांत जिला परिवहन अधिकारी व उनके अधिनस्थ कर्मचारी ने असत्य रूप से उक्त ट्रेक्टर को अंतरित कर दिया गया। जिसकी जानकारी मुझे प्राप्त होने पर जिला परिवहन अधिकारी से सम्पर्क कर मेरे उक्त ट्रेक्टर के अंतरण में प्रस्तुत आपत्ति की चर्चा करने व उक्त ट्रेक्टर के अंतरण की फाईल देखने पर मुझे ज्ञात हुआ कि जिला परिवहन अधिकारी ने मेरी आपत्ति के संबंध में तथा उनके द्वारा दिये गये प्राप्ति आदि के संबंध में कोई उल्लेख नहीं कर फर्जी तरीके से रूपये लेकर उक्त ट्रेक्टर को अंतरित कर दिया। जिसके कारण मुझे अपरिमित क्षति कारित हुई है तथा न्यायालय में प्रस्तुत प्रकरणों पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जिला परिवहन अधिकारी ने जान बूझकर उक्त कृत्य किया है तथा मुझसे अभ्रद्रता कर मुझे अपशब्द कहे है। राधेश्याम सोनी ने कलेक्टर से आवेदन के माध्यम से मांग की है कि उक्त मामले की जाँच कराकर उचित कार्यवाही की जाए।