Dewas: समस्या को लेकर सहकारिता उपायुक्त से मिले त्रिलोक नगर गृह निर्माण सहकारी संस्था के पीड़ित सदस्य

देवास। त्रिलोक नगर गृह निर्माण सहकारी संस्था के पीड़ित 124 सदस्यों का प्रतिनिधि मण्डल सोमवार को नवनियुक्त उपायुक्त से अपनी मुख्य समस्या के निराकरण की मांग को लेकर मिला। सामाजिक कार्यकर्ता और नेशनल यूनिटी ग्रुप के संस्थापक अनिल सिंह ठाकुर के नेतृत्व में त्रिलोक नगर के पीड़ित सदस्य का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त सहकारिता संस्था परमानद गोडरिया से मिला। पीड़ित सदस्यों ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष टीपी तिवारी और संचालक मंडल के 30 वर्ष के कार्यकाल में अनेक अनियमितता, भ्रष्टाचार किए गए, लेकिन अब तक जाँच नही हो पाई। तिवारी एवं दोषी संचालक मण्डल के खिलाफ जांच की मांग सदस्यों द्वारा की गई। श्री ठाकुर ने बताया कि जिला कलेक्टर चंद्रमोली शुक्ला के आदेश पर रिसीवर सहकारिता विभाग की सीनियर इंस्पेक्टर प्रेमलता अग्रवाल को नियुक्त किया गया। पूर्व अध्यक्ष द्वारा त्रिलोक नगर गृह निर्माण सहकारी संस्था पूरे रिकार्ड खुद के निजी निवास पर आज भी है। वही दूसरी ओर सहकारिता विभाग इस मामले में कमजोर साबित हो रहा है। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने तिवारी व संचालक मण्डल पर अब तक क्यों नही कार्यवाही की। यदि समय रहते कार्यवाही नही होती है तो आरोपी तिवारी संबंधित दस्तावेजों को भी समाप्त कर सकता है। इसका जवाबदार कौना होगा। दूसरी ओर प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कांफ्रेस के जरिए विगत दिनों आदेश जारी किए, जिसमे शिकायतकर्ता की अति शीघ्र निराकरण किया जावे अन्यथा जवाबदेही संबंधित विभाग की होगी। परंतु विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कानो में जूं तक  नही रेंग रही है। यदि समस्या का निराकरण नही होता है तो सहकारी संस्था पीड़ित सदस्य भोपाल जाकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलेंगे। पीड़ितों की समस्या सुनने के पश्चात उपायुक्त ने कहा कि अति शीघ्र ही तिवारी और संचालक मंडल के खिलाफ 76 बी के तहत कार्यवाही होने जा रही है। इस दौरान त्रिलोक नगर के रहवासी गजेंद्र तिवारी, नरेंद्र डांगड़े, भूपेंद्र पांडे, पीयूष जोशी, अंतर सिंह परमार, सुरेश मौर्य, दिलीप पाटिल, राजेंद्र द्विवेदी, एमएल, गुप्ता, स्वाधीन खरे, सराठे सहित अनेक रहवासी उपस्थित थे।

Dewas, निगम कर्मचारियों का अनूठा आयोजन : पॉलिथीन की अर्थी निकालकर दिया प्लास्टिक मुक्त का संदेश

• पॉलिथीन को पूर्ण रूप से खत्म कर देवास को स्वच्छ बनाए : सभापति रवि जैन

देवास। नगर पालिका निगम कर्मचारियों द्वारा शहर में अनोखा आयोजन करते हुए शहर के प्रमुख मार्गो पर पॉलिथीन की अर्थी निकाली गई। शहर में लगातार निगम कर्मचारियों द्वारा पॉलिथीन थैली को लेकर लोगों को जागरुक करने के लिए संदेश दिया जा रहा है। बावजूद इसके शहर में प्रतिबंध होने के बाद भी कई जगह अब भी दुकानदार पॉलिथीन थैली का उपयोग करते दिखाई देते है। ऐसे में निगम कर्मचारियों ने शहर में लोगों को संदेश देने के लिए अनूठा आयोजन कर शहर के प्रमुख मार्गों पर पॉलिथीन की अर्थी निकाली। जिससे लोगों को समझ में आए की अब पॉलिथीन का अंत हो गया है।निगम के अरुण तोमर ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव व 2023 का स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर आयुक्त के निर्देशनुसार प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है और इसी तर्ज पर शुक्रवार को पॉलिथीन की अर्थी को हमने एमजी रोड़ पर निकालकर यह संदेश दिया है कि देवास से पॉलिथीन की मृत्यु हो चुकी है। आज के बाद शहर से प्लास्टिक को पूर्णत: बंद कर दिया है।नगर निगम सभापति रवि जैन ने बताया कि नगर निगम कर्मचारियों द्वारा शहर के व्यापारियों व नगरवासियों से आव्हान करने के लिए पॉलिथीन की प्रतिकात्मक निकाली गई। उसमें सीधा संदेश हम देना चाहते है कि पॉलिथीन को पूर्ण रूप से खत्म कर देवास को स्वच्छ बनाए।

