Dewas: सतपुड़ा एकेडमी के समर कैंप का हुआ समापन, 30 से अधिक स्कूलों के बच्चों ने सीखी विभिन्न गतिविधियां…

• भारतीय संस्कृति को जीवंत रखे हुए है सतपुड़ा एकेडमी: सांसद सोलंकी

देवास। ग्रीष्म अवकाश के दौरान संस्था सतपुड़ा एकेडमी ने बच्चों के सर्वांगीण विकास का जो बीड़ा उठाया, वह श्रेष्ठ है। संस्था ने समर कैंप का आयोजन कर डांस, संगीत, आर्ट एंड क्रॉफ्ट, क्रिकेट, ड्राइंग, स्पोकन इंग्लिश, टेबल टेनिस, फुटबॉल आदि विधाओं का प्रशिक्षण देकर बच्चों में छुपी हुई प्रतिभाओं को तराशने का कार्य किया।
यह प्रेरणादायी विचार मक्सी रोड पर तुलजा विहार कॉलोनी स्थित सतपुड़ा एकेडमी में समर कैंप के समापन पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवास-शाजापुर लोकसभा के लोकप्रिय सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि संस्था ने बच्चों को सभी सुविधाओं के साथ मंच दिया, जहां सभी को कलाएं सीखने का अवसर मिला। यहां बच्चों के श्रेष्ठ प्रदर्शन को मुझे देखने का अवसर मिला। आज आधुनिकता के युग में विद्यार्थियों के मध्य भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने का कार्य सतपुड़ा एकेडमी कर रही है। मुख्य अतिथि इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्था ने 24 विधाओं में बच्चों को प्रशिक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। इतनी भीषण गर्मी में बच्चों ने अपनी लगन, निष्ठा एवं समर्पण भाव से रुचि के अनुसार विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त कर आगे बढ़ने का जो साहस दिखाया वह हम सबके लिए बड़े गर्व की बात है। श्री चावड़ा ने कहा कि आज देश में पाश्चात्य संस्कृति हावी हो रही है, लेकिन हमें विश्वास है कि यहां जो बालक-बालिकाएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, वे राष्ट्रभक्त होकर भारतवर्ष का मान-सम्मान बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने कहा कि 30 से अधिक स्कूलों के बच्चों ने 45 दिनों तक चले समर कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

खंडेलवाल ने आगे कहा की आज हम सबको बच्चों के बीच देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम देखने को मिले। बच्चों ने मंच पर श्रेष्ठ प्रदर्शन कर अपने लक्ष्य को धारण किया। यही बच्चे आगे चलकर संस्था का नाम प्रदेश एवं देश में रोशन करेंगे। एक अच्छे उद्देश्य को लेकर संस्था का प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम के पूर्व अतिथियों ने भारत माता, मां सरस्वती के चित्र का विधिवत पूजन-अर्चन कर दीप प्रज्ज्वलित किया। बालिकाओं ने मंगल तिलक कर अतिथियों का स्वागत किया। गणेश वंदना तथा सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

संस्था संचालक भानुप्रतापसिंह सैंधव ने सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए। अतिथि परिचय एवं स्वागत भाषण संचालक श्री सैंधव ने दिया। अतिथियों ने चित्रकला, मेहंदी, सिलाई-कढ़ाई, बुनाई की कलाकृतियों का अवलोकन कर प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। प्रदर्शनी में कलाकृतियों की अतिथियों ने प्रशंसा की। बच्चों ने डांस, स्केटिंग, कराते, संगीत, गायन आदि का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा देवास जिला प्रभारी गाेपाल आचार्य, पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष रायसिंह सैंधव, भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, अशासकीय शिक्षण संस्था के अध्यक्ष राजेश खत्री, पूर्व पार्षद आशुतोष जोशी सहित बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक व स्कूल स्टाफ मौजूद था। भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन साक्षी शर्मा ने किया। आभार प्राचार्य नरेश पंचोली ने माना। यह जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।