Dewas: निगम आयुक्त ने गोद ली आंगवाडी केंद्र पर बच्चों को दीपावली का उपहार किया भेंट

निगम आयुक्त की बहुत ही सराहनीय पहल – कलेक्टर

देवास। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के समस्त अधिकारियों ने एक आंगनवाड़ी केंद्र को गोद लिया है। इसी के तहत उज्जैन रोड़ स्थित विक्रम नगर में नगर निगम आयुक्त ने भी आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 7/2 को गोद लिया है। जहां बुधवार को कलेक्टर, निगम आयुक्त ने छोटे बच्चों को दीपावली पर्व के अंतर्गत उपहार प्रदान किए।

https://dewasexpress.com/wp-content/uploads/2022/10/VID-20221026-WA0013.mp4

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पूर्व में निर्देश थे की जिले में एक आंगवाड़ी केंद्र को अधिकारी गोद लेकर वहां की व्यवस्थाओं को देखेंगे। इसी तारतम्य में नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान ने उज्जैन रोड स्थित विक्रम नगर की आंगवाडी केंद्र क्रमांक 7/2 को गोद लिया था। बुधवार दोपहर में आंगनवाड़ी केंद्र पर कलेक्टर चंद्रमोली शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान ने बच्चों को दीपावली उपहार प्रदान किए। इस मौके पर कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहाकि निगम आयुक्त की बहुत ही सराहनीय पहल है, उन्होंने इस आंगनवाड़ी केंद्र को गोद लिया है, इस प्रकार से सभी अधिकारियों को भी इसका अनुसरण करना चाहिए और इस प्रकार का कार्यक्रम शेष आंगवाड़ी केंद्रो पर करना चाहिए।

https://dewasexpress.com/wp-content/uploads/2022/10/VID-20221026-WA0010.mp4

इस मौके पर निगम लेखा अधिकारी दिलीप गर्ग, परियोजना अधिकारी एमएल अहिरवार, पर्यवेक्षक मैडम ज्योति गोयल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कविता पांचाल, आंगनवाड़ी सहायिका निशा लोधी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Dewas सेवा बस्ती के बच्चो के साथ मित्राय की खुशियोंभरी दिपावली

देवास। शहर की संस्था मित्राय सोशल वेलफेयर सोसायटी ने अपना पांचवा स्थापना दिवस ओर दीपावली उत्सव प्रतिवर्षानुसार सेवा बस्ती के बच्चों के साथ मनाया। मित्राय सदस्य प्रमिला लखेरा गोयल ने बताया कि इस बार सेवा बस्तियों के बच्चे जोकि अभाव ओर संकोच के कारण बड़े रेस्टोरेंट नहीं जा पाते है उन बच्चों को मित्राय सदस्यों द्वारा गाड़ियों के माध्यम से दीपावली के दिन द बेलिफ़ रेस्टोरेंट पर ले लाकर खुशियां और प्यार के साथ दीपावली का त्यौहार मनाया। इस अवसर पर विधायक गायत्रीराजे पवार साहब ने सभी बच्चों को अपने हाथों से उन्हें दीपावली के उपहार में रंगीन दिए, मिठाई, धानी-बताशे, फटाके, चॉकलेट, टिफिन बॉक्स, कंपास बॉक्स ओर खिलोने के वितरण बाद बच्चों को रेस्टोरेंट में उनके मनपसंद का भोजन करवाया, सभी का आभार चयन कानूनगो ने माना।

Dewas: पेट्रोल भराने के बाद वही पर खड़े होकर पी रहे थे सिगरेट, मना करने पर किया चाकू से हमला

• बीच बचाव करने वाले व्यक्ति की चाकू लगने से मौत

देवास। एक तरफ सभी लोग दीपावली पर्व की खुशियां मना रहे थे वही दूसरी ओर एक परिवार में यह त्योहार पर मातम छा गया। दरअसल सूर्यांश सेल्स पेट्रोल पंप, जैतपुरा पर दीपावली (24/10/2022) की रात करीब 22.30 बजे आरोपी समीर व चार अन्य पेट्रोल भराने के बाद वही पर खडे होकर सिगरेट पीने लगे जिसपर राहुल पिता जालमसिंह राजपूत उम्र 24 साल निवासी खटाम्बा, देवास ने उन्हें वहा सिगरेट पीने से मना किया जिसपर आरोपी व उसके साथीयों ने राहुल के साथ गाली-गुप्ता कर मारपीट की तथा जान से मारने की नियत से चाकू से मारा तथा बीच बचाव करने वाले जोजनसिंह निवासी खटाम्बा को भी चाकू से मारा जिससे फरियादी व उसका बीच बचाव करने वाला घायल हुए। चाकू लगने से घायल जोजन सिंह की मौत हो गई।