विश्व पर्यावरण दिवस : वन विभाग ने शंकरगढ़ पहाड़ी पर रोपे 101 बेलपत्र के पौधे

देवास। 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इस उपलक्ष में वन विभाग द्वारा शंकरगढ़ पहाड़ी में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। शंकरगढ़ पहाड़ी में देवास वन मंडल द्वारा मुख्य अतिथि वन संरक्षक पी एन मिश्रा, विशेष अतिथि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रकाश सिंह चौहान, महेंद्र कवचे एडीशनल डिस्टिक इन मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बेलपत्र के 101 पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में पी एन मिश्रा ने कहा कि शंकरगढ़ पहाड़ी में विकास के नाम पर जिस प्रकार से विदोहन किया गया उसका परिणाम है कि पहाड़ी वृक्ष विहीन भी हो गई है। जिसे असली स्वरूप में लाने के लिए जनसहयोग से वृक्षारोपण कर शंकरगढ़ पहाड़ी को बचाया जा सकता है तथा पर्यावरण को सुधारा जा सकता है। ओपी जोगावत जल संरक्षण संस्था के जिला संयोजक ने कहा कि पॉलिथीन की थैलियों को इधर उधर ना फेंककर एक बोतल के अंदर भर कर उसको ईट बनाने में उपयोग में लिया जा सकता है तथा इस प्रकार पर्यावरण को दूषित होने से बचाया जा सकता है।

चेतन जैन ग्रीनार्मी संस्था के द्वारा पर्यावरण को बचाने के लिए उपस्थित लोगों को बीज एकत्रित कर पहाड़ी में बुवाई कर अपना योगदान देने हेतु प्रेरित किया गया, साथ ही वर्षा ऋतु में वाटर हार्वेस्टिंग द्वारा भूजल संरक्षण बढ़ाने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में महिला बच्चे पुरूष काफी संख्या में उपस्थित थे। महिलाओं द्वारा रैली निकालकर पर्यावरण बचाने हेतु संदेश दिया । उपस्थित सदस्यों द्वारा शंकरगढ़ को हरा-भरा करने तथा पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी डीएस चौहान एवं कर्मचारियों द्वारा बेलपत्र के पौधे उपलब्ध कराकर उपस्थित सदस्यों द्वारा पौधारोपण कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुरेश सांगते, रायसिंह सेंधव, कैलाश चंद्रावत, एसके शुक्ला अपर जिलाधिकारी, मनोहर शर्मा, गोपाल राठौर उपस्थित थे। वन विभाग से डीएस चौहान, किशन कुरील, राकेश मोदी, विजय चौधरी, गणपत तंवर, ज्योति जाट, मंजरी, नेहा शर्मा , सूरज सोलंकी का विशेष योगदान रहा। उक्त जानकारी डिप्टी रेंजर कैलाश मालवीय ने दी।

भाजपा ने मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

टोंकखुर्द (विकेश जैन)। रविवार को शासकीय महाविद्यालय कॉलेज परिसर पर मंडल उपाध्यक्ष सचिन सेंधव मंडल महामंत्री राकेश सिंधल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के साथ परिसर पर शीशम, जामुन, नीम, एवं अशोक, के पौधे लगाए गए।

मंडल उपाध्यक्ष सचिन सेंधव ने बताया कि पर्यावरण शब्द परि+आवरण से मिलकर बना है। परी का आशय चारों ओर तथा आवरण का अर्थ परिवेश से है। मंडल महामंत्री राकेश सिंधल ने बताया कि पर्यावरण में वायु जल भूमि पर पौधे जीव जंतु मानव और इनकी गतिविधियों का समावेश होता है। इसलिए पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण का ध्यान रखना हमारा परम दायित्व बनता है। इसी को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने 1972 विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत की। इस अवसर पर अरुण बैरागी भंवर सिंह झाला पंडित यश जोशी आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बिजवाड़ चौकी प्रभारी राजेश बारेला ने अपने स्टाफ के साथ किया वृक्षारोपण

सुन्द्रेल बिजवाड़ (दीपक शर्मा)। विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को मनाया जाता है पर्यावरण के दिवस कई पर्यावरण प्रेमियों ने वृक्षारोपण किया वही बिजवाड़ चौकी प्रभारी राजेश बारेला ने भी अपने स्टाफ के साथ बिजवाड़ चौकी में शीशम, आंवला, सीताफल, जाम, अलीम, करंज के पौधे का वृक्षारोपण किया चौकी प्रभारी राजेश बारेला ने बताया की हर एक व्यक्ति को वृक्ष लगाना चाहिए वृक्ष हमारे जीवन की मुख्य धरोवहर है इस दौरान हेड साहब मोहन सिंह राणा, सैनिक शमशेर सिंह, पायलेट विकास भाटी ,माल्लू शाह आदि भी मौजूद थे।

Dewas: नाबालिग लड़की के साथ बलात्‍कार करने वाले सौतेले पिता को न्‍यायालय ने दिया आजीवन कारावास

देवास। पिता-पुत्री के रिश्ते को शर्मशार करने वाली निंदनीय घटना जिसने नाबालिक बालिका के सौतेले पिता ने ही पुत्री के साथ दुष्कर्म किया था जिसमे न्यायालय ने आरोपी सौतेले पिता को अनेक धाराओं में अर्थदंड के साथ आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

दरअसल एक आरोपी ने अपनी सौतले नाबालिग बेटी से बलात्कार किया था। इससे किशोरी गर्भवती हो गई एवं उसके द्वारा एक मृत बच्ची को जन्म दिया गया था। जिला अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उसने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी थी। उसने बताया था कि सौतेले पिता ने उसके साथ जोर जबरदस्ती कर गलत काम किया और उससे बोला कि किसी को कुछ बताया तो जान से खत्म कर दूंगा। इसलिए पीडि़ता ने डर के मारे किसी को कुछ नहीं बताया। 18 दिसंबर 2020 को जब पीडि़ता के पेट में दर्द हुआ तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसने मृत बालिका को जन्म दिया। मामले में केस दर्ज कर पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक अनुसंधान के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया गया। प्रभारी जिला लोक अभियोजन अधिकारी व प्रभारी उप संचालक अभियोजन अधिकारी आशा शाक्यवार ने बताया न्यायालय के समक्ष साक्षीगण ने घटना का समर्थन किया तथा प्रकरण में डीएनए रिपोर्ट भी पॉजिटिव थी।
विशेष सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट), जिला देवास द्वारा शनिवार को आरोपी सौतेले पिता को धारा 376(3) में शेष प्राकृतिक जीवन तक आजीवन कारावास एवं 3000/- अर्थदंड एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6, 5(एन)/6 एवं 5(जे)(॥) आरोपी को सभी धाराओं में अलग-अलग शेष प्राकृतिक जीवन तक आजीवन कारावास एवं सभी धाराओं में एक-एक हजार रूपये के अर्थदंड से दंडित किया गया। प्रकरण में शासन की ओर से अभियोजन का संचालन राजेन्द्र सिंह भदौरिया, आशा शाक्यवार, अति जिला लोक अभियोजन अधिकारी एवं ऊदल सिंह मौर्य सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी जिला देवास द्वारा किया गया तथा कोर्ट मोहर्रिर आरक्षक हर्षवर्धन चौहान एवं श्री धमेन्‍द्र शर्मा सहायक ग्रेड-3 का विशेष सहयोग रहा।
उक्‍त जानकारी जिला मीडिया सेल प्रभारी, जिला देवास ऊदल सिंह मौर्य द्वारा दी गई।

सुरेंद्र गोड़ ने जनपद पंचायत वार्ड क्रमांक 6 से दाखिल किया नामांकन पत्र

टोंकखुर्द (विकेश जैन)। शनिवार को जनपद पंचायत वार्ड क्रमांक 6 से उम्मीदवार राजपूत करणी सेना जिला अध्यक्ष सुरेंद्र गोड़ ने ग्रामीण जन के साथ तहसील पहुंचकर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव निर्वाचन अधिकारी तहसीलदार राधा महंत जनपद पंचायत के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।

उम्मीदवार गौड़ ने बताया कि जनपद पंचायत वार्ड 6 के सभी गांव की समस्या जैसे कि अस्पताल पानी सड़क बिजली इन सभी समस्याओं को दूर करना मेरा प्रथम कार्य रहेगा। पूर्व में मैंने ऐसे ही कार्य व प्रयास सरपंच प्रतिनिधि रहकर मॉडल ग्राम कलमा में रहकर किया है।

Dewas : 23 वर्षीय महिला ने फाँसी लगाकर की जीवन लीला समाप्त

देवास । शहर के सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत आने वाले उज्जैन रोड स्थित आनंद नगर में आज शनिवार दोपहर 23 वर्षीय महिला ने अपने मायके में फाँसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। महिला के शव को जिला अस्पताल लाया गया जहां शव का पोस्टमार्टम रविवार सुबह किया जावेगा।