मृतक जोजन सिंह

सुबह करीब 5 बजे फरियादी राहुल राजपूत की शिकायत पर पुलिस ने समीर व चार अन्य आरोपियों पर भारतीय दंड विधान की धारा 307, 294, 323, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आक्रोशित लोगो ने मंगलवार सुबह भोपाल रोड पर चक्का जाम कर दिया। मामले की विवेचना थाना निरक्षक मुकेश इजारदार द्वारा को जा रही है।

Dewas: सतर्कता जागरूकता सप्ताह तथा क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम के तहत ग्राहक संगोष्ठी का हुआ आयोजन

देवास। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया जिला देवास की शाखाओं द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह तथा क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम के तहत एक ग्राहक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें देवास शहर के सभी ग्राहक तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवास इंडस्ट्रियल एसोसिएशन उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह खनूजा ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवास के पूर्व महापौर जय सिंह ठाकुर थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के भोपाल क्षेत्र के प्रमुख श्री लालचंद झारवाल उपस्थित थे। आपने बैंक द्वारा एमएसएमई तथा खुरदरा बैंकिंग में बैंक द्वारा दी जाने वाली सभी सेवाओं के बारे में जानकारी दी। संचालन देवास मुख्य शाखा के प्रबंधक जयेश जैन ने किया तथा इस कार्यक्रम का संयोजन देवास रामनगर शाखा के प्रबंधक हेमेंद्र चौधरी तथा देवास मंडी शाखा के प्रबंधक सत्यनारायण मौर्य ने किया। साथ ही यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत ग्राम सभा का आयोजन ग्राम चंदाना में किया गया। जिसमें ग्रामीण किसानो को जागरूक कर बैंक की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

Dewas: आयुक्त ने सहायक राजस्व निरीक्षक को किया निलंबित…

• मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान कार्य में लापरवाही बरतने पर किया निलंबित

देवास। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान को लेकर वार्डों में चल रहे सर्वे कार्यों पर विस्तृत चर्चा एवं कार्यों की समीक्षा आयुक्त विशालसिंह चौहान के द्वारा सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं के विभाग प्रभारियों के साथ की गई। कहा गया कि वार्डों में सर्वे कार्य धीमी गति से हो रहा है, जिसमें देवास की स्थिति अन्य निगमों से अच्छी नहीं है। दिए गए लक्ष्य अनुसार कार्य हेतु वार्डों में लगाए गए कर्मचारियों द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है। वार्डवार जानकारी विभाग प्रभारियों से ली गई।

जानकारी अनुसार जिन वार्ड प्रभारियों द्वारा सहयोगी अन्य विभाग से आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ता प्रभारियों के द्वारा कार्य में लापरवाही की जा रही है। निगम वार्ड प्रभारियों की वार्डवार जानकारी लेते हुए सबसे कम सर्वे कार्य किए जाने में तथा कार्य में लापरवाही बरतने पर निगम सहायक राजस्व निरीक्षक राजेंद्र पांडे को निलंबित किया गया। ऐसे ही आंगनवाड़ी, आशा या अन्य विभाग, महिला बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य एवं सभी योजनाओं के सर्वे में लगे कर्मचारियाें द्वारा की जा रही लापरवाही पर विभाग के प्रभारियों को कार्रवाई करने के निर्देश आयुक्त ने दिए। आयुक्त द्वारा प्रति दिवस रिपोर्ट लिपिक कुणाल दुबे तथा आयुष्मान कार्ड से संबंधित लिपिक सौरभ शर्मा को देने हेतु कहा। कार्य को गति देने हेतु सभी अधिकारियों को कहा तथा एक सप्ताह में लक्ष्य पूर्ति किए जाने हेतु कहा गया।

Dewas : मीना बाजार के कीचड़ में डाली गुलाब की पंखुडियां…

कीचड़ साफ करवाने के लिये अधिकारियों को दिए गुलाब के फूल

देवास। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद दीपेश कानूनगो के नेतृत्व में 86 वी दशहरा एवं औद्योगिक कृषि कला प्रदर्शनी (मीना बाजार) में पहुंचकर वहां की अस्त-व्यस्त व्यवस्था को देखते हुए मीना बाजार के कीचड़ में गुलाब की पंखुड़ी डाल कर मीना बाजार में हो रहे कीचड़ की तरफ अधिकारियों का ध्यानाकर्षण किया। श्री कानूनगो ने बताया कि उनके द्वारा यहां उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गुलाब के फूल देकर मीनाबाजार में आने वाले लोगों को कीचड़ से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि रियासत कालीन मीना बाजार देवास की रियासत द्वारा 86 साल पूर्व स्थापित किया गया था जो पूर्व में भोपाल चौराहे पर लगता था लेकिन अब यह मीना बाजार विकास नगर स्थित ग्राउंड में लग रहा है। मीना बाजार देवास की जनता के लिए साल भर में एक ही बार लगाया जाता है। देवास की जनता के लिये इसके अलवा कोई ऐसा मेला नहीं लगता है। लेकिन मीना बाजार में अव्यवस्थाओ का अंबार लगा हुआ है जिससे कि जनता का मन दुखी हो रहा है।