आनंद नगर में रहने वाली 23 वर्षीय महिला सोनिया पति भैयालाल ने शनिवार दोपहर को अज्ञात कारणों के चलते घर पर ही फांसी लगा ली। रहवासियों ने बताया कि मृतिका का विवाह करीब एक वर्ष पहले ही कालापीपल में रहने वाले भैय्यालाल से हुआ था। 8 दिन पहले ही देवास में अपनी माँ के यहां आई हुई थी। महिला घर पर अकेली ही थी, जब माँ घर पर आई और दरवाजा खोला तो बेटी फांसी के फंदे पर लटकी हुई दिखी। चिल्लाने पर आसपास रहने वाले व्यापारी घर पर पहुंचे और सोनिया को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Dewas: जिले में आबकारी विभाग द्वारा पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध मदिरा के विरूद्ध कार्रवाई

• 41 हजार से ज्यादा का माल जब्त, 7 प्रकरण पंजीबद्ध

देवास। कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला के निर्देशानुसार जिले में आबकारी विभाग द्वारा पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध मदिरा के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही हैं।

जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती वंदना पाण्डेय के मार्गदर्शन में गठित दल द्वारा वृत्त देवास अ एवं टोंकखुर्द के बाईपास एवं हाईवे पर गस्त एवं चेकिंग की गई जिसमें 04 प्रकरण मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम तहत पंजीबद्ध किए गए, जिसमें 10 पाव विदेशी मदिरा एवं 30 पाव देशी मदिरा प्लेन जप्त किए गए, जप्त सामाग्री का बाजार मूल्य 2810 रूपये है। इसी प्रकार आबकारी दल द्वारा वृत्त देवास ब में कार्रवाई की गई। जिसमे 55 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 560 किलो लहान जप्त कर 3 प्रकरण कायम कर विवेचना में लिये गए। जप्त सामग्री का बाजार मूल्य 39 हजार रूपये है।

कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, डी.पी.सिंह, मुख्य आरक्षक राजाराम रैकवार, आरक्षक बालकृष्ण जयसवाल, नितिन सोनी, आशीष गुप्ता, सैनिक केदार चौधरी, किशोर सिसोदिया सम्मिलित थे।

Dewas, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 8 साल पूरे होने पर भाजपा कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता…

• पहले योजनाएं केवल कागजों पर बनती थी अब हर योजना की मॉनिटरिंग होती है, 8 साल में हुआ हर वर्ग का कल्याण : सांसद सोलंकी

देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 साल पहले जब देश की बागडोर संभाली तब देश कई मोर्चों पर संघर्षरत था। सेना के साजो सामान से लेकर देशभर में आधारभूत संरचनाओं के अभाव की बातें सामने आती रहती थीं। इन आठ सालों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सफलता के नित नए आयाम तय किए हैं। हर मोर्चे पर पूरी दुनिया में भारत का नाम सम्मान के साथ लिया जाने लगा है। यह बात भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के आठ साल पूरे होने पर भाजपा कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।

पत्रकार वार्ता में जिला प्रभारी गोपाल आचार्य, जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, पिव मोर्चा जिलाध्यक्ष जुगनू गोस्वामी, जिला महामंत्री राजेश यादव भी उपस्थित थे।
सांसद सोलंकी ने कहा कि केंद्र सरकार के 8 वर्ष गरीब कल्याण, सेवा और सुशासन के संकल्प को पूरा करने वाले रहे हैं। सांसद सोलंकी ने कहा कि पहले योजनाएं केवल कागजों पर बनती थी। जबकि अब हर योजना की मॉनिटरिंग की जाती है और उसे समयसीमा में पूरा किया जाता है। पीएम आवास, उज्जवला योजना, स्वच्छता मिशन, स्वामित्व योजना, स्वनिधि योजना सहित नल-जल, शौचालय निर्माण आदि कई योजनाओं में देश के करोड़ों नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत करीब 80 करोड़ लोगों को निशुल्क अनाज का वितरण भी गरीब से गरीब नागरिकों का जीवन सरल कर रहा है।

• किसानों को मिला सम्मान
सांसद श्री सोलंकी ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए किसान सम्मान निधि दी जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, लागत का डेढ़ गुना दाम, एमएसपी पर खरीदी और सॉइल हेल्थ कार्ड जैसी कई योजनाएं किसानों को लाभान्वित कर रही हैं।
• हर क्षेत्र में हुए काम
सोलंकी ने कहा कि मोदी सरकार के आठ वर्षों में हर क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए गए। स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त उपचार, जन औषधि केंद्रों से सस्ती दवाई की सुविधाएं, 15 नए एम्स और 200 मेडिकल कॉलेज की सौगात भी मिली है। शिक्षा के क्षेत्र में नई शिक्षा नीति 2020 क्रांतिकारी निर्णय साबित हो रहा है। कौशल विकास योजना, आईटीआई में बढ़ोतरी से भी युवाओं को लाभ मिला है। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण को लेकर भी कई उल्लेखनीय कार्य किए गए। पूरे देश में सड़कों का जाल बिछा, दुर्गम क्षेत्रों तक रेल नेटवर्क और देश के कई क्षेत्रों में हवाई नेटवर्क पिछले आठ वर्षों में स्थापित किया गया। साथ ही देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा को लेकर सरकार ने बड़े पैमाने पर कार्य किया है।
 
उक्त जानकारी भाजपा जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौधरी ने दी।

Dewas, महापौर चुनाव: पद एक दावेदार अनेक…!

• किसको मिलेगी महापौर पद की उम्मीदवारी?

देवास। जैसे ही नगर निकाय चुनाव की घोषणा हुई देवास नगर निगम के महापौर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों से दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आई और दावेदारी रखने वाले के सक्रिय होने के साथ ही शहर के राजनीतिक गलियारों में महापौर पद के प्रत्याशी को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
अभी तो शहर की यह स्तिथि है की महापौर पद के लिए उम्मीदवारों पर यह मुहावरा सटीक लगता है: एक अनार- सौ दावेदार
राजनैतिक गलियारों की सुगबुगाहट और बाजार में हो रही चर्चाओं अनुसार भाजपा में महापौर पद के लिए शहर के बड़े बड़े नेता पद का टिकट हासिल करने के लिए बड़ी मेहनत कर रहे है।
वर्तमान में महापौर पद की उम्मीदवारी रखने की चाह रखने वालो ने सोशल मीडिया पर अपने नामों को लेकर बदलाव भी लिए है। किसी ने अपनी विशेषता बताई है तो किसी ने योग्यता। अब किसी कार्यक्रम के जारी होने वाले प्रेस नोट में भी उनके नामों को पहली लाइन में लिया जाने लगा है।

वर्तमान में भाजपा से रीता विमल शर्मा, पूजा रवि जैन, पुर्णिमा राजीव खंडेलवाल के नामों की चर्चा सबसे ज्यादा है।
रीता विमल शर्मा, शहर के महापौर, नगर निगम सभापति, पार्षद व अनेक पद पर रह चुके सुभाष शर्मा की बहु है। रीता शर्मा के पति विमल शर्मा भी भाजयुमो की नगर कार्यकारिणी में पदाधिकारी रहे है। वही सुभाष शर्मा का पैलेस से जुड़ाव और अभी हर कार्यक्रम में उनकी सक्रियता से कयास लगाए जा सकते है की रीता शर्मा महापौर पद की प्रबल दावेदारों में से एक है।
पूजा रवि जैन, विधायक गायत्री राजे पंवार के विधायक प्रतिनिधि रवि जैन की पत्नी है। रवि जैन बड़े लंबे समय से पैलेस से जुड़े हुए है। इसलिए कहा जाता है की पूजा रवि जैन का नाम पैलेस समर्थित नामों में से एक है। पूजा के पति रवि जैन द्वारा लाल गेट के राजा बैठने के साथ समय समय पर शहर में सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते है जिससे शहर में नाम तो है परंतु राजनैतिक गलियारों में पूजा के नाम पर ज्यादा चर्चा नही होने से उनके नाम को लेकर अनेक सवाल है।
पूर्णिमा राजीव खंडेलवाल, पूर्णिमा वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल की पत्नी है। कहा जाए तो पूर्णिमा खंडेलवाल ही सबसे ज्यादा राजनीति का ज्ञान रखने वाली महिलाओं में से एक है। वह नगर निगम में पार्षद के रूप के साथ अनेक पदो पर रही है।
इसमें कोई दो मत नहीं की पूर्णिमा राजनीति में सबसे महिलाओ में से है।