कानूनगो ने आरोप लगाया कि नगर निगम देवास द्वारा गौरव दिवस मनाया गया जिसमें लाखों-करोड़ों रूपया खर्च हुआ लेकिन नगर निगम के पास मीना बाजार के गड्ढों में चुरी मुरम डालने के भी रुपए नहीं बचे क्या। श्री कानूनगो ने निगम अधिकारियों से मांग की है कि अब मीना बाजार को समाप्त होने में कुछ ही दिन बचे है, इसलिए कम से कम अब तो यहां की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए जिससे कि यहां आने वाली जनता को राहत मिल सके।

Dewas : हाटपीपल्या के नृसिह बाजार में श्री महाकाल लोक लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा

हाटपिपल्या(नरेंद्र चौहान) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उज्जैन में श्री महाकाल लोक का लोकार्पण किया गया। उज्जैन में श्री महाकाल लोक के लोकार्पण अवसर पर हाटपीपल्या में मंदिरों में पूजन आरती कर दीप लगाए गए व श्री महाकाल लोक का लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया।

हाटपीपल्या के नृसिह बाजार में उज्जैन में आयोजित श्री महाकाल लोक के लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
लाइव प्रसारण के दौरान तहसीलदार सत्येन्द्र बेरवा नगर परिषद सीएमओ मनोज कुमार मौर्य नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण राठौर पार्षद प्रतिनिधि भुजराम जाट पूर्व जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आशीष व्यास सहित अन्य जनप्रतिनिधि व नगर वासियो ने श्री महाकाल लोक लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।

Dewas : नवरात्रि में माता टेकरी पर दान में आयी 43लाख 52 हज़ार से अधिक राशि, गिनती हुई पूरी

देवास : कोरोना के कारण दो साल बाद बिना कोई प्रतिबंध के बनी नवरात्रि में भक्तों का भारी उत्साह 9 ही दिन देखने को मिला एक तरफ जहाँ लाखो की संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए जगह जगह से आये तो वही साथ ही भक्तों ने दान स्वरुप लाखो रुपये भी दान पेटी में डालें। बीते सप्ताह शुक्रवार से शुरू हुई दान राशि की गिनती कल सोमवार को पूर्ण हुई। जिसमे कुल 43 लाख 52 हज़ार से अधिक की राशि निकाली गई। नकद दान कुल 42 लाख 86 हजार 101 रुपए आया है, इस बार देव स्थान प्रबंध समिति ने ऑनलाइन दान के लिए परिक्रमा मार्ग के अलावा अन्य स्थानों पर क्यूआर कोड भी लगाए थे, जिसमे 4 से 5 लाख का दान आया है। इसके अलावा लोगों ने दान देने से पहले रसीदें भी कटवाई हैं।

रसीद कट्टों का भी इंतजाम किया गया था। सोमवार को 10, 20 के नोट के अलावा 10, 20, 50, 2 व 1 के सिक्कों की गिनती हुई और कुल 3 लाख 92 हजार 165 चढ़ावा आया है। शुक्रवार को कुल 27 लाख 99 हजार 400 रु. की गिनती हुई थी, सोमवार को 10 लाख 94 हजार 536 रु. की गिनती हुई है। दो रसीद कट्टे से भक्तों ने 57427 और 8735 रुपए का दान किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिक्रमा मार्ग पर कई दान पेटियां लगाई थीं, उनमें अनुमानित 400 से 850 रु. तक चढ़ावा आया।दान राशि को गिनने के लिए करीब 125 से ज्यादा पटवारी और राजस्व अधिकारियों की टीम लगी। शुक्रवार को दान पेटियों में विदेशी नोट और सिक्के निकले। सोमवार को खोली गई दान पेटियों से एक नेपाल व दो फारेन करंसी के सिक्के मिले। इसके साथ ही माता इस को जेवरात में एक सोने का कांटा, चांदी के दो रूप स्वास्तिक दो नग, चांदी का छत्र एक नग, पांच जोड़ साम चांदी की बिछुड़ी माता के पैर दो जोड़ चांदी के व आ एक छोटा स्वास्तिक चांदी का यह भी सब जेवरात कु दान पेटी से निकले।