वही इनके अलावा भी भाजपा से अनेक नामों की चर्चाएं है। जिसमे भाजपा के वरिष्ठ नेता दुर्गेश अग्रवाल की पत्नी गीता अग्रवाल का नाम सबसे ऊपर आता है। बीच में बाजारों में चर्चा चली थी कि देवास विधायक गायत्री राजे पंवार स्वयं महापौर पद के लिए दावेदार हो सकती है। क्योंकि अब विधानसभा चुनाव के लिए उनके पुत्र और देवास महाराज विक्रम सिंह पंवार को लड़ते हुए देखा जा सकता है। वर्तमान में विक्रम सिंह पंवार शहर के बड़े से लेकर छोटे से छोटे कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के साथ काफी सक्रिय दिख रहे है। लेकिन अभी यह कहना की गायत्री राजे पंवार महापौर का चुनाव लड़ेंगी थोड़ी जल्दबाजी होगी। अब देखना होगा कि भाजपा से महापौर पद की टिकट इनमें से किसी को मिलेगी या फिर कोई नया दावेदार बाज़ी मार ले जाएगा!

वही बात करे कांग्रेस की तो कांग्रेस में भी असमंजस की स्तिथि देखी जा रही है।
वर्तमान में जो नामों की चर्चाएं हो रही है उनमें मनीषा दीपक चौधरी, श्वेता प्रवेश अग्रवाल का नाम सबसे ऊपर है। कांग्रेस में भी यही कहा जा सकता है कि महापौर पद की टिकट इनमें से किसी को मिलेगी या फिर कोई नया दावेदार बाज़ी मार ले जाएगा।
मनिषा दीपक चौधरी, कांग्रेस महासचिव शिवा चौधरी की बहु और पूर्व पार्षद दीपक चौधरी की पत्नी है। विगत कई दिनों से दीपक चौधरी द्वारा उनकी पत्नी मनिषा दीपक चौधरी के लिए आगामी देवास महापौर पद की योग्य उम्मीदवार लिखा हुआ एक पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। जिसके कयास लगाए जा रहे है की इस बार मनीषा दीपक चौधरी महापौर पद के लिए चुनाव तो लड़ेगी।
पूर्व में जब पूर्व पार्षद व कांग्रेस महासचिव शिवा चौधरी के मकान पर प्रशासन ने जेसीबी चलाई थी तो पूर्व पार्षद दीपक चौधरी ने मनीषा दीपक चौधरी को लेकर कहा था की चुनाव तो हम लड़ेंगे और निश्चित तौर पर लड़ेंगे।
उसी समय शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने भी मीडिया के सामने कहा था की महापौर पद की उम्मीदवार है इनकी (दीपक चौधरी की) पत्नी।
वर्तमान में दीपक चौधरी द्वारा शेयर किए जा रहे पोस्टर में किसी पार्टी का चिन्ह नही है।
परंतु उनके समर्थको द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक पोस्ट में कांग्रेस पार्टी का चिन्ह दिख रहा है। जिससे मनीषा चौधरी कांग्रेस से महापौर पद की एक प्रबल दावेदार मानी जा रही है।
श्वेता प्रवेश अग्रवाल, कांग्रेस से दूसरा नाम जो की महापौर पद की दावेदारी करने वाले में से एक है वो आश्चर्य करने वाला है श्वेता प्रवेश अग्रवाल। पिछले दिनों कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आंदोलन घर घर चलो अभियान में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से नजदीकीया जाहिर हुई थी। उसी कार्यक्रम में प्रवेश अग्रवाल ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस जॉइन की थी। प्रवेश अग्रवाल नर्मदे युवा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जाने माने बिज़नेस मैन है।

बाजार में इनके अलावा भी पूर्व महापौर रेखा वर्मा भी महापौर पद की प्रबल दावेदार बताई जा रही है। कांग्रेस ने और भी कई नामों की चर्चा चल रही है। अब देखना होगा कि कांग्रेस से महापौर पद की टिकट इनमें से किसी को मिलेगी या फिर कोई नया दावेदार बाज़ी मारेगा!